Home

  • शाह फैज स्कूल के छात्र छात्राओं का वार्षिक परीक्षाफल घोषित

    शाह फैज स्कूल के छात्र छात्राओं का वार्षिक परीक्षाफल घोषित

    गाजीपुर। सोमवार को शाह फैज विद्यालय प्रांगण में वार्षिक परीक्षाफल घोषित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विशेष प्रार्थना व दीप प्रज्ज्वलन से हुई। विद्यालय के निदेशक डॉ नदीम अधमी ने विशेष प्रार्थना की साथ ही सभी को वार्षिक परीक्षा फल की बधाई दी व भविष्य में और भी मेहनत करने की सलाह दी।  उसके पश्चात् कक्षा PG  से कक्षा 9 व 11 का परीक्षा परिणाम घोषित किया गया।

    प्रधानाचार्य इकरामुल हक़ ने वार्षिक रिपोर्ट में बताया कि इस वर्ष कुल 2285 छात्र -छात्राएं वार्षिक परीक्षा में सम्मिलित। 199 कक्षा 12 व 231 कक्षा 10 की सी बी एस सी परीक्षा में सम्मिलित हुए, जिनका परिणाम प्रतीक्षारत है। वार्षिक परीक्षा का परिणाम 99.5 % रहा। कक्षा PG से शुजा आरफीन एवं अफ्फान ख़ान ,कक्षा एलकेजी से मोहम्मद आरिफ़, शान्वी सिंह, ज़ैनब ख़ान व ऋषभ गौतम ,यूकेजी से सौम्य पांडेय , पंखुड़ी केडिया ,अरशान अहमद, अवनीश पाल एवं आकिफा फातिमा ब्राइट स्टार घोषित किये गए। 

    कक्षा 1 से 5 में  निशांत राय  ने 99  9 % , कक्षा 6 से 8 में स्वरित कुमार राय एवं आफ़िया शफ़क़त 97.71 व  कक्षा 9 से 11 में पहल कुशवाहा ने 97.80 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया।  प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी विद्यालय में कनिष्ठ व वरिष्ठ वर्ग में सर्वश्रेष्ठ बालक व बालिका की उपाधि दी गयी। कनिष्ठ वर्ग से कक्षा 5 के निशांत राय व ज़ैनब अमानी व वरिष्ठ वर्ग से कक्षा 8 के स्वरित कुमार  राय  व कक्षा 9 से जुनैरा मसूद को  क्रमशः सर्वश्रेष्ठ बालक व सर्वश्रेष्ठ बालिका की उपाधि दी गयी।

    विद्यालय की निदेशिका डॉ मीना अधमी ने भी सभी छात्र-छात्राओं को वार्षिक परीक्षा फल की बधाई दी व अपने माता-पिता व गुरुजनों को धन्यवाद देने को कहा क्योंकि यही वो लोग हैं जिनकी सहायता के बिना कुछ भी संभव नहीं हो सकता। उन्होंने यह भी कहा कि हमें सीखना कभी नहीं बंद करना चाहिए। विद्यालय की मैनेजर मैडम अतिआ अधमी ने भी सभी को वार्षिक परीक्षाफल की शुभकामनायें दीं। 

    इस कार्यक्रम में सभी छात्र छात्राएं, निदेशक डॉ नदीम अधमी , निदेशिका डॉ मीना अधमी, वित्तीय एवं शैक्षणिक सलाहकार शमा अधमी, प्रधानाचार्य इकरामुल हक़, उप प्रधानाचार्य (शैक्षणिक) नेहा कुरैशी, परीक्षा नियंत्रक हनीफ अहमद, मुख्यअध्यापिका चंदना श्रीवास्तव, प्री-प्राइमरी इंचार्ज प्रियंका सिंह, माधुरी पांडेय , सुनंदा एवं अन्य शैक्षणिक व गैर शैक्षणिक कर्मचारी उपस्थित थे।

    कार्यक्रम की साज सज्जा नुज़हत नसीम , आमना ओबैद , सिमरन जायसवाल, अंकिता दुबे एवं उमेश ने की। कार्यक्रम में गीत की प्रस्तुति शान कुशवाहा व शगुन कुशवाहा तथा अन्य ने की जिसका संगीत श्याम कुमार शर्मा व गिरधर शर्मा ने दिया।। कार्यक्रम का सञ्चालन उप प्रधानाचार्य (शैक्षणिक) नेहा कुरैशी, मुख्याध्यापिका चंदना श्रीवास्तव एवं प्रियंका सिंह ने किया।  कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान से हुआ।

                    

  • 12 से 23 फरवरी तक होगा क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन

    12 से 23 फरवरी तक होगा क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन

    12 से 23 फरवरी तक होगा क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन

    गाजीपुर। गाजीपुर क्रिकेट एकेडमी के तत्वाधान में 4 फरवरी को अरोरा फाउंडेशन महुआबाग में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया । गाजीपुर क्रिकेट एकेडमी के प्रेसिडेंट अभिषेक सिंह ने बताया कि यह प्रतियोगिता 12 फरवरी से 23 फरवरी तक गाजीपुर क्रिकेट एकेडमी के तत्वधान में प्रथम स्वर्गीय श्री नारायण सिंह (पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष) एवं स्वर्गीय श्री अजीत कुमार सिंह स्मारक ऑल इंडिया कैश मनी क्रिकेट (G 20-20) प्रतियोगिता का आयोजन होना है। इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न स्थानों की कुल 8 टीम प्रतिभागी होंगी। जिसमें रणजी ट्रॉफी, आईपीएल, बोर्ड ट्राफी के खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे।यह आयोजन जनपद में पहली बार वृहद स्तर पर किया जा रहा है।

  • राष्ट्रपति से मिले डालिम्स सनबीम स्कूल के बच्चे

    राष्ट्रपति से मिले डालिम्स सनबीम स्कूल के बच्चे

    राष्ट्रपति से मिले डालिम्स सनबीम स्कूल के बच्चे


    गाजीपुर। राष्ट्रपति भवन में आयोजित बाल दिवस पर नगर के डालिम्स सनबीम स्कूल के बच्चों ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की और अपने मन की जिज्ञासा को दूर किया। राष्ट्रपति से संवाद कर बच्चे काफी प्रफुल्लित हैं। राष्ट्रपति ने भी उन्हें पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद में भी हिस्सा लेने की सीख दी। इस दौरान राष्ट्रपति भवन व संसद भवन का भी भ्रमण किया। यह जिले के लिए गौरव की बात है। राष्ट्रपति भवन के सेंट्रल हाल में आयोजित बाल दिवस पर कार्यक्रम के लिए जिले के सनबीम स्कूल के बच्चों का चयन किया गया था।
    स्कूल की डायरेक्टर एकता अखंड राय, शिक्षक कमलेश सिंह के साथ छात्र अभ्युदय प्रताप, निवेदिता प्रधान, आदर्श राय व सौम्या राय कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। बच्चों ने बताया कि राष्ट्रपति प्रोटोकाल तोड़कर उनके बीच आ गयीं और संवाद किया। अभ्युदय प्रताप व निवेदिता ने राष्ट्रपति से पूछा कि आपको महामहिम के पद पर आने के बाद कैसा लगा? तो उन्होंने जवाब दिया बिल्कुल, बहुत अच्छा लगा। फिर बच्चों ने सफल होने के बाद कैसा महसूस करतीं हैं। जवाब दिया सफलता का कोई अंत नहीं है। राष्ट्रपति ने सीख दी कि आप बच्चे आगे बढ़ते जाइए। आपका बचपन कैसा के सवाल पर उन्होंने कहा कि मैं भी आपकी तरह बगीचों और मिट्टी में खेला करती थीं। आज की तरह अच्छे स्कूल नहीं थे। उन्होंने बच्चों को मेहनत की सीख दी। साथ ही शिक्षकों से बच्चों को रोचक तरीके से शिक्षण कार्य कराने के साथ ही शारीरिक व मानसिक विकास के लिए खेलकूद को बढ़ावा देने पर जोर दिया।

  • डीएम ने की बैठक,दिया निर्देश

    डीएम ने की बैठक,दिया निर्देश

    गाजीपुर। जिला उद्योग बन्धु एवं स्वरोजगार बन्धु की बैठक गुरुवार को जिला पंचायत सभागार में जिलाधिकारी एम पी सिंह  की अध्यक्षता मे सम्पन्न हुआ।इस बैठक में जिलाधिकारी ने मण्डी समिति दुल्लहपुर की जमीन अन्य़त्र स्थानान्तिरित किए जाने हेतु निस्तारण का निर्देश , व्यापारियो के समस्याओ के समाधान, उद्यमी वशिष्ट सिंह यादव के विद्युत बिल भुगतान प्रकरण के समाधान, औद्योगिक आस्थान नन्दगंज में सड़क , नाली , बाउण्डरीवाल निर्माण, निवेश मित्र पोर्टल, प्रधानमंत्री/मुख्यमंत्री रोजगार/युवा स्वरोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद,पी एम सृजन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार, आजीविका मिशन,पी एम स्वनिधि योजना एवं अन्य बिन्दूओ पर समीक्षा कर उद्यमियो के समस्याओ पर चर्चा की गयी तथा सम्बन्धित अधिकारियों को शिकायतो के निस्तारण का निर्देश दिया ।उद्यमी एस के दूबे ने सुखदेवपुर चौराहे से गाजीपुर घाट तक के 800 मीटर मार्ग जो बिल्कुल क्षतिग्रस्त है को सही कराने का अनुरोध एंव व्यापार मण्डल के विजय शंकर वर्मा ने रौजा से एम ए एच इण्टर कालेज तक जर्जर के बारे मे अवगत कराया । जिस पर जिलाधिकारी ने समन्धित अधिकारी को स्थलीय निरीक्षण करते हुए कार्यवाही का निर्देश दिया।
    जिलाधिकारी उधोगों के विकास में बैंको से अधिकाधिक सहयोग प्राप्त किये जाने के सम्बन्ध मे जिला अग्रणी प्रबंधक से अपेक्षा की। उद्यामियों के शिकायतो को सम्बन्धित अधिकारियों को समय से निस्तारण का निर्देश दिया। इस अवसर पर उघमी बशिष्ठ सिंह यादव, ए0के0दुबे अध्यक्ष ईट भठ्ठा एसोसिएशन एवं अन्य उद्यमी एंव व्यापार मण्डल के पदाधिकारी उपस्थित थे।

  • 14 दिसंबर को लोक अदालत में होगा मामलों का निस्तारण

    14 दिसंबर को लोक अदालत में होगा मामलों का निस्तारण

    गाजीपुर। यातायात में लंबित ई चालानो के निस्तारण हेतु 14 दिसंबर दिन शनिवार को कचहरी स्थित जनपद न्यायालय में लोक अदालत का आयोजन किया गया है। इस लोक अदालत में लंबित ई चालानो सहित अन्य वादों का निस्तारण किया जाएगा। इस आयोजित लोक अदालत में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर अपने लंबित ई चालानों सहित अन्य वादों का निस्तारण कराएं।

  • चकबंदी कार्यों की डीएम ने की समीक्षा, दिया निर्देश

    चकबंदी कार्यों की डीएम ने की समीक्षा, दिया निर्देश

    ग़ाज़ीपुर। जिलाधिकारी/जिला उप संचालक चकबन्दी आर्यका अखौरी की अध्यक्षता मे गुरुवार को चकबन्दी कार्यों की गहन समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार मे सम्पन्न हुआ।  समीक्षा बैठक में आयुष चौधरी, मुख्य राजस्व अधिकारी/उप संचालक चकबन्दी व रमजान बख्श, बन्दोबस्त अधिकारी चकबन्दी, चकबन्दी अधिकारी तथा समस्त सहायक चकबन्दी अधिकारी उपस्थित थे।


    समीक्षा बैठक में वर्तमान में चकबन्दी प्रक्रियाधीन कुल 17 ग्रामों की ग्रामवार समीक्षा की गयी। इन 17 ग्रामों में 06 ग्राम बेमुआ, शेरपुर ढोटारी, हटवार मुरारसिंह, भैरोपुर, मखदूमपुर व दशवन्तपुर नव प्रसार के हैं, जो वर्ष 2023 एवं 2024 में चकबन्दी प्रक्रिया में सम्मिलित किये गये है। इन सभी ग्रामों में चकबन्दी प्रक्रिया निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप गतिमान है। ग्राम रायपुर बाघपुर में धारा-52 का प्रकाशन पूर्ण करते हुए शेष 10 ग्राम बबुरा, सकरा, मौधियां, तरांव (सैदपुर), तरांव (खानपुर), तिलसड़ा, दरवेपुर, बद्धोपुर, बघांव व मुड़ियार, 10 वर्ष से अधिक समय से चकबन्दी प्रक्रिया के अन्तर्गत गतिमान है।

    10 वर्ष से अधिक पुराने इन ग्रामों की चकबन्दी प्रक्रिया का नियमित अनुश्रवण करते हुए 02 वर्ष में पूर्ण कराने हेतु जिलाधिकारी, द्वारा निर्देशित किया गया। जिलाधिकारी द्वारा  उच्च न्यायालय के स्थगन से प्रभावित 03 ग्रामों, तिलसड़ा, दरवेपुर व तरांव (खानपुर) में स्थगन आदेश समाप्त कराने हेतु उच्च न्यायालय में प्रभावी पैरवी करने के निर्देश दिये गये।  बैठक में उपस्थित समस्त अधिकारियों को यह निर्देशित किया गया कि जन समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहकर गुणात्मक रूप से समस्याओं का निराकरण करायें तथा इस वित्तीय वर्ष में धारा-7, 8, 9, 10, 20, 23, 24, 27 एवं 52 में लक्षित ग्रामों में निष्पक्ष, पारदर्शी, समयबद्ध व गुणवत्तापरक ढंग से कार्य करते हुए निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप चकबन्दी कार्य की प्रगति सुनिश्चित करें।

    उप संचालक चकबन्दी/बन्दोबस्त अधिकारी चकबन्दी/चकबन्दी अधिकारी के न्यायालयों में विचाराधीन वादों का शासन के निर्देशानुसार समयबद्ध ढंग से निस्तारण किये जाने व विभिन्न चकबन्दी न्यायालयों की पत्रावलियों एवं चकबन्दी प्रक्रिया के अन्तर्गत शामिल ग्रामों के अभिलेखों का रख-रखाव बेहतर ढंग से सुनिश्चित किये जाने के निर्देश दिये गये।

  • नहीं रहे संगीत का जादू बिखेरने वाले रेवती प्रसाद श्रीवास्तव

    नहीं रहे संगीत का जादू बिखेरने वाले रेवती प्रसाद श्रीवास्तव

    नहीं रहे संगीत का जादू बिखेरने वाले रेवती प्रसाद श्रीवास्तव

    गाजीपुर। संगीत का जादू बिखेरने वाले रेवती प्रसाद श्रीवास्तव अब इस दुनिया में नहीं रहे। उनके निधन से वेलफेयर क्लब परिवार सहित अन्य लोगों में शोक की लहर दौड़ गई। वेलफेयर क्लब के पीरनगर स्थित प्रधान कार्यलाय पर शोकसभा का आयोजन किया गया। इसमें मृत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की गई।
    मालूम हो कि वेलफेयर क्लब के संस्थापक सुधांशु शिखर के पिता रेवती प्रसाद श्रीवास्तव परिवार के साथ लखनऊ में रहते थे। वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे। लखनऊ के निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। बीते बुधवार को उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन से वेलफेयर के सदस्यों सहित अन्य लोगों में शोक की लहर दौड़ गई। प्रधान कार्यालय पर शोकसभा का आयोजन कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
    आपको बता दें कि स्व. श्रीवास्तव का जन्म 27अक्तूबर 1942 को हुआ था। वे सिंचाई विभाग से सेवारत थे। वह संगीत प्रेमी और काशी संगीत घराना से थे। नगरी नाट्य मण्डली में स्टेज प्ले अकेला शहर काफ़ी सराहनीय रहा। लता मंगेशकर तथा मुकेश जी के स्टेज शो में भी हारमोनियम पियानो एकॉर्डियन बजाते थे। उनकी उंगलियों का जादू इस कदर था कि हर कोई उनकी संगीत की धुन पर मगन हो जाता था। उन्होंने जीवन की शुरुवात कमला सर्कस में म्यूजिशियन के रूप में की। उन्हें 1962 में आल इंडिया रेडियो से अवार्ड प्राप्त हुआ था। जनपद गाज़ीपुर में 80 के दशक में आर्केस्ट्रा का शुरुआत ब्लू ब्वायज आर्केस्ट्रा ग्रुप में किया था। 1990 में जिले के सुहासिनी थियेटर में हुए चैताली नाइट के प्रमुख सूत्रधार रहे।
    इस अवसर पर क्लब जनपद गवर्नर पवन पांडेय, प्रभारी सचिव रामनाथ कुशवाहा, संयुक्त सचिव सत्य प्रकाश तिवारी, खेल प्रभारी विनोद मिश्रा, अजय यादव, राम कुमार विश्वकर्मा आदि मौजूद रहे। अध्यक्षता डा0 शरद कुमार वर्मा ने किया।

  • ताइक्वांडो चैंपियनशिप में शाह फैज स्कूल ने मारी बाजी

    ताइक्वांडो चैंपियनशिप में शाह फैज स्कूल ने मारी बाजी

    गाजीपुर। बुधवार को चौथी ताइक्वांडो कप अंशु सिंह मेमोरियल ऑल ओपन ताइक्वांडो चैंपियनशिप का आयोजन आर0 एस0 कान्वेंट लेढ़ूपुर, वाराणसी में किया गया। इस प्रतियोगिता में मेजबान टीम के साथ ही ग़ाज़ीपुर से शाह फ़ैज़ पब्लिक स्कूल, राज पब्लिक स्कूल, संत कबीर पब्लिक स्कूल, वाराणसी के सनबीम स्कूल, लखनऊ टीम, देवरिया तथा बलिया की टीमों ने भाग लिया। इस प्रतियोगिता में लगभग 500 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया।  शाह फैज़ विद्यालय से कुल 5 खिलाडियों ने प्रतिभाग किया। कक्षा 3 के अयान जमाल, कक्षा 6 के मयंक वर्मा व सिद्धार्थ , कक्षा 7 की दिव्यांशी यादव ने स्वर्ण पदक एवं कक्षा 8 की गौरी सिंह ने कांस्य पदक प्राप्त करके विद्यालय का मान बढ़ाया। आज  प्रार्थना सभा में इन सभी विद्यार्थियों को विद्यालय के निदेशक डॉ नदीम अधमी ने स्वर्ण पदक व कांस्य पदक पहना कर सम्मानित किया व उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।  

    इस कार्यक्रम में विद्यालय के सभी छात्र छात्राएं, निदेशक डॉ नदीम अधमी, प्रधानाचार्य इकरामुल हक़ , उप प्रधानाचार्य (प्रशासन ) डॉ प्रीति उपाध्याय, उप प्रधानाचार्य (शैक्षणिक) नेहा कुरैशी व सभी शैक्षणिक व गैर शैक्षणिक कर्मचारी उपस्थित थे।  कार्यक्रम का समापन राष्ट्र गान से हुआ।

  • सामूहिक विवाह:एक-दूजे के हुए 77 जोड़े

    सामूहिक विवाह:एक-दूजे के हुए 77 जोड़े

    गाजीपुर। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजनान्तर्गत समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान आई टी आई मैदान प्रकाशनगर में बुधवार को सम्पन्न हुआ। शादी समारोह का शुभारम्भं मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह एवं उपस्थित मंचाशीन अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप सेे दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। सामूहिक विवाह योजना में  कुल 77 जोड़ो का सामूहिक विवाह पूरे विधि विधान के साथ सम्पन्न हुआ। सामूहिक विवाह के अवसर पर उपस्थित समस्त जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने नव विवाहित वर-वधुओं को उनके वैवाहिक जीवन की मंगल कामना करते हुए शुभकामना दी। सामूहिक विवाह में नव दाम्पत्य को विवाह प्रमाण पत्र एवं पौध रोपण हेतु आम वृक्ष का पौधा उनके हाथो में दिया गया। विवाह कार्यक्रम मे मंच से ही मुख्य अतिथि ने बटन दबाकर 35 हजार रूपये की धनराशि वधुओ के खाते मे हस्तान्तरित किया।


    मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष  सपना सिंह ने नव विवाहित वर-वधुओ को आर्शिवचन देते हुए कहा कि नव विवाहित जोड़ो ने 7 फेरे लेकर एक साथ रहने का जो संकल्प लिया है उसे आजीवन निर्वहन करे। उन्होने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम योजना एक कल्याणकारी योजना है। जिसमे हजारो हजार की संख्या में बेटियों के हाथ पीले किए जा चुके है। मुख्यमंत्री जी ने इस योजना के माध्यम से गरीब, मजदूर एवं असहाय परिवारो को इसका लाभ दिया है और आगे भी इस योजना के माध्यम से बेटियो का विवाह सम्पन्न कराया जाएगा। मुख्यमंत्री ने बेटियो के हाथ पीले करने का जो संकल्प लिया है उसे आगे और भी बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होने कहा कि इस योजना के माध्यम से जो विवाह कराया जाता है उससे समाज मे फैली दहेज प्रथा जैसी रूढ़िवादी सोच समाप्त होती जा रही है। दहेज लेना और दहेज देना एक दण्डनीय अपराध है। उन्होने कहा कि आज जो भी बेटियां अपने ससुराल विदा हो रही है तो उनके ससुराल पक्ष के लोग उन्हे बहु न बल्कि बेटी बनाकर घर ले जाए।

    आज यह  संकल्प लें कि बेटी से बड़ा कोई दहेज नही है। उन्होने कहा कि मुख्यमंत्री की प्रेरणा से बेटियों को बोझ समझने की जो एक मंशा या सोच रहती है, उन सभी कुरीतियों पर एक प्रहार है यह ‘‘सामूहिक विवाह कार्यक्रम‘‘। मिल बाट कर एक सादगी से भरे इस कार्यक्रम में परिणय सुत्र मे बध जाये और दहेज प्रथा तथा बेटियों को बोझ समझने की सोच से उबरकर, हम आगे बढ सके तथा बेटियों को समाज में उनको उचित स्थान दे सके यही मुख्यमंत्री की मंशा है।
    मुख्य विकास अधिकारी  संतोष कुमार वैश्य ने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना की जानकारी देते हुए कहा कि  आज जनपद के विभिन्न ब्लाको से चयनित 77 जोड़ो का विवाह पूरे विधि विधान के साथ सम्पन्न हुआ है। इसी क्रम से पिछले 05 दिसम्बर को 166 जोड़ो का विवाह कराया गया था। जनपद मे कुल 1575 जोड़ो का लक्ष्य प्राप्त है । शेष लक्ष्य को माह जनवरी 2025 मे सम्पन्न कराया जाएगा। ताकि पात्र परिवारो की बेटियो को इस योजना का लाभ मिल सके। उन्होने शादी समारोह में आये हुए वर एवं वधु के परिजनो  के प्रति भी शुभकामना व्यक्त की।उन्होंने कहा कि  इस योजना के अन्तर्गत 51 हजार की धनराशि प्रदान किया जा रहा है जिसमें 35 हजार रूपये वधु के खाते में तथा 10 हजार रूपये के उपहार एवं 6 हजार शादी समारोह के आयोजन के लिए दिया जा रहा है। गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन करने वाले परिवारो की शादी कराया जा रहा है। जिसमे लड़के की उम्र 21 वर्ष  एवं लड़की की आयु 18 वर्ष होनी चाहिए।
    परियोजना निदेशक राजेश यादव  ने सामूहिक विवाह के सफल आयोजन पर आभार व्यक्त करते हुए विवाहित नव दाम्पत्य जोड़ो को उनके विवाहित जीवन के लिए शुभकामनाए दी। जिला दिव्यांजन सशक्तिकरण अधिकारी पारस यादव ने इस योजना की विस्तृत जानकारी मंच के माध्यम से दी। इस अवसर पर मंत्री ओमप्रकाश राजभर के प्रतिनिधि सुरेश राजभर, जिला विकास अधिकारी सुभाष चन्द्र सरोज, जिला समाज कल्याण अधिकारी राम नगीना यादव, जिला अल्पसंख्यक अधिकारी एवं अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी, समस्त खण्ड विकास अधिकारी एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित थे।

  • डॉ. अक्षय पाण्डेय को किया गया सम्मानित

    डॉ. अक्षय पाण्डेय को किया गया सम्मानित

    गाजीपुर। साहित्य चेतना समाज की बैठक बुधवार को संस्था के संस्थापक अमरनाथ तिवारी ‘अमर’ के नगर के वंशीबाजार स्थित स्वामी विवेकानन्द काॅलोनी में हुई। बैठक में सुपरिचित नवगीतकार, संस्था के द्वारा अनवरत संचालित साहित्यिक कार्यक्रम ‘चेतना-प्रवाह’ के स्थायी संचालक डॉ.अक्षय पाण्डेय को वाराणसी की चर्चित साहित्यिक संस्था ‘साहित्यिक संघ’ के 33वें वार्षिक अधिवेशन में ‘सेवक साहित्यश्री सम्मान-2024’ से सम्मानित करने पर प्रसन्नता व्यक्त की गई। रेवतीपुर के निवासी नवगीतकार डॉ.अक्षय पाण्डेय को यह सम्मान साहित्य में राष्ट्रीय स्तर पर नवगीत के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट अवदान के लिए प्रदान किया गया। इसके पूर्व इन्हें सन् 2021 में नवगीत के क्षेत्र में इनके योगदान के लिए ‘पं. रामानुज त्रिपाठी स्मृति नवगीत साहित्य सम्मान’ एवं ‘गोपाल राम गहमरी नवगीतकार सम्मान’ प्रदान किया जा चुका है।

    डॉ. अक्षय पाण्डेय की अब तक चार कृतियाॅं प्रकाशित हैं। इसके अतिरिक्त देश की प्रतिष्ठित पत्र-पत्रिकाओं के साथ ही तमाम समवेत संकलनों में रचनाऍं प्रकाशित हैं। वर्तमान में डाॅ.पाण्डेय इण्टर कॉलेज करण्डा में वरिष्ठतम हिन्दी-प्रवक्ता के रूप में कार्यरत हैं। इनकी इस साहित्यिक उपलब्धि के लिए नगर की प्रतिष्ठित संस्था ‘साहित्य चेतना समाज, गाजीपुर’ के संस्थापक अमरनाथ तिवारी ‘अमर’, संगठन सचिव प्रभाकर त्रिपाठी के साथ ही संस्था के सम्मानित प्राधिकारी एवं नगर के प्रबुद्धजनों ने बधाई के साथ ही रचनात्मक क्षेत्र में उत्तरोत्तर प्रगति की कामना की। बैठक में प्रमुख रूप से प्रभाकर त्रिपाठी, आनन्द प्रकाश अग्रवाल, अमरनाथ तिवारी अमर, संजीव गुप्त, डाॅ.रविनन्दन वर्मा, हीरा राम गुप्त, हर्षित श्रीवास्तव, राजीव मिश्र, शशिकांत राय आदि उपस्थित थे।

  • कर्मचारी नेता निर्भय नारायण सिंह का हुआ जोरदार स्वागत

    कर्मचारी नेता निर्भय नारायण सिंह का हुआ जोरदार स्वागत

    गाजीपुर। गैर जनपद स्थानांतरण के कई महीनो बाद विद्युत विभाग के वरिष्ठ कर्मचारी नेता निर्भय नारायण सिंह के गाजीपुर पुनः स्थानांतरित किए जाने पर विद्युत कर्मचारियों ने खुशी जाहिर की है। आज अधीक्षण अभियंता कार्यालय में ज्वाइन करने पहुंचे निर्भय नारायण सिंह का विद्युत मजदूर पंचायत के पदाधिकारियों और विद्युत कर्मचारियों द्वारा फूलमालाओं से लादकर जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान हरदिल अजीज नेता को अपने बीच पाकर कर्मचारी काफी उत्साहित नजर आए। अपने स्वागत से गदगद निर्भय नारायण सिंह ने कहा कि विद्युत कर्मचारियों के हक और सम्मान के लिए सदैव तत्पर रहूंगा और पूर्व की भांति किसी भी स्तर पर जाकर संघर्ष किया जाएगा। इस मौके पर विद्युत मजदूर पंचायत के संरक्षक शिव दर्शन सिंह मामा ने कहा कि निर्भय नारायण सिंह के गाजीपुर स्थानांतरित किए जाने के बाद जिले के कर्मचारियों में जोश देखने को मिल रहा है। विद्युत मजदूर पंचायत के हर संघर्ष को निर्भय नारायण सिंह की मौजूदगी से मजबूत बल मिलेगा। मालूम हो कि लगभग 1 वर्ष पूर्व पूर्व निर्भय नारायण सिंह को देवरिया जनपद के लिए स्थानांतरित कर दिया गया था। जहां से उनका स्थानांतरण लगभग 1 वर्ष पूर्व वाराणसी मुख्य अभियंता कार्यालय में किया गया और अब उनकी पुनः तैनाती गाजीपुर की गई है। लालदरवाजा स्थित अधीक्षण अभियंता कार्यालय पहुंचे निर्भय नारायण सिंह को पुष्पगुच्छ देने और माल्यार्पण करने का सिलसिला घण्टों चलता रहा। इस अवसर पर श्री सिंह ने सभी निविदा कर्मियों और नियमित कर्मचारियों से विद्युत व्यवस्था सुचारू रूप से चलाने एवं राजस्व वसूली में पूरे तन्मयता के साथ लगने हेतु अपील किया तभी वह संगठन के माध्यम से अधिकारियों से आप लोगों के संबंध में चली आ रही समस्याओं को निस्तारित कराने में मदद मिलेगी।

  • पानी टंकी के कराये जा रहे कार्यो का डीएम ने किया निरीक्षण

    पानी टंकी के कराये जा रहे कार्यो का डीएम ने किया निरीक्षण

    गाजीपुर। भारत सरकार एवं राज्य सरकार की अति महत्वकांक्षी योजना जल जीवन मिशन के अन्तर्गत हर घर को नल से जल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विकास खण्ड मनिहारी के ग्राम पंचायत रामपुर जीवन में पानी टंकी के कराये जा रहे कार्यो का जिलाधिकारी आर्याका अखौरी ने मंगलवार को स्थलीय निरीक्षण कर जायजा लिया एवं सम्बन्धित को आवश्यक दिशा निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने उपस्थित ग्रामवासियों से पानी की आपूर्ति एवं पाइप लिकेज की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत रामपुर जीवन में पानी टंकी के कन्ट्रोल पैनल रूम का निरीक्षण किया एवं उपस्थित अभिलेखों को जॉच कर दुरूस्त रखने को कहा।

    जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायत में बिछायी गयी पाइप लाइन को खोदवाकर चेक किया। जिलाधिकारी ने जल निगम के अधिशासी अभियन्ता ग्रामीण को निर्देशित किया कि जिन घरों में अभी तक सपलाई के पानी का कनेक्शन नही हुआ है, उन घरों मे जल्द से जल्द कनेक्शन देते हुए शुद्ध पेय जल की आपूर्ति की जाय। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियन्ता जल निगम ग्रामीण को निर्देश दिया कि कराये जा रहे कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नही होगी तथा पायी गयी कमीयों को तत्काल सही कराया जाय।

    इस अवसर पर अधिशासी अभियन्ता जल निगम मो0 कासिम हाशमी, कार्यदायी संस्था के कर्मचारी एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।

  • जलजमाव व नाली निर्माण की समस्याओं को लेकर किया प्रदर्शन

    जलजमाव व नाली निर्माण की समस्याओं को लेकर किया प्रदर्शन

    जलजमाव व नाली निर्माण की समस्या को लेकर वार्डवासियों ने नगर पंचायत कार्यालय पर किया प्रदर्शन


    गाजीपुर। जंगीपुर नगर पंचायत क्षेत्र में जलजमाव व खस्ताहाल नालियों की समस्याओ से त्रस्त नगर के वार्ड नंबर आठ कृष्ण नगर के दर्जन भर महिलाएं पुरुष नगर पंचायत कार्यालय पर पहुँचकर जोरदार प्रदर्शन किया। नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी अजय कुमार गुप्ता कार्यालय पर पहुँचकर प्रदर्शनकारीयो को समझाने का प्रयास किए तब जाकर प्रदर्शनकारी शान्त हुए। नगर पंचायत में जलजमाव व साफ सफाई को लेकर नगरवासियों का गुस्सा साफ झलक रहा था। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे छात्र संघ पूर्व अध्यक्ष अमरजीत यादव ने बताया कि वार्ड नंबर आठ में सड़क और नाली की गम्भीर समस्या पिछले 12 वर्षो से नासूर के रूप में बनी हुई है लेकिन इसके बावजूद नगर पंचायत के कर्मचारी मुकदर्शक बने हुए हैं।

    छात्र नेता ने कहा कि जल जमाव और दुर्गंध के चलते हाल ही में वार्ड निवासीनी एक लड़की की डेंगू जैसी गम्भीर बीमारी से मौत हो चुकी है लेकिन इस मामले को न ही नगर चेयरमैन और न ही किसी जिम्मेदार अधिकारी ने गम्भीरता से लिया। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर 20 दिनों के अन्दर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो हम प्रदर्शनकारीयो का अगला कदम उच्च अधिकारियों के कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन देना होगा। इस सम्बंध में अधिशासी अधिकारी अजय कुमार गुप्ता ने बताया कि 15 वे वित्त आयोग के लिए भेजा गया है। स्वीकृति मिलते ही काम शुरू कर दिया जाएगा।इसके साथ उन्होंने यह भी कहा कि जल जमाव की समस्या सीवर सेक्शन मशीन खराब होने के कारण हुई है जिसे जल्द दुरुस्त कर दिया जाएगा। प्रदर्शनकारियो में मुख्य रूप से चंदा देवी,रीमा,उषा,अंबिका यादव,बबलू पहलवान, उमेश यादव, अच्छेलाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

  • 250 किसानों को निःशुल्क मसूर की मिनीकिट वितरित किया गया

    250 किसानों को निःशुल्क मसूर की मिनीकिट वितरित किया गया

    गाजीपुर।राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन योजनान्तर्गत दलहन घटक में केन्द्रीय बीज भण्डार से उप कृषि निदेशक एवं भूमि संरक्षण अधिकारी की उपस्थिति में 250 किसानों को निःशुल्क मसूर की मिनीकिट वितरित किया गया। उप कृषि निदेशक ने बताया है कि उपरोक्त योजनान्तर्गत भारत सरकार द्वारा जनपद को 700 पैकेट (प्रति पैकेट 8 किग्रा०) मसूर मिनीकिट प्राप्त हुए है। भारत सरकार द्वारा अनुसूचित जन जाति गौरव वर्ष 2024 के उपलक्ष्य में अनुसूचित जन जाति के उत्थान के लिए किसानों, भूमि धारक /पट्टा धारक को लाभान्वित करने के उद्देश्य से यह योजना संचालित की गयी है, ताकि अनुसूचित जन जाति के लोग भी अन्य किसानों की भांति लाभ प्राप्त कर समाज की मुख्य धारा में शामिल हो सके, जिससे उनके अन्दर खेती के प्रति उत्सुकता बनी रहे। आज केन्द्रीय बीज भण्डार से 250 किसानों को निःशुल्क मसूर बीज मिनीकिट वितरित किया गया। समस्त विकास खण्ड के राजकीय कृषि निवेश केन्द्रों के माध्यम से पॉश मशीन द्वारा अगूंठा लगाकर निःशुल्क वितरित किया जा रहा है।

Uttar Pradesh Fast News