Category Archives: Ghazipur

होनहार छात्राओं को वितरित किया साईकिल

रोटरी ने बांटी होनहार जरूरतमंद छात्राओं को साईकिल


गाजीपुर। रोटरी मण्डल 3120 के मंडलाध्यक्ष रोटेरियन अनिल अग्रवाल जिले के रोटरी क्लब के आधिकारिक यात्रा पर आए थे। इस दौरान गुरूवार की शाम को स्थानीय ग्रैंड होटल में आयोजित सभा में समाज के अंतिम पायदान से चयनित 10 लाभार्थियों को साईकिल दिया और सभी बच्चियों को प्रेरित किया की आप सभी पूरे मनोयोग के साथ अपनी पढ़ाई के साथ माता पिता के सपनों को पूरा करें साथ ही अपने लक्ष्य को पाने के लिए कठिन परिश्रम करें। रोटरी आपके सहयोग के लिए सदा तत्पर है। इस आयोजित सभा में रोटरी क्लब गाजीपुर के सत्र 2022-23 के क्रिया कलापों को बारीकी से देखा और सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे रोटरी के प्रयासों की सराहना किया। जिसमें विशेष रूप से रक्तदान महादान, पौधारोपण, समाज में पीड़ित मानवता की सेवा के लिए सदा तत्पर रहते हुए समाज सेवा के लिए संकल्पित रहने को कहा।

सभा को संबोधित करते हुए रोटरी मंडलाध्यक्ष ने रोटरी क्लब गाजीपुर के सदस्यों से कहा की आप पर्यावरण संरक्षण के लिए मिनी फारेस्ट और सरोवर को जिला प्रशासन के सहयोग से गोद लीजिए। उन्होंने ब्लड डोनर बैंक बनाने पर जोर दिया जिससे किसी भी जरूरतमंद को आधी रात को भी ब्लड मिल सके। इस सभा को सह मंडलाध्यक्ष रोटेरियन वीरेन्द्र कपूर ने भी संबोधित किया। इस सभा में रोटरी सचिव राजेश सिंह ने क्लब के सत्र 2022~23 के गतिविधियों से अवगत कराया। रोटरी अध्यक्ष सन्तोष केशरी ने क्लब के पदाधिकारियों के परिचय के साथ रोटरी मंडल के निर्देशानुसार कार्य को पूरा करने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम का संचालन सन्तोष कुमार वर्मा ने किया। इस दौरान डा उमेश चंद्र राय, असित सेठ, राजेश प्रसाद, सलीम अंसारी, विशाल चौरसिया, राजेंद्र केडिया, अनुराग गुप्ता, राजेश गुप्ता, डा राजेश सिंह, सी पी चौबे, संजर नसीर, मुकेश श्रीवास्तव, कामदेश्वर सिंह, रतन सिंह, सुप्रोतिम बागची, आनन्द जायसवाल उपस्थित थे।

विश्व हिन्दु परिषद के जिला सेवा प्रमुख का निधन

गाजीपुर। विश्व हिन्दु परिषद के जिला सेवा प्रमुख व समाजसेवी कमलेश राय का ह्दयघात से आकस्मिक निधन हो गया। जिसकी सूचना मिलतें ही विश्व हिन्दु परिषद के कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गयी। उनके सहयोगी ग्रामसभा गरूआमकसुदपुर जमानियां के सामाजिक कार्यकर्ता मन्टू राय ने बताया कि बुधवार की रात्रि में अपने पैतृक आवास पर कमलेश राय 60 वर्ष की अचानक तबीयत खराब हुआ जिसे लोग महर्षि विश्वामित्र मेडिकल कालेज लाये जहा इनका इलाज चल रहा था, इलाज के दौरान अचानक हार्ट अटेैक होने से उनका निधन सुबह मेडिकल कालेज मंे हो गया। विश्व हिन्दु परिषद के जिला कोषाध्यक्ष विनोद उपाध्याय ने बताया कि संगठन के कार्यो में बढ़चढ़ कर हिस्सा लेते हुए अग्रणी भूमिका में रहते थे, संगठन में इनके किये गये योगदान को भुलाया नही जा सकता, भगवाधरी कमलेश राय हिन्दुत्व के लिए संघर्ष करना गर्व की बात समझते थे। अचानक निधन की खबर ने हम सभी को विचलित कर दिया। श्रीरामजन्म भूमि अभियान में बढ़चढ़ कर हिस्सा लिये, इसके साथ ही साथ सामाजिक सरोकार वाले व्यक्ति रहे है। बजरंग दल के जिला सह संयोंजक देवब्रत मोहन तिवारी ने बताया कि कमलेश राय गरीबो के मददगार व संवेदनशील इंसान थे, सामाजिक समरसता व गरीबो के मदद के लिए हमेशा खड़े रहने वाले व्यक्ति थें। संगम राय, पिंकू राय व छोटक राय तीन पुत्रो व बहुओं सहित भरा पूरा परिवार छोड़ गये है। निधन की खबर मिलने पर मेडिकल कालेज पहुंचे जिला शासकीय अधिवक्ता कृपाशंकर राय व प्रचार प्रमुख चन्द्र कुमार ने परिजनो से गहरा दुख व्यक्त करते हुए ढाढ़स बंधाया। पोस्टमाटर्म के उपरान्त इनकी अन्तेष्टि गुरूवार को सांय गरूआमकसुदपुर गंगातट पर वरिष्ठ पुत्र संगम राय ने मुखाग्नि देकर की। अन्तिम संस्कार में क्षेत्र के संभ्रान्त क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

लापरवाही पर दो अधिकारी नपे, डीएम ने किया…….


गाजीपुर। राज्य पोषण मिशन कार्यो के नियोजन, क्रियान्वयन, निगरानी एवं अनुश्रवण के लिए जिला पोषण समीति/कन्वर्जेस विभाग की बैठक गुरूवार को जिलाधिकारी आर्यका अखौरी की अध्यक्षता में रायफल क्लब सभागार में सम्पन्न हुयी। बैठक में बच्चों, गर्भवती, धात्री, किशोरियों, महिलाओं के पोषण स्तर में सुधार लाने एवं उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराने को लेकर जिलाधिकारी ने समीक्षा की। समीक्षा के दौरान उन्होनेे सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिया कि जो आंगनवाडी कार्यकत्री कार्य नही करेगी। उनके उपर कड़ी कार्यवाही की जाय तथा अधिकारियों को निर्देश दिया कि ब्लाकवार सुपोषण बच्चो की रिपोर्ट का अवलोकन किया जाय। सुपोषण बच्चो का गलत वजन लेने पर आंगनवाडी के उपर कार्यवाही की जाय, साथ ही आंगवाड़ी द्वारा भरे गये डेटा का नियमित निरीक्षण किया जाय। जिलाधिकारी ने समीक्षा के दौरान प्रभारी सदर सी0डी0पी0ओ के कार्यो में असंतोष व्यक्त करते हुए भॉवरकोल स्थानातरित करने का निर्देश दिया। इसी प्रकार अखिलेश चौहान सी0डी0पी0ओ0 रेवतीपुर को हटाकर किसी अन्य ब्लाक पर स्थानान्तरित करने का निदेश दिया।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने कहा कि सरकार बच्चों, गर्भवती, धात्री, किशोरियों, महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

कहा कि गर्भवती महिलाओं की निरंतर निगरानी की जाए एवं बच्चों के स्वास्थ्य के प्रति सजगता रखने के लिए जागरूक करें। आंगनबाड़ी केंद्रों पर वजन मशीन आदि जो भी उपकरण दिए गए हैं, उन्हें क्रियाशील रखे। आशा, आंगनबाडी कार्यकत्री आपस में समन्वय बनाकर महिलाओं को जागरुक करके उन्हें स्वास्थ्य लाभ और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं दे। उन्होंने कुपोषित बच्चों को पुष्टाहार देकर कुपोषण मुक्त जिला बनाए जाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने हर गर्भवती महिला के खानपान पर विशेष ध्यान देने एवं बच्चा पैदा होने पर उसका वजन कराने का निर्देश दिया गया। आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकत्रियों के माध्यम से गर्भवती महिलाओं को हरी साग सब्जी अधिक मात्रा में सेवन के लिए प्रेरित किया जाए। जिलाधिकारी ने सैम-मैम चिंहित बच्चों के पोषण श्रेणी में सुधार एवं उनकी स्वास्थ्य जांच एवं प्रबंधन, राष्ट्रीय पोषण माह के क्रियांवयन, आधार सत्यापन एवं आंगनबाड़ी केंद्रों पर अनुपूरक पुष्टाहार ड्राई राशन के वितरण आदि की बिंदुवार समीक्षा की। जिलाधिकारी ने गोद भराई एवं अन्नप्रासन की धनराशि का अपव्यय न हो, इसका नियमित निरीक्षण किया जाय। उन्होने सेन्टर पर वी एच एन डी कार्यक्रम नियमित रूप से करने, मेडिकल कैम्प लगाकर बच्चो का स्वास्थ्य परीक्षण करने के साथ सैम-मैम बच्चो को चिन्हित करते हुए उन्हे ए एन एम के माध्यम से दवाए उपलब्ध करायी जाये, बच्चो के स्वास्थ्य मे निरंतर प्रगति न होने पर उन्हे एन आर सी सेन्टर मे एडमिट कराने का निर्देश दिया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, डी पी ओ, समस्त सी डी पी ओ एंव अन्य सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित थे।

किसानों को कराना होगा ई. केवाईसी, नहीं तो खाता में नहीं आएगा पैसा


गाजीपुर। गुरूवार को राइफल क्लब में आयोजित कृषि उत्पादक संगठनों की एक दिवसीय कार्यशाला में जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद गाजीपुर की सब्जियों एवं कृषि उत्पादो के निर्यात हेतु कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा) में पंजीकरण आवश्यक है। एफ०पी०ओ० का पंजीकरण हो जाने पर दूसरे देशो को गाजीपुर की सब्जिया भेजना आसान होगा जिससे किसानों के आमदनी में वृद्धि स्वाभाविक हैं। कार्यक्रम में भदोही के कृषि उत्पादक संगठन के निदेशक डा० शाश्वत पाण्डेय ने मार्केट लिंकेज की चर्चा की और बताया कि गुणवत्ता युक्त उत्पादन करना हमारी प्राथमिकता होगी तो ग्राहक अपने आप आ जायेगे। उन्होंने कहा कि मिर्च के उत्पादन में गाजीपुर में अपार सम्भावनायें है। उप कृषि निदेशक ने बताया कि कृषि, उद्यान, पशु पालन, मत्स्य पालन आदि विभाग की योजनाओं के अतिरिक्त अन्य कार्यक्रम के माध्यम से एफ०पी०ओ० अपनी आमदनी को बढ़ा सकते हैं। विभागो से योजनायें कैसे प्राप्त की जाये सदस्यों को जानकारी दी गयी। किसान कैसे क्लस्टर बनाए एवं कैसे उत्पादन बढाये उनको प्रशिक्षित किया गया।

उप कृषि निदेशक ने बताया कि पी०एम० किसान की 14वीं किस्त आने वाली है। बिना ई०के०वाई०सी० के नहीं आएगी किसान अनिवार्य रूप से ई०के०वाई०सी० करवा ले। जिनका मो०नं० आधार से लिंक है उनका ई०के०वाई०सी० कृषि कार्मिक कर देंगे। लेकिन जिनका आधार मो० नं० से लिंक नहीं है उनको जन सुविधा केन्द्र से ई०के०वाई०सी० करवाना होगा। उद्यान पशुपालन मत्स्य के अधिकारियों ने अपनी योजनाओं का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि सरकार किसानो की आय बढ़ाने की लिए तत्पर हैं। एफ०पी०ओ० के साथ हजारो किसान जुड़े है। क्लस्टर में काम करने पर क्रय विक्रय की निरन्तरता बढ़ेगी। उसके उपरान्त जिलाधिकारी ने नंमामि गंगे योजनान्तर्गत यूपी डास्प गाजीपुर द्वारा संचालित जैविक खेती से उत्पादित उत्पादो का विक्रय स्टाल परिसर में लगाया जिसका फीता काटकर उद्घाटन करते हुए जिलाधिकारी ने स्वय उत्पाद की खरीदारी की। कार्यक्रम में जनपद के एफ०पी०ओ० के निदेशको के अलावा मण्डी सचिव नन्दगंज, अभिहित अधिकारी अजीत मिश्रा कृषि विज्ञान केन्द्र के डा० ओमकार सिंह, जिला कृषि अधिकारी, ज्येष्ठ कृषि विपणन अधिकारी, जिला अग्रणी बैंक प्रबन्धक के अलावा अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।

वर्षों बाद देश में महापुरुषों का सम्मान भाजपा की सरकार ने किया: मंत्री अनिल

गाजीपुर। 10 जून को महाराजा सुहेल देव के शौर्य और पराक्रम के सम्मान में राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के मैदान पर विजय दिवस मनाने का निर्णय लिया गया है। इस समारोह के माध्यम से सरकार के उपलब्धियों को जन जन तक पहुंचाना भी हमारा उद्देश्य है। यह समारोह मुख्य कार्यक्रम होगा। यह बात आज उत्तर प्रदेश सरकार के श्रम एवं सेवायोजन विभाग के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने गुरूवार को लोकनिर्माण विभाग के अतिथि गृह में पत्रकारों से बातचीत में कही। उन्होंने कहा कि आजादी के 70 वर्षो बाद देश में महापुरुषों का सम्मान भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने किया है। इससे पहले किसी भी सरकार में इस तरह का सम्मान कभी देखने को नहीं मिलता था। उन्होंने कहा कि इस धरती पर सनातन धर्म और हिंदूओं को बचाने के लिए बड़ी लड़ाई महाराजा सुहेल देव ने लड़ी, उन्होंने बहराइच के चित्तौरा कि भूमि पर सैय्यद सालार मसूद को मारने का काम किया। हम कह सकते हैं कि उस लड़ाई के 175 वर्ष बाद तक भारत सुरक्षित रहा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में महाराजा सुहेलदेव के नाम पर रेलगाड़ी, आजमगढ़ में विश्वविद्यालय, उत्तर प्रदेश के बहराइच में महाराजा सुहेलदेव के नाम पर स्मारक बनाने का काम किया, जिसका उद्घाटन जल्द प्रधानमंत्री के हाथों होगा। यह भारतीय जनता पार्टी सरकार द्वारा किसी महापुरुष के सम्मान में सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि इससे पहले कि सरकारें सालार मसूद जो देश को लूटने आया था उसके मजारों को बचाती रही लेकिन जिसने आताताई से देश को बचाया उसके नाम पर एक ईंट तक नहीं रख सकी। आज उत्तर प्रदेश कि कानून व्यवस्था पुरे देश में चर्चा का विषय बन चुकी है। इस अवसर पर भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश राजभर, जिला मीडिया प्रभारी शशिकान्त शर्मा, गुड्डू राजभर आदि मौजूद रहे।

मोदी सरकार में हुआ गांव और शहर में विकास: पूर्व मुख्यमंत्री

गाजीपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व मे सेवा सुशासन और गरीब कल्याण हेतु सरकार के 9 साल पूर्ण होने के उपलक्ष में व्यापारी सम्मेलन एवम संवाद कार्यक्रम तहसील मुहम्मदाबाद अन्तर्गत सलेमपुर स्थित उषा मैरिज हॉल में बुधवार को संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि त्रिवेंद्र सिंह रावत पूर्व मुख्यमंत्री उत्तराखंड ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवम अन्य महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। इस अवसर पर परिवहन मंत्री उत्तर प्रदेश सरकार दयाशंकर सिंह ने दो बसों के संचालन की घोषणा की। जो बलिया से मुहम्मदबाद, पखनपुरा होते हुए पूर्वांचल एक्सप्रेस वे के माध्यम से लखनऊ के लिए जाएगी एवं एक बस जो मुहम्मदाबाद से पखनपुरा से पूर्वांचल एक्सप्रेस वे से होते हुए लखनऊ के लिए रवाना होगी। दयाशंकर सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री देश के ही नहीं बल्कि दुनिया के सबसे मजबूत प्रधानमंत्री के रूप में उभरे हैं। आज विदेशों में प्रधानमंत्री का डंका बज रहा है। जिसका रिजल्ट भी आपको देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि 2024 में प्रधानमंत्री के जीत की सुनामी आएगी। राज्यसभा सांसद नीरज शेखर ने अपने संबोधन में कहा कि पार्टी की जीत के लिए व्यापारी वर्ग का बड़ा ही योगदान रहा है। बलिया में 6 सीट पर भारतीय जनता पार्टी की जीत हुई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने 9 साल के अंदर समाज के विकास के लिए कार्य किये है। इसे यही नहीं रोकना और आगे बढ़ाना है। बलिया सांसद वीरेंद्र सिंह ने अपने संबोधन में रोजगार एवं सुरक्षा के मसले पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से किसान, युवा, नौजवान, वृद्ध से संवाद कर उनकी समस्याओं को जानकर उसका निस्तारण किया जा रहा है। कहा कि मोहम्मदाबाद के व्यापारियो को पैसे और पिस्तौल के दम पर भ्रमित कर उन्हें दबाने का कार्य किया गया लेकिन आज योगी के सरकार में गुंडा माफिया अपनी जान की भीख मांग रहे हैं इसका आज आप स्वयं प्रमाण हैं। हम श्यामा प्रसाद मुखर्जी के कथन पर चलने वाले लोग हैं। श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बताए रास्ते पर प्रधानमंत्री सपनों का भारत बनाने के लिए चल पड़े हैं। आज पूरब से पश्चिम तक पिस्तौल के दम पर शासन चलाने वाले और आतंक फैलाने वाले लोग या तो मिट्टी में मिल गए हैं या अपनी जान की भीख मांग रहे है। कानून का शासन आज भी है और भविष्य में भी रहेगा।

मुख्य अतिथि पूर्व मुख्यमंत्री उत्तराखंड त्रिवेंद्र सिंह रावत ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि मेरा सौभाग्य है की आज आपके बीच में मुझे आने का मौका मिला। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की केंद्र की सरकार के 9 वर्ष हो रहे हैं और उत्तर प्रदेश सरकार का भी 6 वर्ष का कार्यकाल पूर्ण हुआ। सरकार को जनता चुनकर भेजती है इसलिए सरकार का यह दायित्व बनता है की पूर्ण पारदर्शिता के साथ सबके लिए काम करें। हमारे प्रधानमंत्री ने सबका साथ सबका विकास और सब के प्रयास से देश को आगे बढ़ाने का कार्य किया है। पारदर्शी सरकार का सीधा सीधा मतलब है कि सरकार जो काम कर रही है उसका हिसाब किताब मांगने का अधिकार हर मतदाता को है और सरकार की जिम्मेदारी है कि वह अपना हिसाब किताब जनता के बीच में रखे। आपने हमको चुनकर भेजा है, हमने आपसे जो वायदे किए थे उसे हमने पूरा किया या नहीं किया आप उसकी सीधे समीक्षा कर सकते है। 2014 में प्रधानमंत्री ने कहा था कि हम भ्रष्टाचार मुक्त सरकार देंगे। इससे पहले आपको याद होगा कि उस समय देश के अंदर भ्रष्टाचार के खिलाफ वातावरण बहुत तेजी पर था जिसके कारण देश के अंदर बेरोजगारी एवम महंगाई चरम पर थी। हमारे प्रधानमंत्री ने कहा कि देश की जनता ने भारतीय जनता पार्टी के ऊपर विश्वास किया है। आज मोदी सरकार में गांव और शहरो में विकास का कार्य हुआ है। शहर ठीक रहेंगे तभी गांव भी ठीक रहेंगे। उन्होंने कहा कि शहरों का विकास शहरी ग्रोथ रेट और गांव का विकास गांव की ग्रोथ रेट पर चलना चाहिए इसमें बहुत ज्यादा अंतर नहीं होना चाहिए। कार्यक्रम में पूर्व विधायक कालीचरण राजभर, भाजपा जिला अध्यक्ष बलिया, ब्लाक प्रमुख भांवरकोल प्रतिनिधि आनंद राय एवं अन्य पार्टी के पदाधिकारी उपस्थित रहे। संचालन व्यापार मंडल के संदीप गुप्ता एवं कार्यक्रम की अध्यक्षता श्याम सुंदर अग्रवाल ने किया।

मंत्री ने लोगों से किया कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील

गाजीपुर। उत्तर प्रदेश सरकार के श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर आई टी आई मैदान मे 10 जून को होने वाले महाराजा सुहेल देव शौर्य दिवस समारोह की सफलता के लिए बुधवार को जंगीपुर विधानसभा के नियांव (वाजिदपुर), हृदयपुर सरायबंदी, रूहीपुर, बोगना, बिरनो पड़ाव, चुरावनपुर अबिसहन तथा चौबेपुर तरछा में जन चौपाल लगाकर लोगों से कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि महाराजा सुहेलदेव ने भारतीय संस्कृति के सम्मान, स्वाभिमान के लिए पुरी तरह से समर्पित होकर संघर्ष करते हुए मूगलो को परास्त किया। मंत्री ने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार समृद्ध हो रहा है। भारत और भारतीयों का सम्मान पुरे विश्व में बढ़ रहा है। इस अवसर पर राजेश भारद्वाज, लालसा राजभर, अनिल राजभर, मयंक जायसवाल, गुड्डू राजभर, प्रदीप राजभर, मनोज कुशवाहा, चंद्रभान राजभर, श्रवण कुमार, राकेश राजभर आदि मौजूद रहे।

आकांक्षात्मक ब्लॉक को लेकर मुख्यमंत्री गंभीर, लापरवाही मिलने पर होगी कार्यवाई


गाजीपुर। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी की अध्यक्षता में आकांक्षात्मक विकास खण्डो की प्रगति समीक्षा बैठक बुधावर को राईफल क्लब सभागार में सम्पन्न हुआ। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने राज्य सरकार द्वारा जनपद के छः आकांक्षात्मक विकास खण्ड रेवतीपुर, सादात, देवकली, बाराचवर, विरनो, मरदह जिसका चयन प्रदेश के 100 आकांक्षात्मक विकास खंड के रूप में किया है में कराये जा रहे कार्यो की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि जिस ब्लाक मे कौशल विकास का सेन्टर नही खुला है ब्लाक स्तर खोला जाय ताकि गॉव-देहात के बच्चे शिक्षित हो सके। मनरेगा तथा जल संरक्षण योजना से सम्बन्धित योजनाओं को पूर्ण करने तथा सम्बन्धित अधिकारी को कराये जा रहे कार्यो का फोटो एवं विडियो उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान निर्देशित किया कि प्रत्येक बच्चो का टिकाकरण कराया जाय तथा बाल विकास विभागो को पोषाहार लोगो में वितरित करने का निर्देश दिया। उन्होने कहा कि  आकाक्षात्मक विकास खण्डो में स्वास्थ्य, कुपोषण, जल संसाधन, शिक्षा, कौशल विकास, वित्तीय समावेशन, कृषि, आधारभूत अवसंरचना सहित कई ऐसे मानक हैं जिन पर व्यापक स्तर पर काम किये जाने की आवश्यकता है। उन्होने मुद्रा लोन, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जनधन योजना, कौशल विकास सहित विभिन्न पैरामीटर्स पर व्यापक कार्य कराते हुए प्रदेश मे चयनित  आकाक्षांत्मक विकास खण्डो मे टॉप छः में स्थान बनाने की बात कही। उन्होंने समस्त अधिकारियों को शासन की नीति के अनुरूप आकाक्षात्कम विकास खण्ड में विकास कार्य को पूरा करने का निर्देश दिया। कहा कि ये कार्य शासन की शीर्ष प्राथमिकता का विषय है। आकांक्षात्मक ब्लॉक को लेकर मुख्यमंत्री बेहद गंभीर हैं और इसमें किसी तरह की लापरवाही नहीं चलेगी। इसमें लापरवाही मिलने पर कार्यवाई तय है। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ,समस्त सम्बन्धित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।  

विकास कार्यों में लापरवाही बरतने पर डीएम ने रोक दिया कई का वेतन


गाजीपुर। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी की अध्यक्षता में उ0प्र0 शासन द्वारा निर्धारित शासन के महत्वपूर्ण (37 बिन्दु), मुख्यमंत्री की सर्वोच्च प्राथमिकता के विकास कार्यों की समीक्षा बैठक रायफल क्लब सभागार मे बुधवार को सम्पन्न हुई। बैठक में उन्होने समस्त संबंधित विभागों से जुड़ी योजनाओं की माह प्रगति के बारे में समीक्षा की। समीक्षा के दौरान उन्होने संबंधित अधिकारी को निर्धारित समय सीमा में विभागीय विकास परक योजनाओं एवं निर्माणाधीन परियोजनाओं को पूरा करने के सख्त निर्देश दिये है। उन्होंने कहा कि जन कल्याणकारी योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर लागू कर पात्र आम जन मानस को त्वरित गति से लाभ पहुचाया जाये। किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाये। कोई भी पात्र व्यक्ति शासन की योजनाओं से वंचित न रहने पाए। उन्होने जनपद के प्रत्येक पात्र परिवार के व्यक्तियों का गोल्डेन कार्ड बनाते हुए इसमे तेजी लाने तथा जनपद के झोला छाप चिकित्सालयो पर टीम बनाकर जॉच कर कार्यवाही की बात कही तथा आयुष्मान भारत गोल्डेन कार्ड का लक्ष्य पूर्ण न होने पर योजना मे लगे 3 कर्मचारियों का वेतन रोकने का निर्देश दिया। निवेश मित्र एवं झटपट पोर्टल पर प्राप्त आवेदनो का त्वरित गति से निस्तारण का निर्देश दिया। उन्होने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को पशुओ का टीकाकरण एंव सहभागिता योजना में पात्र लोगो को जागरूक करने का निर्देश दिया।

उन्होने निर्देशित किया कि 60 वर्ष के व्यक्तियों को वृद्धा पेंशन से वंचित वृद्धा पेंशन भोगी को लाभ प्राप्त कराया जाय। उन्होने सभी अधिकारियो को निर्देशित किया कि पूर्वान्ह् 10 बजे से 12 बजे तक अपने कार्यालय में उपस्थित रहेगे तथा आई जी आर एस पोर्टल को चेक करने के साथ-साथ आम जनमानस की समस्याओं का निस्तारण करेंगे। उन्होने निर्देशित किया कि गॉव में बने पंचायत भवन मे सम्बन्धित अधिकारी एवं कर्मचारी बैठे। आवास, शौचालय, वृद्धा पेशन, राशन कार्ड, से सम्बन्धित पात्र को सही ढंग से चिन्हित किया जाय ताकि कोई छूटे न पाये। जल जीवन योजना को पूर्ण करने तथा उससे सम्बन्धित प्रत्येक घर पर र्बोड लगाने का निर्देश दिया। उन्होने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया की अपने लक्ष्य को हर माह पूर्ण करें। निवेश मित्र एवं झटपट पोर्टल पर प्राप्त आवेदनो का त्वरित गति से निस्तारण का निर्देश दिया। उन्होने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को पशुओ का टीकाकरण एंव सहभागिता योजना में पात्र लोगो को जागरूक करने का निर्देश दिया। आई0जी0आर0एस0 प्रकरण मे उन्होने शिकायत पत्रो का समय से निस्तारण करने का निर्देश दिया कहा कि किसी दशा मंे कोई शिकायत डिफाल्टर न होने पाये। इसकी समीक्षा सीधे शासन स्तर से की जाती है। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुये कहा कि अपनी-अपनी विभागीय योजनाओं के सम्बन्ध में स्टाफ के साथ समीक्षा कर समयान्तर्गत कार्य कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं में प्रगति लाने के निर्देश दिये। बैठक मे मुख्य विकास अधिकारी, समेत समस्त जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

व्यापारी सम्मेलन में एमएलसी चंचल ने व्यापारियों को लेकर कहीं यह बात


गाजीपुर। मोदी सरकार के 9 वर्ष पूरे होने पर जमानिया क्षेत्र के मिलन लॉन में बुधवार को व्यापारी सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस व्यापारी सम्मेलन में वाराणसी के पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष कन्हैया लाल गुप्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम में दिलदारनगर के नगर पंचायत अध्यक्ष अविनाश जायसवाल सहित सभी चेयरमैनो ने एमएलसी विशाल सिंह चंचल का माल्यार्पण कर स्वागत किया।

एमएलसी विशाल सिंह चंचल का स्वागत करते दिलदारनगर चेयरमैन अविनाश जायसवाल

इस दौरान सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए एमएलसी विशाल सिंह चँचल ने कहा कि बीजेपी सरकार व्यापारियों के हित में लगातार कदम उठा रही है। उन्होंने व्यापारियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि मोदी सरकार ने अपने 9 वर्षों के कार्यकाल में व्यापार को सुगम और सरल बनाने के लिए लगातार ठोस नीतियां लागू की है। व्यापारियों की सुविधा के लिए सरकार लगातार प्रयास में जुटी हुई है। एमएलसी ने कहा कि मोदी सरकार में व्यापारियों की सुरक्षा, सुविधा और सम्मान में लगातार कदम उठाए गए।

व्यापारियों की सुरक्षा और सम्मान के लिए सरकार पूरी तरह कटिबद्ध है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में देश का मान सम्मान वैश्विक पटल पर स्थापित है और पूरी दुनिया आज देश का लोहा मान रही है। इस सम्मेलन में बड़ी संख्या में व्यापारी शामिल रहे। कार्यक्रम में बीजेपी एमएलसी विशाल सिंह चंचल सहित भाजपा जिलाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह, कृष्ण विहारी राय, प्रमोद वर्मा, जमानिया नगर पालिका अध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता, दिलदारनगर के नगर पंचायत अध्यक्ष अविनाश जायसवाल, विनोद अग्रवाल, प्रवीण सिंह, प्रदीप पाठक, हर्ष, विवेक, अमित नागवंशी समेत भाजपा के तमाम पदाधिकारी मौजूद रहे।