सम्पूर्ण समाधान दिवस:265 शिकायत पत्र में 33 का निस्तारण

गाजीपुर।जन समस्याओ के त्वरित निस्तारण हेतु सम्पूर्ण समाधान दिवस तहसील सेवराई में अविनाश कुमार, की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक डा. ईरज राजा की उपस्थिति में तहसील सभागार सम्पन्न हुआ। जिसमे 61 शिकायत/प्रार्थना प्राप्त हुए मौके पर 09 का निस्तारण किया गया। जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण हेतु सातों तहसीलो की सूचना के अनुसार सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 265 शिकायत/प्रार्थना प्राप्त हुए जिसमें मौके पर  33 शिकायत/प्रार्थना पत्रो  का निस्तारण किया गया।
इसी क्रम में तहसील सदर में 32 शिकायत/प्रार्थना प्राप्त हुए जिसमें शून्य निस्तारण रहा। तहसील मुहम्मदाबाद में मुख्य राजस्व अधिकारी की अध्यक्षता में 25 शिकायत/प्रार्थना प्राप्त हुए जिसमें से 05 का मौके पर निस्तारण किया गया। जखनियां तहसील में उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में 43 शिकायत/प्रार्थना प्राप्त हुए जिसमें मैके पर 03 का निस्तारण किया गया। तहसील कासिमाबाद में उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में 31 शिकायत/प्रार्थना प्राप्त हुए जिसमें मौके पर 08 निस्तारण किया गया। तहसील सैदपुर में उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में 25 शिकायत/प्रार्थना प्राप्त हुए जिसमें से मौके पर 03 का निस्तारण किया गया एवं तहसील जमानियॉ में उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में 48 शिकायत/प्रार्थना प्राप्त हुए जिसमें  05 का मौके पर निस्तारण किया गया।
जिलाधिकारी ने सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर आम जनमानस की शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए कुछ शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही कराया तथा शेष शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को अग्रसारित करते हुए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु निर्देशित किया गया। इस अवसर पर पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारियों/कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि जमीनी विवाद और आपसी विवाद एक ही विषय से संबंधित होते है इस लिए राजस्व विभाग एवं पुलिस विभाग के अधिकारी आपसी समन्वय स्थापित करते हुए विवादों का निस्तारण सुनिश्चित करें। तहसील के समस्त लेखपालों को निर्देशित किया गया कि शिकायतकर्ता की छोटी-छोटी समस्याएँ जिनका तत्काल निस्तारण किया जा सकता है। उसके लिए किसी व्यक्ति को परेशान न किया जाए। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य, जिला विकास अधिकारी सुभाष चन्द्र सरोज, उपजिलाधिकारी सेवराई संजय यादव, तहसीलदार सेवराई, क्षेत्राधिकारी जमानियां एवं समस्त जनपदस्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

त्योहारों को लेकर डीएम-एसपी ने की बैठक,दिए निर्देश

गाजीपुर। आगामी त्यौहार धनतेरस, दिपावली एवं छठ पूजा, गोवर्धन पूजा, भैयादूज के दृष्टिगत जनपद में सांप्रदायिक सौहार्द एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियो संग बैठक जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक डा. ईरज राजा की उपस्थिति में पुलिस लाईन सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया।त्योहारों के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए विस्तृत चर्चा की।जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने बैठक में उन्होने सभी नगर पालिका एवं नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि त्यौहार के समय अपने- अपने क्षेत्रों में पानी, बिजली और साफ सफाई की व्यवस्था मुकम्मल रखें तथा  जर्जर तार, खम्भे, विद्युत आपूर्ति को सही कराने तथा रास्तो पर विशेष रूप से मौके का निरीक्षण कर ढीले एव लटके हुए जर्जर तारो को प्राथमिकता के तौर पर सही कराने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी समस्त उपजिलाधिकारी एवं क्षेत्राधिकारियों  को निर्देश दिया वे पहले ही सुनिश्चित कर ले कि वे अपने -अपने क्षेत्रो मे उचित एवं चिन्हित स्थानो पर ही पटाखे की दुकान लगाई जाए । उन्होने कहा कि कोई भी व्यक्ति द्वारा अवैध पटाखो का भण्डारण न किया जाए, यदि किसी भी व्यक्ति द्वारा यह कृत्य होना पाया जाता है तो उसके विरूद्ध उचित कार्यवाही की जाए। जिलाधिकारी ने डाला छठ के त्योहार को देखते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे  शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रो मे घाटो का चयन करते हुए वहां समुचित व्यवस्था पहले ही सुनिश्चित करा ले। जिससे व्रती महिलाओ को किसी भी प्रकार की समस्या न हो। इसके साथ ही उन्होने घाटो पर बैरिकेटिंग विद्युत प्रकाश, नाव, चेजिंग रूम, गोता खोर, खोया पाया केन्द्र की व्यवस्था का निर्देश दिया।  
पुलिस अधीक्षक डा. ईरज राजा ने बैठक को संबोधित करते हुए बताया कि जनपद में सभी स्थानों पर पुलिस की व्यवस्था चाक चौबन्द रहेगी और सभी चौराहों पर पिकेट के माध्यम से निगरानी रखी जा रही है। पुलिस की टीम जनपद में भाई चारा, सांप्रदायिक सौहार्द एवं शान्ति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होने समस्त संबंधित क्षेत्राधिकारियों एवं थाना/चौकी प्रभारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि अपने अपने क्षेत्र के सम्भ्रान्त नागरिकों एवं पीस कमेटी के सदस्यों से समन्वय स्थापित करते हुए जनपद में भाई चारा, सांप्रदायिक सौहार्द एवं शान्ति व्यवस्था बनाए रखें। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने जनपद के सभी निवासियों से अपील की है कि वे त्योहारों के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखें। किसी भी अफवाह या गलत सूचना पर ध्यान न दें और प्रशासन का सहयोग करें। आगामी त्योहारों के दृष्टिगत प्रशासन और पुलिस पूरी तरह से तैयार है। हम सभी की जिम्मेदारी है कि हम अपने त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाएं और समाज में भाईचारे की भावना को बढ़ावा दें।
बैठक में मुख्य राजस्व अधिकारी आयुष चौधरी, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण/शहरी, मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला विकास अधिकारी, समस्त उपजिलाधिकारी, समस्त क्षेत्राधिकारी, समस्त संबंधित अधिकारीगण, समस्त अधिशासी अधिकारी नगर पालिका/नगर पंचायत उपस्थित थे।

जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह की अध्यक्षता में विकसित उत्तर प्रदेश की संवाद बैठक संपन्न

गाजीपुर।पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जिला पंचायत के सभाकक्ष (सिद्धेश्वर प्रसाद मेमोरियल हॉल) में जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह की अध्यक्षता में विकसित उत्तर प्रदेश @2047  की संवाद बैठक संपन्न हुई। जिला पंचायत  अध्यक्ष की अनुमति से अपर मुख्य अधिकारी, जिला पंचायत द्वारा विकसित उत्तर प्रदेश @2047  के संकल्प के संबंध में बहुमूल्य सुझाव संबंधित एजेंडा पढ़ा गया।
संवाद बैठक में राज्यसभा सांसद डा. संगीता बलवंत,विधायक सदर जैकिशन साहू, प्रमुख, क्षेत्र पंचायत, जमानिया के प्रतिनिधि संतोष सिंह कुशवाहा, फेकू यादव सदस्य जिला पंचायत, आलोक कुमार सदस्य, जिला पंचायत शैलेश सदस्य जिला पंचायत, शैलेन्द्र सिंह सदस्य जिला पंचायत, आकाश यादव सदस्य, जिला पंचायत सदस्य नरेंद्र राव सदस्य जिला पंचायत उपस्थित रहें। सदस्यों द्वारा विकसित उत्तर प्रदेश @2047  के संकल्प के संबंध में प्रकाश डालते हुए अपना -अपना सुझाव दिया गया। अपर मुख्य अधिकारी द्वारा समर्थhttps://samarthuttarpradesh.up.gov.in  पोर्टल पर अपना सुझाव साझा करने तरीके पर प्रकाश डाला गया। सभी से सुझाव साझा करने का अनुरोध किया गया। फेकू यादव, सदस्य जिला पंचायत की धर्मपत्नी व अनिता देवी सदस्य जिला पंचायत के श्वसुर जी के देहांत होने की खबर पर जिला पंचायत परिवार द्वारा उनके परिवार के लोगों को संबल व आत्मा की शान्ति के लिए 02 मिनट का मौन रखा गया। अन्त में जिला पंचायत अध्यक्ष द्वारा उपस्थित सांसद, विधायक एवं सदस्यगण का आभार व धन्यवाद ज्ञापित किया गया।

विभिन्न स्कूलों के लगभग 14 वाहनों का चालान

गाजीपुर।जिलाधिकारी अविनाश कुमार द्वारा सड़क सुरक्षा की बैठक में दिए गए निर्देश के अनुपालन में आज सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी के नेतृत्व में यात्री / मालकर अधिकारी, यातायात निरीक्षक, गाजीपुर के साथ संयुक्त टीम बनाकर नन्दगंज, चोचकपुर, करण्डा क्षेत्र में एक दर्जन से अधिक स्कूल/विद्यालय में विद्यालय प्रबंधन को अवगत कराते हुए सचेत किया गया कि आपके स्कूल में संचालित होने वाली ऐसी वाहन जिनके फिटनेस, बीमा वैध नही है को तत्काल बैध कराना सुनिश्चित करे, अन्यथा आपके स्कूल के वाहन बिना वैध पत्र के बच्चों को लाने लेजाने का कार्य करते है तो वाहन द्वारा सड़क पर होने वाली किसी भी प्रकार के दुर्घटना के लिए विद्यालय प्रबंधन स्वयं जिम्मेदार होंगे। इस अभियान के क्रम में विभिन्न स्कूलों के लगभग 14 वाहनों का चालान भी किया गया। यह अभियान अनवरत जारी रहेगा।

सड़क सुरक्षा पर छात्राओं ने बनाया पोस्टर, किया जागरूक

गाजीपुर। राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय महुआबाग में गुरुवार को “सड़क सुरक्षा” विषय पर पोस्टर प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य, प्रोफेसर अनीता कुमारी द्वारा किया गया। प्रतियोगिता में छात्राओं ने अपने पोस्टरो के माध्यम से सड़क सुरक्षा के महत्व , यातायात नियमों के पालन और दुर्घटना से बचाव के संदेश को प्रस्तुत किया।


प्राचार्य ने अपने संबोधन में कहा कि ” सड़क सुरक्षा हमारे जीवन से जुड़ा एक महत्वपूर्ण विषय है और युवा पीढ़ी को इस दिशा में जागरूक बनाना समय की आवश्यकता है। कार्यक्रम का आयोजन सड़क सुरक्षा क्लब के प्रभारी डॉo मनीष कुमार सोनकर द्वारा किया गया तथा निर्णायक की भूमिका में वरिष्ठ प्राध्यापक डॉo शिव कुमार , डॉ o आनंद कुमार चौधरी एवं डॉo पियूष सिंह रहे। निर्णायक मंडल ने रचनात्मकता एवं संदेश की प्रभावशीलता के आधार पर विजेताओं का चयन किया।

जिसमें प्रथम स्थान पर लक्ष्मी राय बीए तृतीय वर्ष , अंतरा पांडे द्वितीय स्थान बीए प्रथम वर्ष, श्रेया मौर्य तृतीय स्थान बीए तृतीय वर्ष रही। कार्यक्रम में विशेष सहयोग डॉo रामनाथ केसरवानी जी का रहा। इस अवसर पर डॉo हसीन अहमद, डॉo ओम शिवानी, डॉ o नेहा मौर्य ,डॉo राजेश यादव , डॉ o गजनफर सईद एवं अन्य शिक्षक ने छात्राओं का उत्साहवर्धन किया।

जिलाधिकारी ने पूर्व सैनिकों की समस्याओं के संबंध में 08 प्रार्थना पत्रों का किया अवलोकन

गाजीपुर।जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन कलेक्ट्रेट सभागार में किया गया। बैठक में जनपद के 106 से अधिक पूर्व सैनिक उपस्थित थे। बैठक का संचालन जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी विंग कमांडर मो० निशात अफजल (अ०प्रा०) के द्वारा किया गया। बैठक में जिलाधिकारी ने पूर्व सैनिकों की समस्याओं के संबंध में 08 प्रार्थना पत्रों का अवलोकन किया। प्रार्थना पत्र के साथ शिकायत के बारे में स्वयं पूर्व सैनिकों से उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली।उनके निस्तारण हेतु संबंधित विभागों को पत्र जारी करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी के द्वारा यह भी निर्देश दिया गया कि किसी भी स्थिति में जिला सैनिक बन्धु बैठक में आयी शिकायतों का 15 दिन में संबधित विभाग से निस्तारण की रिपोर्ट प्राप्त होनी चाहिए,आवेदनकर्ता को भी उसकी प्रति उपलब्ध कराई जाए। जिलाधिकारी ने प्राप्त पुराने प्रकरणों के संबंध में जानकारी लेते हुए लम्बित प्रकरणों का त्वरित निस्तारण कराए जाने का निर्देश दिया। बैठक का समापन अन्त में जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी, के द्वारा सभी उपस्थित पूर्व सैनिकों एवं अधिकारीगण का आभार के साथ किया गया।

छात्राओं के स्वागत के लिए फ्रेशर्स पार्टी का हुआ भव्य आयोजन

गाजीपुर। राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में मंगलवार 14 अक्टूबर 2025 को अंग्रेज़ी विभाग द्वारा नवनामांकित छात्राओं के स्वागत के लिए फ्रेशर्स पार्टी का भव्य आयोजन गुरुवार को किया गया। इस कार्यक्रम में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने हुनर का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना एवं दीप प्रज्वलन से हुआ, जिसके पश्चात अक्षिता एवं गोल्डी द्वारा आकर्षक स्वागत नृत्य प्रस्तुत किया गया। पूरे कार्यक्रम का संचालन प्रभावशाली अंदाज़ में प्रतिक्षा और संतुष्टि ने किया। महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो.अनीता कुमारी एवं अंग्रेज़ी विभाग के प्राध्यापकों डॉ शैलेन्द्र कुमार यादव एवं डॉ रामनाथ केसरवानी ने नवप्रवेशी छात्राओं का स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


इस अवसर पर नेहरू युवा केंद्र के कपिल देव राम एवं सुभाष प्रजापति की उपस्थिति रही। उन्होंने छात्राओं को प्रेरणादायक संदेश देते हुए कहा कि कॉलेज जीवन आत्मविश्वास, शिक्षा और व्यक्तित्व विकास का सर्वोत्तम समय होता है। कार्यक्रम में श्वेता ने मनमोहक सोलो डांस परफॉर्मेंस दी, जबकि श्रेय मौर्या ने अपनी शानदार सोलो प्रस्तुति से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस पूरे आयोजन का संचालन और मार्गदर्शन एम.ए. द्वितीय वर्ष की छात्राएँ सृष्टि, अन्नू और निशात द्वारा किया गया जिनके मार्गदर्शन में अन्य स्वयंसेवकों के सहयोग से यह कार्यक्रम सफलता पूर्वक सम्पन्न हुआ।


कार्यक्रम के दौरान “फ्रेशर ऑफ द ईयर” का चयन भी किया गया।
बी.ए. प्रथम वर्ष की छात्रा आकांक्षा एवं एम.ए. प्रथम वर्ष की छात्रा सैयद बुशरा अली को फ्रेशर ऑफ द ईयर का खिताब प्राप्त हुआ।
कार्यक्रम के अंत में विजेताओं को सम्मानित किया गया तथा समस्त छात्राओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा दी गई। कार्यक्रम में मीडिया प्रभारी डॉ शिवकुमार, प्राध्यापक डॉ सारिका सिंह, डॉ आनंद, डॉ शिखा, डॉ मनीष, डॉ हसीन अहमद, आयुश्री सिंह सहित अंग्रेजी विभाग की छात्राएं उपस्थित रहे ।

नारी सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन विषय पर किया गया जागरूक

गाजीपुर। ‘मिशन शक्ति’ चरण -05 के अंतर्गत राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय महुआबाग में जिला परिवीक्षा अधिकारी के द्वारा नारी सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन विषय पर जागरूकता कार्यक्रम गुरुवार को आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय सोनी एवं उनकी टीम इस कार्यक्रम में उपस्थिति रही। वन स्टॉप सेंटर मैनेजर प्रियंका प्रजापति ने महाविद्यालय छात्राओं को बताया कि उत्तर प्रदेश में ‘वन स्टॉप सेंटर’ योजना एक सरकारी पहल है जो हिंसा से प्रभावित महिलाओं को एक ही छत के नीचे चिकित्सा, कानूनी, पुलिस और मनोवैज्ञानिक परामर्श सहायता जैसी एकीकृत सेवाएं प्रदान करती है। यह योजना संकटग्रस्त महिलाओं को अस्थायी आश्रय, पुलिस सहायता और अन्य आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराती है।

योजना का क्रियान्वयन राज्य सरकारें करती हैं और यह केंद्र प्रायोजित योजना है, जिसमें केंद्र सरकार 100% वित्तीय सहायता प्रदान करती है। हिंसा से प्रभावित महिलाओं को निजी और सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षित और एकीकृत सहायता प्रदान करना। आपातकालीन और गैर-आपातकालीन स्थिति में महिलाओं को चिकित्सा, कानूनी, मनोवैज्ञानिक और पुलिस सहायता तक तत्काल पहुंच सुगम बनाना। महिलाओं के खिलाफ हिंसा से लड़ने के लिए एक ही छत के नीचे सभी आवश्यक सेवाओं को उपलब्ध कराना, इस योजना का प्रमुख उद्देश्य है। जिला बाल संरक्षण अधिकारी गीता श्रीवास्तव ने छात्राओं को बताया कि उत्तर प्रदेश में बाल संरक्षण के लिए मुख्य रूप से मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (कोविड और सामान्य) और मिशन वात्सल्य (पूर्व में एकीकृत बाल संरक्षण योजना) जैसी योजनाएं हैं। मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना कोविड-19 से अनाथ हुए बच्चों को ₹4,000 प्रति माह की वित्तीय सहायता, मुफ्त शिक्षा (अटल आवासीय विद्यालय/कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय), लैपटॉप/टैबलेट और कन्याओं के विवाह के लिए ₹1,01,000 की आर्थिक सहायता प्रदान करती है।

मिशन वात्सल्य का उद्देश्य बच्चों को शोषण, उपेक्षा और परित्याग से बचाना और उन्हें एक सुरक्षित वातावरण प्रदान करना है।
महाविद्यालय की ‘मिशन शक्ति’ प्रभारी लेफ्टिनेंट डॉ. शशि कला जायसवाल नहीं कहा कि छात्राएं इन सभी योजनाओं से अवगत होकर इसे का लाभ उठा सकती हैं क्योंकि इनका संचालन प्रदेश सरकार महिलाओं के विशेष हित को ध्यान में रखते हुए कर रही है। प्राचार्य प्रोफेसर अनिता कुमारी ने जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय सोनी और उनकी टीम का आभार व्यक्त किया और ‘मिशन शक्ति’ के इस विजन को सार्थक बनाने के लिए उनके योगदान की भूरि भूरि प्रशंसा की। कार्यक्रम में महाविद्यालय की एनसीसी कैडेट्स एवं राष्ट्रीय सेवा योजना एवं अन्य विभागों से बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।

अपराध निरोधक समिति ने वृद्धाश्रम में बांटी खुशियां

दीपावली से पूर्व वृद्धजनों के चेहरों पर खिला मुस्कान

अपराध निरोधक समिति ने वृद्धाश्रम में बांटी खुशियां

गाजीपुर। उत्तर प्रदेश अपराध निरोधक समिति के चेयरमैन कमलेश श्रीवास्तव के निर्देश पर दीपावली पर्व से पूर्व गुरुवार को वृद्धजनों के बीच खुशियां बांटने का एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम जिला अपराध निरोधक समिति गाज़ीपुर और एसपीएस स्कूल के संयुक्त सहयोग से वृद्धा आश्रम लंगड़पुर छावनी लाइन गाजीपुर में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम के दौरान आश्रम में निवास कर रहे 65 वृद्धजनों को फल, मिष्ठान, कपड़े और देशी घी वितरित कर दीपावली की शुभकामनाएं दी गईं। इस पहल का उद्देश्य वृद्धजनों के जीवन में त्योहार से पूर्व एक छोटी-सी खुशी और अपनापन लाना था।

आश्रम की संचालिका ज्योत्सना सिंह ने अपराध निरोधक समिति और एसपीएस स्कूल के इस सराहनीय कदम की भूरि-भूरि प्रशंसा की और सहयोग के लिए सभी का आभार जताया।

जिला सचिव अभिषेक कुमार सिंह ने बताया कि अपराध निरोधक समिति द्वारा समय-समय पर बंदी सुधार, साइबर जागरूकता, यातायात जागरूकता और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रम संचालित किए जाते हैं। इसी श्रृंखला में यह कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।

इस अवसर पर जिला सचिव अभिषेक कुमार सिंह, सुजीत कुमार सिंह, डॉ अनिल चौहान, मुकेश उपाध्याय, कन्हैया चौहान , फूलचंद चौहान , मुन्ना चौहान , वीरेंद्र चौहान सिंहासन यादव कैलाश यादव सुनील सिंह और प्रभाकर सिंह सहित कई पदाधिकारी व सहयोगी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के अंत में वृद्धाश्रम की संचालिका ज्योत्सना सिंह ने सभी अतिथियों एवं सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया और दीपावली पर वृद्धजनों को विशेष खुशी देने के लिए समिति को धन्यवाद दिया।

बैंकों के शाखा प्रबंधकों के साथ एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन,प्रशंसा पत्र देकर किया सम्मानित

गाजीपुर। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत सूक्ष्म वित्त एवं वित्तीय समावेशन विषयक बैंकों के शाखा प्रबंधकों के साथ एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन गुरुवार को विकास भवन सभागार में संपन्न हुआ। कार्यशाला का शुभारंभ मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य द्वारा दीप प्रज्ज्वलित करके किया गया।  
 सर्वप्रथम कार्यशाला के उद्देश्य के विषय में संबोधित करते हुए उपायुक्त स्वतः रोजगार विजय कुमार यादव द्वारा अवगत कराया गया कि आज इस कार्यशाला का उद्देश्य न केवल बैंकर्स और मिशन टीम के बीच समन्वय को सुदृढ़ करना है, बल्कि ग्रामीण आजीविका मिशन के लक्ष्यों को गति प्रदान करना भी है। जैसा कि आप जानते हैं, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (छत्स्ड) का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण परिवारों, विशेषकर गरीब महिलाओं को संगठित कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। स्वयं सहायता समूहों ¼NRLM½ के माध्यम से महिलाएं अब बचत, ऋण, उत्पादन, विपणन और सेवा-क्षेत्र की विविध गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। इन समूहों की प्रगति में बैंकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। वित्तीय समावेशन की दिशा में बैंकिंग सहायता वह आधार है, जिस पर इन समूहों की आजीविका संरचना खड़ी है। बैंक केवल ऋण देने वाली संस्था नहीं, बल्कि ग्रामीण परिवर्तन का भागीदार है। प्रत्येक समूह को उचित समय पर ऋण उपलब्ध कराना, डिजिटल बैंकिंग की जानकारी देना, वित्तीय साक्षरता को बढ़ावा देनाकृये सभी कदम ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करते हैं।
  कार्यशाला में मुख्य विकास अधिकारी द्वारा अपने संबोधन में कहा कि मिशन के अंतर्गत आज प्रदेश के प्रत्येक जनपद में हजारों समूह सक्रिय हैं। ये समूह न केवल आत्मनिर्भरता की मिसाल बन रहे हैं, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन, महिला सशक्तिकरण, और सामाजिक परिवर्तन के प्रतीक बन चुके हैं। अतः मैं सभी बैंकर्स से अपेक्षा करता हूँ कि वेSHGs   के साथ संवेदनशीलता और सहयोग की भावना से कार्य करें। ऋण स्वीकृति की प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाएँ, ताकि कोई पात्र समूह वित्तीय सहायता से वंचित न रह जाए। साथ ही, मैं मिशन टीम से भी अपेक्षा करता हूँ कि वे बैंकों के साथ नियमित संवाद बनाए रखें, ऋण पुनर्भुगतान की स्थिति पर सतत निगरानी करें और समूहों की वित्तीय अनुशासन में मदद करें। यदि बैंक और मिशन एक-दूसरे के पूरक बनकर कार्य करें, तो हम प्रदेश में गरीबी उन्मूलन और समृद्धि के लक्ष्य को शीघ्र प्राप्त कर सकते हैं। विगत वर्ष 2024-25 में सभी के सहयोग से कुल 2270 के लक्ष्य के सापेक्ष कुल 2713 स्वयं सहायता समूहों का सी.सी.एल. कराया गया साथ ही वर्तमान वित्तीय वर्ष में भी 2900 के लक्ष्य के सापेक्ष 2764 स्वयं सहायता समूहों का सी.सी.एल. कराया जा चुका है। ये मिशन टीम व सभी बैंकर्स के माध्यम से ही सफल हुआ है, आशा है कि इस कार्यशाला के माध्यम से नए विचार और पहलें सामने आएँगी, जो हमारे सामूहिक प्रयासों को नई दिशा देंगी। आइए, हम सब मिलकर यह संकल्प लें कि हर ग्रामीण परिवार को आर्थिक सशक्तिकरण की मुख्यधारा से जोड़ना हमारा साझा उद्देश्य होगा।
 कार्यशाला में क्षेत्र प्रमुख, यूनियन बैंक आफ इंडिया, संजय कुमार सिन्हा द्वारा अपने संबोधन में कहा  कि हमारा लक्ष्य केवल ऋण वितरण नहीं, बल्कि स्थायी आजीविका का निर्माण है। जब कोई ग्रामीण महिला अपने समूह के माध्यम से आत्मनिर्भर बनती है, तो वह न केवल अपने परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारती है, बल्कि पूरे समाज में आत्मविश्वास और प्रगति का संदेश देती है। अंत में, मैं सभी बैंक अधिकारियों का आभार व्यक्त करता हूँ, जिन्होंने इस मिशन में निरंतर सहयोग दिया है।
 कार्यशाला में राष्ट्रीय रिसोर्स पर्सन द्वय दिलीप मित्रा व अजित कुमार, क्षेत्र प्रमुख, यूनियन बैंक आफ इंडिया-पूर्वी श्री मुकेश रमन, क्षेत्रीय प्रबन्धक, यू पी ग्रामीण बैंक अनिरुद्ध सिंह, अग्रणी जिला प्रबन्धक राजदेव कुमार, उप क्षेत्र प्रमुख पियूष सिंह परमार, उप क्षेत्रीय प्रबन्धक अतुल शर्मा, जिला मिशन प्रबन्धक, ब्लाक मिशन प्रबन्धक, विभिन्न बैंक शाखाओं के शाखा प्रबन्धक एवं बैंक सखी उपस्थित रहे। कार्यशाला में मुख्य अतिथि द्वारा वित्तीय वर्ष 2024-25 में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शाखा प्रबन्धक, ब्लाक मिशन प्रबन्धक एवं बैंक सखियों को प्रसंशा पत्र देकर सम्मानित किया गया।

Uttar Pradesh Fast News