Home

  • शाह फैज स्कूल के छात्र छात्राओं का वार्षिक परीक्षाफल घोषित

    शाह फैज स्कूल के छात्र छात्राओं का वार्षिक परीक्षाफल घोषित

    गाजीपुर। सोमवार को शाह फैज विद्यालय प्रांगण में वार्षिक परीक्षाफल घोषित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विशेष प्रार्थना व दीप प्रज्ज्वलन से हुई। विद्यालय के निदेशक डॉ नदीम अधमी ने विशेष प्रार्थना की साथ ही सभी को वार्षिक परीक्षा फल की बधाई दी व भविष्य में और भी मेहनत करने की सलाह दी।  उसके पश्चात् कक्षा PG  से कक्षा 9 व 11 का परीक्षा परिणाम घोषित किया गया।

    प्रधानाचार्य इकरामुल हक़ ने वार्षिक रिपोर्ट में बताया कि इस वर्ष कुल 2285 छात्र -छात्राएं वार्षिक परीक्षा में सम्मिलित। 199 कक्षा 12 व 231 कक्षा 10 की सी बी एस सी परीक्षा में सम्मिलित हुए, जिनका परिणाम प्रतीक्षारत है। वार्षिक परीक्षा का परिणाम 99.5 % रहा। कक्षा PG से शुजा आरफीन एवं अफ्फान ख़ान ,कक्षा एलकेजी से मोहम्मद आरिफ़, शान्वी सिंह, ज़ैनब ख़ान व ऋषभ गौतम ,यूकेजी से सौम्य पांडेय , पंखुड़ी केडिया ,अरशान अहमद, अवनीश पाल एवं आकिफा फातिमा ब्राइट स्टार घोषित किये गए। 

    कक्षा 1 से 5 में  निशांत राय  ने 99  9 % , कक्षा 6 से 8 में स्वरित कुमार राय एवं आफ़िया शफ़क़त 97.71 व  कक्षा 9 से 11 में पहल कुशवाहा ने 97.80 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया।  प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी विद्यालय में कनिष्ठ व वरिष्ठ वर्ग में सर्वश्रेष्ठ बालक व बालिका की उपाधि दी गयी। कनिष्ठ वर्ग से कक्षा 5 के निशांत राय व ज़ैनब अमानी व वरिष्ठ वर्ग से कक्षा 8 के स्वरित कुमार  राय  व कक्षा 9 से जुनैरा मसूद को  क्रमशः सर्वश्रेष्ठ बालक व सर्वश्रेष्ठ बालिका की उपाधि दी गयी।

    विद्यालय की निदेशिका डॉ मीना अधमी ने भी सभी छात्र-छात्राओं को वार्षिक परीक्षा फल की बधाई दी व अपने माता-पिता व गुरुजनों को धन्यवाद देने को कहा क्योंकि यही वो लोग हैं जिनकी सहायता के बिना कुछ भी संभव नहीं हो सकता। उन्होंने यह भी कहा कि हमें सीखना कभी नहीं बंद करना चाहिए। विद्यालय की मैनेजर मैडम अतिआ अधमी ने भी सभी को वार्षिक परीक्षाफल की शुभकामनायें दीं। 

    इस कार्यक्रम में सभी छात्र छात्राएं, निदेशक डॉ नदीम अधमी , निदेशिका डॉ मीना अधमी, वित्तीय एवं शैक्षणिक सलाहकार शमा अधमी, प्रधानाचार्य इकरामुल हक़, उप प्रधानाचार्य (शैक्षणिक) नेहा कुरैशी, परीक्षा नियंत्रक हनीफ अहमद, मुख्यअध्यापिका चंदना श्रीवास्तव, प्री-प्राइमरी इंचार्ज प्रियंका सिंह, माधुरी पांडेय , सुनंदा एवं अन्य शैक्षणिक व गैर शैक्षणिक कर्मचारी उपस्थित थे।

    कार्यक्रम की साज सज्जा नुज़हत नसीम , आमना ओबैद , सिमरन जायसवाल, अंकिता दुबे एवं उमेश ने की। कार्यक्रम में गीत की प्रस्तुति शान कुशवाहा व शगुन कुशवाहा तथा अन्य ने की जिसका संगीत श्याम कुमार शर्मा व गिरधर शर्मा ने दिया।। कार्यक्रम का सञ्चालन उप प्रधानाचार्य (शैक्षणिक) नेहा कुरैशी, मुख्याध्यापिका चंदना श्रीवास्तव एवं प्रियंका सिंह ने किया।  कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान से हुआ।

                    

  • 12 से 23 फरवरी तक होगा क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन

    12 से 23 फरवरी तक होगा क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन

    12 से 23 फरवरी तक होगा क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन

    गाजीपुर। गाजीपुर क्रिकेट एकेडमी के तत्वाधान में 4 फरवरी को अरोरा फाउंडेशन महुआबाग में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया । गाजीपुर क्रिकेट एकेडमी के प्रेसिडेंट अभिषेक सिंह ने बताया कि यह प्रतियोगिता 12 फरवरी से 23 फरवरी तक गाजीपुर क्रिकेट एकेडमी के तत्वधान में प्रथम स्वर्गीय श्री नारायण सिंह (पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष) एवं स्वर्गीय श्री अजीत कुमार सिंह स्मारक ऑल इंडिया कैश मनी क्रिकेट (G 20-20) प्रतियोगिता का आयोजन होना है। इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न स्थानों की कुल 8 टीम प्रतिभागी होंगी। जिसमें रणजी ट्रॉफी, आईपीएल, बोर्ड ट्राफी के खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे।यह आयोजन जनपद में पहली बार वृहद स्तर पर किया जा रहा है।

  • राष्ट्रपति से मिले डालिम्स सनबीम स्कूल के बच्चे

    राष्ट्रपति से मिले डालिम्स सनबीम स्कूल के बच्चे

    राष्ट्रपति से मिले डालिम्स सनबीम स्कूल के बच्चे


    गाजीपुर। राष्ट्रपति भवन में आयोजित बाल दिवस पर नगर के डालिम्स सनबीम स्कूल के बच्चों ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की और अपने मन की जिज्ञासा को दूर किया। राष्ट्रपति से संवाद कर बच्चे काफी प्रफुल्लित हैं। राष्ट्रपति ने भी उन्हें पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद में भी हिस्सा लेने की सीख दी। इस दौरान राष्ट्रपति भवन व संसद भवन का भी भ्रमण किया। यह जिले के लिए गौरव की बात है। राष्ट्रपति भवन के सेंट्रल हाल में आयोजित बाल दिवस पर कार्यक्रम के लिए जिले के सनबीम स्कूल के बच्चों का चयन किया गया था।
    स्कूल की डायरेक्टर एकता अखंड राय, शिक्षक कमलेश सिंह के साथ छात्र अभ्युदय प्रताप, निवेदिता प्रधान, आदर्श राय व सौम्या राय कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। बच्चों ने बताया कि राष्ट्रपति प्रोटोकाल तोड़कर उनके बीच आ गयीं और संवाद किया। अभ्युदय प्रताप व निवेदिता ने राष्ट्रपति से पूछा कि आपको महामहिम के पद पर आने के बाद कैसा लगा? तो उन्होंने जवाब दिया बिल्कुल, बहुत अच्छा लगा। फिर बच्चों ने सफल होने के बाद कैसा महसूस करतीं हैं। जवाब दिया सफलता का कोई अंत नहीं है। राष्ट्रपति ने सीख दी कि आप बच्चे आगे बढ़ते जाइए। आपका बचपन कैसा के सवाल पर उन्होंने कहा कि मैं भी आपकी तरह बगीचों और मिट्टी में खेला करती थीं। आज की तरह अच्छे स्कूल नहीं थे। उन्होंने बच्चों को मेहनत की सीख दी। साथ ही शिक्षकों से बच्चों को रोचक तरीके से शिक्षण कार्य कराने के साथ ही शारीरिक व मानसिक विकास के लिए खेलकूद को बढ़ावा देने पर जोर दिया।

  • डीएम ने की बैठक,दिया निर्देश

    डीएम ने की बैठक,दिया निर्देश

    गाजीपुर। जिला उद्योग बन्धु एवं स्वरोजगार बन्धु की बैठक गुरुवार को जिला पंचायत सभागार में जिलाधिकारी एम पी सिंह  की अध्यक्षता मे सम्पन्न हुआ।इस बैठक में जिलाधिकारी ने मण्डी समिति दुल्लहपुर की जमीन अन्य़त्र स्थानान्तिरित किए जाने हेतु निस्तारण का निर्देश , व्यापारियो के समस्याओ के समाधान, उद्यमी वशिष्ट सिंह यादव के विद्युत बिल भुगतान प्रकरण के समाधान, औद्योगिक आस्थान नन्दगंज में सड़क , नाली , बाउण्डरीवाल निर्माण, निवेश मित्र पोर्टल, प्रधानमंत्री/मुख्यमंत्री रोजगार/युवा स्वरोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद,पी एम सृजन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार, आजीविका मिशन,पी एम स्वनिधि योजना एवं अन्य बिन्दूओ पर समीक्षा कर उद्यमियो के समस्याओ पर चर्चा की गयी तथा सम्बन्धित अधिकारियों को शिकायतो के निस्तारण का निर्देश दिया ।उद्यमी एस के दूबे ने सुखदेवपुर चौराहे से गाजीपुर घाट तक के 800 मीटर मार्ग जो बिल्कुल क्षतिग्रस्त है को सही कराने का अनुरोध एंव व्यापार मण्डल के विजय शंकर वर्मा ने रौजा से एम ए एच इण्टर कालेज तक जर्जर के बारे मे अवगत कराया । जिस पर जिलाधिकारी ने समन्धित अधिकारी को स्थलीय निरीक्षण करते हुए कार्यवाही का निर्देश दिया।
    जिलाधिकारी उधोगों के विकास में बैंको से अधिकाधिक सहयोग प्राप्त किये जाने के सम्बन्ध मे जिला अग्रणी प्रबंधक से अपेक्षा की। उद्यामियों के शिकायतो को सम्बन्धित अधिकारियों को समय से निस्तारण का निर्देश दिया। इस अवसर पर उघमी बशिष्ठ सिंह यादव, ए0के0दुबे अध्यक्ष ईट भठ्ठा एसोसिएशन एवं अन्य उद्यमी एंव व्यापार मण्डल के पदाधिकारी उपस्थित थे।

  • राजतिलक की तैयारी, मंथरा कैकेई संवाद, कोप भवन लीला का किया गया मंचन

    राजतिलक की तैयारी, मंथरा कैकेई संवाद, कोप भवन लीला का किया गया मंचन

    राजतिलक की तैयारी, मंथरा कैकेई संवाद, कोप भवन लीला का मंचन किया गया।

    गाजीपुर। अति प्राचीन रामलीला कमेटी हरिशंकरी के तत्वावधान में लीला के चौथे दिन 1 अक्टूबर मंगलवार शाम 7:00 बजे हरिशंकरी स्थित श्रीराम चबूतरा पर राजतिलक की तैयारी, मंथरा कैकेई संवाद एवं कोप भवन के लीला का मंचन हुआ। मन्चन से पूर्व कमेटी के उपाध्यक्ष डॉ0गोपाल जी पांण्डेय, मंत्री ओमप्रकाश तिवारी, उपमंत्री पं0 लव कुमार त्रिवेदी, प्रबंधक मनोज कुमार तिवारी, मयंक तिवारी, कोषाध्यक्ष रोहित कुमार अग्रवाल द्वारा प्रभु श्रीराम सीता लक्ष्मण का आरती पूजन किया गया। पूजन आरती बाद लीला की शुरुआत बन्दे बाणी विनायकौ आदर्श रामलीला मंडल के कलाकारों द्वारा शुभारंभ हुआ।

    मन्चन में दर्शाया गया की एक बार चक्रवर्ती महाराज दशरथ अपने मंत्रियों के साथ अपनी राज दरबार में बैठकर विचार विमर्श कर रहे थे। धीरे-धीरे बुढ़ापा का असर शुरू हो गया है। विचार किया कि अयोध्या का राजतिलक राम को सौप कर इस नश्वर शरीर को भगवत भजन में लगाना चाहिए। इस बात को सोचकर महाराज दशरथ अपने मंत्री व दरबारियों के साथ कुलगुरु महर्षि वशिष्ठ के आश्रम पर पहुंच कर वे गुरुदेव की चरण वंदना करके बोले कि मुझे धीरे-धीरे बुढ़ापा महसूस हो रहा है। मैंने सोचा है कि अयोध्या का राजपाठ अपने बड़े पुत्र राम को देकर मैं भगवत भजन में समय बिताऊ। महाराज दशरथ की बात को सुनकर गुरुदेव महर्षि वशिष्ठ ने महाराज दशरथ से कहा कि हे राजन आपका विचार बहुत ही उत्तम है। अयोध्या का राज आपके बड़े पुत्र राम ही संभाल सकते हैं। आप जल्द से जल्द अयोध्या का राजपाठ राजतिलक कर अपने बड़े पुत्र राम को सौंप दें। गुरुदेव की आज्ञा पाकर महाराज दशरथ अपने दरबार में आकर राजतिलक की तैयारियां शुरू करवाते हैं।

    उधर दासी मंथरा किन्हीं कारणवश नगर में घूमते हुए पहुंच गई। उसने देखा कि अयोध्या नगर ध्वजा पताकाओं से सजा हुआ है। उसने नगर वासियों से पूछा कि नगर क्यों सजाया गया है तो पुरवासियों ने बताया कि राम के राजतिलक की तैयारी की जा रही है। कल सुबह महाराज द्वारा अयोध्या का राज अपने बड़े पुत्र राम को देंगे। इतना सुनते ही दासी मंथरा उदास होकर महारानी कैकेई के पास जाकर बोली कि महाराज दशरथ अयोध्या का राजतिलक अपने बड़े पुत्र राम को देगें। जब महाराज अयोध्या का राज अपने बड़े पुत्र राम को सौंप देंगे तो आपके पुत्र भरत का क्या होगा। महारानी जी आप मेरी बात माने तो अपने राजसी वस्त्र आभूषण को उतार कर फटे पुराने कपड़े धारण करके कोप भवन में जाकर जमीन पर लेट जाएं। महारानी कैकई अपने दासी के बात को सुनकर कोप भवन में चली जाती है। इस अवसर पर उपाध्यक्ष गोपाल जी पाण्डेय, मंत्री ओमप्रकाश तिवारी, संयुक्त मंत्री लक्ष्मी नारायण,उपमंत्रीपं0 लवकुमार त्रिवेदी,मेला प्रबंधक मनोज कुमार तिवारी, मेला उप प्रबंधक मयंक तिवारी, कोषाध्यक्ष रोहित कुमार अग्रवाल, अनुज अग्रवाल मीडिया प्रभारी पं0कृष्ण बिहारी त्रिवेदी कृष्णांश,राम सिंह यादव रहें।

  • गांधी जी का स्वतंत्रता आन्दोलन में अहम योगदान: प्रो. डॉ. राघवेन्द्र

    गांधी जी का स्वतंत्रता आन्दोलन में अहम योगदान: प्रो. डॉ. राघवेन्द्र

    गांधी जी का स्वतंत्रता आन्दोलन में अहम योगदान: प्रोफे० (डॉ०) राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय

    गाजीपुर। महात्मा गांधीजी का भारत की स्वतंत्रता के आन्दोलन में अहम योगदान था। गांधीजी हमेशा अहिंसा के रास्ते पर चलते थे, वे लोगों से आशा करते थे कि वे भी अहिंसा का रास्ता अपनाएं। उक्त उद्गार स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफे० (डॉ०) राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने महात्मा गांधी के जन्म जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में व्यक्त किया। उन्होंने ने कहा कि आज पूरा विश्व महात्मा गांधी जी की 155 वीं जन्म जयंती अन्तर्राष्ट्रीय अहिंसा दिवस के रूप में आन, बान व शान के साथ मना रहा है।
    प्राचार्य प्रोफेसर पाण्डेय ने कहा कि आज ही पूरा देश भारत के द्वितीय प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री जी की 120 वीं जन्म जयंती मना रहा है। लाल बहादुर शास्त्री जी आजीवन सादगी, सच्चाई, राष्ट्र भक्ति, जनसेवा व न्याय के मार्ग पर चलने वाले थे। आज के अवसर पर हमें दोनों महापुरुषों के बताए मार्ग पर चलने का प्रण लेना चाहिए।

    कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य प्रोफे० (डॉ०) राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय द्वारा महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पार्चन के द्वारा किया गया। इस अवसर सभी प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि व्यक्त किया। कार्यक्रम के अन्त में स्वच्छता पखवाड़ा का समापन स्नातकोत्तर महाविद्यालय, गाजीपुर परिसर में स्वच्छता अभियान चला कर किया गया। इस अवसर पर कुलानुशासक प्रोफे० एस डी सिंह, डीएसडब्ल्यू डॉ० बद्रीनाथ सिंह, प्रोफे० एस एन सिंह, प्रोफे० जी सिंह, प्रोफे० अरूण कुमार यादव, प्रोफे० रविशंकर सिंह, डॉ० संजय चतुर्वेदी, डॉ० रामदुलारे, डॉ० योगेश कुमार, डॉ० गोपाल यादव, डॉ० त्रिनाथ मिश्रा, डॉ० धर्मेन्द्र, डॉ० रागिनी अहिरवार, डॉ० स्मृति, डॉ० अन्जनी कुमार गौतम, डॉ० कृष्ण कुमार पटेल, डॉ० संजय कुमार सुमन, डॉ० नितीश कुमार भारद्वाज, सर्वश्री लव जी सिंह, अमरजीत सिंह, संजय कुमार श्रीवास्तव, विजय कुमार सिंह, अरूण कुमार सिंह, अमितेश सिंह, कृष्ण मुरारी, सुभाष चन्द्र यादव सहित भारी संख्या में प्राध्यापक, कर्मचारी, राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक एवं स्वयंसेविका आदि उपस्थित होकर कर श्रमदान किया।

  • अंतर्राष्ट्रीय वृद्ध दिवस पर वृद्धों को किया गया सम्मानित

    अंतर्राष्ट्रीय वृद्ध दिवस पर वृद्धों को किया गया सम्मानित

    गाजीपुर। अंतर्राष्ट्रीय वृद्ध दिवस के अवसर पर बबेडी सोहिलापुर में गीता ग्रामोद्योग विकास संस्थान के द्वारा अंतरराष्ट्रीय वृद्धि दिवस मनाया गया। यह कार्यक्रम संस्था के अध्यक्ष कृष्ण शंकर चौबे की अध्यक्षता में हुआ। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष विनोद अग्रवाल ने कहा कि वृद्धो की सेवा करना परमात्मा के सेवा करने के बराबर है।

    इस संस्था के सभी सदस्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि इतना नेक कार्य जो संस्था द्वारा किया जा रहा है वह सराहनीय है। कार्यक्रम मे आए विशिष्ट अतिथि राकेश सिंह प्रदेश मंत्री कर्मचारी सिंचाई विभाग ने कहा कि मुझे अपने बच्चों के किसी भी शुभ दिवस को वृद्धि जनों के साथ आश्रम पर मनाने में आनंद एवं खुशी मिलती है।

    इस दौरान रंगनाथ प्रसाद, विनोद राय, रवि चंद्र श्रीवास्तव, श्री प्रकाश श्रीवास्तव, आकाश चतुर्वेदी, सहित अन्य लोगों ने वृद्ध जनों का उत्साह वर्धन कर अपने विचारों को प्रकट किया। कार्यक्रम के अंत में सभी वृद्ध जनों को कार्यक्रम में आए हुए अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया एवं गीता ग्रामोद्योग विकास संस्थान द्वारा सभी वृद्ध जनों को वस्त्र मिष्ठान का वितरण किया गया। इस कार्यक्रम का संचालन संस्था के उपाध्यक्ष सोमेश मोहन राय द्वारा किया गया।

  • बैठक कर डीएम ने दिए अधिकारियों के निर्देश, कहा…..

    बैठक कर डीएम ने दिए अधिकारियों के निर्देश, कहा…..

    गाजीपुर। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला स्तरीय समिति, जिला प्रबन्ध समिति, लोकल लेबल कमेटी, दिव्यांग बन्धु समिति और जिला अनुश्रवण समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आहूत कि गयी। बैठक में देश दीपक पाल मुख्य चिकित्साधिकारी, पारस नाथ यादव जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी,  राम नगीना यादव जिला समाज कल्याण अधिकारी, दिलीप पाण्डेय जिला कार्यकम अधिकारी, दिव्यांगों की अध्यक्ष सविता सिंह सहित अन्य जिलास्तरीय, ब्लॉक स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहें।

    बैठक में जिलाधिकारी द्वारा जिला स्तरीय समिति, जिला प्रबन्ध समिति, लोकल लेबल कमेटी, दिव्यांग बन्धु समिति, जिला अनुश्रवण समिति और अन्य योजनाओं पर विस्तृत चर्चा कि गयी। दिव्यांगजन से संबंधित विभिन्न विभागों को दिव्यांगजन सम्बन्धित आ रही समस्याओं जैसे दिव्याग प्रमाण पत्र (यू०डी०आई०डी०) जनरेट, दिव्यांग पेंशन, दिव्यांग शौचालय, आवास, लीगल गार्जियन शिप और जिला दिव्यांग पुनर्वास केन्द्र के संचालन के लिए निर्देशित किया। साथ ही जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी को निर्देश दिये गये कि संबंधित विभागो से समन्वय स्थापित करते हुए कार्यवाही करना सुनिश्चित करें।

  • राज्यसभा सांसद डा. संगीता बलवंत ने वृद्ध जनों के बीच मनाया जन्मदिन

    राज्यसभा सांसद डा. संगीता बलवंत ने वृद्ध जनों के बीच मनाया जन्मदिन

    राज्यसभा सांसद डा. संगीता बलवंत ने वृद्ध जनों के बीच मनाया जन्मदिन

    गाजीपुर। राज्य सभा सांसद डा. संगीता बलवंत ने मंगलवार को साधारण समारोह में वृद्ध जनों के बीच केक काटकर तथा मिष्ठान एवं फल वितरण,आशीर्वाद लेकर अपना जन्मदिन मनाया।

    राज्य सभा सांसद डा. संगीता बलवंत आज अपने जन्मदिन अवसर पर कोतवाली क्षेत्र के हेतिमपुर स्थित वृद्धाश्रम में केक काटा और वृद्ध जनों को फल, मिष्ठान वितरण कर खुशियां मनाई।

    इस अवसर पर उन्होंने कहा कि वृद्ध जन हमारे धरोहर है,जिनकी सेवा, सानिध्य और आशीर्वाद से हमारे जीवन मे यश,सुख, समृद्धि का प्रभाव प्रबल होता है। जिनके सेवा से हमारी मानवता मे निहित संस्कार और संस्कृति को मजबूती मिलती हैं।

    डा. संगीता बलवंत ने कहा कि आप सबके बीच समय- समय मै पहुंच कर आपका आशीर्वाद प्राप्त करती रहूंगी।

    इस अवसर पर जिला मीडिया प्रभारी शशिकान्त शर्मा, रंजीत कुमार राम, धर्मेन्द्र शर्मा शेखपुर प्रधान, वृद्धाश्रम की अधिक्षिका ज्योत्सना सिंह आदि ने डा. संगीता बलवंत को जन्मदिन की बधाई दिया।

  • एम्बुलेंस ने मरीज को निशुल्क पहुंचाया बीएचयू

    एम्बुलेंस ने मरीज को निशुल्क पहुंचाया बीएचयू

    108 एम्बुलेंस ने मरीज को निशुल्क पहुंचाया बीएचयू वाराणसी

    ग़ाज़ीपुर। 108 एम्बुलेंस उत्तर प्रदेश सरकार के द्वारा गरीब और असहाय लोगों को दी गई एक नया तोहफा है जिसकी मदद से आमजन निशुल्क हायर सेंटर तक पहुंच कर अपने मरीज की इलाज करा रहे हैं। ऐसा ही एक दिन पूर्व हुआ जब जिला अस्पताल में एडमिट मरीज जिसे साइटिका की प्रॉब्लम थी और वह पैरों से चल पाने में अक्षम था जिसे डॉक्टर के द्वारा बीएचयू वाराणसी के लिए रेफर किया गया था जिसकी जानकारी पर 108 एंबुलेंस ने मरीज को वाराणसी तक पहुंचाया।

    108 एंबुलेंस के प्रभारी अखंड प्रताप सिंह ने बताया कि गाजीपुर के जिला अस्पताल में भर्ती मरीज अरुण कुमार पुत्र गोवर्धन राम निवासी मिश्रावलिया रौज़ा जिसे पैरों में साइटिका की प्रॉब्लम थी। और वह पैरों से चल पाने में अक्षम था। जिसका कई दिनों से जिला अस्पताल में इलाज चल रहा था। लेकिन बेहतर इलाज के लिए डॉक्टर के द्वारा उसे बीएचयू वाराणसी के लिए रेफर किया गया था। इसके बाद परिजनों ने 108 एंबुलेंस पर कॉल किया और अपनी समस्या बताएं। जिसके बाद 108 एंबुलेंस के पायलट दीनानाथ और इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन लाल बहादुर शर्मा जिला अस्पताल पहुंचे। और मरीज को लेकर बीएचयू वाराणसी के लिए रवाना हुए। वाराणसी में उसे इमरजेंसी में एडमिट कराया जहां पर उसका इलाज शुरू हो पाया।

  • डीएम ने हरी झंडी दिखाकर संचारी रोग नियंत्रण अभियान का किया शुभारंभ

    डीएम ने हरी झंडी दिखाकर संचारी रोग नियंत्रण अभियान का किया शुभारंभ

    गाजीपुर।संचारी व मच्छर जनित रोगों की रोकथाम व नियंत्रण के लिए जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने मंगलवार को बेसिक शिक्षा विभाग के नगर संसाधन केंद्र से विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ हरी झंडी दिखाकर किया।

    इस दौरान जन जागरूकता रैली का भी आयोजन किया गया। जिसमें स्वास्थ्य समेत सभी विभिन्न विभागों के अधिकारियों, स्वास्थ्यकर्मियों, आशा-आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, स्कूली छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़ कर प्रतिभाग किया।

    जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने कहा की संचारी व मच्छर जनित रोगों जैसे डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया, फाइलेरिया, कालाजार आदि बीमारियों की रोकथाम व नियंत्रण के लिए प्रदेश सरकार निरंतर प्रयास कर रही है। इन्हीं बीमारियों की रोकथाम के लिए विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान की शुरुआत की गई है। यह अभियान 31 अक्टूबर तक चलेगा। इसी बीच 11 से 31 अक्टूबर दस्तक अभियान चलाया जाएगा। अभियान के सफल संचालन के लिए स्वास्थ्य विभाग,शिक्षा विभाग,नगर विकास, पंचायती राज विभाग समेत 11 विभागों की टीम तैनात की गईं हैं,जो घर-घर जाकर बीमारियों की रोकथाम और समुदाय को जागरूक करेंगी। ऐसे में जन समुदाय का भी दायित्व है कि अभियान में सहयोग करे, सतर्क और जागरूक रहें। जिलाधिकारी ने अपील की कि डेंगू का मच्छर दिन में ही काटता है तथा इससे बचाव के लिए पूरे शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनें। मच्छर रोधी क्रीम का इस्तेमाल करें। सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग करें। घरों के अंदर और आसपास किसी भी पात्र में पानी इकट्ठा नही होने दे।

    प्रशासन व विभिन्न विभागों के साथ ही जन प्रतिनिधि भी इस अभियान को सफल बनाने में सहयोग करेंगे। इन बीमारियों की रोकथाम के लिए एंटी लार्वा छिड़काव, फोगिंग, स्वच्छता, साफ-सफाई आदि का कार्य किया जाएगा। जांच व उपचार के साथ आवश्यक दवा भी प्रदान की जाएगी। इस अभियान में स्वास्थ्य विभाग, नोडल विभाग रहेगा। नगर विकास, पंचायती राज, पशुपालन विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, शिक्षा विभाग, दिव्यांग जन कल्याण विभाग, कृषि एवं सिंचाई विभाग सहित 11 विभाग आपसी समन्वय बनाकर अभियान को सफल बनाएंगे।

    सीएमओ डा. देश दीपक पाल ने कहा कि विशेष संचारी रोग नियंत्रण व दस्तक अभियान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री का बेहद महत्वाकांक्षी कार्यक्रम है। डेंगू, मलेरिया, फाइलेरिया, कालाजार आदि रोगों को विशेष अभियान चलाकर काबू कर लिया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग के आपसी समन्वय से नगर पालिका व नगर पंचायत की टीमें शहरी क्षेत्र तथा पंचायती राज विभाग की टीमें ग्रामीण क्षेत्रों में बीमारियों की रोकथाम व नियंत्रण कार्य के साथ ही समुदाय को जागरूक करेंगी। सीएमओ ने कहा कि अभियान में अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। इसमें जन प्रतिनिधियों, प्रभावशाली व्यक्तियों, विभिन्न संस्थाओं के साथ ही जनमानस का भी सहयोग लिया जाएगा।

    इस मौके पर बेसिक शिक्षा अधिकारी हेमंत राव,मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डा०ए०के०शाही,डिप्टी सीएमओ, एसीएमओ, चिकित्सा अधीक्षक, जिला मलेरिया अधिकारी, नगर पालिका/नगर पंचायत, पंचायती राज, आईसीडीएस, बेसिक व माध्यमिक शिक्षा विभाग समेत सभी विभागों के प्रमुख अधिकारी व सहकर्मी, सहायक मलेरिया अधिकारी, मलेरिया निरीक्षक एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।

  • धनुष यज्ञ, सीता स्वयंवर एवं श्री राम विवाह का किया गया मंचन

    धनुष यज्ञ, सीता स्वयंवर एवं श्री राम विवाह का किया गया मंचन

    धनुष यज्ञ, सीता स्वयंवर एवं श्री राम विवाह का मंचन किया गया।

    गाजीपुर। अति प्राचीन रामलीला कमेटी हरिशंकरी के तत्वावधान में लीला के तीसरे दिन 30 सितंबर सोमवार शाम 7:00 बजे से हरिशंकरी स्थित श्री राम चबूतरा पर धनुष यज्ञ, सीता स्वयंवर, एवं सीताराम विवाह लीला का मंचन किया हुआ। लीला शुरू होने से पूर्व कमेटी के मंत्री ओमप्रकाश तिवारी, उप मंत्री लव कुमार त्रिवेदी, मेला प्रबंधक मनोज कुमार तिवारी, मेला उप प्रबंधक मयंक तिवारी कोषाध्यक्ष रोहित कुमार अग्रवाल द्वारा प्रभु श्री राम का पूजन आरती किया। इसके बाद बंदे बाणी विनायको आदर्श श्री रामलीला मंडल के कलाकारों द्वारा धनुष यज्ञ परशुराम लक्ष्मण संवाद व सीताराम विवाह का मंचन हुआ।

    मन्चन में दर्शाया गया कि महाराज जनक अपनी पुत्री सीता का स्वयंवर रचाया। स्वयंवर में सभी राजाओं को निमंत्रण भेजा गया। निमंत्रण पाकर सभी राजा स्वयंवर में पहुंचे।उधर ब्रह्मर्षि विश्वामित्र भी अपने शिष्य राम लक्ष्मण के साथ स्वयंवर में पहुंचे। ब्रह्मर्षि विश्वामित्र को देखकर राजा जनक अपने सिंहासन से उठकर विश्वामित्र को दंडवत करके उन्हें आदर के साथ सिंहासन पर बैठाया। राजा जनक के आग्रह पर विश्वामित्र अपने शिष्य श्रीराम लक्ष्मण के साथ आसन ग्रहण किया। इसके बाद धनुष यज्ञ का कार्य शुरू होता है। राजा जनक के मंत्री चाणूर राजा जनक के आदेश पर सभा को संबोधित किया कि जो भी शिव जी के पुराने धनुष को तोड़ देगा उसी राजा से सीता का विवाह होगा।

    राजा जनक के संदेश को सुनकर सभी राजा शिव जी के पुराने धनुष पर अपना अपना बल आजमाने लगे। मगर शिव जी के धनुष तोड़ना तो दूर उसे हिला तक न सके। राजा जनक ने देखा कि सभी राजा हार कर अपना सिर झुकाए सिंहासन पर जाकर बैठ गए। उनके लज्जित हुए सर को झुका देख कर राजा जनक ने कहा कि तजहूंआस निज निज गृह जाहू, लिखा न विधि वैदेहि बिवाहू। राजा जनक के इस इस प्रकार के वचन को सुनकर लक्ष्मण जी क्रोधित होकर श्री राम के बल के बारे में राजा जनक को बताया। लक्ष्मण के क्रोध को देखकर गुरु विश्वामित्र ने लक्ष्मण को आसन पर बैठने की आज्ञा देते हैं। गुरु विश्वामित्र की आज्ञा पाकर लक्ष्मण अपने आसन पर बैठ जाते हैं। उसके बाद ब्रह्मर्षि विश्वामित्र राजा जनक को उदास देखकर श्री राम को आज्ञा देते हैं कि हे राम शिवजी के धनुष को तोड़कर महाराज जनक के संदेह को दूर करो।

    गुरु विश्वामित्र की आज्ञा पाकर श्री राम शिवजी, गुरु विश्वामित्र तथा उपस्थित सभी राजाओं को प्रणाम करने बाद भगवान शिव के धनुष के पास जाकर सहज में धनुष को उठाकर प्रत्यंचा चढ़ाया देखते-ही-देखते धनुष टूट गया। शिव‌ धनुष टूटने की आवाज परशुरामा कुंड में तपस्या में लीन परशुरामजी के कान में सुनाई दी तो वे क्रोधित होकर स्वयंवर में आते हैं और सभी उपस्थित राजाओं से पूछते हैं कि हमारे आराध्य देव शिव के धनुष को तोड़ने की साहस किसने किया। इतने में लक्ष्मण जी भी क्रोधित जाते हैं। दोनों में काफी देर तक परशुराम लक्ष्मण संवाद हुआ। अंत में परशुराम जी अपने क्रोध को शांत किये और तप के बल पर श्री राम का विराट रूप में नारायण का दर्शन करके श्रीराम को धनुष बाण देकर के परशुराम जी स्वयंवर से अपने धाम के लिए चले जाते हैं।

    इसके बाद राजा जनक गुरुजनों के‌ आदेश का पालन करते हुए अपने दूतों‌ को राम सीता के विवाह का निमंत्रण अयोध्या नरेश महाराज दशरथ के पास भेज कर बारात लाने का निवेदन करते हैं। महाराज दशरथ महाराज जनक का निमंत्रण पाकर अयोध्या से बारात सजाकर जनकपुर के लिए प्रस्थान करते हैं। जनकपुर में राजा जनक ने बारातियों का स्वागत किया और धूमधाम के साथ सीता और राम का विवाह संपन्न हुआ। जनकपुर वासियो द्वारा सीताराम विवाह से संबंधित मांगलिक गीत प्रस्तुत किया गया।
    इस मौके पर कमेटी के कार्यवाहक अध्यक्ष विनय कुमार सिंह, मंत्री ओमप्रकाश तिवारी, उप मंत्री लव कुमार त्रिवेदी, मेला प्रबंधक मनोज कुमार तिवारी, उपमेला प्रबंधक मयंक तिवारी, कोषाध्यक्ष रोहित कुमार अग्रवाल, कुश कुमार त्रिवेदी, राजकुमार शर्मा, राम सिंह यादव, पं0कृष्ण बिहारी त्रिवेदी उपस्थित रहे।

  • अंतर्राष्ट्रीय वृद्ध दिवस पर चलाया गया स्वच्छता अभियान

    अंतर्राष्ट्रीय वृद्ध दिवस पर चलाया गया स्वच्छता अभियान

    गाजीपुर।नेहरू युवा केंद्र गाज़ीपुर माय भारत के अंतर्गत पूर्वांचल सोशल डेवलपमेंट सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में स्वच्छता ही सेवा एवं सेवा से सीखे कार्यक्रम अंतर्गत अंतर्राष्ट्रीय वृद्ध दिवस के अवसर पर लंगरपुर में वृद्ध आश्रम केंद्र पर स्वच्छता अभियान चलाया गया ।

    स्वच्छता अभियान में भाग लेते हुए ए डी जे विजय कुमार ने कहा कि स्वच्छता न केवल एक आवश्यकता है बल्कि यह एक आदत भी बननी चाहिए। अपने घर और आसपास की सफाई करके हम एक स्वस्थ राष्ट्र के निर्माण में अपना योगदान दे सकते हैं। प्लास्टिक के कम उपयोग के बारे में जागरूकता फैलानी चाहिए । राजन श्रीवास्तव सी डी सी ने कहा कि पृथ्वी हमारा घर है जो हमें जीने के लिए भोजन, पानी, एवं हवा आदि के रूप में अनेक चीजे प्रदान करती हैं । हमें इसकी सफाई की नैतिक जिम्मेदारी लेनी चाहिए। नेहरू युवा केंद्र के उपनिदेशक कपिल देव ने बताया कि यह अभियान 17 सितंबर से प्रारंभ होकर तथा महात्मा गांधी के जन्म दिवस 2 अक्टूबर तक चलेगा। युवा मंडलों में जागरूकता कार्यक्रम आगे भी चलता रहेगा। इस अवसर पर केशव चंद्र राय, राम नगीना यादव जिला समाज कल्याण अधिकारी, गौरव कुमार जिला अस्पताल एवं उनकी टीम, संगीता कुमारी, सरिता देवी, डॉ अभिनव सिंह, अच्छेलाल कुशवाहा रेड क्रॉस सोसाइटी  अंगद ,रामाधार, पारस,अभिमन्यु सहित युवा मंडल के कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे । सभी के प्रति नेहरू युवा  केंद्र के लेखा एवं कार्यक्रम सहायक सुभाष चंद्र प्रसाद ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

  • त्यौहार को लेकर डीएम-एसपी ने की बैठक,की अपील

    त्यौहार को लेकर डीएम-एसपी ने की बैठक,की अपील

    गाजीपुर। आगामी त्यौहार नवरात्रि, दशहरा दिपावली एवं छठ पूजा के मद्दे नजर रखते हुए जनपद में साम्प्रदायिक सौहार्द एवं शान्ति व्यवस्था बनाए रखने हेतु सेन्ट्रल पीस कमेटी की बैठक जिलाधिकारी आर्यका अखौरी  एवं पुलिस अधीक्षक ईरज राजा की अध्यक्षता में पुलिस लाईन सभागार में सभी धर्मगुरुओं एवं संभ्रान्त नागरिको के साथ बैठक सम्पन्न हुई।
    जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने बैठक में आए सभी धर्मों के सम्मानित नागरिकों को साधुवाद देते हुए कहा कि आप सभी लोग अपने-अपने समाजिक दायित्वों का निर्वहन करने के लिए इस बैठक में उपस्थित हुए इसके लिए आप सभी का बहुत-बहुत धन्यवाद। उन्होने सभी उपस्थित सम्भ्रान्त नागरिकों का आह्वाहन करते हुए अपील की है कि जिस प्रकार विगत वर्षों में सभी धर्मों के लोग आपसी भाई चारे से सभी त्यौहार मे मिल जुल कर मनाते रहे है, आगे भी उसी तरह से गंगा जमुनी तहजीब को कायम रखते हुए इसका अक्षरशः पालन करेंगे। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी धर्मों के त्यौहारों का एक ही मकसद होता है कि दूसरों की भावनाओं को आहत किए बिना हर्षोंल्लास के साथ त्यौहार मनाए। उन्होने जनपद वासियों का आह्वाहन करते हुए अपील की कि किसी भी प्रकार की भ्रामक खबरों को प्रसारित करने से बचे और कोई भी इस प्रकार भ्रामक सूचना यदि उन्हे प्राप्त होती है तो उसकी सूचना तत्काल जिला प्रशासन को दे, ताकि उस सूचना की जॉच करते हुए उसका निस्तारण समयान्तर्गत कराया जा सके। जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में दुर्गा पूजा पंडाल निर्धारित स्थलो पर ही स्थापित किए जाए। इस हेतु पण्डाल समिति अपने-अपने आंतरिक व्यवस्थाए पूर्व मे सुनिश्चित कर ले तथा जिन्होने परमीशन न लिया हो वे लिखित रूप से संबंधित अधिकारी से परमीशन लेकर दिए गए शर्ताे का पालन अवश्य करेगे।पंडाल के सजावट के दौरान अत्यन्त ज्वलनशील वस्तुओ का प्रयोग न किया जाए न ही पंडाल किसी हाईटेशन तार के निचे बनाया जाए।पंडाल मे प्रवेश व निकास द्वारा उचित स्थान रहे। सड़क पर पंडाल न लगाया  जाए,जिससे आने जाने वाले राहगीरों को परेशानी हो।पंडाल में रेत, पानी, सीसीटीवी कैमरा की व्यवस्था अवश्य रहे। इसके लिए उन्होंने संबंधित अधिकारी को पूर्व में निरीक्षण कर आश्वस्त होने निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा पंडाल के नाम पर कोई भी अन्य नया कार्य न हो,पंडाल मे अश्लील गाने कदापि न बजे न ही आर्केस्ट्रा का आयोजन हो।पंडाल स्थल पर महिला एव पुरूषो के लिए अलग-अलग लाइन लगाई जाए। उन्होने बताया कि शासन द्वारा स्पष्ट निर्देश दिए गए है कि त्यौहारों को पारम्परिक ढंग से मनाया जाए और किसी भी प्रकार की नई परम्परा का आरम्भ न की जाए। उन्होने सभी नगर पालिका एवं नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि त्यौहार के समय अपने-अपने क्षेत्रों में पानी, बिजली और साफ सफाई की व्यवस्था मुकम्मल रखें। विद्युत विभाग के अधिकारी को जर्जर तार, खम्भे, विद्युत आपूर्ति को सही कराने तथा विसर्जन के दौरान रास्तो पर विशेष रूप से मौके का निरीक्षण कर ढीले एव लटके हुए जर्जर तारो को प्राथमिकता के तौर पर सही कराने का निर्देश दिया। त्यौहारो के समय अनावश्यक विद्युत बाधित न हो।

    पुलिस अधीक्षक ईरज राजा ने बैठक को संबोधित करते हुए बताया कि जनपद में सभी स्थानों पर पुलिस की व्यवस्था चाक चौबन्द रहेगी।सभी चौराहों पर पिकेट के माध्यम से निगरानी रखी जा रही है। पुलिस की टीम जनपद में भाई चारा, साम्प्रदायिक सौहार्द एवं शान्ति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होने अपील करते हुए कहा किसी भी भ्रामक खबरो पर ध्यान न दे, नही किसी भी सोशल साईट पर आने वाले भ्रामक खबरो व फोटो को पोस्ट  करे, अन्यथा संबंधित के खिलाफ ही कार्यवाही सुनिश्चित की जायेगी। जनपद में महिला के सम्मान एव सुरक्षा हेतु एण्टी रोमियो स्क्वायर्ड टीम सक्रिय रहेगी।विभिन्न पंडालों पर महिला सुरक्षा कर्मियो की भी तैनाती की जाएगी।पंडालो एवं अन्य स्थानो पर शस्त्रो का प्रदर्शन पूर्णतया वर्जित रहेगा।  उन्होने कहा कि पुलिस की अराजक तत्वो पर पैनी नजर रहेगी तथा इस तरह के शोहदो पर कठोर कार्यवाही की जायेगी। उन्होने समस्त संबंधित क्षेत्राधिकारियों एवं थाना/चौकी प्रभारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि अपने-अपने क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों एवं पीस कमेटी के सदस्यों से समन्वय स्थापित करते हुए जनपद में भाई चारा, साम्प्रदायिक सौहार्द एवं शान्ति व्यवस्था बनाए रखें।
    बैठक में अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 दिनेश कुमार , अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण/शहरी, समस्त उपजिलाधिकारी, समस्त क्षेत्राधिकारी, समस्त थानाप्रभारी, समस्त संबंधित अधिकारीगण, समस्त अधिशासी अधिकारी नगर पालिका/नगर पंचायत सहित गणमान्य नगारिक एवं धर्म गुरू, दुर्गा पूजा समिति के आयोजक उपस्थित थे।

Uttar Pradesh Fast News