गाजीपुर। जिलाधिकारी अविनाश कुमार एवं पुलिस अधीक्षक डा. ईरज राजा द्वारा संयुक्त रूप से जिला कारागार (जेल) का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान, जिलाधिकारी एंव पुलिस अधीक्षक द्वारा जिला कारागार मे कारागार चिकित्सालय, महिला एंव पुरूष बैरक, रसोई घर का निरीक्षण किया। कारागार में लगाए सी सी टी वी की संचालन व्यवस्था की जॉच की। जिलाधिकारी एंव पुलिस अधीक्षक ने कारागार चिकित्सालय मे भर्ती कैदियों से बीमारियो के संबंध मे पूछा तथा उनके खान-पान एवं साफ-सफाई की जानकारी ली। जिला कारागार के हवालात कार्यालय के स्टाक रजिस्टर की जांच की गई, इसके पश्चात बारी-बारी से सभी बैरको का निरीक्षण किया गया। बैरको मे बंदियों के कार्ड पर अगली पेशी का दिनांक को चेक किया गया। कारागार मे रसोई घर के निरीक्षण मे प्रत्येक दिनं बनने वाले भोजन के मीनू की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने जेल अधीक्षक को निर्देश दिया कि जेल के अन्दर किसी भी दशा मे मोबाइल व अन्य उपकरण का प्रवेश न होने पाए इस हेतु रोस्टर बनाकर चेंकिग अभियान चलाकर चेक किया जाए, इसके अतिरिक्त महिला बन्दीगृह मे दी जा रही सुविधाओ के बावत जानकारी ली।
राष्ट्रीय एकता दिवस पर सरदार पटेल को भावभीनी श्रद्धांजलि
गाजीपुर। शुक्रवार को शाह फैज़ विद्यालय के प्रांगण में भारत के पहले उप-प्रधानमंत्री और लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ (National Unity Day) अत्यंत हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। इस अवसर पर, देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा में सरदार पटेल के अमूल्य योगदान को याद किया। ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ के अवसर पर विद्यालय के निदेशक डॉ नदीम अधमी द्वारा प्रधानाचार्य, उप-प्रधनाचार्य एवं सभी शिक्षक-शिक्षिकायों को देश की सुरक्षा, एकता व अखंडता को बनाए रखने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता की प्रतिज्ञा दिलवायी गयी ।
मोहम्मदाबाद विधानसभा के भाजपा नेता मनोज राय (पूर्व पी.सी.एस.) को बिहार चुनाव में मिली बड़ी जिम्मेदारी
गृह मंत्री अमित शाह एवं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की चुनावी सभाओं का नेतृत्व कर रहे हैं
गाज़ीपुर।भाजपा संगठन ने बिहार विधानसभा चुनाव में अपनी पूरी शक्ति झोंक दी है। पार्टी के शीर्ष नेतृत्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं गृह मंत्री अमित शाह लगातार बिहार के विभिन्न जिलों में जनसभाएँ कर रहे हैं। एनडीए गठबंधन की इन सभाओं के सुचारू संचालन हेतु उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जनपद की मोहम्मदाबाद विधानसभा से आने वाले युवा भाजपा नेता मनोज राय (पूर्व पी.सी.एस.) को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। मनोज राय बिहार में अपने प्रशासनिक अनुभव के लिए लंबे समय से जाने जाते हैं। पूर्व में उन्होंने बिहार राज्य में विभिन्न प्रशासनिक पदों पर कार्य करते हुए उल्लेखनीय सेवाएँ दी हैं। इसी अनुभव के आधार पर भाजपा नेतृत्व ने उन्हें बिहार चुनाव में गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की चुनावी रैलियों के संचालन एवं समन्वय की प्रमुख जिम्मेदारी दी है। भूमिहार समाज से आने वाले मनोज राय को विशेष रूप से भूमिहार बहुल क्षेत्र लखीसराय में उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा के विधानसभा क्षेत्र में आयोजित सभाओं का दायित्व सौंपा गया है, जहाँ वे हाल ही में अमित शाह के साथ मंच साझा करते हुए देखे गए। भाजपा के प्रदेश एवं केंद्रीय नेतृत्व ने मनोज राय पर भरोसा जताते हुए कहा कि उनका प्रशासनिक अनुभव और संगठनात्मक दक्षता बिहार चुनाव में पार्टी के अभियान को और अधिक प्रभावी बनाएगी। यह जिम्मेदारी मिलने के बाद उनके समर्थकों खुशी और उत्साह बना हुआ है।
गाजीपुर। राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय महुआबाग में भूगोल विभाग – स्नातक पंचम सेमेस्टर की छात्राएं क्षेत्रीय भौगोलिक भ्रमण एवं सर्वेक्षण के लिए डॉ. निरंजन कुमार यादव के निर्देशन में गुरुवार को दार्जिलिंग रवाना हुई। डॉ. निरंजन कुमार यादव ने बताया कि यह कार्यक्रम पाठ्यक्रम का अनिवार्य हिस्सा है इसके साथ ही साथ भौगोलिक भ्रमण और सर्वेक्षण का उद्देश्य प्रत्यक्ष ज्ञान प्राप्त करना, प्राथमिक डेटा एकत्र करना, स्थानिक पैटर्न और मानव-पर्यावरण संबंधों को समझना, और भौगोलिक सिद्धांतों को व्यवहार में लाना है।
जिससे हमारी छात्राएं भावी जीवन में भौतिक पर्यावरण और मानवीय गतिविधियों के बीच जटिल अंतःक्रियाओं को आसानी से समझ सकें। यह यात्रा छात्राओं के लिए व्यावहारिक कौशल, जैसे नेतृत्व और टीमवर्क, विकसित करने में भी सहयोगी सिद्ध होगी । प्राचार्य प्रो अनीता कुमारी ने यात्रा को हरी झंडी दिखाते हुए कहा कि यात्राएं जीवन को एक नयी दिशा देती हैं। स्त्रियों को पिछे रह जाने के पीछे एक बड़ा कारण है कि वह अपने जीवन में यात्राएं कम कर पाती हैं। यात्रा हमें एक नयी दुनिया से परिचित कराता है और कई तरह की संकीर्णता से हमें ऊपर उठाता है। इस यात्रा दल में छात्राओं के साथ भूगोल विभाग के शोधार्थी भी सम्मिलित हैं। इस यात्रा दल में कुल 70 यात्री सम्मिलित हैं। उपर्युक्त सूचना मीडिया प्रभारी सह सहयात्री डॉ शिव कुमार ने दिया।
नगसर। स्थानीय क्षेत्र में बुधवार को आर पी स्कूल ढढ़नी में चल रहे श्रीमद्भागवत कथा के अंतिम प्रसंग में कथावाचक आचार्य राम मनोज त्रिपाठी ने कई दिव्य घटनाओं का वर्णन किया, सबसे पहले स्यमंतक मणि का प्रसंग का जिक्र किए जिसमें भगवान श्रीकृष्ण पर झूठा आरोप लगाया जाता है, परंतु अंत में सत्य प्रकट हो ही जाता है और उनका तेज़ और गौरव और बढ़ जाता है। इसके बाद भगवान के अन्य विवाहों का वर्णन किए जिसमें उन्होंने सोलह हजार एक सौ राजकन्याओं से विवाह , जिन्हें नरकासुर ने बंदी बना रखा था। भगवान ने उन्हें मुक्त कर अपने साथ सम्मानपूर्वक विवाह किया, जो उनके करुणा और धर्म की रक्षा का प्रतीक है के बारे में व्याख्यान दिए।
इसके पश्चात नारद मोह कथा के बारे बताए जिसमें देवर्षि नारद भी माया में फँसकर भगवान की लीला का अनुभव करते हैं। फिर सुदामा और श्रीकृष्ण की मित्रता का प्रसंग को झांकी और भजन द्वारा दिखाने का प्रयास किए , जिसमें निर्धन ब्राह्मण सुदामा के प्रति भगवान का प्रेम, सच्ची मित्रता और भक्ति की सर्वोच्चता को दर्शाता है। उद्धव को संदेश देकर भगवान ज्ञान और वैराग्य की शिक्षा देते हैं, और अवधूतोपाख्यान के माध्यम से जगत के रहस्यों का उपदेश देते हैं। अंत में भगवान का अंतिम उपदेश, कल्कि अवतार का वर्णन और प्रलय के कथा के बारे में विस्तार रूप से चर्चा किए।
कथा के अंत में कथावाचक आचार्य राम मनोज त्रिपाठी ने कहा जिस प्रकार शुकदेव जी के कथा से राजा परीक्षित की मुक्ति हो जाती है उसी प्रकार यह कथा भक्तों को भक्ति, प्रेम और जीवन के सत्य का सन्देश देती है।जिससे सभी भक्तों का कल्याण हो जाता है। आज के कथा में प्रदीप चतुर्वेदी,जयनारायण उपाध्याय,दयाशंकर दुबे,श्रीकांत चौबे,आशुतोष मिश्रा,देवेश तिवारी,जयगोविंद दुबे,पप्पू तिवारी,रणजीत राणा,रमेश व्यास,उपेन्द्र यादव,जयप्रकाश पाण्डेय,रामप्रवेश पाण्डेय सहित सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भगवान के कथा का रसपान किया।
गाजीपुर। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश कुमार ने अर्हता तिथि 01.01.2026 के आधार पर विधान सभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों का विशेष प्रगाढ पुनरीक्षण की प्रक्रियाओ एवं दायित्वों और उनके अधिकारो से अवगत कराने हेतु जनपद के विभिन्न राजनैतिक दलो के पदाधिकारियों एंव निर्वाचक रजिस्ट्रिकरण अधिकारी संग बैठक बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार मे सम्पन्न हुआ। बैठक मे जिलाधिकारी ने समस्त राजनैतिक दलो को भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विशेष प्रगाढ पुनरीक्षण को लेकर दिए गए दिशा-निर्देशों, कार्यक्रमों और इसकी प्रक्रिया के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए सभी राजनैतिक दलों से बूथ लेबल एजेंट बी एल ए नियुक्त करने का अनुरोध किया जो पुनरीक्षण कार्यों में बी एल ओ का सहायोग करेंगे ।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में सम्मिलित हो सके तथा गणना प्रपत्रों का मुद्रण, वितरण, मिलान एवं इनका संग्रहण समय से हो तथा नये मतदाता , डुप्लीकेट, शिफ्टेड एवं मृत मतदाताओं को मतदाता सूची मे जोड़ा/हटाया जा सके। उन्होने बताया कि मतदेय स्थल पर बारह सौ से अधिक मतदाता नही होगे। इसके लिए सभी मतदेय स्थलों का सही से ड्रॉफ्ट प्रकाशन से पहले ही सम्भाजन की प्रक्रिया पूर्ण करा ली जायेगी तथा सम्भाजन के बाद नये मतदेय स्थलों के बनने पर बीएलओ की नियुक्ति भी समय से पूर्ण की जायेगी। उन्होने बताया कि जनपद मे मतदाताओं का वर्ष 2003 की मतदाता सूची से मिलान किया जायेगा, जिससे विशेष प्रगाढ पुनरीक्षण के दौरान कार्यों में बाधा नही होगी। उन्होंने कहा कि वृद्ध, बीमार, दिव्यांग (पीडब्ल्यूडी), निर्धन एवं अन्य अशक्त व्यक्तियों को यथासंभव सुविधा प्रदान करने के लिए स्वयं सेवकों की तैनाती की जायेगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले सभी पात्र नवयुवकों का नाम मतदाता सूची में अनिवार्य रूप से शामिल हो। उन्होंने सभी बूथ लेबल अधिकारियों को गणना प्रपत्र, घोषणा पत्र एवं फार्म-6 उपलब्ध कराने को कहा, मतदाता द्वारा भरे गए गणना प्रपत्र की एक प्रति बीएलओ अपने पास रखेंगे और दूसरी प्रति अपने हस्ताक्षर सहित मतदाता को लौटाएंगे। इस दौरान गणना प्रपत्र के अलावा अन्य कोई अभिलेख न लिए जाएं। उन्होंने बताया कि शहरी मतदाता, अस्थायी प्रवासी गणना प्रपत्र को ऑनलाइन भी भर सकते हैं। उन्होंने कहा कि सभी बीएलओ, बी एल ए को ईआरओ, द्वारा प्रक्रिया से जुड़े कार्यों का प्रशिक्षण दिया जायेगा। उन्होंने बताया कि 03 नवम्बर, 2025 तक विशेष प्रगाढ पुनरीक्षण से संबंधित तैयारी, प्रशिक्षण एवं गणना प्रपत्रों का मुद्रण किया जायेगा। 04 नवम्बर से 04 दिसम्बर 2025 तक बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का मतदाताओं को वितरण किया जायेगा एवं प्रपत्रों को भरवाकर प्राप्त किया जायेगा।
09 दिसम्बर, 2025 को आलेख्य मतदाता सूची का प्रकाशन होगा। दावे और आपत्तियां दाखिल किये जाने की अवधि 09 दिसम्बर, 2025 से 08 जनवरी, 2026 तक होगी। नोटिस जारी किये जाने, सुनवाई एवं सत्यापन व दावे और आपत्तियों का निस्तारण एवं गणना प्रपत्रों पर निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा निर्णय किये जाने की अवधि 09 दिसम्बर, 2025 से 31 जनवरी, 2026 तक होगी। 07 फरवरी, 2026 को अन्तिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। उन्होंने सभी राजनैतिक दलों और मतदाताओं से विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान में सहयोग करने की अपील की है। बैठक मे अपर जिलाधिकारी वि0रा0/उप जिला निर्वाचन अधिकारी दिनेश कुमार, राजन प्रजाप्रति, प्रवीण सिंह भाजपा, रविकान्त राय कांग्रेस, राजेश यादव सपा, सुभाष राम, आदित्य कुशवाहा बसपा, जावेद अहमद आम आदमी पार्टी, एवं अन्य पार्टी पदाधिकारी एवं समस्त ई आर ओं ,सहायक निर्वाचन अधिकारी देवी प्रसाद सिंह, उपस्थित थे।
गाजीपुर। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश कुमार ने बुधवार को जिला कार्यालय स्थित ईवीएम गोदाम का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा व्यवस्था और रखरखाव की स्थिति की समीक्षा की गई। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वि./रा.)/उपजिला निर्वाचन अधिकारी दिनेश कुमार, सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि रविकान्त राय (कांग्रेस), राजेश कुमार यादव (सपा), राजन कुमार प्रजापति (भाजपा), आदित्य कुशवाहा, सुभाष राम सिंपाही (बसपा) एवं जावेद अहमद (आप) उपस्थित रहे।
गाजीपुर पत्रकार भवन पर वरिष्ठ पत्रकार स्व० राजीव सिंह को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि
गाजीपुर। गाजीपुर पत्रकार एसोसिएशन ने बुधवार को कचहरी स्थित भवन में संस्था के सदस्य और वरिष्ठ पत्रकार स्व० राजीव सिंह को उनके निधन के बाद भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर गाजीपुर पत्रकार एसोसिएशन “संस्था” के अध्यक्ष सूर्यवीर सिंह की अध्यक्षता में उपस्थित पत्रकारों ने उन्हें याद करते हुए एक शोक सभा आयोजित की और दो मिनट का मौन रखा। इस अवसर पर संस्था के मंत्री आशुतोष त्रिपाठी ने बताया कि राजीव सिंह गाजीपुर पत्रकार एसोसिएशन के वरिष्ठ सदस्य थे,उनका व्यक्तित्व हंसमुख और सौम्य था,वे काफी सामाजिक भी थे, वे अपने पीछे अपनी मां पत्नी और दो बच्चों को छोड़ गए हैं। वो जनसंदेश परिवार से जुड़कर समाचार संकलन का कार्य बहुत ही ईमानदारी से करते थे। कुछ दिनों से वे अस्वस्थ चल रहे थे, उनके निधन की सूचना 26 अक्टूबर की सुबह प्राप्त हुई थी, अंतिम संस्कार 26 अक्टूबर की शाम को ही गाजीपुर बैकुंठ धाम पर किया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में संस्था के सदस्य, पत्रकार जगत एवं अन्य सामाजिक वर्ग के लोग उपस्थित हुए थे। सदस्यों ने पत्रकार राजीव सिंह के जाने से इसे पत्रकार जगत में अपूरणीय क्षति बताया। शोक सभा में गाजीपुर पत्रकार एसोसिएशन के संरक्षक अशोक श्रीवास्तव, अध्यक्ष सूर्यवीर सिंह, मंत्री आशुतोष त्रिपाठी, विनय कुमार सिंह, आलोक त्रिपाठी, अभिनव चतुर्वेदी, मनोज कुमार गुप्ता, रविकांत पांडेय, विनय तिवारी, विनोद गुप्ता, शशिकांत तिवारी, प्रदीप शर्मा आदि लोग उपस्थित रहे।
शिविर लगाकर श्रद्धालुओ को दूग्ध व चाय का किया निःशुल्क वितरण गाजीपुर। सूर्य आराधना का चार दिवसीय पर्व डाला छठ मंगलवार की सुबह उदयमान सूर्य अर्घ्य के साथ समाप्त हुआ। इस डाला छठ पर लाखो की संख्या मे महिलाएं अस्तांचल व उदयांचल सूर्य को अर्घ्य देने गंगा घाटो व स्थानीय पोखरो व नदियो के किनारे छठ माता की फल फूल से भरे धन धान्य का प्रतिक टोकरी, सूप, धूप से पूजा करते हुए दूग्ध से जल में अर्घ्य देती है। घाटो पर किसी ब्रती महिला को अर्ध्य देने के लिए गाय के दूध की कमी न हो इसका प्रबन्ध कर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सेवाभारती प्रकल्प के ओर से सोमवार के सांय व मंगलवार को प्रातः पर्याप्त मात्रा में दूध की उपलब्धता गंगा घाटो पर स्थानीय शिविर लगाकर की गयी।
जिसमें नगर क्षेत्र के ददरीघाट, कलक्टरघाट, चीतनाथ घाट, अंजही घाट पर डाला छठ के सभी श्रद्धालु माता बहनो को दूध उपलब्ध कराया गया एवं प्रातःकाल निःशुल्क वितरण किये जाने वाले दूध के साथ साथ छठ पर्व मे शामिल सभी आगन्तुको को चाय व काढ़ा का वितरण किया गया। इस व्यवस्था के सकुशल संचालन करते हुए जिला प्रचारक ने बताया कि राष्ट्रीय स्वयंसंेवक संघ अपने मनाये जाने वाले शताब्दी वर्ष के अन्तर्गत सेवा भारती प्रकल्प के तरफ से श्रद्धालुओ को कोई असुविधा न हो इसके लिए बराबर निगरानी रखी जा रही है, नौकायान व सड़क मार्गो से गंगा घाटो का भ्रमण करके सभी व्यवस्थाओ को सूचारू कराया जा रहा है, जिससे डाला छठ पर्व मनाने वाले श्रद्धालुओ को किसी प्रकार की कोई समस्या या परेशानियो का सामना न करना पड़े।
इसके लिए धारानगर, कासिमाबाद, मरदह, बिरनो, रेवतीपुर, जमानियां, भदौरा, भांवरकोल, बाराचवंर, गाजीपुर आदि खण्डो पर छठ पूजा सकुशल सम्पन्न कराने के लिए स्वयंसेवक अपना सहयोग प्रदान किये। इस अवसर पर नगर संचालक, नगर प्रचारक, विहिप कांशीप्रान्त सेवा प्रमुख, नगर कार्यवाह सहित स्वयंसेवक बंधुओ ने अपना अपना योगदान दिया।
गाजीपुर। सूर्य उपासना के पर्व डाला छठ पर भगवान सूर्य को प्रथम अर्घ्य सोमवार की शाम को दिया गया। व्रती महिलाएं समूहों में छठ मैया के गीत गाते हुए घाटों पर पहुंची। शहर के साथ ही सभी ग्रामीण क्षेत्र के गंगा घाटों, पोखरों, नहरों एवं तालाबों पर श्रद्धालु महिलाओं की भीड़ उमड़ी। व्रती महिलाओं ने मां गंगा की गोद में खड़े होकर सूर्यदेव की आराधना की। परिवार के लोगों ने सूर्यदेव को अर्घ्य दिया। पर्व को लेकर व्रती महिलाओं सहित उनके परिवार के लोगों में जबरदस्त उत्साह दिखा।
आज दोपरहर को व्रती महिलाओं तथा उनके परिवार के अन्य सदस्यों का गंगा घाटों के लिए निकलने का सिलसिला शुरु हो गया था। शाम को सभी गंगा घाटों पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंच गए। घाटों पर पहुंची व्रती महिलाएं सुपली में फल, सुपारी, नारियल, पान की पत्ती आदि पूजा संबंधित सामानों को लेकर पहुंची। इसके बाद वेदी को गंगा जल से धोकर धूप-अगरबत्ती जलाने और ईख को खड़ा कर कलश स्थापित किया।
करीब डेढ़ से दो घंटे तक पूजन-अर्चन किया। सूर्यास्त से पहले व्रती महिलाएं गंगा में पहुंची और हाथों में सुपली लेकर सूर्य की उपासना की। बाद में अस्त होते सूर्य को व्रती महिलाओं के पुत्र, पति, बेटी सहित परिवार के अन्य सदस्यों ने दूध और गंगा जल का अर्घ्य दिया। शहर के ददरीघाट, चीतनाथ घाट, कलेक्टर घाट, स्टीमर घाट, सिकंदरपुर घाट, नवापुरा घाट सहित अन्य घाटों पर आस्था का सैलाब उमड़ा। अर्घ्य का कार्य संपन्न होने के बाद व्रती महिलाएं तथा उनके घर के सदस्य घरों के लिए घाटों से रवाना हुए।