गाजीपुर। क्रान्ति दिवस के अवसर पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आह्वान पर “देश बचाओ -देश बनाओ” पदयात्रा मंगलवार को यूवा समाजवादी नेता अभिषेक यादव की अगुवाई में सरजू पांडे पार्क से निकाली गई। इस पदयात्रा को पूर्व नेता प्रतिपक्ष माननीय रामगोविन्द चौधरी, पूर्व सांसद कनक लता सिंह, समाजवादी महिला सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष जूही सिंह और समाजवादी महिला सभा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्रेया वर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। पदयात्रा आरंभ होने के पूर्व सरजू पांडे पार्क में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामगोविन्द चौधरी ने जनपद के गौरवशाली इतिहास का बखान करते हुए कहा कि जब जब इस देश को जरूरत पड़ी है, इस जनपद के नौजवानों ने अगली कतार में खड़े होकर अपनी कुर्बानी देकर देश की रक्षा करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि देश आज भाजपा सरकार की जनविरोधी, पूंजीपति परस्त, साम्प्रदायिक नीतियों के चलते गंभीर संकट में है। वह संविधान और लोकतंत्र को कमजोर करने का काम कर रही है। देश में अघोषित आपातकाल है। सरकार के खिलाफ बोलने वालों को राष्ट्रद्रोही घोषित किया जा रहा है। विरोधी दल के नेताओं के खिलाफ ईडी और सीबीआई का भी खुलेआम गलत इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस देश को आजाद कराने में हिन्दू और मुसलमान तथा सभी जाति धर्म के लोगों का बराबर योगदान रहा है। सभी के त्याग और तपस्या के चलते देश आजाद हुआ था। इस देश को आजाद कराने में समाजवादियों का अहम योगदान रहा है। उन्होंने लोकनायक जयप्रकाश नारायण, डॉ लोहिया, अच्युतपटवर्धन, अरूणा आसफ अली, मधुलिमये, रामसेवक यादव जैसे समाजवादियों का जिक्र करते हुए कहा कि यह समाजवादी नेता आजादी की लड़ाई के महान योद्धा थे, लेकिन विडंबना यह है कि जिनका आजादी की लड़ाई में कोई योगदान नहीं था, वह भाजपा और आरएसएस के लोग आज राष्ट्रभक्त होने का दंभ भर रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश को चंद पूंजीपति चला रहे हैं। गरीबों की खुन पसीने की कमाई से देश के चंद पूंजीपतियों की तिजोरी भरी जा रही है। भाजपा सरकार की ग़लत आर्थिक नीतियों के चलते देश एक बार फिर ईस्ट इंडिया कंपनी की तरह पूंजीपतियों के कब्जे में हो जाएगा। जब देश के कल कारखाने, सरकारी महकमें पूंजी पतियों के कब्जे में हो जाएगा तो आमजन उनके इशारे पर चलने को मजबूर हो जाएगा। इस देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था समाप्त कर दी जाएगी और इस देश का संविधान बदल दिया जायेगा। भाजपा सरकार विरोधी दलों को समाप्त कर देना चाहती है। भाजपा सरकार असहमति का स्वर बर्दाश्त नहीं कर पा रही है। यह सरकार लोकतंत्र के चारों स्तंभों को लगातार कमजोर कर रही है। यह सरकार देश को लूट और बेच रही है। इसलिए आज देश को बचाने के लिए समाजवादियों को देश बचाओ -देश बनाओ पदयात्रा निकालनी पड़ी रही है। इस पदयात्रा के माध्यम से भाजपा सरकार के झूठ, उनकी वादाखिलाफी, असंवैधानिक और अलोकतांत्रिक कारनामों का पर्दाफाश किया जायेगा।उन्होंने कहा कि जब जब इस देश को तोड़ने की साज़िश हुई है समाजवादियों ने आगे आकर देश के संविधान, लोकतंत्र और देश के धर्मनिरपेक्ष स्वरूप की रक्षा करने का काम किया है। कहा कि समाजवादी हमेशा व्यवस्था परिवर्तन के लिए संघर्ष करता रहा है, वह ऐसा समाज बनाना चाहता है जिसमें किसी को भी अपनी जरूरत के लिए हाथ न फैलाना पड़े। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा से खतरा महसूस होता है इसलिए वह लगातार समाजवादी पार्टी और उसके नेता अखिलेश कमजोर करने की लगातार साजिश रच रही है। इस देश के संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए भाजपा सरकार को सत्ता से बेदखल करना जरूरी है। इस मौके पर मुख्य रूप से जांगीपुर विधायक डॉ वीरेंद्र यादव, सदर विधायक जै किशन साहू, मन्नू अंसारी, सुदर्शन यादव, राजेश कुशवाहा, आमिर अली, अवनीश यादव, राघवेन्द्र यादव, जयंती कुमार, अरुण कुमार श्रीवास्तव, दिनेश यादव, कन्हैयालाल विश्वकर्मा, अशोक कुमार बिंद, रामवचन यादव, महेंद्र चौहान, जै हिंद यादव, कमलेश यादव, गोवर्धन यादव, भानु यादव, मन्नू सिंह, सत्येन्द्र यादव सत्या, सिंकदर कन्नौजिया, अरविंद कुमार यादव, सदानंद यादव, जगत मोहन बिंद, संदीप यादव, ओमकार यादव, शिवशंकर यादव, राजेश कुमार यादव, आशा यादव, विभा पाल, रविन्द्र यादव, डॉ समीर सिंह, अभिनव सिंह, आजाद राय, विवेक सिंह शम्मी, अभय सिंह, रामनारायन यादव आदि उपस्थित थे। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष रामधारी यादव एवं संचालन समाजवादी लोहिया वाहिनी के जिलाध्यक्ष अमित ठाकुर ने किया।