वृद्धा पेंशन लाभार्थी कराएं अपने आधार कार्ड का प्रमाणित

गाजीपुर। जिला समाज कल्याण अधिकारी राम नगीना यादव ने समस्त वृद्धावस्था पेंशन लाभार्थियों को सूचित किया है कि अपने आधार प्रमाणीकरण की कार्यवाही 25 दिसम्बर 2022 तक पूर्ण करा लें। जनपद में कुल 105182 वृद्धावस्था पेंशन लाभार्थियों के सापेक्ष अभी तक कुल 15229 लाभार्थियों के आधार प्रमाणीकरण की कार्यवाही लंबित है, जिन वृद्धावस्था पेंशन लाभार्थियों द्वारा आधार प्रमाणीकरण की कार्यवाही करा ली गयी है, उनके पेंशन का भुगतान निदेशालय, समाज कल्याण उ0प्र0 लखनऊ द्वारा पी0एफ0एम0एस0 प्रणाली के माध्यम से उनके बैंक खाते में किया जा रहा है। यदि कोई वृद्धावस्था पेंशन लाभार्थी अपने आधार प्रमाणीकरण की कार्यवाही निर्धारित तिथि तक नही कराते है, तो उनकी पेंशन भुगतान निदेशालय समाज कल्याण, उ0प्र0 लखनऊ द्वारा संभव नही होगा।

डीएम के चयनित विद्यालयों का कराया जाएगा सौंदर्यीकरण, हुआ भूमि पूजन

गाजीपुर। शासन की महत्वपूर्ण योजना ऑपरेशन कायाकल्प के अंतर्गत जिलाधिकारी आर्यका अखौरी द्वारा चयनित नगर क्षेत्र के कुल 14 परिषदीय विद्यालयों में सौंदर्यीकरण का कार्य कराया जाना है। जिसके क्रम में मंगलवार को नगर क्षेत्र के उच्च प्राथमिक विद्यालय रायगंज 2 का भूमि पूजन जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी हेमंत राव, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि विनोद अग्रवाल एवं ईoओo नगर पालिका द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। ज्ञातव्य हो कि जिलाधिकारी द्वारा नगर क्षेत्र के विद्यालयों का कायाकल्प हेतु कुल 14 विद्यालयों का चयन किया गया था। ऑपरेशन कायाकल्प के तहत विद्यालयों में कक्षा- कक्ष में टाईलीकरण, दिव्यांग शौचालय, बालक/ बालिका शौचालय, रनिंग वाटर, इंटरलॉकिंग आदि कार्यों का संपादन किया जाना है। जिसके तहत आज नगर क्षेत्र के उच्च प्राथमिक विद्यालय रायगंज 2 में सौंदर्यीकरण की आधारशिला जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा रखा गया। इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी हेमंत राव ने कहा कि ऑपरेशन कायाकल्प शासन की महत्वकांक्षी योजना है जिसके तहत 19 पैरामीटर्स निर्धारित है। उन्हीं पैरामीटर्स पर विद्यालयों के संतृप्तिकरण का कार्य जारी है और निरंतर समीक्षा करते हुए 100 प्रतिशत संतृप्तिकरण का लक्ष्य जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा। इस अवसर पर सभासद कुंवर बहादुर सिंह, अवर अभियंता विवेक बिंद, शंकुल शिक्षक पीयूष श्रीवास्तव,अदनान अहमद,एआरपी शीला सिंह, फरजाना बेगम उपस्थित रहे।

महिलाओं को किया गया जागरूक


गाजीपुर। मनिहारी ब्लॉक पर लिंग आधारित हिंसा के विरुद्ध अभियान सहेंगे नहीं कहेंगे, प्रोग्राम के तहत आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और बीएमएम, बीसी सखी आदि महिलाओं को सरकार द्वारा चल रही योजनाओं जैसे कन्या सुमंगला योजना, वृद्धा पेंशन, बाल सेवा योजना के बारे में एवं हिंसा के विरुद्ध आवाज उठाने हेतु समस्त हेल्पलाइन नंबर व सखी वन स्टॉप सेंटर के विषय में सोमवार को बताया गया। इस अवसर पर वन स्टाफ सेंटर-1090 प्रियंका प्रजापति, डीसी मनरेगा, खण्ड विकास अधिकारी मनिहारी, सी0डी0पी0ओ0मनिहारी, महिल कल्याण आधिकारी, महिला शक्ति केन्द्र, केस वर्कर वन स्टाप सेन्टर उपस्थित रही। कार्यक्रम मे महिलाओं को शपथ भी दिलायी गई एवं एक रैली भी निकाली गयी। डीसी मनरेगा द्वारा रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

करमपुर ने डी.एल.डब्ल्यू को मात देकर मैच किया अपने नाम

गाजीपुर। गाजीपुर गोल्ड कप मण्डल स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता के तीसरे दिन नेहरू स्टेडियम गोराबाजार मे तीन मैच खेले गये। जिसमें पहला मैच अम्बुज हॉकी ऐकेडमी गाजीपुर एंव भुड़कुड़ा के मध्य खेला गया, जिसमें अम्बुज हॉकी एकेडमी 6-0 से विजयी रही। दूसरा मैच गाजीपुर ‘‘ए‘‘ एंव गोरखपुर के बीच खेला गया, जिसमे गाजीपुर ‘‘ए‘‘ ने गोरखपुर को 7-1 से मात देकर मैच अपने नाम किया। इसके साथ ही इस प्रतियोगिता का तीसरा मैच करमपुर एंव डी0एल0 डब्ल्यू वाराणसी के मध्य खेला गया जिसमें करमपुर ने डी0एल0 डब्ल्यू वाराणसी को 5-4 से मात दी। गाजीपुर गोल्ड कप के पहले मैच में अम्बुज हॉकी एकेडमी गाजीपुर की तरफ से खेलते हुए अवनीश 12 वे मिनट, कृष्ण मोहन 18 वे, रोहन 32 वें, कृष्ण मोहन 34 वे, अब्दुल कादिर ने 38 एवं 39 वे मिनट में गोल दाग कर भुड़कुडा को 6-0 से पराजित किया। दूसरा मैच गाजीपुर ‘‘ए‘‘ एवं गोरखपुर के मध्य खेला गया जिसमें गाजीपुर ‘‘ए‘‘ की तरफ से विजेन्द्र 15 वें, राजू 21वे, सफी 26 वे, राजन 28वे, आकिब 32 वे एवं 35 वे, सम्सी ने 39 वें मिनट गोल दागा। वही गोरखपुर की तरफ  मात्र 1 गोल सूर्या सिंह ने 29 वे मिनट मे किया। तीसरा मैच करमपुर बनाम डी0 एल0 डब्ल्यू वाराणसी के  मध्य खेला गया जिसमे करमपुर की तरफ से अमित यादव 4वे एवं 5वे मिनट, सतीश यादव 21 वे तथा सत्यम यादव ने 27 वे मिनट मे गोल दागा। वही डी0 एल0 डब्ल्यू वाराणसी की तरफ से हरिकेश 7 वे , शेखर 13 वें, अमित प्रभाकर 30 वे, एंव चन्दू कुमार ने 35 मिनट में गोल दाग कर दोनो टीमो को बराबरी पर ला दिया। ट्राईवेकर मे करमपुर ने डी0 एल0 डब्ल्यू वाराणसी को 5-4 से हराकर मैच अपने नाम किया।प्रतियोगिता मे निर्णायक की भूमिका सफी, अजय गुप्ता, आशीष एवं बृजेश यादव ने निभाई तथा टेक्निकल टेलब पर मोईन, देश दीपक श्रीवास्तव एंव रवि गुप्ता उपस्थित थे। इस अवसर पर अरविन्द यादव जिला क्रीडा अधिकारी, ग्यासुद्दीन आजाद, नीरज श्रीवास्तव एडवोकट, नफीस अहमद हॉकी कोच, अब्दुल मजीद, राजेन्द्र यादव, संतोष कुशवाहा, शाहिद, सर्वदेव यादव कुश्ती कोच, कोनैन, इलियास, संजीव एवं अन्य खिलाड़ी एवं खेल प्रेमी तथा भारी संख्या में दर्शक मौजूद रहे।

शिक्षकों के फर्जी तैनाती का लगाया आरोप

गाजीपुर। शादियाबाद थाना क्षेत्र के मदरसा जामिया अरबिया मलिकुल उलूम में फर्जी तरीके से 2 शिक्षकों की तैनाती का मामला प्रकाश में आया है। मदरसा में अंजुम सिद्धकी और मोहम्मद जाहिद अली की तैनाती प्रबंधन की मिलीभगत से हुई है। इस मामले में शिकायतकर्ता सेराज अहमद ने आरोप लगाया है कि अंजुम सिद्धकी की जन्मतिथि उनके विद्यालय जवाहरलाल नेहरू इंटर कॉलेज के अभिलेख के अनुसार 1 मार्च 1974 दर्ज है जबकि मदरसा के सर्विस रिकॉर्ड में उनकी जन्मतिथि 1 जुलाई 1980 दर्ज है। उनकी तैनाती आलिया स्तर के मदरसा में हुई है। वहीं मोहम्मद जाहिद अली की तैनाती तहतानिया स्तर पर हुई है। इसमें भी दस्तावेज में काफी हेरफेर की गई है। सेराज ने आरोप लगाया कि इसके पूर्व नूरुस्लाम और मोहम्मद अख्तर अली जो फर्जी तरीके से अध्यापक के पद पर काम कर रहे थे उनकी जीपीएफ राशि मदरसा के प्रधानाचार्य मुजीबुल्लाह खां ने धोखाधड़ी करके निकाल ली है।

एसपी ऑफिस का आरक्षी बना हाईकोर्ट का अपर निजी सचिव

गाजीपुर। पुलिस अधीक्षक कार्यालय में विगत 5 वर्ष से आई.जी.आर.एस. शाखा में नियुक्त आरक्षी चन्द्र प्रकाश साहनी ने हाईकोर्ट इलाहाबाद के प्रतिष्ठित पद “अपर निजी सचिव” (राजपत्रित अधिकारी) के पद पर चयनित होकर पुलिस विभाग को गौरवान्वित किया है। यह साबित कर दिया है कि कोई भी अपने पुरूषार्थ व ज्ञानार्जन से किसी भी सफलता को प्राप्त कर सकता है। इस सफलता पर प्रकाश चंद्र ने सोमवार को एसपी ओमवीर सिंह से मुलाकात कर उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर आशीर्वाद लिया। प्रकाश चंद्र ने पुलिस विभाग जैसी चुनौतीपूर्ण नौकरी को पूरी कर्तव्यनिष्ठा से करते हुए अपने अध्ययन को जारी रखा। चन्द्र प्रकाश ने अपनी इस सफलता पर कहा कि “सफलता कभी एकांगी नहीं होती, इसमें कई हकदार है, परिवार के साथ पुलिस विभाग काफी अहम रहा है। इन्होंने अपनी सफलता का मुख्य श्रेय अपने माता-पिता के संस्कार और विश्वास को दिया है, जो पेशे से अध्यापक है। चंद्र प्रकाश मूल रूप से जनपद गोरखपुर निवासी है। ये दैनिक अखबारों के संपादकीय लेख को अपने सफलता में विशेष योगदान मानते है एवं ऑनलाइन शिक्षा को भी काफी तवज्जों देते हैं।

आरक्षी से मुख्य आरक्षी पद पर प्रोन्नत हुए पुलिस कर्मियों को एसपी ने दी बधाई

गाजीपुर। सोमवार को आरक्षी से मुख्य आरक्षी पद पर प्रोन्नत हुए 6 आरक्षीयों को पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह और अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अभिषेक भारती महोदय ने बैच लगाकर सम्मानित किया और पदोन्नति की सभी आरक्षियों को बधाई दी। आरक्षी से मुख्य आरक्षी पद पर मारकोनी, दीपक कुमार पांडे, कृष्णकांत पांडे, बालकृष्ण मौर्य और निलेश यादव शामिल हैं। इसके अलावा करीब जिले में 144 आरक्षी से मुख्य आरक्षी पद पर प्रोन्नत हुए हैं।

अचानक बैंको का निरीक्षण करने पहुंचे एसपी

गाजीपुर। सोमवार को अचानक पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने नगर क्षेत्र में महुआ बाग स्थित आईसीआईसीआई बैंक और कोतवाली स्थित एसबीआई की मुख्य शाखा का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ओमवीर सिंह ने बैंकों में विभिन्न सुरक्षा इंतजाम का जायजा लिया। बैंकों के अधिकारियों से सुरक्षा संबंधित किए गए इंतजाम के बारे में जानकारी ली और वहां पर लगे सीसीटीवी कैमरे तथा उनकी स्थिति एवं बैंकों की सुरक्षा कर रहे सुरक्षा गार्डों से सुरक्षा संबंधित जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिया।

सर्दी के मौसम में इन बातों का रखें ध्यान, करें यह उपाय

गाजीपुर। अपर जिलाधिकारी ने जनपद में शीतलहर एव घने कोहरे से बचाव हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दियें है। अत्यधिक ठण्ड और शीतलहर होने पर छोटे बच्चों, बुजुर्गाे एवं गर्भवती महिलाओ को घर के अन्दर ही रखे। अति आवश्यक हो तभी घर से बाहर जाये। स्थानीय रेडियों, दैनिक समाचार पत्र, टी०बी०, मोबाईल फोन एवं वाटसअप के माध्यम से मौसम की जानकारी प्राप्त करते रहें। स्वय सर्तक रहें और अन्य व्यक्तियों को भी सर्तक करें। शरीर को सूखा रखें, गीले कपड़े कदापि न पहने, यह शरीर के लिए नुकसानदायक हो सकता है। गीले कपड़े से ठण्ड लगने की प्रबल सम्भावना बनी रहती है। मिटटी का तेल, कोयले की अंगीठी, हीटर इत्यादि का प्रयोग करते समय सावधानियाँ बरते। कमरे में शुद्ध हवा का आवागमन, वेन्टिलेशन, वायु-संचार बनाये रखें ताकि कमरे में विषाक्त, जहरीला धुआं इकट्ठा न हो। सोने से पहले हीटर, ब्लोवर, कोयले की अगीठी आदि को अवश्य बंद कर दें। कई स्तरों वाले गर्म कपड़े जैसे-ऊनी कपड़े, स्वेटर, टोपी, मफलर इत्यादि का प्रयोग आपको ठण्ड के प्रभाव से बचा सकता है। शरीर में ऊष्मा के प्रवाह को बनाये रखने के लिए पोषक आहार एवं गर्म पेय पदार्थों का नियमित सेवन किया जाना लाभकारी होगा। हाइपोथर्मिया के लक्षणों जैसे-असामान्य शरीर का तापमान, भ्रम या स्मृति हानि, बेहोशी, विचलन, असीमित ठिठुरना सुस्ती, थकान, तुतलाना, थकावट इत्यादि की स्थिति उत्पन्न होने पर अपने नजदीकी सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर सम्पर्क करें। ठण्ड के लक्षणों जैसे -शरीर के अंगो का सुन्न पड़ना, हाथों-पैरों की उँगलियों, कान नाक आदि पर सफेद या पीले रंग के दाग उभर आने पर अपने नजदीकी चिकित्सक से परामर्श के बाद ही दवाइओ का प्रयोग करें। अपने आस-पास अकेले रहने वाले पड़ोसियों की जानकारी रखें, विशेषकर बुजुर्गाे व्यक्तियो का पूर्ण विवरण एवं मोबाईल नम्बर अवश्य रखे। किसी भी आपात कालीन स्थिति से निपटने के लिए एक आपातकालीन डायरी बनाये जिसमें पुलिस, चिकित्सा, अग्निशमन, एवं अन्य महत्वपूर्ण विभागो के नम्बर दर्ज रखें और इसकी जानकारी परिवार के प्रत्येक सदस्यों को होनी चाहिए। बाहर निकलते समय सिर, चेहरे, हाथ एवं पैर को गर्म कपड़े से ढ़के। शीतलहर में गाड़ियों में फॉग लाईट का इस्तेमाल करें। ठंड के मौसम में पशुओं को थनैला मिल्क फीवर नेमोटाइटिस आदि रोग होने का खतरा रहता है इसलिए पशुओं को समय-समय पर चिकित्सक को दिखाते रहें। पशुओं को रात में खुले पेड़ के नीचे अथवा घर से बाहर ना निकालें। पशुओं को ठंड के समय में गुड़ व कैल्शियम टॉनिक पिलाएं। पशुओं को ठंड के मौसम में जूट की बोरी अथवा घर में पड़ा पुराना कंबल उढाएं। जन्म देने वाले (बियान) वाले पशुओं को ठंड लगने की ज्यादा संभावना होती है। उनके पास अलाव जलाकर रखें लेकिन यह भी ध्यान में रखें कि अलाव से पशुओं को कोई नुकसान ना पहॅुचें। पशुओं को ठंड के मौसम में स्नान कराने से परहेज करना चाहिए। पशुओं के नीचे बैठने वाले स्थान पर पराली/गन्ने की पत्ती जरूर डालें। पशुओ को गर्म स्थान पर रखें, उन्हे ठंड लगने पर पशु चिकित्सक की सलाह लें। किसी भी सहायता कि लिए निम्न नम्बरों पर सम्पर्क कर सकते है। एम्बुलेंस- 108, पुलिस- 100/112, राहत आयुक्त कार्यालय-1070, जिलाधिकारी आवास-0548-2220240, 2221240, जिला आपदा प्रबन्धन प्राधिकरण, (डी0डी0एम0ए0)/जिला इमरजेन्सी आपरेशन सेन्टर (ई0ओ0सी0), गाजीपुर। 0548-2224041, आईसीसीसी- 0548-2226100-14 है।

नियुक्ति पत्र पाकर खिल उठे नवनियुक्त प्रवक्ताओं और सहायक अघ्यापको के चेहरे

गाजीपुर। रविवार को राजकीय माध्यमिक विद्यालयों के लिए ’’मिशन रोजगार’’ के अन्तर्गत लोक सेवा आयोग प्रयागराज द्वारा पूरे प्रदेश में 1395 चयनित प्रवक्ताओं व सहायक अध्यापको का निष्पक्ष एवं पारदर्शी ऑनलाइन पदस्थापन एवं नियुक्ति पत्र वितरण समारोह कार्यक्रम का प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोकभवन, लखनऊ से वर्चुअल माध्यम से आयोजित कर नियुक्ति पत्र वितरित किया। इसी क्रम में रायफल क्लब सभागार मे जनपद के नवनियुक्त 31 प्रवक्ताओं और 6 सहायक अध्यापको को सांसद, विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष, नगर पालिका अध्यक्ष और जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने नियुक्ति पत्र प्रदान किया। नियुक्ति पत्र पाकर नवनियुक्त प्रवक्ताओं और सहायक अघ्यापको के चेहरे खिल उठे। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि पूरे प्रदेश में पारदर्शी तरीके से सहायक अध्यापको की नियुक्ति हुई है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा की गई सभी नियुक्तियों में योग्य लोगों की नियुक्ति की गई है। नव चयनित प्रवक्ताओं/शिक्षकों की नियुक्ति से पठन-पाठन का बेहतर माहौल बनेगा। उन्होने कहा कि गत वर्षों में उ0प्र0 लोक सेवा आयोग सहित अन्य भर्ती बोर्डाे में लोगों का विश्वास बढ़ा है और योग्यता के अनुरूप उनका शासकीय सेवाओं में चयन हुआ है। चयनित प्रवक्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि बेहतर आचरण और कृतित्व से अपने व्यक्तित्व को चमकाएं। अपनी क्षमता को पहचाने, अकेला शिक्षक समाज में व्यापक परिवर्तन कर सकता है। उन्होंने कहा कि शिक्षक बच्चों में शिक्षा के प्रति रुचि को जागृत करके उनके भविष्य को बेहतर ढंग से निखार सकते हैं। उन्होने कहा कि सीखने की कोई सीमा नहीं होती, प्रत्येक गतिविधि से कुछ ना कुछ सीखने को मिलता है। छात्रों की जिज्ञासा के प्रति हर वक्त जागरूक रहें। छात्र-छात्राओं को पुस्तकीय ज्ञान के साथ साथ संस्कारपरक शिक्षा देकर उनका सर्वांगीण विकास करें।इस अवसर पर सांसद एवं विधायक ने माध्यमिक शिक्षा के सभी नवनियुक्त प्रवक्ताओं को बधाई देते हुए उन्हें उनकी अपार सफलता पर शुभकामनाएं दी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि शिक्षक बच्चों में विषय की समझ को जाग्रत करते हैं। शिक्षण एक पवित्र कार्य है, जो सकारात्मक सोच एवं समाज में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती है।

Uttar Pradesh Fast News