Home

  • शाह फैज स्कूल के छात्र छात्राओं का वार्षिक परीक्षाफल घोषित

    शाह फैज स्कूल के छात्र छात्राओं का वार्षिक परीक्षाफल घोषित

    गाजीपुर। सोमवार को शाह फैज विद्यालय प्रांगण में वार्षिक परीक्षाफल घोषित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विशेष प्रार्थना व दीप प्रज्ज्वलन से हुई। विद्यालय के निदेशक डॉ नदीम अधमी ने विशेष प्रार्थना की साथ ही सभी को वार्षिक परीक्षा फल की बधाई दी व भविष्य में और भी मेहनत करने की सलाह दी।  उसके पश्चात् कक्षा PG  से कक्षा 9 व 11 का परीक्षा परिणाम घोषित किया गया।

    प्रधानाचार्य इकरामुल हक़ ने वार्षिक रिपोर्ट में बताया कि इस वर्ष कुल 2285 छात्र -छात्राएं वार्षिक परीक्षा में सम्मिलित। 199 कक्षा 12 व 231 कक्षा 10 की सी बी एस सी परीक्षा में सम्मिलित हुए, जिनका परिणाम प्रतीक्षारत है। वार्षिक परीक्षा का परिणाम 99.5 % रहा। कक्षा PG से शुजा आरफीन एवं अफ्फान ख़ान ,कक्षा एलकेजी से मोहम्मद आरिफ़, शान्वी सिंह, ज़ैनब ख़ान व ऋषभ गौतम ,यूकेजी से सौम्य पांडेय , पंखुड़ी केडिया ,अरशान अहमद, अवनीश पाल एवं आकिफा फातिमा ब्राइट स्टार घोषित किये गए। 

    कक्षा 1 से 5 में  निशांत राय  ने 99  9 % , कक्षा 6 से 8 में स्वरित कुमार राय एवं आफ़िया शफ़क़त 97.71 व  कक्षा 9 से 11 में पहल कुशवाहा ने 97.80 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया।  प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी विद्यालय में कनिष्ठ व वरिष्ठ वर्ग में सर्वश्रेष्ठ बालक व बालिका की उपाधि दी गयी। कनिष्ठ वर्ग से कक्षा 5 के निशांत राय व ज़ैनब अमानी व वरिष्ठ वर्ग से कक्षा 8 के स्वरित कुमार  राय  व कक्षा 9 से जुनैरा मसूद को  क्रमशः सर्वश्रेष्ठ बालक व सर्वश्रेष्ठ बालिका की उपाधि दी गयी।

    विद्यालय की निदेशिका डॉ मीना अधमी ने भी सभी छात्र-छात्राओं को वार्षिक परीक्षा फल की बधाई दी व अपने माता-पिता व गुरुजनों को धन्यवाद देने को कहा क्योंकि यही वो लोग हैं जिनकी सहायता के बिना कुछ भी संभव नहीं हो सकता। उन्होंने यह भी कहा कि हमें सीखना कभी नहीं बंद करना चाहिए। विद्यालय की मैनेजर मैडम अतिआ अधमी ने भी सभी को वार्षिक परीक्षाफल की शुभकामनायें दीं। 

    इस कार्यक्रम में सभी छात्र छात्राएं, निदेशक डॉ नदीम अधमी , निदेशिका डॉ मीना अधमी, वित्तीय एवं शैक्षणिक सलाहकार शमा अधमी, प्रधानाचार्य इकरामुल हक़, उप प्रधानाचार्य (शैक्षणिक) नेहा कुरैशी, परीक्षा नियंत्रक हनीफ अहमद, मुख्यअध्यापिका चंदना श्रीवास्तव, प्री-प्राइमरी इंचार्ज प्रियंका सिंह, माधुरी पांडेय , सुनंदा एवं अन्य शैक्षणिक व गैर शैक्षणिक कर्मचारी उपस्थित थे।

    कार्यक्रम की साज सज्जा नुज़हत नसीम , आमना ओबैद , सिमरन जायसवाल, अंकिता दुबे एवं उमेश ने की। कार्यक्रम में गीत की प्रस्तुति शान कुशवाहा व शगुन कुशवाहा तथा अन्य ने की जिसका संगीत श्याम कुमार शर्मा व गिरधर शर्मा ने दिया।। कार्यक्रम का सञ्चालन उप प्रधानाचार्य (शैक्षणिक) नेहा कुरैशी, मुख्याध्यापिका चंदना श्रीवास्तव एवं प्रियंका सिंह ने किया।  कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान से हुआ।

                    

  • 12 से 23 फरवरी तक होगा क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन

    12 से 23 फरवरी तक होगा क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन

    12 से 23 फरवरी तक होगा क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन

    गाजीपुर। गाजीपुर क्रिकेट एकेडमी के तत्वाधान में 4 फरवरी को अरोरा फाउंडेशन महुआबाग में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया । गाजीपुर क्रिकेट एकेडमी के प्रेसिडेंट अभिषेक सिंह ने बताया कि यह प्रतियोगिता 12 फरवरी से 23 फरवरी तक गाजीपुर क्रिकेट एकेडमी के तत्वधान में प्रथम स्वर्गीय श्री नारायण सिंह (पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष) एवं स्वर्गीय श्री अजीत कुमार सिंह स्मारक ऑल इंडिया कैश मनी क्रिकेट (G 20-20) प्रतियोगिता का आयोजन होना है। इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न स्थानों की कुल 8 टीम प्रतिभागी होंगी। जिसमें रणजी ट्रॉफी, आईपीएल, बोर्ड ट्राफी के खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे।यह आयोजन जनपद में पहली बार वृहद स्तर पर किया जा रहा है।

  • राष्ट्रपति से मिले डालिम्स सनबीम स्कूल के बच्चे

    राष्ट्रपति से मिले डालिम्स सनबीम स्कूल के बच्चे

    राष्ट्रपति से मिले डालिम्स सनबीम स्कूल के बच्चे


    गाजीपुर। राष्ट्रपति भवन में आयोजित बाल दिवस पर नगर के डालिम्स सनबीम स्कूल के बच्चों ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की और अपने मन की जिज्ञासा को दूर किया। राष्ट्रपति से संवाद कर बच्चे काफी प्रफुल्लित हैं। राष्ट्रपति ने भी उन्हें पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद में भी हिस्सा लेने की सीख दी। इस दौरान राष्ट्रपति भवन व संसद भवन का भी भ्रमण किया। यह जिले के लिए गौरव की बात है। राष्ट्रपति भवन के सेंट्रल हाल में आयोजित बाल दिवस पर कार्यक्रम के लिए जिले के सनबीम स्कूल के बच्चों का चयन किया गया था।
    स्कूल की डायरेक्टर एकता अखंड राय, शिक्षक कमलेश सिंह के साथ छात्र अभ्युदय प्रताप, निवेदिता प्रधान, आदर्श राय व सौम्या राय कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। बच्चों ने बताया कि राष्ट्रपति प्रोटोकाल तोड़कर उनके बीच आ गयीं और संवाद किया। अभ्युदय प्रताप व निवेदिता ने राष्ट्रपति से पूछा कि आपको महामहिम के पद पर आने के बाद कैसा लगा? तो उन्होंने जवाब दिया बिल्कुल, बहुत अच्छा लगा। फिर बच्चों ने सफल होने के बाद कैसा महसूस करतीं हैं। जवाब दिया सफलता का कोई अंत नहीं है। राष्ट्रपति ने सीख दी कि आप बच्चे आगे बढ़ते जाइए। आपका बचपन कैसा के सवाल पर उन्होंने कहा कि मैं भी आपकी तरह बगीचों और मिट्टी में खेला करती थीं। आज की तरह अच्छे स्कूल नहीं थे। उन्होंने बच्चों को मेहनत की सीख दी। साथ ही शिक्षकों से बच्चों को रोचक तरीके से शिक्षण कार्य कराने के साथ ही शारीरिक व मानसिक विकास के लिए खेलकूद को बढ़ावा देने पर जोर दिया।

  • डीएम ने की बैठक,दिया निर्देश

    डीएम ने की बैठक,दिया निर्देश

    गाजीपुर। जिला उद्योग बन्धु एवं स्वरोजगार बन्धु की बैठक गुरुवार को जिला पंचायत सभागार में जिलाधिकारी एम पी सिंह  की अध्यक्षता मे सम्पन्न हुआ।इस बैठक में जिलाधिकारी ने मण्डी समिति दुल्लहपुर की जमीन अन्य़त्र स्थानान्तिरित किए जाने हेतु निस्तारण का निर्देश , व्यापारियो के समस्याओ के समाधान, उद्यमी वशिष्ट सिंह यादव के विद्युत बिल भुगतान प्रकरण के समाधान, औद्योगिक आस्थान नन्दगंज में सड़क , नाली , बाउण्डरीवाल निर्माण, निवेश मित्र पोर्टल, प्रधानमंत्री/मुख्यमंत्री रोजगार/युवा स्वरोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद,पी एम सृजन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार, आजीविका मिशन,पी एम स्वनिधि योजना एवं अन्य बिन्दूओ पर समीक्षा कर उद्यमियो के समस्याओ पर चर्चा की गयी तथा सम्बन्धित अधिकारियों को शिकायतो के निस्तारण का निर्देश दिया ।उद्यमी एस के दूबे ने सुखदेवपुर चौराहे से गाजीपुर घाट तक के 800 मीटर मार्ग जो बिल्कुल क्षतिग्रस्त है को सही कराने का अनुरोध एंव व्यापार मण्डल के विजय शंकर वर्मा ने रौजा से एम ए एच इण्टर कालेज तक जर्जर के बारे मे अवगत कराया । जिस पर जिलाधिकारी ने समन्धित अधिकारी को स्थलीय निरीक्षण करते हुए कार्यवाही का निर्देश दिया।
    जिलाधिकारी उधोगों के विकास में बैंको से अधिकाधिक सहयोग प्राप्त किये जाने के सम्बन्ध मे जिला अग्रणी प्रबंधक से अपेक्षा की। उद्यामियों के शिकायतो को सम्बन्धित अधिकारियों को समय से निस्तारण का निर्देश दिया। इस अवसर पर उघमी बशिष्ठ सिंह यादव, ए0के0दुबे अध्यक्ष ईट भठ्ठा एसोसिएशन एवं अन्य उद्यमी एंव व्यापार मण्डल के पदाधिकारी उपस्थित थे।

  • तीन गिरफ्तार, तमंचा बरामद

    तीन गिरफ्तार, तमंचा बरामद

    गाजीपुर। आर्म्स एक्ट के वांछित अभियुक्तों को नन्दगंज थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया। बता दें कि चन्दन कुमार सिंह पुत्र सत्येन्द्र कुमार सिंह ग्रा0 बरहपुर थाना नन्दगंज के ऊपर 18 नवंबर को नंदगंज थाना क्षेत्र के बरहपुर निवासी कुन्दन सिंह पुत्र चन्द्रभूषण सिंह, सुधाकर सिंह पुत्र अशोक सिंह और निरज श्रीवास्तव पुत्र लल्लन श्रीवास्वत ने अवैध तमन्चे से फायर कर दिया था। जिसके सम्बन्ध मे चन्दन कुमार सिंह के लिखित तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत हुआ था। विवेचना के दौरान रविवार को उ0नि0 मंशाराम गुप्ता अपने पुलिस कर्मियों के साथ रात्रि गस्त कर रहे थे। गस्त के दौरान सोमवार की सुबह 6 बजे थाना क्षेत्र के साई मैरेज हाल के पास कुछ बराती सडक किनारे लड झगड रहे थे। जिसको देख मौके पर उपनिरीक्षक मंशा राम गुप्ता पहुंचे। पुलिस को देखकर सडक के किनारे दुकान के पास खडे तीन व्यक्ति सकपकाकर आगे बढने लगे। पुलिस वाले जब रोककर तीनों से कडाई से पूछताछ किया तो एक ने अपना नाम कुन्दन सिंह उर्फ विशाल सिंह पुत्र चन्द्रभूषण सिंह उर्फ जन्नू सिंह निवासी ग्राम बरहपुर थाना नन्दगंज, दूसरे ने अपना नाम सुधाकर सिंह पुत्र अशोक सिंह ग्राव बरहपुर थाना नन्दगंज और तीसरे ने अपना नाम नीरज श्रीवास्तव पुत्र लल्लन श्रीवास्तव निवासी ग्राम बरहपुर थाना नन्दगंज बताया। इस दौरान जब कुन्दन सिंह उर्फ विशाल सिंह की तलाशी ली गई तो उसके पास एक अदद देशी तमन्चा बरामद हुआ। तमंचे के बारे में कडाई से पूछताछ करने पर कुन्दन ने बताया कि 18 नवंबर को इसी तमन्चे से हमने फायर किया था। अभियुक्त के निशादेही पर घटना स्थल से अवैध तमन्चे से किए गए फायर का बुलेट बरामद कर गिरफ्तारी की गयी। अभियुक्तों को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में उ0नि0 मंशाराम गुप्ता, कांस्टेबल राजेश कुमार, का0 जय प्रकाश यादव और का0 आशुतोष पासवान शामिल रहे।

  • पेड़ से टकराई पिकअप,एक की मौत

    पेड़ से टकराई पिकअप,एक की मौत

    पेड़ से टकराई पिकअप,एक की मौत

    ग़ाज़ीपुर।करीमुद्दीनपुर थाना के पास रविवार की रात तेज रफ्तार पिकअप पेड़ से टकरा गई। दुर्घटना में चालक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार भांवरकोल थाना क्षेत्र के कुंडेसर गांव निवासी नंदकिशोर राम 22 वर्ष वाहन चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। रोज की तरह रविवार को रात कुंडेसर मंडी से बैगन और मिर्चा लादकर देवरिया सलेमपुर मंडी जा रहा था। इसी दौरान रात करीब 3:30 बजे तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित पेड़ से टकरा गई। गंभीर रूप से घायल चालक नंदकिशोर की मौके पर मौत हो गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुँची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। इस संबंध में करीमुद्दीनपुर थानाध्यक्ष विश्वनाथ यादव ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

  • असलहा के साथ दो गिरफ्तार

    असलहा के साथ दो गिरफ्तार

    गाजीपुर। चेंकिग अभियान के दौरान थाना खानपुर पुलिस ने 2 अभियुक्त को 2 अदद देशी तमंचा के साथ गिरफ्तार किया। बता दें कि रविवार की रात थाना खानपुर पुलिस रात्रि गश्त व चेकिंग कर रही थी। उसी दौरान मुखबिर की सूचना पर अभियुक्त सूरज गौतम पुत्र रमेश राम निवासी ग्राम खजूरा थाना सैदपुर को बहदग्राम बिहारीगंज डगरा पर और शुभम कुमार पुत्र रामचन्द्र राम निवासी ग्राम ढकवा थाना मेहनाजपुर जनपद आजमगढ़ को कुढ़ालम्बी मोड़ बहदग्राम कुढ़ालम्बी के पास से गिरफ्तार किया। दोनो अभियुक्तो के पास से एक एक देशी तमंचा 315 बोर और एक एक जिंदा कारतूस 315 बोर नाजायज बरामद किया गया। अभियुक्तों को गिरफ्तार करने वाली टीम में खानपुर थाना उ0नि0 फूलचन्द पाण्डेय, इसी थाना के उ0नि0 आशुतोष शुक्ला, कांस्टेबल शमशेर सिंह और का0 प्रवीण कन्नौजिया शामिल रहे।

  • डेंगू से सिपाही की मौत

    डेंगू से सिपाही की मौत

    डेंगू से सिपाही की मौत

    गाज़ीपुर। सैदपुर कोतवाली में आरक्षी के पद पर तैनात सुनील कुमार की शनिवार की रात मौत हो गई। वह पिछले तीन दिनों से बुखार और डेंगू से पीड़ित थे। साथी की असामयिक मृत्यु से कोतवाली में शोक की लहर दौड़ गई। सुनील रायबरेली जिले के गुरूबख्शगंज थाना क्षेत्र के पूरेरामदीन गांव के रहने वाले थे। उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी के पद पर उनकी नियुक्ति 25 मई 2019 को हुई थी। वह सैदपुर कोतवाली में आरक्षी के पद पर तैनात थे। बीते कुछ दिनों से उनकी तबीयत खराब चल रही थी। हालत बिगड़ती देख बीते 26 नवंबर को उन्हें सीएचसी सैदपुर में भर्ती कराया गया जहां से ठीक न होने पर चिकित्सकों ने उसी दिन देर शाम को उन्हें दीनदयाल उपाध्याय मंडलीय चिकित्सालय वाराणसी रेफर कर दिया था। वहां भी चिकित्सकों के जवाब देने पर उन्हें अर्दली बाजार स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां देर रात चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।सैदपुर पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। परिजनों एवं पुलिस द्वारा शव को थाने पर लाया गया जहां रविवार को आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। इस संबंध में सैदपुर के कोतवाल शिवप्रताप वर्मा ने बताया कि आरक्षी की डेंगू से मौत हुई है। वह तीन दिनों से बीमार चल रहे थे।

  • पति-पत्नी सहित तीन की मौत

    पति-पत्नी सहित तीन की मौत

    गाजीपुर। नंदगंज थाना क्षेत्र के देवकली पेट्रोल पम्प के पास शनिवार की देर रात एक दर्दनाक हादसा हुआ। अज्ञात वाहन की टक्कर से कार से पति-पत्नी सहित तीन की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों के जानकारी देने के बाद शव को कब्जे में ले लिया।
    दुर्घटना के संबंध में बताया गया है कि बिहार के वैशाली जिला के सुकी गांव निवासी धीरज कुमार (45) अपनी पत्नी मोनी (40) और आलोक कुमार (35) के साथ मुजफ्फरपुर निवासी आलोक की कार से अपने बेटे प्रयास के पास प्रयागराज रात में जा रहे थे। इसी दौरान रात करीब दो बजे नंजगंज थाना क्षेत्र के देवकली पेट्रोल पम्प के पास गाजीपुर से वारणसी की तरफ जा रहे अज्ञात वाहन ने पीछे से कार में जोरदार टक्कर मार दिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। गंभीर रूप से घायल होने से मोनी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि गंभीर रूप से घायल धीरज और आलोक कराहते हुए जिंदगी और मौत जूझ रहे थे। दुर्घटना की जानकारी होने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और घटना से पुलिस को अवगत कराया गया। कुछ ही देर में पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायलों को उपचार के लिए सैदपुर अस्पताल भेजवाया। गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने दोनों को वाराणसी के लिए रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। इस संबंध में एसओ महेंद्र सिंह ने बताया कि इस दुर्घटना में एक महिला का जहां मौके पर ही मौत हो गई, वहीं दो घायलों ने वाराणसी में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। शव को कब्जे में ले लिया गया है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्यवाई प्रारंभ की जाएगी।

  • छात्रों ने विद्यालय के गेट पर जड़ दिया ताला

    छात्रों ने विद्यालय के गेट पर जड़ दिया ताला

    गाजीपुर। पीजी कॉलेज के मुख्य द्वार को ताला बंद कर छात्रों के रिजल्ट में हुई त्रुटि को लेकर के धरना पर बैठा छात्र संघ। जिसमें छात्र संघ के अध्यक्ष पद प्रत्याशी सोनू यादव को प्रशासन द्वारा गिरफ्तार करके कोतवाली ले जाया गया। जिसमें सोनू यादव के समर्थकों द्वारा और छात्र संघ की टीम द्वारा सोनू यादव को छुड़ाने के लिए कोतवाली के बाहर जमकर नारेबाजी करने के संबंध में प्रशासन द्वारा उनके साथियों को भी गिरफ्तार किया गया। इस संबंध में सोनू यादव का कहना है कि यह धरना अपने प्राचार्य और कुलपति से विनम्रता पूर्वक आगरा के रिजल्ट की मांग को सही करने के लिए पत्रक देने के बावजूद छात्रों की मांग को अनसुनी करने के खिलाफ हुआ। क्योंकि सभी मानसिक रूप से परेशान थे और यह मांग लगभग 3 महीने पहले चलती आ रही है। श्री यादव ने यह भी कहा कि उन्होंने 13/8/2022 को प्राचार्य को पत्र के माध्यम से विनम्रता पूर्वक आग्रह किया गया लेकिन प्राचार्य के द्वारा कहा गया कि आप लोग स्वयं कुलपति से वार्ता करें। श्री यादव का कहना है कि प्राचार्य अपने ऊपर कोई भी भार छात्रों की नहीं देते हैं, सारी मांग को अनसुनी करते है। सोनू यादव ने छात्रों की मांग को लेकर के कुलपति से भी एक बार शालीनता पूर्वक वार्ता किया। 29/09/2022 को जिसमें कुलपति से जल्द से जल्द रिजल्ट को संशोधित कराने की भी बात की गई लेकिन अब तक रिजल्ट सही ना होने से अत्यधिक मानसिक रूप से प्रताड़ित होने के कारण सभी छात्र सोनू यादव के साथ धरने पर बैठ गए। सबकी यही मांग है कि रिजल्ट को जल्द से जल्द सही किया जाए और छात्रों की भविष्य को बचाया जाए। अन्यथा छात्र आत्महत्या करने के लिए विवश होंगे। क्योंकि अभिभावकों का और रिश्तेदारों का बहुत ही ज्यादा रिजल्ट की गड़बड़ी को लेकर के प्रेशर है। श्री यादव का यह भी कहना है कि पूर्व जिला अधिकारी गाजीपुर मंगला प्रसाद के द्वारा भी 2 बार कुलपति को रिजल्ट के संबंध में छात्रों का पत्रक अग्रेषित किया गया लेकिन उनकी बात को अनसुनी किया गया। इस दौरान वाणिज्य संकाय अध्यक्ष शिवम पाल, धनंजय सिंह कुशवाहा, आशुतोष कुशवाहा, धीरज सिंह ,आशुतोष यादव ,दुर्गेश यादव ,अभिषेक यादव रिशु ,राजीव यादव रिशु, अभिषेक यादव, प्रिंस प्रजापति, गोविंद पाल, प्रवीण पांडे ,रूद्र प्रताप चौबे आदि छात्र छात्र नेता उपस्थित रहे।

  • कर्तव्य बोध के बिना अधिकारों की बात करना बेमानी है:प्रो.अजय राय

    कर्तव्य बोध के बिना अधिकारों की बात करना बेमानी है:प्रो.अजय राय

    कर्तव्य बोध के बिना अधिकारों की बात करना बेमानी है

    गाज़ीपुर।स्वामी सहजानंद पीजी कालेज,में संविधान दिवस के अवसर पर “हमारे कर्तव्य और अधिकार” विषय पर संगोष्ठी आयोजित की गई।संगोष्ठी की अध्यक्षता करते हुए अंग्रेजी विभाग के अध्यक्ष प्रो. अजय राय ने कहा कि संप्रभुता, पंथनिरपेक्षता, समाजवाद और लोकतंत्र हमारे संविधान के मूलतत्व हैं।उन्होंने कहा कि कर्तव्य और अधिकार के बीच अन्योन्याश्रित संबंध है,कर्तव्य बोध के बिना अधिकारों की बात करनी बेमानी है।
    इस अवसर पर एनसीसी प्रभारी डॉ. विलोक सिंह ने संविधान निर्माण की प्रक्रिया पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारत का संविधान एक विलक्षण दस्तावेज है, जिससे विश्व के विभिन्न राष्ट्रों ने प्रेरणा ली है।
    कार्यक्रम में महाविद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं तथा शिक्षक कर्मचारियों ने संविधान की शपथ ली। जिम्मेदार नागरिक के कर्तव्यों का पालन करने का संकल्प लिया।
    इस कार्यक्रम में प्रो. अवधेश नारायण राय, प्रो. मधुसूदन मिश्र, अरविंद यादव, निवेदिता सिंह, डॉ. राकेश पांडेय, डॉ. विशाल सिंह, तूलिका श्रीवास्तव, कुशलपाल यादव, संजय कुमार, विनय चौहान, राजेश गुप्ता, डॉ. एस एन राय, प्रो. रामधारी राम, अजय कुमार यादव, डॉ. सतीश राय, डॉ. दे पाव प्रकाश राय, डॉ. अभय मालवीय, संजय राय, डॉ. प्रियंका यादव, डॉ. सतीश पांडेय, डॉ. कंचन सिंह, आदि शिक्षक तथा करिश्मा कुमारी, अनीश डोगरा, सोनाली राय, प्रीति राठौर, मु. आरिफ आदि विद्यार्थी उपस्थित थे।
    कार्यक्रम का संचालन डॉ. नरनारायण राय ने किया।

  • अधिवक्ताओं को एडीएम ने दिलाई शपथ

    अधिवक्ताओं को एडीएम ने दिलाई शपथ

    एडीएम ने दिलायी अधिवक्ताओं को संविधान की शपथ


    दबे कुचले वर्गो को न्याय दिलाने का कार्य अधिवक्ता वर्ग करता- डा. व्यासमुनि


    गाजीपुर। अधिवक्ता परिषद कांशीप्रान्त जनपद इकाई ने जिला पंचायत सभागार में शनिवार को संविधान दिवस मनाया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अपर जिलाधिकारी अरूण कुमार सिंह तथा विशिष्ट अतिथि तहसीलदार सदर अभिषेक कुमार तथा मुख्य वक्ता डा. व्यासमुनि राय थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अधिवक्ता परिषद के अध्यक्ष कृपाशंकर राय ने किया। इस दौरान सर्वप्रथम भारत माता व डा. भीमराव अम्बेडकर के चित्र पर अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से माल्यापर्ण कर पुष्प अर्पित किया गया। परिषद के सदस्य विभा राय एडवोकेट ने संघगीत गाकर सभी का स्वागत अभिनन्दन किया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में डा. व्यासमुनि राय ने भारतीय संविधान पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए यह कहा कि भारतीय संविधान के निर्माता अम्बेडकर शुरू से ही इस बात के पक्षधर थे की आरक्षण लागु न किया जाये। उन्होने कहा कि अनेक देशो के संविधान का अध्ययन करके भारत देश का संविधान तैयार किया गया तथा समय काल परिस्थिति के अनुसार इसमें सैकड़ो संशोधन भी हो चुके है। उन्होने इस बात पर जोर दिया कि हमारी हिन्दी भाषा आज भी राज्य की ही भाषा है जब कि इसे राष्ट्र की भाषा बनाये जाने की आवश्यकता है। संविधान दिवस केवल संस्कृति एवं सभ्यता मनाने के लिए नही है बल्कि लोगो को जोडने के लिए मनाया जाता है। समाज का प्रबुद्धवर्ग अधिवक्ता अपने इमान को बनाये रखे क्योंकि समाज के दबे कुचले वर्गो को न्याय दिलाने का कार्य यही वर्ग करता है। हमारा संविधान अनेकता में एकता तथा सदैव विश्व पटल पर राष्ट्र के मान को बढ़ाने के लिए जाना जाता है।

    अगले क्रम में विशिष्ट अतिथि तहसीलदर सदर ने बताया कि डा. अम्बेडकर के बनाये संविधान मे भारत एक राज्य के रूप में चित्रित किया गया है, भारत का संविधान एंेसा है जहा पर महिला सर्वोच्च पद को प्राप्त करती है जब कि लोकतंत्र का दावा करने वाले अमेरिका व तमाम विकसित देश मे ऐसा नही है। आज की परिस्थितियों में यह तथ्य बार बार उभर कर सामने आ रहा है कि गरीबो को न्याय नही मिल पा रहा है। जबकि डा. भीमराव अम्बेडकर गरीबो व निर्बलो को न्याय दिलाने के पक्षधर रहे है। मुख्य अतिथि अपर जिलाधिकारी अरूण कुमार सिंह ने बताया कि अधिकार के साथ कतर्व्य का वर्णन संविधान में किया गया है लेकिन आज हर व्यक्ति अपने अधिकार की मांग करता है, कतर्व्यो पर चर्चा नही करना चाहता है। संविधान निर्माण की परिकल्पना तभी पूर्ण होगी जब लोग अपने कतर्व्यो का पालन पहले करे और अधिकार की चर्चा बाद में करें। कार्यक्रम के मध्य में ही अपर जिलाधिकारी ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अधिवक्ताओं को संविधान की शपथ दिलायी। वक्ता के रूप में अधिवक्ता सुरेश कुमार सिंह सह व रतन श्रीवास्तव ने विचार प्रकट किया। कार्यक्रम के अन्त में परिषद के अध्यक्ष कृपाशंकर राय ने अतिथियो तथा उपस्थित अधिवक्ताओं को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कार्यक्रम को समाप्त करने की घोषणा की। कार्यक्रम का संचालन महामंत्री जयप्रकाश सिंह ने किया।

    इस कार्यक्रम में महिला शक्ति के रूप में विभा राय, रीना चौधरी, रीता त्रिपाठी, क्षमा त्रिपाठी, शिवकुमार बिन्द, धनश्याम दास, सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता अखिलेश सिंह, अजय शंकर तिवारी, शिवमूरत पाल, समीर वत्स, राजेश यादव, सूर्यप्रकाश यादव, समीर वत्स, विप्लव रावत, प्रदीप रावत, सूर्यप्रकाश यादव, निशान्त सिंह, सदानन्द दास, अभय तिवारी, राजेश पाण्डेय, जयप्रकाश राय, रामकुमार राय, राजेश सिंह यादव, चन्द्र मोहन सिंह, राजेश पाण्डेय, संजय कन्नोैजिया, दूधनाथ सिंह यादव, अनूप वर्मा, अजय आनन्द, शिवांक राय, संतोष कुमार, दिनेश राय सहित सैकड़ो लोग उपस्थित रहे।    

  • ट्रक ने ली युवक की जान

    ट्रक ने ली युवक की जान

    गाजीपुर। थाना कोतवाली क्षेत्र के सकरताली निवासी जितेंद्र कुमार यादव पुत्र स्व गिरजा शंकर यादव उम्र लगभग 35 वर्ष की वृहस्पतिवार सायंकाल लगभग 8-00 बजे गाजीपुर बुजुर्गा मार्ग पर रूहीपुर चट्टी पर ट्रक द्वारा रौंद देने से घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। मृतक चार भाइयों मे सबसे छोटा था जो गांव पर रहकर ही खेती बारी का काम करता था। जितेंद्र कुमार यादव की पत्नी सीमा यादव एवं एक चार वर्ष की पुत्री तथा नौ माह का एक पुत्र है। जितेन्द्र खलिसापुर से निमंत्रण कर वापस आ रहा था। घटना की जानकारी होते ही परिजनों सहित ग्रामीणों मे शोक की लहर फैल गयी।

  • 25 नवम्बर से 23 दिसंबर तक चलेगा राष्ट्रीय जेंडर अभियान

    25 नवम्बर से 23 दिसंबर तक चलेगा राष्ट्रीय जेंडर अभियान

    गाजीपुर। भारत सरकार द्वारा लिंग आधारित हिंसा की रोकथाम की कवायद तेज कर दी गयी है। कार्य स्थलों पर लिंग आधारित हिंसा के विरुद्ध अभियान शुरू हो गया है। ग्रामीण विकास मंत्रालय की ओर से शुरू इस अभियान के तहत राइफल क्लब में विभिन्न समूहों और कारदायी संस्थाओं की महिलाओं के साथ सरकार द्वारा किये जा रहे कार्यक्रम के लाइव प्रसारण में मुख्य विकास अधिकारी श्रीप्रकाश गुप्ता भी अधिकारियों संग मौजूद रहे। कार्यक्रम के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा कि भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय जेंडर अभियान कार्यक्रम का आज 25 नवंबर दिन शुक्रवार को शुभारम्भ किया गया है, जो 25 नवम्बर से 23 दिसंबर तक चलाया जाएगा। इसके तहत समाज में नई चेतना का विकास करना है, जिससे उनको लिंग आधारित हिंसा भेदभाव से सुरक्षित रखा जाए। आपको बता दें कि प्रति वर्ष 25 नवम्बर को इंटरनेशनल डे फार द एलिमिनेशन आफ वायलेंस अगेंस्ट वूमेन के रूप में मनाया जाता है। इसी कार्यक्रम के लाइव प्रसारण के दौरान जिले के मुख्य विकास अधिकारी श्रीप्रकाश गुप्ता ने बताया कि राष्ट्रीय जेंडर अभियान के माध्यम से महिलाओं के विरुद्ध हिंसा से जुड़े पहलुओं, महिला हिंसा की रोकथाम, सुरक्षा महिला सशक्तिकरण एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया जाएगा, जिसमें ब्लाक एवं जिला स्तर पर जागरूकता संबंधी कई गतिविधियां कराई जाएंगी। कार्यक्रम में डी सी एन आर एल एम गोपाल कृष्ण चौधरी, जिला दिव्यांग अधिकारी नरेन्द्र विश्वकर्मा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, महिला थानाध्यक्ष कोतवाली सदर एवं अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Uttar Pradesh Fast News