गाजीपुर। बुधवार को 100 दिवसीय टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत, National Tuberculosis Elimination Programme के तहत जनपद में एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जिला क्षय रोग अधिकारी, गाजीपुर डॉ. रवि रंजन की अध्यक्षता में सीएमओ ट्रेनिंग हॉल में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम के दौरान Lords Distillery Limited के सहयोग से 100 क्षय रोगियों को पोषण पोटली वितरित की गई। इस पहल का मुख्य उद्देश्य टीबी रोगियों को आवश्यक पोषण सहयोग प्रदान करना, उनके उपचार की प्रभावशीलता को बढ़ाना तथा उनके स्वास्थ्य में शीघ्र सुधार सुनिश्चित करना है।

अपने संबोधन में जिला क्षय रोग अधिकारी ने कहा कि टीबी उन्मूलन केवल स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने यह भी बताया कि उचित पोषण, नियमित दवा सेवन एवं समय पर जांच से टीबी को पूरी तरह समाप्त किया जा सकता है।

इस अवसर पर लॉर्ड्स डिस्टिलरी लिमिटेड के प्रतिनिधि आनंद राय (एचआर एवं एडमिन) ने कहा कि उनकी संस्था सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत स्वास्थ्य सेवाओं में निरंतर सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रमों में भागीदारी करती रहेगी।

कार्यक्रम में डॉ. मिथिलेश कुमार सिंह (डीपीसी), विवेक सिंह (डीपीपीएमसी), संजय सिंह यादव (डीईओ), सुनील कुमार एवं योगेन्द्र सिंह (एसटीएस/एसटीएलएस), राधेश्याम (बीसीजी टीम लीडर) तथा HLFPPT के कोऑर्डिनेटर सौरभ सिंह सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

सभी उपस्थित जनों ने टीबी उन्मूलन के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सामूहिक प्रयासों, जनजागरूकता एवं निरंतर सहयोग की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम का समापन इस संकल्प के साथ किया गया कि “टीबी हारेगा, देश जीतेगा” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाकर टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य को शीघ्र साकार किया जाएगा।


