-
शाह फैज स्कूल के छात्र छात्राओं का वार्षिक परीक्षाफल घोषित

गाजीपुर। सोमवार को शाह फैज विद्यालय प्रांगण में वार्षिक परीक्षाफल घोषित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विशेष प्रार्थना व दीप प्रज्ज्वलन से हुई। विद्यालय के निदेशक डॉ नदीम अधमी ने विशेष प्रार्थना की साथ ही सभी को वार्षिक परीक्षा फल की बधाई दी व भविष्य में और भी मेहनत करने की सलाह दी। उसके पश्चात् कक्षा PG से कक्षा 9 व 11 का परीक्षा परिणाम घोषित किया गया।

प्रधानाचार्य इकरामुल हक़ ने वार्षिक रिपोर्ट में बताया कि इस वर्ष कुल 2285 छात्र -छात्राएं वार्षिक परीक्षा में सम्मिलित। 199 कक्षा 12 व 231 कक्षा 10 की सी बी एस सी परीक्षा में सम्मिलित हुए, जिनका परिणाम प्रतीक्षारत है। वार्षिक परीक्षा का परिणाम 99.5 % रहा। कक्षा PG से शुजा आरफीन एवं अफ्फान ख़ान ,कक्षा एलकेजी से मोहम्मद आरिफ़, शान्वी सिंह, ज़ैनब ख़ान व ऋषभ गौतम ,यूकेजी से सौम्य पांडेय , पंखुड़ी केडिया ,अरशान अहमद, अवनीश पाल एवं आकिफा फातिमा ब्राइट स्टार घोषित किये गए।

कक्षा 1 से 5 में निशांत राय ने 99 9 % , कक्षा 6 से 8 में स्वरित कुमार राय एवं आफ़िया शफ़क़त 97.71 व कक्षा 9 से 11 में पहल कुशवाहा ने 97.80 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी विद्यालय में कनिष्ठ व वरिष्ठ वर्ग में सर्वश्रेष्ठ बालक व बालिका की उपाधि दी गयी। कनिष्ठ वर्ग से कक्षा 5 के निशांत राय व ज़ैनब अमानी व वरिष्ठ वर्ग से कक्षा 8 के स्वरित कुमार राय व कक्षा 9 से जुनैरा मसूद को क्रमशः सर्वश्रेष्ठ बालक व सर्वश्रेष्ठ बालिका की उपाधि दी गयी।

विद्यालय की निदेशिका डॉ मीना अधमी ने भी सभी छात्र-छात्राओं को वार्षिक परीक्षा फल की बधाई दी व अपने माता-पिता व गुरुजनों को धन्यवाद देने को कहा क्योंकि यही वो लोग हैं जिनकी सहायता के बिना कुछ भी संभव नहीं हो सकता। उन्होंने यह भी कहा कि हमें सीखना कभी नहीं बंद करना चाहिए। विद्यालय की मैनेजर मैडम अतिआ अधमी ने भी सभी को वार्षिक परीक्षाफल की शुभकामनायें दीं।


इस कार्यक्रम में सभी छात्र छात्राएं, निदेशक डॉ नदीम अधमी , निदेशिका डॉ मीना अधमी, वित्तीय एवं शैक्षणिक सलाहकार शमा अधमी, प्रधानाचार्य इकरामुल हक़, उप प्रधानाचार्य (शैक्षणिक) नेहा कुरैशी, परीक्षा नियंत्रक हनीफ अहमद, मुख्यअध्यापिका चंदना श्रीवास्तव, प्री-प्राइमरी इंचार्ज प्रियंका सिंह, माधुरी पांडेय , सुनंदा एवं अन्य शैक्षणिक व गैर शैक्षणिक कर्मचारी उपस्थित थे।

कार्यक्रम की साज सज्जा नुज़हत नसीम , आमना ओबैद , सिमरन जायसवाल, अंकिता दुबे एवं उमेश ने की। कार्यक्रम में गीत की प्रस्तुति शान कुशवाहा व शगुन कुशवाहा तथा अन्य ने की जिसका संगीत श्याम कुमार शर्मा व गिरधर शर्मा ने दिया।। कार्यक्रम का सञ्चालन उप प्रधानाचार्य (शैक्षणिक) नेहा कुरैशी, मुख्याध्यापिका चंदना श्रीवास्तव एवं प्रियंका सिंह ने किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान से हुआ।



-
12 से 23 फरवरी तक होगा क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन

12 से 23 फरवरी तक होगा क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन



गाजीपुर। गाजीपुर क्रिकेट एकेडमी के तत्वाधान में 4 फरवरी को अरोरा फाउंडेशन महुआबाग में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया । गाजीपुर क्रिकेट एकेडमी के प्रेसिडेंट अभिषेक सिंह ने बताया कि यह प्रतियोगिता 12 फरवरी से 23 फरवरी तक गाजीपुर क्रिकेट एकेडमी के तत्वधान में प्रथम स्वर्गीय श्री नारायण सिंह (पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष) एवं स्वर्गीय श्री अजीत कुमार सिंह स्मारक ऑल इंडिया कैश मनी क्रिकेट (G 20-20) प्रतियोगिता का आयोजन होना है। इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न स्थानों की कुल 8 टीम प्रतिभागी होंगी। जिसमें रणजी ट्रॉफी, आईपीएल, बोर्ड ट्राफी के खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे।यह आयोजन जनपद में पहली बार वृहद स्तर पर किया जा रहा है।
-
राष्ट्रपति से मिले डालिम्स सनबीम स्कूल के बच्चे

राष्ट्रपति से मिले डालिम्स सनबीम स्कूल के बच्चे

गाजीपुर। राष्ट्रपति भवन में आयोजित बाल दिवस पर नगर के डालिम्स सनबीम स्कूल के बच्चों ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की और अपने मन की जिज्ञासा को दूर किया। राष्ट्रपति से संवाद कर बच्चे काफी प्रफुल्लित हैं। राष्ट्रपति ने भी उन्हें पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद में भी हिस्सा लेने की सीख दी। इस दौरान राष्ट्रपति भवन व संसद भवन का भी भ्रमण किया। यह जिले के लिए गौरव की बात है। राष्ट्रपति भवन के सेंट्रल हाल में आयोजित बाल दिवस पर कार्यक्रम के लिए जिले के सनबीम स्कूल के बच्चों का चयन किया गया था।
स्कूल की डायरेक्टर एकता अखंड राय, शिक्षक कमलेश सिंह के साथ छात्र अभ्युदय प्रताप, निवेदिता प्रधान, आदर्श राय व सौम्या राय कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। बच्चों ने बताया कि राष्ट्रपति प्रोटोकाल तोड़कर उनके बीच आ गयीं और संवाद किया। अभ्युदय प्रताप व निवेदिता ने राष्ट्रपति से पूछा कि आपको महामहिम के पद पर आने के बाद कैसा लगा? तो उन्होंने जवाब दिया बिल्कुल, बहुत अच्छा लगा। फिर बच्चों ने सफल होने के बाद कैसा महसूस करतीं हैं। जवाब दिया सफलता का कोई अंत नहीं है। राष्ट्रपति ने सीख दी कि आप बच्चे आगे बढ़ते जाइए। आपका बचपन कैसा के सवाल पर उन्होंने कहा कि मैं भी आपकी तरह बगीचों और मिट्टी में खेला करती थीं। आज की तरह अच्छे स्कूल नहीं थे। उन्होंने बच्चों को मेहनत की सीख दी। साथ ही शिक्षकों से बच्चों को रोचक तरीके से शिक्षण कार्य कराने के साथ ही शारीरिक व मानसिक विकास के लिए खेलकूद को बढ़ावा देने पर जोर दिया। -
डीएम ने की बैठक,दिया निर्देश

गाजीपुर। जिला उद्योग बन्धु एवं स्वरोजगार बन्धु की बैठक गुरुवार को जिला पंचायत सभागार में जिलाधिकारी एम पी सिंह की अध्यक्षता मे सम्पन्न हुआ।इस बैठक में जिलाधिकारी ने मण्डी समिति दुल्लहपुर की जमीन अन्य़त्र स्थानान्तिरित किए जाने हेतु निस्तारण का निर्देश , व्यापारियो के समस्याओ के समाधान, उद्यमी वशिष्ट सिंह यादव के विद्युत बिल भुगतान प्रकरण के समाधान, औद्योगिक आस्थान नन्दगंज में सड़क , नाली , बाउण्डरीवाल निर्माण, निवेश मित्र पोर्टल, प्रधानमंत्री/मुख्यमंत्री रोजगार/युवा स्वरोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद,पी एम सृजन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार, आजीविका मिशन,पी एम स्वनिधि योजना एवं अन्य बिन्दूओ पर समीक्षा कर उद्यमियो के समस्याओ पर चर्चा की गयी तथा सम्बन्धित अधिकारियों को शिकायतो के निस्तारण का निर्देश दिया ।उद्यमी एस के दूबे ने सुखदेवपुर चौराहे से गाजीपुर घाट तक के 800 मीटर मार्ग जो बिल्कुल क्षतिग्रस्त है को सही कराने का अनुरोध एंव व्यापार मण्डल के विजय शंकर वर्मा ने रौजा से एम ए एच इण्टर कालेज तक जर्जर के बारे मे अवगत कराया । जिस पर जिलाधिकारी ने समन्धित अधिकारी को स्थलीय निरीक्षण करते हुए कार्यवाही का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी उधोगों के विकास में बैंको से अधिकाधिक सहयोग प्राप्त किये जाने के सम्बन्ध मे जिला अग्रणी प्रबंधक से अपेक्षा की। उद्यामियों के शिकायतो को सम्बन्धित अधिकारियों को समय से निस्तारण का निर्देश दिया। इस अवसर पर उघमी बशिष्ठ सिंह यादव, ए0के0दुबे अध्यक्ष ईट भठ्ठा एसोसिएशन एवं अन्य उद्यमी एंव व्यापार मण्डल के पदाधिकारी उपस्थित थे।
-
आयुष्मान भव कार्यक्रम का सीएमओ ने किया भौतिक सत्यापन

आयुष्मान भव कार्यक्रम का मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने किया भौतिक सत्यापन
गाजीपुर।पूरे जनपद में स्वास्थ्य विभाग की तरफ से आयुष्मान भव कार्यक्रम के तहत समस्त हेल्थ बैलेंस सेंटर पर स्वास्थ्य मेले के साथ ही अन्य कई तरह के कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। जिसका शनिवार को भौतिक सत्यापन करने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ देश दीपक पाल के द्वारा कई स्वास्थ्य केंद्रों पर पहुंचकर यथा स्थिति जानने का काम किया।

शनिवार को हेल्थ वेलनेस सेंटर मेदिनीपुर पहुंचे जहां पर प्रिया राय के द्वारा कुल 55 मरीज का इलाज किया गया था। इसके पश्चात हेल्थ बैलेंस सेंटर सुहवल पूर्वी पहुंचे जो बंद पाया गया। हेल्थ बैलेंस सेंटर डेढ़गावा पर तैनात सीएचओ कमलेश कुमार के द्वारा 42 मरीज का उपचार किया गया था। हेल्थ वेलनेस सेंटर भीष्म देव राय पट्टी बंद पाया गया। वहां पर कार्यरत सीएचओ को मुख्य चिकित्सा अधिकारी के द्वारा नोटिस दिया गया। हेल्थ बैलेंस सेंटर उतरौली पर सीएचओ तेजपाल सैनी के द्वारा 48 मरीज का उपचार किया गया था।

इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने समस्त सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी संविदा को निर्देशित किया कि वह अपने हेल्थ बैलेंस सेंटर पर निर्धारित समय पर उपस्थित होकर शासन द्वारा सेवाएं आम जन को देना सुनिश्चित करें। यदि इसमें कोई शिथिलता बरतता है तो वह क्षम्य नही होगा।

बताते चले कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर देशभर में कई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया था। इस मौके पर सरकार देश के लोगों को स्वास्थ सेवाओं का तोहफा दिया । 17 सितंबर से आयुष्मान भव: कैंपेन की शुरुआत हुई। इस कैंपेन के तहत आम लोगों को स्वास्थ्य समस्याओं के प्रति जागरुक करने और सरकारी योजनाओं के बारे में बताया जाना है।
-
एक घंटे की बारिश से शहर का कई इलाका हुआ जलमग्न



गाजीपुर। शनिवार को पूरे जिले में तेज हवा के साथ जमकर बारिश हुई। एक घंटे की बारिश में शहर के बाजारों व मुख्य मार्गों पर जलभराव होने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। लेकिन बारिश होने से लोगों को भीषण गर्मी व उमस से काफी राहत भी मिली। शनिवार को सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए थे, लेकिन लोगों को गर्मी व उमस से राहत नहीं मिल पा रही थी। दोपहर में आसमान में काले बादल छा गए। देखते ही देखते बादलों ने बरसना शुरू कर दिया। एक घंटे तक जमकर बारिश हुई।


शहर में नगर पालिका के नाले व नालियों की सफाई के दावों की पोल भी खुलकर सामने आई। शहर के मिश्र बाजार, महुआबाग, लालदरवाजा, कचहरी, विकासभवन चौराहा समेत अनेक स्थानों पर पानी भर गया। जलभराव होने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। करीब एक घंटे बाद शहर से पानी उतरने पर लोगों का आवागमन शुरू हो सका। खबर लिखे जाने तक शहर के कई हिस्सों में अभी भी बारिश का पानी भरा हुआ है।

-
एडीएम ने किया आहरण वितरण अधिकारियों के साथ बैठक


गाजीपुर। शुक्रवार को अपराह्न 4 बजे जिलाधिकारी के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०) अरूण कुमार सिंह की अध्यक्षता में जनपद के उत्तरदायी सभी विभागों/कार्यालयों से संबंधित आहरण वितरण अधिकारियों के साथ कलेक्ट्रेट सभागार राइफल क्लब में एक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन राज्य कर विभाग द्वारा आयोजित किया गया। उक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम में सुनील कुमार, उपायुक्त राज्य कर गाजीपुर द्वारा प्रशिक्षण देते हुए बताया गया कि जनपद के समस्त आहरण वितरण अधिकारियों के साथ ही विकास खण्ड एवं ग्राम पंचायत स्तर तक टी०डी०एस० की कटौती हेतु राज्य कर विभाग में ऑनलाईन प्रक्रिया से पंजीयन लेना अनिवार्य है। यह भी बताया गया कि समस्त आहरण वितरण अधिकारियों को ढाई लाख से अधिक के करयोग्य भुगतान पर 1 प्रतिशत सी0जी0एस0टी0 एवं 1 प्रतिशत एस0जी0एस0टी0 अथवा अंतर्प्रान्तीय भुगतान की दशा में 2 प्रतिशत आई0जी0एस0टी की टी०डी०एस० कटौती किया जाना है। उक्त कटौती के उपरांत कटौती का विवरण प्रत्येक माह की 10 तारीख तक GSTR&7 रिटर्न के रूप में दाखिल किया जाना है तथा काटे गये टी०डी०एस० के संबंध में संबंधित डिडक्टी को 5 दिन के अन्दर टी०डी०एस० प्रमाण पत्र GSTR&7 A प्राप्त कराना है। निर्धारित अवधि के अंतर्गत रिटर्न दाखिल न करने अथवा टी०डी०एस० प्रमाण पत्र प्राप्त न कराने की दशा में विलम्ब फीस 25 रूपए प्रतिदिन अधिकतम 1000 हजार तथा ब्याज 18 प्रतिशत की दर से देय होगा तथा टी०डी०एस० कटौती का दायित्व होते हुए भी टी०डी०एस० कटौती न किये जाने अथवा कम दर से कटौती किये जाने की दशा मे सुसंगत प्रावधानों के अधीन अर्थदण्ड की भी कार्यवाही सम्पादित की जा सकती है जो कि 10,000 से 50,000 हजार तक हो सकती है।

उक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम में राज्य कर विभाग गजीपुर के अन्य अधिकारी राजेश ओझा (आहरण वितरण अधिकारी राज्य कर गाजीपुर), प्रभात कुमार सिंह सहायक आयुक्त राज्य कर, डा० सतीश कुमार सिंह सहायक आयुक्त राज्य कर, दीपक सिंह, अतुल यादव राज्य कर अधिकारी एवं विभिन्न विभागों के लगभग 40 आहरण वितरण अधिकारियों द्वारा प्रतिभाग किया गया।
-
डीएम ने की जनपदवासियों से अपील

गाजीपुर। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने जनपद से समस्त जनपदवासियों से अपील किया है कि स्वच्छता ही सेवा-कचरा मुक्त भारत अभियान 15 सितम्बर से 2 अक्टूबर 2023 के मध्य जनपद में संचालित है। इस अभियान के दौरान महात्मा गांधी जयंती के एक दिन पूर्व 1 अक्टूबर 2023 को प्रधानमंत्री के आवाहन पर भारत सरकार द्वारा प्रातः 10 बजे से 11 बजे तक एक घंटे का सार्वजनिक श्रमदान अभियान आहूत करने के निर्देश दिये गये है। “एक तारीख एक घंटा की थीम का उक्त श्रमदान अभियान सभी नागरिकों के सामूहिक प्रयास से ही सफल हो सकता है। यह अभियान जनपद की सभी 1238 ग्राम पंचायतों में (प्रत्येक पंचायत में एक स्थान) तथा सभी 7 नगरीय निकायों में (प्रत्येक निकाय के प्रत्येक वार्ड में एक स्थान पर) 1 अक्टूबर 2023 को प्रातः 10 बजे से 11 बजे तक चलाया जाएगा। इस एक घंटे में चिन्हित स्थान पर सभी के द्वारा सामूहिक रूप से वृहद सफाई इस प्रकार से की जाएगी कि सफाई के बाद उक्त स्थान पर स्वच्छता स्पष्ट रूप से परिलक्षित हो। यह कार्यक्रम पूर्ण रूप से प्लास्टिक मुक्त होगा और प्रतिभागियों से अपेक्षा है कि वह उचित परिधान में आए और यथा सम्भव पीने का पानी भी साथ ले आयें। मैं आप सभी से अपील करता हूं कि सामूहिक श्रमदान आधारित इस वृहद सफाई अभियान में अपनी सुविधा अनुसार चयनित स्थान पर प्रतिभाग करने का कष्ट करें। चयनित स्थानों की सूची https://swachhtahiseva.com पर उपलब्ध है। जिला सूचना अधिकारी राकेश कुमार ने समस्त प्रिन्ट मीडिया एवं इलेक्ट्रानिक मीडिया से अनुरोध किया है कि 1 अक्टूबर, 2023 को प्रधानमंत्री के आवाहन पर प्रातः 10 बजे से 11 बजे तक एक घंटे सार्वजनिक श्रमदान अभियान का जनपद स्तर पर व्यापक प्रचार प्रसार किया जाना है।
-
शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में कैंप लगाकर बनाया जाएगा आयुष्मान कार्ड

गाजीपुर। प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना एवं मुख्यमंत्री जन आरोग्य अभियान के तहत वह सभी परिवार जिनके पास आयुष्मान कार्ड है उन्हें प्रतिवर्ष प्रति 5 लाख तक की निःशुल्क उपचार की सुविधा सरकार के द्वारा दी जा रही है। इस योजना के लाभ से गरीब लोगों के लिए आयुष्मान कार्ड वरदान साबित हो रहा है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा.देश दीपक पाल ने बताया कि आयुष्मान आपके द्वार 3.0 के तहत 17 सितंबर से 2 अक्टूबर, 2023 तक किया जा रहा है। 2 अक्टूबर, 2023 को विशेष सेवा पखवाड़ा का आयोजन किया जायेगा, जिसमें अभियान के पॉच प्रमुख घटक है जो सेवा पखवाड़ा, आयुष्मान आपके द्वारा 3.0, आयुष्मान मेला, आयुष्मान सभा एवं आयुष्मान ग्राम पंचायत/आयुष्मान नगरीय वार्ड द्वारा किया जाना है। सेवा पखवाड़ा के तीन अंग है जो स्वस्थ भारत अभियान, रक्तदान, महादान, अंगदान शपथ है। आयुष्मान भवः कार्यक्रम के तहत सरकार द्वारा आयुष्मान कार्ड बनाने की प्रक्रिया को बेहतर और सुगम बनाने के लिए पूर्व में जिनके परिवार के एक दो सदस्यों का आयुष्मान कार्ड बन चुका है। बाकी छूटे हुए लाभार्थियों का आयुष्मान कार्ड नहीं बना है उन परिवारों को चिन्हित करते हुए प्रमुखता से उन सदस्यों के भी आयुष्मान कार्ड बनवाए जाएंगे। साथ ही अब इस बार पात्र गृहस्थी राशन कार्ड धारक परिवारों में 6 या 6 से अधिक सदस्य हैं अब उन लोगों का भी उपलब्ध डाटा अनुसार प्रमुखता से अब आयुष्मान कार्ड बनाया जाएगा। जिससे ज्यादा से ज्यादा परिवारों को आयुष्मान कार्ड द्वारा इस योजना का लाभ मिले व लाभार्थी परिवारों के सदस्यों को पीवीसी (पॉली विनाइल कार्ड) आयुष्मान कार्ड भी उपलब्ध कराए जाएंगे। इसलिए जो लाभार्थी अभी तक आयुष्मान कार्ड नहीं बनवा पाए हैं व पात्र गृहस्थी राशन कार्ड धारक परिवार जिनके परिवार में 6 या अधिक सदस्य हैं उनके परिवार के सदस्यों के भी आयुष्मान कार्ड बनवाए जाएंगे। उन्होंने बताया पात्र गृहस्थी राशन कार्ड धारक अपने क्षेत्र की आशा और आंगनबाड़ी से संपर्क कर जानकारी लें और अपना आयुष्मान कार्ड अवश्य बनवाएं। शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में लगेंगे विशेष कैंप के माध्यम से जनपद में आयुष्मान कार्ड बनाया जायेगा। इसी क्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ देश दीपक पाल ने बताया कि आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष कैंप लगाए जाएंगे जिसमें सहयोगी विभागों की सहायता से जिले में अधिक से अधिक लोगों का आयुष्मान कार्ड बनाया जा सके। आयुष्मान आपके द्वार 3.0 को प्रभावी रूप से क्रियान्वयन करने के लिए सामाजिक कार्यकर्ताओं, स्वयंसेवियों और सहयोगी एजेंसियों के साथ आशा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, पंचायत सहायकों का सहयोग लिया जाएगा। और विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से जन-जन तक महत्वपूर्ण सूचनाओं को पहुंचाया जाएगा जिससे लोग आयुष्मान कार्ड बनवाने के संदर्भ में सही जानकारी जान प्राप्त कर सकें।
-
राजनीतिक दलों के साथ एडीएम ने किया बैठक, दी जानकारी


गाजीपुर। अपर जिलाधिकारी /उप जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में शुक्रवार को अपराहन 3.30 बजे राइफल क्लब में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के साथ बैठक आयोजित की गई, जिसमें अपर जिलाधिकारी/उप जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा सभी राजनीतिक दलों को अवगत कराया गया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विधानसभा निर्वाचन नामावलियों का आलेख प्रकाशन जो 17.10.2023 को निर्धारित था वह भारत निर्वाचन आयोग द्वारा संशोधित कार्यक्रम के अनुसार 27.10.2023 को अलेख्य प्रकाशन किया जाएगा। मतदेय स्थलों के संभाजन के संबंध में यह भी अवगत कराया गया कि शहरी क्षेत्र में मतदाताओं की उदासीनता को कम करने एवं मतदान प्रतिशत में वृद्धि के दृष्टिगत शहरी क्षेत्र में जहां ग्रुप हाउसिंग सोसायटी तथा बहुमंजलि भवन बन गए हैं उन क्षेत्रों के अंतर्गत मतदेय स्थल बनाए जाने हेतु अवगत कराया गया साथ ही साथ यह भी अवगत कराया गया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 5.10.2023 को ईवीएम मशीनों का एफएलसी का कार्यक्रम प्रारंभ होगा। इसके अतिरिक्त सभी राजनीतिक दलों सेे यह भी पूछा गया कि आप लोगों को फार्म 9, 10, 11 प्राप्त हो गया है कि नहीं। सभी राजनीति दलों ने यह कहा कि हम लोगों को 9, 10, 11 की हार्ड एवं सॉफ्ट कॉपी प्राप्त हो गई है। अंत में सभी राजनीतिक दलों का धन्यवाद के साथ बैठक की कार्रवाई समाप्त की गई।

-
अगली बैठक में आधार की प्रगति बढ़ी होनी चाहिए: एडीएम


गाजीपुर। आधार सीडिंग की बैठक शुक्रवार को रायफल क्लब सभागार में अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) की अध्यक्षता में सम्पन्न हुयी। बैठक में उन्होने अनुश्रवण समिति के सदस्यों को प्रगति बढ़ाने हेतु कड़े निर्देश दिये, जिसमें बेसिक शिक्षा, बाल विकास एवं स्वास्थ्य विभाग को विशेष रूप से बच्चों के आधार बनाने की प्रगति में सुधार हेतु निर्देशित किया। उन्होने निर्देशित किया कि आगामी बैठक में आधार आपरेशन की प्रगति बढ़ी हुई होनी चाहिए।

-
बाल विवाह शारीरिक एवं मानसिक अभिशाप है


गाजीपुर। जनपद बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना अंतर्गत कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय सदर में पेंटिंग प्रतियोगिता, मेहंदी प्रतियोगिता एवं रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसके साथ ही किशोरी एनीमिया से बचाव तथा बाल विवाह एवं बाल शोषण जैसे विषयों पर महिला कल्याण विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा जागरूकता कार्यक्रम किया गया। प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर रही बच्चियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार भी दिया गया। जिला प्रोवेशन अधिकारी संजय कुमार सोनी के निर्देशानुसार महिला कल्याण अधिकारी नेहा राय के द्वारा कार्यक्रम आयोजित किया गया। नेहा राय द्वारा बालिकाओं की सुरक्षा एवं बाल अधिकारों पर जागरूक किया एवं बाल विवाह के दुष्परिणामों पर बालिकाओं को जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि 18 वर्ष से पूर्व अवस्था में बालक बालिकाओं का विवाह किये जाने से न केवल उनका बचपन प्रभावित होता है, बल्कि पूरे देश के आगामी विकास में व्यवधान उत्पन्न होता है। क्योंकि आज की बालिका ही कल के भविष्य को जन्म देती है। बालविवाह बालिकाओं के शारीरिक एवं मानसिक विकास में बहुत बड़ा अभिशाप सिद्ध होता हैं।

बालिकाओं के जीवन में शिक्षा का महत्व बताते हुए कहा कि यदि हम शिक्षित होंगे तो हम शोषित नहीं हो सकते। हम अपने अधिकारों के लिए जागरूक हों तो कोई हमारे अधिकारों का हनन नहीं कर सकता। महिला कल्याण विभाग उत्तर प्रदेश की समस्त योजनाओं के विषय में बताते हुए कहा कि विभाग द्वारा अनेक योजनाएं संचालित की जा रही है, जिसमें मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना में बेटी के जन्म से लेकर स्नातक के पढ़ाई के लिए सरकार 15000 की धनराशि अलग अलग श्रेणियों में दी जाती है। जिला समन्वयक लक्ष्मी मौर्य द्वारा पात्र छात्राओं को कन्या सुमंगला योजना के विषय में विस्तार पूर्वक जानकारी दी गई, जो भी पात्र छात्राएं जिन्होंने कक्षा प्रथम, कक्षा 6 व कक्षा 9 में प्रवेश लिया है। इस योजना में किसी भी जन सुविधा केंद्र पर जाकर आवेदन कराए। कक्षा प्रथम की छात्राओं को श्रेणी 3 में आवेदन कराना है। कक्षा 6 की छात्राओं को श्रेणी 4 में आवेदन कराना है तथा कक्षा 9 की छात्राओं को श्रेणी 5 में आवेदन कराना है। आवेदन कराते समय खाता संख्या कि अच्छे से जांच कर ले एवं आवेदन सही श्रेणी में ही कराएं। अन्यथा आवेदन निरस्त हो जाता है। कार्यक्रम में महिला कल्याण अधिकारी डॉ अभिषेक यादव एवं कस्तूरबा विद्यालय की समस्त स्टाफ गढ़ मौजूद रहे।
-
नातिया मुकाबला जितने वाली अंजुमन को मिला ईनाम


गाजीपुर। बाराबाफात के मौके पर शहर के मुफ़्तीपुरी इलाके में जश्ने मिलादुनवी कार्यक्रम जोशो खरोश के साथ मनाया गया।इस कार्यक्रम के तहत नातिया मुकाबला का आयोजन किया गया। नातिया मुकाबले में गाजीपुर समेत आसपास के जिले की करीब 1 दर्जन अंजुमनों ने हिस्सेदारी की।इस कार्यक्रम का इंतजाम अंजुमन मिदहते साहबान रसूल की ओर से किया गया। कार्यक्रम के दौरान मौजूद लोगों में उत्साह नजर आया। नातिया मुकाबला जितने वाली अंजुमन को कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सपा नेता आमिर अली और विशिष्ट अतिथि मोहम्मद फारूक ने ईनाम प्रदान किये।इस मौके पर तहसीन अहमद, समीर सिंह, परवेज अहमद, मो.साजिद, आशिक जमाल, मो.आसिफ, जुम्मन, एहसान, औरंगजेब, यासीन, आस मोहम्मद, सरफराज कार्यक्रम में सक्रिय भूमिका निभाई।


-
शासन के निर्देश पर शुरू हुआ 102 और 108 एंबुलेंस की जांच

गाजीपुर। आम जन को स्वास्थ सुविधा निशुल्क उपलब्ध कराने के उद्देश से यूपी सरकार के द्वारा चलाई गई 102 और 108 एंबुलेंस का औचक निरिक्षण 28 सितंबर से 30 सितंबर तक कीए जाने का शासन का निर्देश है। जिसके क्रम में सदर ब्लॉक प्रभारी दीपक राय के द्वारा शुक्रवार को कई एंबुलेंस का निरीक्षण व जांच किया गया। इस दौरान एंबुलेंस के अंदर रखे गए सभी उपकरण एवं रजिस्टर की जांच की गई जो सही पाए गए।
सदर ब्लॉक प्रभारी दीपक राय ने बताया कि शासन से मिले निर्देश के क्रम में 102 और 108 एंबुलेंस जो आम जन की सुविधा के लिए चल रहे हैं। इस एंबुलेंस के अंदर रखे गए उपकरण और रजिस्टर कितना कारगर है इसका सत्यापन करने का निर्देश दिया गया था। जिसके क्रम में उन्होंने आज उनके द्वारा कई एंबुलेंस का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान एंबुलेंस के अंदर रखे हुए उपकरण और रजिस्टर सही पाए गए। उन्होंने बताया कि जनपद में 102 एंबुलेंस की संख्या 42 और 108 एंबुलेंस की संख्या 37 है। जिसमें से अब तक 45 एंबुलेंस का निरीक्षण संपन्न हो चुका है। इस अवसर पर सभी जिला प्रभारी एवं कार्यक्रम प्रबंधक मौजूद रहे।





