-
प्रगतिशील ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन ने धूमधाम से मनाया हिंदी पत्रकारिता दिवस

प्रगतिशील ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन ने धूमधाम से मनाया हिंदी पत्रकारिता दिवस
पत्रकारों की सुरक्षा और निश्चित मानदेय की उठी पुरजोर मांग
गाजीपुर। जिला पंचायत सभागार ल में शनिवार को हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि वरिष्ठ समाज सेविका मीरा राय और प्रगतिशील ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष शशिकांत मिश्रा द्वारा मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। राकेश शर्मा ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की।
कार्यक्रम के दौरान प्रदेश अध्यक्ष शशिकांत मिश्रा, प्रदेश उपाध्यक्ष अखिलानंद तिवारी, मंडल अध्यक्ष कृष्ण मुरारी पाण्डेय, दरोगा पाण्डेय सहित विभिन्न वक्ताओं ने वर्तमान समय में पत्रकारिता के क्षेत्र में आ रही चुनौतियों और पत्रकारों के हितों पर खुलकर अपनी बात रखी। वक्ताओं ने सरकार और समाज से पत्रकारों की सुरक्षा और संरक्षण सुनिश्चित करने की पुरजोर मांग की। इसके साथ ही संस्था के अध्यक्ष अभिषेक सिंह ने ग्रामीण व कस्बाई पत्रकारों के आर्थिक संबल के लिए सरकार द्वारा एक निश्चित मानदेय तय किए जाने की बात पर भी विशेष जोर दिया गया।
समारोह में प्रख्यात कवि बादशाह राही ने अपनी तीखी कविताओं और बेबाक शेर-ओ-शायरी के माध्यम से शासन और प्रशासन की कमियों को उजागर करते हुए उन्हें आईना दिखाने का काम किया, जिसे उपस्थित जनसमूह ने खूब सराहा।
गंभीर चर्चाओं के बीच कार्यक्रम में मनोरंजन का तड़का तब लगा जब प्रसिद्ध मिमिक्री आर्टिस्ट विजय शंकर मंच पर आए। उन्होंने अपनी शानदार मिमिक्री और कलात्मक प्रस्तुति से सभागार में मौजूद सभी पत्रकारों और अतिथियों को हंसने पर मजबूर कर दिया। उनकी प्रस्तुति कार्यक्रम में आकर्षण का मुख्य केंद्र रही और पूरा सभागार ठहाकों से गूंज उठा। कार्यक्रम के दौरान पत्रकारिता जगत की तमाम हस्तियों को उनके योगदान के लिए स्मृति चिन्ह, अंग वस्त्रम, डायरी और पेन देकर सम्मानित किया गया। इस गौरवमयी अवसर पर प्रगतिशील ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष अभिषेक सिंह, महासचिव वसीम रजा, उपाध्यक्ष अनिल कुमार, सह सचिव प्रदीप शर्मा मोनू, कोषाध्यक्ष सुजीत कुमार सिंह, सचिव आय-व्यय सुनील गुप्ता, कार्यकारिणी सदस्य सुनील सिंह, प्रभाकर सिंह, आई बी सिंह, महताब आलम, आसिफ , इक़रार, अजय , आरिफ़ वारसी, मनीष राय, राघवेंद्र, फूलचंद्र, आलोक त्रिपाठी, अशोक श्रीवास्तव, सुमित श्रीवास्तव और सऊद अंसारी सहित भारी संख्या में लोग, प्रबुद्ध नागरिक और पत्रकार बंधु उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर जिला अध्यक्ष अभिषेक सिंह ने दूर-दराज से आए सभी आगंतुकों, अतिथियों और पत्रकार साथियों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन किया। -
वैषणव वर्धन सिंह का हुआ नेशनल पैरास्वीमिंग चैंपियनशिप में सलेक्शन

नेशनल पैरास्वीमिंग चैंपियनशिप में अपना जलवा दिखाएगा गाजीपुर का लाल
सब-जूनियर नेशनल स्विमिंग चैंपियनशिप के लिए काशिमाबाद के वैषणव वर्धन सिंह का सेलेक्शन
गाजीपुर। बेंगलुरू में आयोजित होने वाले वाले 26 वें सब-जूनियर नेशनल पैरास्विमिंग चैंपियनशिप में गाजीपुर के लाल वैष्णव वर्धन सिंह का जलवा देखने को मिलेगा। शारीरिक कमजोरियों के बावजूद अपने हौसलें और काबिलियत से प्रदेश स्तर पर कई बार नाम कमा चुके वैष्णव अब राष्ट्रीय फलक पर अपना जलवा दिखाने को तैयार हैं। कई राउंड के शानदार ट्रायल के बाद वैष्णव का सेलेक्शन इस प्रतियोगिता के लिए हुआ है।
आपको बता दें कि वैष्णव कासिमाबाद के अंतर्गत मिर्जापुर गांव के रहने वाले हैं। उनके पिता अशोक कुमार सिंह सेना में कर्नल की जिम्मेदारी निभाते हुए भारत सरकार के रक्षा मंत्रालय में विशेष कार्य अधिकारी के रूप में तैनात हैं। इससे पहले वे विदेश मंत्रालय के पासपोर्ट डीविजन के निदेशक भी रह चुके हैं। वे दिल्ली में परिवार के साथ रहते हैं। जहां वैष्णव राजधानी के नामी संस्कृति स्कूल में कक्षा 6 के छात्र हैं। वैष्णव को पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में खासी दिलचस्पी है। इसी का परिणाम है कि वैष्णव को स्वीमिंग के साथ-साथ प्रदेश स्तर पर स्केटिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के लिए कई बार खिताब प्राप्त हुआ है।
नेशनल चैंपियनशिप में सेलेक्शन के बाद वैष्णव के परिवार में खुशी की लहर है। वैष्णव के करियर में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली उनकी माता श्रुतिकिर्ती सिंह ने वैष्णव की सफलता का श्रेय खुद उनके मेहनत, हौसले और अनुशासन को दिया है। आपकी जानकारी के लिए बता दूं कि श्रुतिकिर्ती सिंह राजधानी दिल्ली में दिव्यांग बच्चों को लिए फाउंडेशन चलाने के साथ-साथ तमाम सामाजिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेती रहती है। साथ ही वैष्णव की इस शानदार उपलब्धि में उनकी बहन वैष्णवी का भी बड़ा योगदान रहा है। इंटरमीडियट में पढ़ने वाली वैष्णवी अपने भाई के मनोबल को बढ़ाने के लिए लगातार उसे प्रेरित करती रहती हैं। उनका हौसला बढ़ाने के लिए हर प्रतियोगिता में उनके साथ जाया करती हैं।
वैष्णव की इस उपलब्धि पर वैष्णव के कोच ने कहा कि ये सफलता तो सिर्फ वैष्णव के करियर की शुरूआत है। वैष्णव को अभी बहुत आगे जाना है। उन्होनें वैष्णव के साथ-साथ सभी सेलेक्टेड खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
-
शाह फैज स्कूल के छात्र छात्राओं का वार्षिक परीक्षाफल घोषित

गाजीपुर। सोमवार को शाह फैज विद्यालय प्रांगण में वार्षिक परीक्षाफल घोषित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विशेष प्रार्थना व दीप प्रज्ज्वलन से हुई। विद्यालय के निदेशक डॉ नदीम अधमी ने विशेष प्रार्थना की साथ ही सभी को वार्षिक परीक्षा फल की बधाई दी व भविष्य में और भी मेहनत करने की सलाह दी। उसके पश्चात् कक्षा PG से कक्षा 9 व 11 का परीक्षा परिणाम घोषित किया गया।

प्रधानाचार्य इकरामुल हक़ ने वार्षिक रिपोर्ट में बताया कि इस वर्ष कुल 2285 छात्र -छात्राएं वार्षिक परीक्षा में सम्मिलित। 199 कक्षा 12 व 231 कक्षा 10 की सी बी एस सी परीक्षा में सम्मिलित हुए, जिनका परिणाम प्रतीक्षारत है। वार्षिक परीक्षा का परिणाम 99.5 % रहा। कक्षा PG से शुजा आरफीन एवं अफ्फान ख़ान ,कक्षा एलकेजी से मोहम्मद आरिफ़, शान्वी सिंह, ज़ैनब ख़ान व ऋषभ गौतम ,यूकेजी से सौम्य पांडेय , पंखुड़ी केडिया ,अरशान अहमद, अवनीश पाल एवं आकिफा फातिमा ब्राइट स्टार घोषित किये गए।

कक्षा 1 से 5 में निशांत राय ने 99 9 % , कक्षा 6 से 8 में स्वरित कुमार राय एवं आफ़िया शफ़क़त 97.71 व कक्षा 9 से 11 में पहल कुशवाहा ने 97.80 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी विद्यालय में कनिष्ठ व वरिष्ठ वर्ग में सर्वश्रेष्ठ बालक व बालिका की उपाधि दी गयी। कनिष्ठ वर्ग से कक्षा 5 के निशांत राय व ज़ैनब अमानी व वरिष्ठ वर्ग से कक्षा 8 के स्वरित कुमार राय व कक्षा 9 से जुनैरा मसूद को क्रमशः सर्वश्रेष्ठ बालक व सर्वश्रेष्ठ बालिका की उपाधि दी गयी।

विद्यालय की निदेशिका डॉ मीना अधमी ने भी सभी छात्र-छात्राओं को वार्षिक परीक्षा फल की बधाई दी व अपने माता-पिता व गुरुजनों को धन्यवाद देने को कहा क्योंकि यही वो लोग हैं जिनकी सहायता के बिना कुछ भी संभव नहीं हो सकता। उन्होंने यह भी कहा कि हमें सीखना कभी नहीं बंद करना चाहिए। विद्यालय की मैनेजर मैडम अतिआ अधमी ने भी सभी को वार्षिक परीक्षाफल की शुभकामनायें दीं।


इस कार्यक्रम में सभी छात्र छात्राएं, निदेशक डॉ नदीम अधमी , निदेशिका डॉ मीना अधमी, वित्तीय एवं शैक्षणिक सलाहकार शमा अधमी, प्रधानाचार्य इकरामुल हक़, उप प्रधानाचार्य (शैक्षणिक) नेहा कुरैशी, परीक्षा नियंत्रक हनीफ अहमद, मुख्यअध्यापिका चंदना श्रीवास्तव, प्री-प्राइमरी इंचार्ज प्रियंका सिंह, माधुरी पांडेय , सुनंदा एवं अन्य शैक्षणिक व गैर शैक्षणिक कर्मचारी उपस्थित थे।

कार्यक्रम की साज सज्जा नुज़हत नसीम , आमना ओबैद , सिमरन जायसवाल, अंकिता दुबे एवं उमेश ने की। कार्यक्रम में गीत की प्रस्तुति शान कुशवाहा व शगुन कुशवाहा तथा अन्य ने की जिसका संगीत श्याम कुमार शर्मा व गिरधर शर्मा ने दिया।। कार्यक्रम का सञ्चालन उप प्रधानाचार्य (शैक्षणिक) नेहा कुरैशी, मुख्याध्यापिका चंदना श्रीवास्तव एवं प्रियंका सिंह ने किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान से हुआ।



-
12 से 23 फरवरी तक होगा क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन

12 से 23 फरवरी तक होगा क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन



गाजीपुर। गाजीपुर क्रिकेट एकेडमी के तत्वाधान में 4 फरवरी को अरोरा फाउंडेशन महुआबाग में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया । गाजीपुर क्रिकेट एकेडमी के प्रेसिडेंट अभिषेक सिंह ने बताया कि यह प्रतियोगिता 12 फरवरी से 23 फरवरी तक गाजीपुर क्रिकेट एकेडमी के तत्वधान में प्रथम स्वर्गीय श्री नारायण सिंह (पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष) एवं स्वर्गीय श्री अजीत कुमार सिंह स्मारक ऑल इंडिया कैश मनी क्रिकेट (G 20-20) प्रतियोगिता का आयोजन होना है। इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न स्थानों की कुल 8 टीम प्रतिभागी होंगी। जिसमें रणजी ट्रॉफी, आईपीएल, बोर्ड ट्राफी के खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे।यह आयोजन जनपद में पहली बार वृहद स्तर पर किया जा रहा है।
-
राष्ट्रपति से मिले डालिम्स सनबीम स्कूल के बच्चे

राष्ट्रपति से मिले डालिम्स सनबीम स्कूल के बच्चे

गाजीपुर। राष्ट्रपति भवन में आयोजित बाल दिवस पर नगर के डालिम्स सनबीम स्कूल के बच्चों ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की और अपने मन की जिज्ञासा को दूर किया। राष्ट्रपति से संवाद कर बच्चे काफी प्रफुल्लित हैं। राष्ट्रपति ने भी उन्हें पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद में भी हिस्सा लेने की सीख दी। इस दौरान राष्ट्रपति भवन व संसद भवन का भी भ्रमण किया। यह जिले के लिए गौरव की बात है। राष्ट्रपति भवन के सेंट्रल हाल में आयोजित बाल दिवस पर कार्यक्रम के लिए जिले के सनबीम स्कूल के बच्चों का चयन किया गया था।
स्कूल की डायरेक्टर एकता अखंड राय, शिक्षक कमलेश सिंह के साथ छात्र अभ्युदय प्रताप, निवेदिता प्रधान, आदर्श राय व सौम्या राय कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। बच्चों ने बताया कि राष्ट्रपति प्रोटोकाल तोड़कर उनके बीच आ गयीं और संवाद किया। अभ्युदय प्रताप व निवेदिता ने राष्ट्रपति से पूछा कि आपको महामहिम के पद पर आने के बाद कैसा लगा? तो उन्होंने जवाब दिया बिल्कुल, बहुत अच्छा लगा। फिर बच्चों ने सफल होने के बाद कैसा महसूस करतीं हैं। जवाब दिया सफलता का कोई अंत नहीं है। राष्ट्रपति ने सीख दी कि आप बच्चे आगे बढ़ते जाइए। आपका बचपन कैसा के सवाल पर उन्होंने कहा कि मैं भी आपकी तरह बगीचों और मिट्टी में खेला करती थीं। आज की तरह अच्छे स्कूल नहीं थे। उन्होंने बच्चों को मेहनत की सीख दी। साथ ही शिक्षकों से बच्चों को रोचक तरीके से शिक्षण कार्य कराने के साथ ही शारीरिक व मानसिक विकास के लिए खेलकूद को बढ़ावा देने पर जोर दिया। -
डीएम ने की बैठक,दिया निर्देश

गाजीपुर। जिला उद्योग बन्धु एवं स्वरोजगार बन्धु की बैठक गुरुवार को जिला पंचायत सभागार में जिलाधिकारी एम पी सिंह की अध्यक्षता मे सम्पन्न हुआ।इस बैठक में जिलाधिकारी ने मण्डी समिति दुल्लहपुर की जमीन अन्य़त्र स्थानान्तिरित किए जाने हेतु निस्तारण का निर्देश , व्यापारियो के समस्याओ के समाधान, उद्यमी वशिष्ट सिंह यादव के विद्युत बिल भुगतान प्रकरण के समाधान, औद्योगिक आस्थान नन्दगंज में सड़क , नाली , बाउण्डरीवाल निर्माण, निवेश मित्र पोर्टल, प्रधानमंत्री/मुख्यमंत्री रोजगार/युवा स्वरोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद,पी एम सृजन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार, आजीविका मिशन,पी एम स्वनिधि योजना एवं अन्य बिन्दूओ पर समीक्षा कर उद्यमियो के समस्याओ पर चर्चा की गयी तथा सम्बन्धित अधिकारियों को शिकायतो के निस्तारण का निर्देश दिया ।उद्यमी एस के दूबे ने सुखदेवपुर चौराहे से गाजीपुर घाट तक के 800 मीटर मार्ग जो बिल्कुल क्षतिग्रस्त है को सही कराने का अनुरोध एंव व्यापार मण्डल के विजय शंकर वर्मा ने रौजा से एम ए एच इण्टर कालेज तक जर्जर के बारे मे अवगत कराया । जिस पर जिलाधिकारी ने समन्धित अधिकारी को स्थलीय निरीक्षण करते हुए कार्यवाही का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी उधोगों के विकास में बैंको से अधिकाधिक सहयोग प्राप्त किये जाने के सम्बन्ध मे जिला अग्रणी प्रबंधक से अपेक्षा की। उद्यामियों के शिकायतो को सम्बन्धित अधिकारियों को समय से निस्तारण का निर्देश दिया। इस अवसर पर उघमी बशिष्ठ सिंह यादव, ए0के0दुबे अध्यक्ष ईट भठ्ठा एसोसिएशन एवं अन्य उद्यमी एंव व्यापार मण्डल के पदाधिकारी उपस्थित थे।
-
“हमारी बेटियां, हमारा गौरव” कार्यक्रम के अंतर्गत विशेष संवाद कार्यक्रम का हुआ आयोजन

माहवारी पर चुप्पी तोड़ने और खुलकर संवाद को बढ़ावा देने हेतु प्रेस कॉन्फ्रेंस एवं संवाद कार्यक्रम का आयोजन
गाजीपुर। जनपद में किशोर-किशोरियों के स्वास्थ्य, जागरूकता एवं सम्मान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से “हमारी बेटियां, हमारा गौरव” कार्यक्रम के अंतर्गत किशोर-किशोरियों एवं युवा लीडरों के साथ एक विशेष संवाद कार्यक्रम एवं प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन कम्फर्ट इन शुभ्रा होटल, महुआबाग में मंगलवार को किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य माहवारी (Menstruation ) से जुड़े विषयों पर चुप्पी तोड़ना, झिझक समाप्त करना तथा खुलकर संवाद को बढ़ावा देना। कार्यक्रम में माहवारी स्वच्छता, किशोरियों के स्वास्थ्य, पोषण, व्यक्तिगत साफ-सफाई तथा समाज में प्रचलित भ्रांतियों एवं मिथकों पर विस्तार से चर्चा की गई। विशेषज्ञों ने बताया कि आज भी ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में अनेक किशोरियां माहवारी से जुड़ी सही जानकारी के अभाव में स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं एवं सामाजिक संकोच का सामना कर रही हैं। ऐसे में जागरूकता, सुरक्षित साधनों का उपयोग, पोषणयुक्त आहार तथा स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच अत्यंत आवश्यक है।
संवाद कार्यक्रम के दौरान किशोर-किशोरियों एवं युवा लीडरों ने खुलकर अपने अनुभव साझा किए तथा माहवारी से जुड़े मिथकों, चुनौतियों एवं बदलाव की आवश्यकता पर विचार व्यक्त किए। मीडिया प्रतिनिधियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का उत्तर किशोर-किशोरी लीडर नीतू, अंजली, उम्मे साहिबा, पूजा, पूजा राजभर, चन्दन एवं प्रिंस द्वारा साझा अनुभवों के माध्यम से दिया गया। कार्यक्रम में महिला चिकित्सक डॉ. नम्रता श्रीवास्तव एवं डॉ. प्रीति पाल (सीनियर मेडिकल ऑफिसर) द्वारा विशेष सत्र आयोजित किया गया, जिसमें माहवारी क्या है, स्वच्छता, पोषण, दर्द, अनियमितता, सावधानियां एवं स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारियों पर चर्चा की गई। साथ ही “झिझक छोड़ो दृ खुलकर पूछो” प्रश्न मंच का आयोजन किया गया, जिसमें गोपनीय प्रश्न भी स्वीकार किए गए और किशोर-किशोरियों को विशेषज्ञों से खुलकर बातचीत करने का अवसर मिला। कार्यक्रम के अंतर्गत “महीने के वो 5 दिन” विषय पर रोल प्ले भी प्रस्तुत किया गया, जिससे माहवारी के दौरान किशोरियों द्वारा अनुभव की जाने वाली चुनौतियों को समझने का प्रयास किया गया। वहीं आशा, अर्चना, श्वेता, जीनत, अंजू एवं अंजली राजभर द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। वक्ताओं ने कहा कि “हमारी बेटियां, हमारा गौरव” कार्यक्रम का उद्देश्य बेटियों के स्वास्थ्य, सम्मान, शिक्षा एवं आत्मविश्वास को मजबूत करना है। किशोरियों को जागरूक और आत्मनिर्भर बनाकर ही एक स्वस्थ एवं समानतापूर्ण समाज की स्थापना संभव है।
कार्यक्रम में जिले के समस्त मीडिया प्रभारी, प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रतिनिधियों की विशेष उपस्थिति रही, जिन्होंने माहवारी स्वच्छता एवं किशोर स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दों पर संवाद को व्यापक रूप से सामने लाने में अपनी भूमिका निभाई।
कार्यक्रम में लालसा भारद्वाज, बृजकिशोर यादव, विभिन्न विभागों के अधिकारी, स्वास्थ्य विशेषज्ञ, शिक्षकगण, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में किशोर-किशोरियां उपस्थित रहीं। संस्था की ओर से संस्था निदेशक शमीम अब्बासी, कार्यक्रम प्रबंधक अर्शी, असिस्टेंट डायरेक्टर फरहीन, डॉ. संतोष त्रिपाठी, जवाहरलाल, आमिर सिद्दीकी, शाकिर अब्बासी, साजिद, ओसामा, इंतजार, फैज़ान, जैकी, आशा कुशवाहा, नसरीन सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम के समापन पर प्रतिभागियों को माहवारी स्वच्छता से संबंधित जागरूकता सामग्री वितरित की गई तथा सभी को स्वच्छ, स्वस्थ एवं सम्मानजनक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। -
दुर्घटना घटी तो एन.एच.ए.आई. के अधिकारियों के विरुद्ध होगी कार्यवाही:डीएम

गाजीपुर। जिला सुरक्षा समिति की बैठक जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्टेªट कक्ष में सम्पन्न हुई। बैठक में निर्देश दिये गये कि समस्त अधिकारी बैठक में स्वयं प्रतिभाग करेंगे एवं अनुपालन आख्या के साथ कृत कार्यवाही का विस्तृत विवरण फोटोग्राफ्स सहित क्रमिक माह एवं विगत वर्ष में उसी माह के तुलनात्मक विवरण के साथ संलग्न किया जाये। हिट एण्ड रन केस के सम्बन्ध में जागरूक किये जाने हेतु मीडिया में प्रचार-प्रसार करने हेतु पुलिस विभाग द्वारा इस सम्बन्ध में कार्यशाला आयोजित करायी जाय एवं प्रभावित व्यक्तियों को परिवहन विभाग में आवेदन हेतु जानकारी दी जाये। परिवहन विभाग द्वारा अवगत कराया गया कि वर्तमान में हिट एण्ड रन का कोई प्रकरण लम्बित नहीं है। सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को तत्काल गोल्डेन ऑवर में चिकित्सा केन्द्र पर पहुचाने हेतु आम लोगो को जागरूक करने हेतु प्रचार-प्रसार किये जाने के निर्देेश दिये गये। इस सम्बन्ध में अवगत कराया गया कि राहवीर योजना के तहत घायल व्यक्ति अस्पताल पहुचाने वाले व्यक्ति को रू. 25000 का पुरस्कार भी दिया जायेगा। प्रचार-प्रसार के लिए सार्वजनिक स्थलों, विद्यालयों टोल प्लाजाओं ब्लैक स्पॉट वाले स्थल, थाना व अस्पताल पर होडिग्सं लगाये जाने एवं सोशल मीडिया पर भी प्रचार प्रसार किये जाने के निर्देश दिये गये।

हाईवे पर चिन्हित स्थानों पर ही पार्किंग की जायें अन्यत्र स्थलों पर पार्किंग किये जाने पर कार्यवाही की जाये। हाईवे पर ई रिक्शा का संचालन पूर्णत प्रतिबन्धित है अतः किसी भी स्थिति में ई रिक्शा का संचालन न होने दिया जाय। हाईवेे पर चलने वाले, दो पहिया वाहनो पर बिना हेलमेट चलने, सीट बेल्ट का प्रयोग न करने, वाहन चलाते समय मोबाईल का प्रयोग करने एवं शराब पीकर नशे की हालत में वाहन चलाने वाले चालको पर बै्रथ एनालाइजर द्वारा जांच कर कड़ी कार्यवाही किये जाने के निर्देश दिये गये। वाराणसी-गाजीपुर राष्ट्रीय मार्ग संख्या-31 पर मार्ग पर स्थानीय लोगों द्वारा बार-बार मीडियन को तोडकर अवैध कट बना दिये जाते है। इस सम्बन्ध में निर्देश दिये गये कि ऐसे स्थलों के नजदीक के भवनों पर सी.सी.टी.वी. कैमरे द्वारा पुनः अवैध कट बनाने वाले व्यक्तियों को चिन्हित कर नामजद एफ.आई.आर. दर्ज करायी जाय। बैठक में एन.एच.ए.आई., गाजीपुर के परियोजना निर्देश के उपस्थित न रहने पर जिलाधिकारी द्वारा अत्यंत रोष व्यक्त किया गया एवं एन.एच.ए.आई. अधिकारियो को निर्देश दिये गये कि एन.एच.ए.आई., यातायात पुलिस एवं थाना पुलिस के अधिकारी जनपद की सीमा के अन्तर्गत वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन हाईवे पर यातायात पुलिस द्वारा चिन्हित किये गये कटो पर सयुक्त निरीक्षण कर दुर्घटनाओं में कमी लाने हेतु अपनी संस्तुति सहित आख्या प्रस्तुत करेगें एवं तदनुसार एन.एच.ए.आई. द्वारा 10 दिनो के अन्दर सुधार कार्य पूर्ण करा दिये जायेगें। एन.एच.ए.आई. द्वारा सुधार कार्य न कराये जाने पर यदि कोई दुर्घटना घटित होती है तो एन.एच.ए.आई. के अधिकारियों के विरूद्व एफ.आई.आर. दर्ज करायी जाए। बैठक में लो0नि0वि0 के अधिशासी अभियन्ता, बी.एल. गौतम, संतोष कुमार, किरन पाल, अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व), जिला विद्यालय निरीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक(नगर), यातायात निरीक्षक सहित परिवहन, एन.एच.ए.आई., स्वास्थ विभाग के अधिकारियो व बस/ट्रक यूनियन के पधाधिकारी उपस्थित रहें।
-
विश्व थायरॉयड दिवस पर महर्षि विश्वामित्र मेडिकल कॉलेज गाजीपुर में जटिल थायरॉयड कैंसर का हुआ सफल ऑपरेशन

विश्व थायरॉयड दिवस पर महर्षि विश्वामित्र मेडिकल कॉलेज गाजीपुर में जटिल थायरॉयड कैंसर का हुआ सफल ऑपरेशन

गाजीपुर। महर्षि विश्वामित्र ऑटोनॉमस स्टेट मेडिकल कॉलेज, गाजीपुर के ईएनटी विभाग ने विश्व थायरॉयड दिवस के अवसर पर एक बड़ी चिकित्सकीय सफलता हासिल करते हुए जटिल थायरॉयड कैंसर से पीड़ित मरीज का सफल ऑपरेशन किया। इस उपलब्धि को मेडिकल कॉलेज एवं पूरे पूर्वांचल क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण माना जा रहा है।
जानकारी के अनुसार मरीज लंबे समय से गर्दन में सूजन, दर्द एवं दबाव की समस्या से परेशान था। परिजनों ने बताया कि मरीज ने पूर्व में बीएचयू एवं टाटा कैंसर इंस्टीट्यूट में भी परामर्श लिया था, जहां ऑपरेशन के लिए लंबी प्रतीक्षा अवधि बताई गई। लगातार बढ़ती परेशानी के चलते मरीज ने मेडिकल कॉलेज गाजीपुर की ईएनटी ओपीडी में संपर्क किया।
ईएनटी विभाग में विस्तृत जांच एवं विशेषज्ञ चिकित्सकीय मूल्यांकन के बाद मरीज को भर्ती कर जटिल सर्जरी की योजना बनाई गई। विभागाध्यक्ष डॉ. आनंद प्रकाश यादव के नेतृत्व में चिकित्सकों की टीम ने सफलतापूर्वक टोटल थायरॉयडेक्टॉमी ऑपरेशन किया। इस जटिल सर्जरी में डॉ. सबा जमाल एवं डॉ. फैज का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
ऑपरेशन के बाद मरीज की स्थिति स्थिर बताई जा रही है तथा चिकित्सकीय निगरानी में उसका उपचार जारी है।
कॉलेज के प्राचार्य डॉ.आनंद मिश्रा ने पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता मेडिकल कॉलेज की उन्नत स्वास्थ्य सेवाओं एवं चिकित्सकों की समर्पित कार्यशैली का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज क्षेत्र की जनता को बेहतर एवं विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।
विश्व थायरॉयड दिवस पर हुई इस सफल सर्जरी से मेडिकल कॉलेज की विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं पर लोगों का भरोसा और मजबूत हुआ है। -
भारत एक्सप्रेस न्यूज नेटवर्क के सीएमडी एवं एडिटर एन चीफ उपेंद्र राय को गाजीपुर प्रेस क्लब करेगा सम्मानित

भारत एक्सप्रेस न्यूज नेटवर्क के सीएमडी एवं एडिटर एन चीफ उपेंद्र राय को गाजीपुर प्रेस क्लब करेगा सम्मानित

गाजीपुर। गाजीपुर प्रेस क्लब के तत्वावधान में आगामी 30 मई 2026 को शहर के होटल द ग्रैंड पैलेस में पत्रकारिता दिवस के अवसर पर पत्रकारिता शिखर सम्मान समारोह 2026 का आयोजन किया जा रहा है। समारोह के तहत देश के ख्यातिलब्ध पत्रकार उपेंद्र राय (सीएमडी एवं एडिटर एन चीफ, भारत एक्सप्रेस न्यूज नेटवर्क) को पत्रकारिता शिखर सम्मान से सम्मानित किया जायेगा। समारोह में गाजीपुर जिले के दिवंगत पत्रकारों के परिजनों को भी सम्मानित जायेगा। कार्यक्रम में गाजीपुर प्रेस क्लब के सभी सदस्यों को संस्था की ओर से टी-शर्ट प्रदान कर सम्मानित किया जायेगा। गाजीपुर प्रेस क्लब की ओर से पत्रकारिता दिवस के अवसर पर आयोजित पत्रकारिता शिखर सम्मान समारोह में लोकप्रिय एमएलसी विशाल सिंह चंचल बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। जबकि सपा के जिलाध्यक्ष गोपाल यादव, बसपा के जिलाध्यक्ष रमेश कुशवाहा, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रविकांत राय, समाजसेवी विनोद राय बतौर विशिष्ट अतिथि मौजूद रहेंगे। इस समारोह में जिले के कई गणमान्य लोग और उत्तर प्रदेश के कई मशहूर पत्रकार भी शिरकत करेंगे।
गाजीपुर प्रेस क्लब की ओर जिले के पत्रकारों के हितों के लिए पिछले कई वर्षों से लगातार ठोस कदम उठाये जा रहे हैं। जिसके तहत संस्था के सभी सदस्यों के लिए प्रत्येक वर्ष 10 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा कवर प्रदान किया जाता है। साथ ही संस्था के सदस्यों के किसी भी आपात स्थिति के लिए संस्था के राहत कोष से मदद का प्रयास भी किया जाता है, साथ ही संस्था की ओर से वर्ष में कई बार सामाजिक, सांस्कृतिक व साहित्यिक कार्यक्रम का आयोजन होता रहा है। इसी क्रम में गाजीपुर प्रेस क्लब ने इस वर्ष से देश में पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ठ कार्य करने वाले पत्रकारों को पत्रकारिता शिखर सम्मान से सम्मानित किये जाने की परम्परा शुरु की है। जिसके तहत देश के मशहूर पत्रकार उपेंद्र राय को इस सम्मान से सम्मानित किया जायेगा। गाजीपुर के शेरपुर गांव के रहने वाले उपेंद्र राय ने सहारा न्यूज नेटवर्क से अपने पत्रकारीय कैरियर की शुरुआत की थी और कम समय में ही अपनी प्रतिभा, कार्य कुशलता व कर्मठता के जरिये देश के प्रसिद्ध पत्रकारों की सूची में अपना नाम दर्ज कराया। अपने पत्रकारीय जीवन के दौरान उपेंद्र राय ने देश के महत्वपूर्ण मुद्दों पर अपनी विशिष्ट शैली के साथ रिपोर्टिंग कर लोगों का ध्यान आकर्षित करने में सफलता पायी है। वर्तमान में उपेंद्र राय भारत एक्सप्रेस न्यूज नेटवर्क में सीएमडी एवं एडिटर एन चीफ के पद पर रहकर देश की पत्रकारिता को एक नई दिशा देने का काम कर रहे हैं। इस समारोह के बाबत जानकारी देते हुए गाजीपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष शिवकुमार ने बताया कि संस्था की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम के जरिये गाजीपुर की पत्रकारिता में एक नई परम्परा शुरु की जा रही है साथ ही जिले के सभी पत्रकारों के हितों की रक्षा और पत्रकार हितों के संघर्ष के लिए गाजीपुर प्रेस क्लब सदैव प्रतिबद्ध है।
-
पद्मश्री से सम्मानित हुए जिले के कृषि वैज्ञानिक डॉ. अशोक कुमार सिंह

गाजीपुर। शादियाबाद थाना क्षेत्र के बरहट गांव के मूल निवासी भाजपा पूर्व जिलाध्यक्ष भानुप्रताप सिंह के बड़े भाई प्रख्यात कृषि वैज्ञानिक डॉ. अशोक कुमार सिंह को कृषि विज्ञान में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित भव्य नागरिक अलंकरण समारोह में पद्म श्री पुरस्कार से सम्मानित किया। जो जनपद के लिए अत्यंत गौरव एवं अभिमान का विषय है ।
इस विभूषण से अपने परिवार की सख्शियत के सम्मानित होने से हर्षित और उत्साहित भाजपा पूर्व जिलाध्यक्ष भानुप्रताप सिंह ने कहा कि यह राष्ट्रीय सम्मान न केवल उनके दीर्घकालिक अनुसंधान, वैज्ञानिक प्रतिभा एवं तकनीकी दक्षता का प्रतिफल है, बल्कि सम्पूर्ण जनपद गाजीपुर एवं पूर्वांचल की बौद्धिक एवं शैक्षणिक चेतना के लिए भी गौरव का अभिनव अध्याय है।
भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने कहा कि डा ए के सिंह द्वारा कृषि विज्ञान एवं इंजीनियरिंग के क्षेत्र में किए गए बहुआयामी अनुसंधान, नवाचार एवं उत्कृष्ट सेवाओं ने गाजीपुर की विशिष्ट पहचान राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित की है।
पूर्व जिलाध्यक्ष कृष्ण बिहारी राय ने कहा कि डा एके सिंह की प्रतिभा एवं कार्य निष्ठा का महामहिम राष्ट्रपति द्वारा प्रदत्त यह अलंकरण जनपद के लिए गर्व व युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।
पूर्व जिलाध्यक्ष सुनील सिंह ने इस अप्रतिम उपलब्धि पर कहा कि डा ए के सिंह की यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों को विज्ञान, अनुसंधान एवं राष्ट्रनिर्माण के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने हेतु प्रेरित करेगी तथा गाजीपुर का नाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पटल पर गौरवान्वित करेगी।
जिला मीडिया प्रभारी शशिकान्त शर्मा ने कहा कि इस ऐतिहासिक उपलब्धि के प्राप्त होने से जनपद में भारी हर्ष, उत्साह है।
विभिन्न सामाजिक, शैक्षणिक एवं सामाजिक संगठनों सहित बुद्धिजीवी वर्ग ने डा ए के सिंह को शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए इसे जनपद की असाधारण उपलब्धि बताया है। -
न्यायालय में 53 वादों का हुआ निस्तारण, 10 को हुई सजा, 38 रिहा

गाजीपुर। अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 वेद सिंह चौहान की अध्यक्षता में सोमवार को अभियोजन की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुयी। बैठक में बताया गया कि सत्र न्यायालय में कुल 53 वाद निस्तारित हुए जिसमें से 10 में सजा हुई, 38 वाद में अभियुक्त रिहा हुआ तथा 33 वाद में अभियुक्त पक्षदोहिता के कारण तथा 05 बाद में अभियुक्त गुण-दोष के आधार पर रिहा हुए। 01 वाद में अपील प्रस्तावित की गयी। अन्य अधिनियम के अन्तर्गत 05 बाद निस्तारित हुए, जिसमें से 05 वाद में अभियुक्त को सजा हुआ।
थाना कोतवाली मु0अ0सं0 68/2001 वाद सं0 51/2024 धारा 323,34,325,345 मा०द०वि० स्टेट बनाम हीरा लाल में जनपद न्यायाधीश न्यायालय, गाजीपुर द्वारा अभियुक्त को दोषसिद्ध करते हुए परिवीक्षा का लाभ प्रदान किया गया। उक्त वाद में कुशल पैरवी कृपाशंकर राय,डी.जी.सी. द्वारा किया गया।
थाना दुल्लहपुर मु0अ0सं0 102/2023 वाद सं0 935/2025 धारा 380,411,457,414 मा०द०वि० स्टेट बनाम भुंवर खरवार, थाना दुल्लहपुर मु0अ0सं0 105/2023 वाद सं० 936/2025 धारा 380,411,457,414 भा०द०वि० स्टेट बनाम भंवर खरवार, थाना दुल्लहपुर मु0अ0सं0 107/2023 वाद सं० 937/2025 धारा 380,411,457,414 भा०द०वि० स्टेट बनाम भंुवर खरवार तथा थाना दुल्लहपुर मु०अ०सं० 108/2023 वाद सं0 938/2025 धारा 380,411,457,414 भा०द0वि० स्टेट बनाम भुंवर खरवार में मा० ए०डी०जे० प्रथम- न्यायालय, गाजीपुर द्वारा अभियुक्त को 02 वर्ष 06 माह का कारावास व रू0 10000 अर्थदण्ड अधिरोपित किया गया। उक्त वादों में नीरज कुमार श्रीवास्तव,ए.डी.जी.सी. द्वारा कुशल पैरवी की गयी।
थाना सादात मु0अ0सं0 68/2024 वाद सं0 1131/2024 धारा 363,366,376 भा०द०वि० व 5एल/6 पाक्सो एक्ट स्टेट बनाम अरमान उर्फ भोला में मा० पाक्सो न्यायालय, गाजीपुर द्वारा अभियुक्त को 25 वर्ष की कठोर कारावास की सजा तथा अर्थदण्ड लगाया गया। उक्त वाद में कुशल पैरवी रविकान्त पाण्डेय विलो० अभि० द्वारा किया गया। अभियोजन संवर्ग अन्तर्गत कुल 438 वारण्ट निर्गत हुए जिसके सापेक्ष 243 वारण्ट तामिल हुए तथा 151 गवाह उपस्थित हुए जिसमें से 141 गवाह परीक्षित हुए तथा 10 गवाह अपरीक्षित हुए क्योंकि पीठासीन अधिकारी अवकाश पर रहे तथा अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहे। सत्र न्यायालयों में सम्मन/वारण्ट/तलब गवाहों हेतु कुल 738 सम्मन निर्गत हुए जिसके सापेक्ष 533 तामिल हुए। तामिला के सापेक्ष कुल 304 गवाह उपस्थित हुए। उपस्थित गवाहों के सापेक्ष कुल 277 गवाह परीक्षित हुए तथा 27 गवाह अधिवक्ता के हड़ताल तथा पी.ओ. के अवकाश के कारण परीक्षित नहीं हो सके।
कुल 58 जमानत प्रार्थना पत्र दाखिल हुए जिसमें 01 जमानत स्वीकृत हुए तथा 57 जमानत प्रार्थना पत्र अस्वीकृत हुए। जमानत प्रार्थना पत्रों में सुनवाई के दौरान पुलिस द्वारा की गयी कार्यवाही पर सतर्क दृष्टि रखी जाए, जिससे ज्ञात हो सके कि पुलिस विभाग द्वारा प्रकरण में गम्भीरता बरती जा रही है कि नहीं? सभी अभियोजकगण को निर्देशित किया गया कि प्रत्येक माह कम से कम एक वाद की केस डायरी बनायी जाए कि पुलिस द्वारा की गयी अपनी विवेचना में क्या-क्या त्रुटिया कमियां की गयी, जिससे कि वाद में स्टेट के विरुद्ध आदेश पारित हुआ, जिससे समीक्षा के दौरान उक्त बिन्दु पर भी सुधार किया जा सके तथा अधिक से अधिक वादों का निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके। कुल 38 वादों में पक्षद्रोहिता के कारण अभियुक्त रिहा हो गए। अपर जिलाधिकारी द्वारा जिला शासकीय अधिवक्ता (फौजदारी) तथा लोक अभियोजकों को निर्देशित किया गया कि रिहा हुए अभियुक्तों के वादों की पुनः विधिवत समीक्षा कर ले। यदि पुनः अपील किया जाना शासकीय हित में हो तो पुनः अपील का प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करे। जिन वादों में गवाह पक्षद्रोही हो रहे है। कुछ वाद में पक्षद्रोही हुए गवाहों पर मुकदमा कर सजा दिलाने की कार्यवाही सुनिश्चित किया जाए, जिससे सुधार हो सके। हमारा प्रयास पीड़ित को न्याय दिलाना होना चाहिए। इसके लिए पत्रावली में वादी के अलावा अन्य उपलब्ध साक्षियों का भी साक्ष्य कराया जाए। -
विद्युत आपूर्ति की समीक्षा के साथ ही की गई उपभोक्ताओं से अपील

गाजीपुर। जिलाधिकारी द्वारा दिये गये निर्देश के अनुपालन में अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 वेद सिंह चौहान एवं अधीक्षण अभियन्ता, विद्युत वितरण मण्डल द्वारा सोमवार को संयुक्त रुप से विद्युत आपूर्ति की समीक्षा की गयी। जिसमें रात्रि में अधिक डिमाण्ड / लोड बढ़ने के कारण अनावश्यक रूप से 02 से 04 घण्टें तक वर्तमान में विद्युत आपूर्ति बाधित हो जा रही है। इसके उपरान्त भी शासन की मंशा के अनुरुप ग्रामीण क्षेत्रों में 18.00 घण्टे, तहसील स्तर पर 21.30 घण्टे एवं शहरी क्षेत्रों में 24.00 घण्टे विद्युत की आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है एवं जनपद के उपभोक्ताओं से अपील है कि निगम के स्लोगन ‘‘राष्ट्र हित में बिजली बचाये‘‘ का पालन किये जाने के दृष्टिगत आवश्यकतानुसार ही बत्ती, पंखे एवं अन्य विद्युत उपकरण का उपभोग करें, साथ ही ए०सी० का तापमान 24 डिग्री से 26 डिग्री तक निर्धारित करते हुए चलाये जाने हेतु उपभोक्ताओं से अपील की गयी है।
-
संजय निषाद को मुकेश सहनी ने दी चुनौती – छह महीने के अंदर भाजपा से निषाद आरक्षण दिलाये,नहीं तो भाजपा को छोड़ दें

भाजपा का उद्देश्य जनता की भलाई नहीं केवल सत्ता:मुकेश सहनी
संजय निषाद को मुकेश सहनी ने दी चुनौती – छह महीने के अंदर भाजपा से निषाद आरक्षण दिलाये और नहीं तो भाजपा को छोड़ दें
संजय निषाद की राजनीतिक हत्या करने की तैयारी में है भाजपा:मुकेश सहनी


गाज़ीपुर। विकासशील इंसान पार्टी के संस्थापक और बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी की अगुआई में गाज़ीपुर के मेडिकल कॉलेज के पास स्थित एक होटल में कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। जिसमे जिलेभर से सैकड़ो कार्यकर्ताओं ने हिस्सा किया। कार्यक्रम के उपरांत एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। प्रेस वार्ता के दौरान मीडिया संबोधन करते हुए वीआईपी प्रमुख मुकेश साहनी ने कहा कि पिछले 11 सालों से वे यूपी में निषाद आरक्षण की लड़ाई लड़ रहे हैं। इस लड़ाई के कारण ही भाजपा ने बिहार के हमारे विधायकों को खरीद लिया। उन्होंने साफ लहजे में कहा कि संजय निषाद हो या मुकेश सहनी हों अपने दम पर कोई नेता नहीं बना है बल्कि निषाद समाज के लोगों का समर्थन से नेता बने हैं।
उन्होंने बताया कि 2016 में मैं पहली बार आया था। इसके बाद 2021 में मजबूती से यूपी आया। इसके बाद संजय निषाद भाजपा के साथ चले गए। उनके लिए परिवार जरूरी है। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि भाजपा संजय निषाद को राजनीतिक हत्या करने की तैयारी में है। 2027 में जो चुनाव होने वाला है उसमें वे ट्रैक से बाहर चले गए हैं।
मुकेश सहनी ने घोषणा करते हुए कहा कि वीआईपी यूपी में पूरी ताकत से संगठन को मजबूत करने में जुटी है। आगामी चुनाव में हम पूरी ताकत से चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने साफ लहजे में संजय निषाद को बड़ा भाई बताते हुए नसीहत देते हुए कहा कि वे समाज के हक और अधिकार की लड़ाई लड़ें।
उन्होंने घोषणा करते हुए कहा कि वीआईपी 25 जुलाई से 101 दिन की यात्रा शुरू होगी और लोगों को जागरूक करेंगे। उन्होंने संजय निषाद को चुनौती देते हुए कहा कि छह महीने के अंदर वे भाजपा से निषाद के लिए आरक्षण दिलाये और नहीं तो भाजपा को छोड़ दें और इंडिया गठबन्धन आये। उन्होंने कहा कि वे ही हमारा भी नेतृत्व करेंगे।
उन्होंने यह भी घोषणा करते हुए कहा कि जितनी भी सीटें हमारे हिस्से आएगी उसमे 90 प्रतिशत निषाद समाज के लोगों को टिकट दूंगा। मुकेश सहनी ने कहा कि भाजपा के लिए जनता की भलाई नहीं केवल सत्ता पाना ही उसकी मंजिल है। उन्हें जनता से कोई मतलब नहीं है। -
कार्यकर्ताओं का समर्पण भाजपा की सबसे बड़ी ताकत:प्रमोद वर्मा

कार्यकर्ताओं का समर्पण भाजपा की सबसे बड़ी ताकत:प्रमोद वर्मा

गाजीपुर(जखनिया)। आज पार्टी द्वारा आयोजित जखनिया मंडल प्रथम के सभी शक्ति केदो की बैठक संपन्न हुई। बैठक में संगठन की मजबूती वह पार्टी के आगामी कार्यक्रमों की चर्चा की गई। जखनिया शक्ति केंद्र की बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष प्रमोद वर्मा ने कहा की बूथ की मजबूती संगठन की सबसे बड़ी शक्ति है। पार्टी की प्रथम इकाई बूथ की संरचना होती है। संगठन सरकार की कार्य योजनाओं को जन-जन तक पहुंचने में बूथ अध्यक्षों व सदस्यों की बड़ी भूमिका होती है। कार्यकर्ता पार्टी की रन है आज भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं के बदौलत ही देश के नंबर वन पार्टी बनी है। वर्मा ने कहा बूथ अध्यक्ष, मंत्री, व्हाट्सएप प्रमुख, कार्यक्रम प्रमुख व सदस्य संगठन के आधारभूत स्तंभ है। पार्टी व सरकार की कार्य योजनाओं को आम जनता से अवगत कराना, कार्यक्रमों का प्रचार प्रसार करना, वोटर लिस्ट को दुरुस्त करना, पन्ना प्रमुख बनाना व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनप्रिय कार्यक्रम मन की बात को हर बूथों पर सुनना हर कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। वर्मा ने कहा प्रधानमंत्री देशहित व राष्ट्रहित, समाज कल्याण, जन कल्याण के लिए अनेको प्रयास कर रहे हैं। विषम परिस्थिति में भी देश को मजबूती की तरफ ले जा रहे हैं, यह हम सभी के लिए गर्व की बात है। वर्मा ने कहा कार्यकर्ता अभी से उत्तर प्रदेश 2027 चुनाव के लिये कमर कस ले, कार्यकर्ताओं का उत्साह और समर्पण ही भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है। हम सभी को जनता के सहयोग से पुनः भारी बहुमत से कमल खिलाना है और भाजपा सरकार बनाना है। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष धर्मवीर राजभर, उपाध्यक्ष प्रशांत सिंह, मृदुला पांडेय, रवि भारद्वाज, धर्मेंद्र चौरसिया, जितेंद्र राजभर, सुधांशु कुशवाहा, दीपू सिंह, वरुण पांडेय, अनिल राजभर, शैलेंद्र प्रजापति, धर्मेंद्र कुशवाहा, प्रकाश राजभर, अरविंद चौहान सहित बूथ अध्यक्ष व सदस्य उपस्थित रहे।
-
डीएम की अध्यक्षता में जिला सैनिक बंधु की बैठक संपन्न




गाजीपुर। जिला सैनिक बन्धु बैठक की कार्यवाही विंग कमांडर मो० निशात अफजल (अ०प्रा०) जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी के संबोधन से प्रारंभ किया गया।
जनपद में सैनिकों एवं पूर्व सैनिकों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण तथा उनके कल्याणार्थ संचालित योजनाओं की समीक्षा हेतु कार्यालय जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास, गाजीपुर के अंतर्गत जिला सैनिक बंधु की बैठक जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार, राइफल क्लब में संपन्न हुई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों से संबंधित समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सैनिकों एवं उनके परिवारों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा एवं सेवा में अपना योगदान देने वाले सैनिकों का सम्मान एवं कल्याण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। किसी भी पूर्व सैनिक अथवा वीरांगना को कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए सभी विभाग संवेदनशीलता के साथ कार्य करें।
बैठक में सैनिक परिवारों को मिलने वाली विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, पेंशन, चिकित्सा सुविधा, भूमि संबंधी प्रकरण, पारिवारिक पेंशन, आश्रितों को रोजगार, शिक्षा सहायता तथा अन्य लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सैनिकों से जुड़े मामलों में अनावश्यक विलंब न किया जाए तथा सभी प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में पिछली बैठकों के आवेदन पत्रों के निस्तारण की समीक्षा की गयी। समीक्षा उपरान्त यह पाया गया कि फरवरी महीने से अप्रैल तक कुल 35 आवेदन पत्र प्राप्त हुए थे। जिसमें 24 आवेदन पत्रों का निस्तारण की आख्या प्राप्त हो चुकी है। 8 प्रकरण शस्त्र एवं 3 प्रकरण अन्य विभाग का निस्तारण लम्बित है। जिसपर जिलाधिकारी, द्वारा यह निर्देश दिया गया कि जिन प्रकरणों की आख्या प्राप्त नहीं हुई है, उन सम्पूर्ण प्रकरणों को आईजीआरएस पोर्टल पर संबंधित विभाग के नाम से प्रकरण दर्ज करा दिया जाए।
जिला सैनिक कल्याण अधिकारी ने बताया 24.05.2026 को 24 प्रार्थना पत्र पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों के द्वारा दिया गया। जिसके निस्तारण हेतु जिलाधिकारी ने सम्बंधित विभाग को औकात करते हुए तत्काल निश्चित धारण करने का निर्देश दिया।
जिला सैनिक कल्याण अधिकारी द्वारा बताया गया कि जनपद में पूर्व सैनिकों एवं वीर नारियों के हित में संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने सैनिक परिवारों की समस्याओं एवं उनके समाधान हेतु किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी दी। बैठक में उपस्थित पूर्व सैनिकों एवं उनके परिजनों ने अपनी समस्याओं एवं सुझावों को जिलाधिकारी के समक्ष रखा,जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने कहा कि पूर्व सैनिक देश की अमूल्य धरोहर हैं और उनका अनुभव समाज एवं राष्ट्र निर्माण में अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि सैनिकों से संबंधित मामलों में सहानुभूतिपूर्वक एवं तत्परता के साथ कार्य किया जाए, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने उपस्थित सभी सैनिक कल्याण से जुड़े मामलों में समन्वय बनाकर कार्य करने तथा सैनिक परिवारों को शासन की योजनाओं का अधिकतम लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बैठक में 72 पूर्व सैनिक एवं उनके आश्रित, विभिन्न विभागों के अधिकारीगण, वीर नारियां एवं सैनिक परिवारों के सदस्य उपस्थित रहे।





