गाजीपुर। जिला कार्यक्रम अधिकारी दिलीप कुमार पाण्डेय ने बताया है कि जिलाधिकारी के आदेश पर 2 जनवरी 2023 से जनपद के समस्त ऑगनबाड़ी केन्द्रों को शीतलहर एवं ठण्ड के प्रकोप को देखते हुये 15 जनवरी 2023 तक तत्काल प्रभाव से बंद किया गया है। इस छुट्टी में सभी ऑगनबाड़ी केन्द्र पर ऑगनबाड़ी कार्यकर्त्री अपने केन्द्र पर उपस्थित रहते हुये पोषण ट्रैकर पर नियमित रूप से कार्य करेंगी तथा ऑगनवाड़ी कार्यकर्त्री, मिनी ऑगनबाड़ी कार्यकर्त्री एवं सहायिकाओं द्वारा लाभार्थियों को पोषण ट्रैकर पर आधार सत्यापन, ड्राई राशन, वजन तथा गृह भ्रमण सहित सामुदायिक गतिविधियों एवं अन्य शासकीय कार्यों का निष्पादन पूर्ववत किया जायेगा।
Category Archives: Ghazipur
4 जनवरी को होगा कंबल वितरण
गाज़ीपुर। ज्वाइंट मेडिकल फोरम के बैनर तले चार जनवरी को लंका मैदान में कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अधिकारी आर्यका अखौरी करेंगी। ज्ञात हो कि ज्वाइंट मेडिकल फोरम जिले की एलोपैथिक, डेन्टल, आयुर्वेद, यूनानी चिकित्सा, होम्योपैथिक एवं दवा प्रतिनिधियों का सामुहिक संगठन है। यह संगठन अपने अधिकारों की रक्षा के साथ-साथ जन-कल्याण के क्षेत्र में भी अपनी सतत भूमिका का बखूबी निर्वहन करता आ रहा है।फोरम के सचिव डॉ जेके यादव ने बताया कि बढ़ती ठंड के प्रकोप को देखते हुए संगठन ने गरीबों में कंबल वितरित करने का निर्णय लिया है। लंका मैदान में आये प्रत्येक जरूरतमंद को कंबल दिया जाएगा।जिससे वह इस हाड़कपाती ठंड से अपने आपको बचा सकें।
नगर पालिका ने दिया आश्रम को तोहफा
नए वर्ष के प्रथम दिन नगर पालिका ने एक और दिया तोहफा, आर0ओ0 वाटर प्लान्ट का किया लोकार्पण


गाजीपुर। नगर पालिका परिषद द्वारा नए वर्ष 2023 के प्रथम दिन पवहारी बाबा के आश्रम पर लगाए गए आर0ओ0 वाटर प्यूरीफायर का लोकार्पण मुख्य अतिथि भाजपा के प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य कृष्ण बिहारी राय, काशीक्षेत्र की उपाध्यक्ष सरोज कुशवाहा, नगर पालिका की अध्यक्ष सरिता अग्रवाल एवं डा0 शकुन्तला राय द्वारा किया गया। इस अवसर पर कृष्ण बिहारी राय ने कहा कि निश्चित रूप से नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष ने इस पौराणिक एवं ऐतिहासिक स्थल पवहारी बाबा के आश्रम पर आर0ओ0 वाटर प्यूरीफायर की स्थापना कराकर यहाँ पर आने वाले श्रद्धालुगण एवं इस आश्रम के महन्त अमरनाथ तिवारी की प्रेरणा से जो सुविधाएं प्रदान की गयी है वह स्वागत योग्य है। नगर पालिका परिषद लगातार अच्छे-अच्छे जनहित के कार्यों पर ध्यान देती रही है।
सरोज कुशवाहा ने कहा कि आज नए वर्ष के प्रथम दिन एक ऐसे स्थान पर एक अच्छे कार्य के लोकार्पण में उपस्थित होने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। जहाँ स्वामी विवेकानन्द जैसे महान विभूति भी यहाँ पर काफी दिन प्रवास कर महन्त पवहारी बाबा के सानिध्य में रहकर ज्ञान अर्जित किए। सरिता अग्रवाल ने कहा कि आर0ओ0 वाटर प्यूरीफायर लगाने हेतु निश्चित रूप से यहाँ पर आने वाले श्रद्धालुगण, क्षेत्रवासीगण, यहाँ के पुजारी एवं सन्त महात्माओं की प्रेरणा मिली है जिससे यह कार्य सम्पन्न हो सका है। शकुन्तला राय ने पवहारी बाबा के विषय में प्रकाश डालते हुए अपना अनुभव साक्षा किया एवं नगर पालिका द्वारा लगाए गए आर0ओ0 वाटर प्यूरीफायर की भूरि-भूरि प्रशंसा की। विनोद अग्रवाल ने बताया कि यह आर0ओ0 वाटर प्यूरीफायर 150 लीटर फिल्टर पानी प्रतिघंटा की क्षमतायुक्त है एवं एक समय मे 500 लीटर पानी की क्षमता व 500 लीटर पानी स्टोरेज का टैंक लगाया गया है जिससे आमलोगों एवं यहाँ पर आने वाले श्रद्धालुओं को इसका लाभ मिलेगा। महन्त अमरनाथ तिवारी ने भी नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल एवं पूर्व अध्यक्ष विनोद अग्रवाल को इस अच्छे कार्य के लिए बधाई दी एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता क्षेत्रीय सभासद अनिता देवी एवं संचालन अजय गुप्ता ने किया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से भाजपा के नगर अध्यक्ष सुनील गुप्ता, पूर्व नगर अध्यक्ष रासबिहारी राय, महामंत्री द्वय अजय कुशवाहा, हेमन्त त्रिपाठी, निखिल राय, सभासद/प्रतिनिधि अजय राय दारा, कमलेश बिन्द, शेषनाथ यादव, अमरनाथ दुबे, समरेन्द्र सिंह, दिग्विजय पासवान, रूपक तिवारी, विनोद कुशवाहा, शिवचन्द गुप्ता, उपेन्द्र सिंह, रामशरण सिंह (पूर्व प्रधान), गामा प्रजापति, साहब सिंह यादव, कैलाश गुप्ता, मिन्टू सिंह, मुन्ना सिंह, गजेन्द्र सिंह, लालजी प्रजापति, हीरा प्रजापति, शिवगोविन्द राय, राजेन्द्र सिंह, रमेश यादव, गिरिशचन्द्र, प्रमोद गुप्ता आदि लोग उपस्थित थे।
जिले में धारा 144 लागू
गाजीपुर। आदेश दण्ड प्रक्रिया संहिता की धारा-144 के अन्तर्गत निषेधाज्ञा एक जनवरी नव वर्ष, मकर संक्रांति, होली और हाई स्कूल एवं इण्टरमीडिएट बोर्ड परीक्षा- 2023 को देखते हुए लागू की जाती है। परीक्षाएं एवं त्यौहारों को सकुशल एवं शान्ति पूर्वक सम्पन्न कराने तथा शान्ति व कानून व्यवस्था बनाये रखने के दृष्टिगत जनपद में दण्ड प्रक्रिया संहिता 1973 की धारा 144 के अन्तर्गत निषेधाज्ञा लागू करना आवश्यक है। जिसको लेकर अरूण कुमार सिंह, अपर जिला मजिस्ट्रेट (वि/रा) ने दण्ड प्रक्रिया संहिता की धारा-144 के अन्तर्गत प्रदत्त अधिकारों का प्रयोग करते हुये आगामी परीक्षा व त्यौहारों को शान्तिपूर्ण, स्वतंत्र निष्पक्ष, भयमुक्त एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने तथा जन-जीवन एवं निजी/लोक सम्पत्ति की हानि एवं दंगा, बलवा के निवारण के उद्देश्य से जनपद के सम्पूर्ण सीमा क्षेत्र में निम्नलिखित निषेधाज्ञा जारी किया। उक्त आदेश जनपद गाजीपुर सीमा क्षेत्र में 30 दिसम्बर 2022 से तीन माह तक अथवा इसके पूर्व जब तक इस आदेश को वापस न ले लिया जाय, प्रभावी रहेगा। अपर जिलाधिकारी के हस्ताक्षर एवं न्यायालय की मुद्रा से मुद्रांकित होकर वर्ष 2022 की माह दिसम्बर की 30 तारीख को जारी किया गया।
डीएम के आदेश पर 14 जनवरी तक स्कूलों की हुई छुट्टी

गाजीपुर। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी के निर्देश पर जनपद के बेसिक शिक्षा परिषद के निंयत्रणाधीन संचालित विद्यालयों/मान्यता प्राप्त बेसिक विद्यालयों में शीतकालीन अवकाश 31 दिसम्बर से 14 जनवरी 2023 तक धोषित किया गया है। उक्त आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश जिलाधिकारी द्वारा दिया गया है।
आजीवन अन्याय, जुल्म और शोषण के खिलाफ संघर्ष करते रहे राजनारायण

गाजीपुर। शनिवार को समाजवादी पार्टी के तत्वाधान में जिलाध्यक्ष रामधारी यादव की अध्यक्षता में पार्टी कार्यालय समता भवन पर लोकबंधु के नाम से दुनिया में विख्यात स्व.राजनारायन की पुण्यतिथि के अवसर पर माल्यार्पण कार्यक्रम एवं विचार गोष्ठी आयोजित हुई। गोष्ठी आरंभ होने के पूर्व कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए लोकतंत्र की रक्षा करने का संकल्प लिया।
इस गोष्ठी को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष रामधारी यादव ने उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विस्तृत रूप से प्रकाश डालते हुए कहा कि राजनारायन जी इस मुल्क के आम आवाम की आवाज थे। वह आजीवन अन्याय, जुल्म और शोषण के खिलाफ संघर्ष करते रहे। राजनारायन जी ने आम आदमी की खातिर एक दो नहीं बल्कि 17 साल जेल में गुजार दिए। ऐसा कोई मुद्दा नहीं रहा आम जन से जुड़ा जिस पर राजनारायन ने आवाज न बुलंद की हो। आजाद भारत में जब अंग्रेजियत बढ़ रही थी तब अंग्रेजी हटाओ आंदोलन शुरू किया। बनारस हिंदू विश्वविद्यालय से शुरू इस आंदोलन को देश भर में फैला दिया। उन्होंने कहा कि राज नारायण जी का निधन 69 साल की उम्र में हुआ। लेकिन इस सात दशक के जीवनकाल में वह 80 बार जेल गए। उन्होंने कुल 17 साल जेल में बिताए। इसमें 3 साल आजादी के पहले और 14 साल आजादी के बाद। उनकी जेल यात्राएं ये बताती हैं कि वह आम जन के सरोकारों से किस हद तक जुड़े रहे। लोकतंत्र के सच्चे सिपाही के तौर पर वह हमेशा गरीबों, मजलूमों, किसानों और कमजोर तबकों के लिए खड़े रहे और लड़ते रहे। जहां कहीं अन्याय और जुल्म देखा वहीं उसके खिलाफ तन कर खड़े हो गए। उन्होंने कहा कि राज नारायण ने एक ओर जहां राजनीतिक संघर्ष को धारदार बनाया, वहीं विचार व आचरण से कार्यकर्ताओं की फौज भी खड़ी की्। पूर्व जिलाध्यक्ष राजेश कुशवाहा ने गोष्ठी को संबोधित करते हए कहा कि आम आदमी के सवालों पर सड़क से संसद तक जूझने वाले अप्रतिम योद्धा राज नारायण ने एक ओर जहां कांग्रेस की सबसे ताकतवर नेता इंदिरा गांधी को कोर्ट और चुनाव दोनों में हराया। वहीं 1977 में जनता पार्टी के शासनकाल में दोहरी सदस्यता के खिलाफ सवाल खड़ा कर आरएसएस के विरोध में मोर्चा खोला। ये वही सख्श रहे जिन्होंने दलितोद्धार के लिए बड़ा आंदोलन चलाया। काशी विश्वनाथ मंदिर में दलितों का प्रवेश उन्होंने ही कराया। इसी बेनियाबाग मैदान में राज नारायण ने सत्याग्रह कर महारानी विक्टोरिया की मूर्ति तोड़ी थी। इस गोष्ठी में मुख्य रूप से सदानंद यादव, गोपाल यादव, निजामुद्दीन खां, जिला मीडिया प्रभारी अरुण कुमार श्रीवास्तव, राजेंद्र यादव, अमित ठाकुर, चन्द्रिका यादव, कंचन रावत, जुमाउद्दीन अहमद, पूजा गौतम, रीना यादव, ग्यासुद्दीन आजाद, अवधेश कुशवाहा, रामनगीना यादव आदि उपस्थित थे। गोष्ठी का संचालन जिला उपाध्यक्ष कन्हैया लाल विश्वकर्मा ने किया।
हीरा बा के निधन पर सपाइयों ने व्यक्त की अपनी शोक संवेदना

गाजीपुर। शुक्रवार को समाजवादी पार्टी के तत्वावधान में पार्टी कार्यालय समता भवन पर जिलाध्यक्ष रामधारी यादव की अध्यक्षता में एक शोक सभा का आयोजन किया गया। इस शोक सभा में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की माता हीरा बा के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त किया गया। दो मिनट का मौन रखकर मृतक आत्मा की शांति प्रदान करने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की गयी। इस शोक सभा में मुख्य रूप से सुदर्शन यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष राजेश कुशवाहा, मुन्नन यादव, गोपाल यादव, निजामुद्दीन खां, अरुण कुमार श्रीवास्तव, गोवर्धन यादव, दिनेश यादव, रविन्द्र प्रताप यादव, सिंकदर कन्नौजिया, कमलेश यादव, रमाशंकर यादव, नरेंद्र कुशवाहा, अभिनव सिंह, छन्नू यादव, पारस यादव, तिलक यादव आदि उपस्थित थे।
ठंड से ठिठुरते लोगों के लिए एसडीएम दरबार पहुंचे सपाई



गाजीपुर। शुक्रवार को समाजवादी पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल जिलाध्यक्ष रामधारी यादव की अध्यक्षता में सदर एसडीएम प्रतिभा मिश्रा से मिलकर शहर के प्रमुख चौराहों एवं सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलाने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। जिलाध्यक्ष रामधारी यादव ने एसडीएम सदर से वार्ता करते हुए कहा कि विगत दो तीन दिनों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। गरीब, मजदूर एवं सड़कों पर जीवन यापन करने वाले लोग इस कड़ाके की ठंड में ठिठुरने को मजबूर हैं। कड़ाके की ठंड के चलते उनका जीवन संकट में है। उनके जीवन की सुरक्षा के लिए हर चौराहों एवं सार्वजनिक स्थानों पर अलाव की व्यवस्था करना अत्यन्त आवश्यक है। अतः समाजवादी पार्टी आपसे यह मांग करती है कि जल्द से जल्द हर चौराहों एवं सार्वजनिक स्थानों पर अलाव की व्यवस्था कर दें ताकि गरीब, मजदूर एवं सड़कों पर अपना जीवन यापन एवं रोजी रोटी करने वालों के जीवन की रक्षा की जा सकें। इस प्रतिनिधिमंडल में मुख्य रूप अशोक कुमार बिंद, दिनेश यादव, गोवर्धन यादव, अरुण कुमार श्रीवास्तव, अमित ठाकुर, रमेश यादव, अतीक अहमद राईनी, कमलेश यादव, सुग्गु यादव, वंशबहादुर कुशवाहा, नफीसा बेगम, मोहन रावत, राजदीप रावत, छन्नू यादव आदि शामिल थे।
पेंशन लेने वालों के लिए जरूरी सूचना, कृपया ध्यान दें
गाजीपुर। वरिष्ठ कोषाधिकारी ने जनपद से पेंशन आहरित कर रहें समस्त पेंशनभोगी को सूचित किया है कि आयकर विभाग द्वारा निर्गत गाइड लाइन के दृष्टिगत वित्तीय वर्ष 2022-23 के समाप्ति के दृष्टिगत आयकर की परिधि से अच्छादित होने की स्थिति में वित्तीय वर्ष 2022-23 की समाप्ति तक की आयकर देयता विवरण 5 फरवरी 2023 से 25 फरवरी 2023 के मध्य तक प्रत्येक दशा में कोषागार कार्यालय में अपने पैन कार्ड व बैक पासबुक की छायाप्रति के साथ अवश्य जमा कर देवें। उक्त आयकर परिधि से अच्छादित पेंशनभोगियों का आयकर देयता विवरण न जमा करने की स्थिति में फरवरी- 2023 से पेंशन स्वतः बाधित हो जायेगी। आयकर की दरें 2,50,000 रुपया (सामान्य), 3,00,000 रुपया (वरिष्ठ नागरिक) तक शुन्य, 2,50,001 (सामान्य) 3,00,001 रुपया (वरिष्ठ नागरिक) से 5,00,000 तक 5 प्रतिशत तथा स्वास्थ्य एवं शिक्षा उपकर 4 प्रतिशत है। 5,00,001 रुपया (सामान्य एवं वरिष्ठ नागरिक) से 10,00,000 तक 20 प्रतिशत तथा स्वास्थ्य एवं शिक्षा उपकर 4 प्रतिशत है। 10,00,001 रुपया (सामान्य एवं वरिष्ठ नागरिक) से उपर 30 प्रतिशत तथा स्वास्थ्य एवं शिक्षा उपकर 4 प्रतिशत है। कुल आयकर (यदि कुल आय 5,00,000 रुपया तक है तो आयकर में 12,500 रुपया कम (छुट) दर्शाए धारा 87ए के अन्तर्गत)। प्रथम व पुनरीक्षित पेंशन भुगतान के मामलों में केवल राशिकरण एवं उपादान की राशि पुर्णतः कर मुक्त है।
अगर छात्रवृत्ति चाहिए तो करें आवेदन

गाजीपुर। वित्तीय वर्ष 2022-23 पिछड़ी जाति दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजनान्तर्गत छात्रवृत्ति आवेदन पत्र भरने एवं विद्यालयों द्वारा रिसीव एवं अग्रसारण की वर्तमान स्थिति के परीक्षण में पाया गया है कि कुल 139717 छात्रवृत्ति आवेदन पत्र छात्र-छात्राओं द्वारा फाइनल सब्मिट किये जा चुके है, वही विद्यालयों द्वारा 127850 आवेदन पत्र ही विद्यालयों द्वारा अब तक ऑनलाइन अग्रसारित किये गये है और 11867 छात्रवृत्ति आवेदन पत्र विद्यालयों के लॉगिन पर अग्रसारण हेतु लम्बित है। जबकि विद्यालय स्तर से अग्रसारण की अन्तिम तिथि 2 जनवरी 2023 ही निर्धारित है। यदि ससमय लम्बित आवेदन पत्रों का अग्रसारण विद्यालय द्वारा नहीं किया जाता है, तो ऐसे में लम्बित आवेदन पत्र वाले छात्रों छात्रवृत्ति योजना से वंचित हो जायेगें। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी नरेन्द्र विश्वकर्मा ने जनपद के समस्त दशमोत्तर शिक्षण संस्थाओं को सूचित किया है कि तत्काल बिना अन्तिम तिथि 2 जनवरी 2023 तक लम्बित 11867 छात्रवृत्ति आवेदन पत्रों को नियमानुसार परीक्षण करते हुए ऑनलाइन अग्रसारित करना सुनिश्चित करें। अन्यथा अन्तिम तिथि में वेबसाइट धीमी होने के कारण अग्रसारण में कोई समस्या उत्पन्न होती है तो उसके लिए विद्यालय स्वयं उत्तरदायी होगें।





