बजट में छात्र नेता ने उठाया विश्वविद्यालय का मुद्दा, कहा……


गाजीपुर। जारी हुए केन्द्रीय बजट 2026-27 पर पूर्व छात्रसंघ उपाध्यक्ष दीपक उपाध्याय ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि “आंकड़ों में चमकता भारत, पर गाजीपुर के धरातल पर शिक्षा का अंधेरा” है। कहा कि “केन्द्रीय बजट 2026-27 में शिक्षा के लिए ₹1.39 लाख करोड़ का आवंटन, गर्ल्स हॉस्टल की सुविधा और डिजिटल लैब्स जैसे छात्रहितैषी कदम सराहनीय हैं। परंतु, बड़ा सवाल यह है कि क्या ये घोषणाएं कागजों से निकलकर धरातल पर उतर पाएंगी? अक्सर सरकारी फाइलें तो चमकती हैं, लेकिन आम छात्र का जीवन वहीं खड़ा रह जाता है। इसका सबसे ज्वलंत प्रमाण जनपद है। केंद्र सरकार की ‘सामाजिक प्रगति सूचकांक रिपोर्ट’ में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में गाजीपुर पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान पर है। विडंबना देखिए, सर्वाधिक 350+ महाविद्यालयों वाला यह जनपद आज भी विश्वविद्यालय विहीन है। जब तक जिले में स्वतंत्र विश्वविद्यालय जैसा बुनियादी ढांचा तैयार नहीं होगा, तब तक बजट के ये भारी-भरकम आंकड़े युवाओं के लिए केवल एक ‘चुनावी जुमला’ बनकर रह जाएंगे। विकास केवल बिल्डिंग बनाने से नहीं, बल्कि जिले की मेधा को स्थानीय स्तर पर ‘क्वालिटी एजुकेशन’ और ‘रिसर्च’ का मंच देने से होगा। सरकार अपनी ही रिपोर्ट का सम्मान करे और गाजीपुर को तत्काल विश्वविद्यालय का हक दे।

Leave a comment

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.