गाजीपुर। जनपद में संभावित बाढ एवं कटान के दृष्टिगत संचालित निर्माणाधीन परियोजनाओ का स्थलीय निरीक्षण मंगलवार को जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने किया। जिलाधिकारी ने तहसील सेवराई अन्तर्गत नरवा घाट गहमर एवं सोझवा घाट गहमर में चल रहे कटान रोधक कार्यो का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, समयबद्धता तथा मानकों के अनुरूप कार्य संपादन का गहनता से अवलोकन किया।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुसार गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने निर्माण स्थल पर उपलब्ध सामग्री की गुणवत्ता की भी जांच की तथा कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है, इसलिए निर्माण कार्य को 30 जून, 2026, तक पूर्ण करा लिया जाय, कार्य में ढ़िलाई पाये जाने पर ठेकादार को नोटिस देते हुए कार्य में तेजी लाने हेतु अधि0 अभियन्ता सिचाई निर्माण खण्ड वाराणसी को समय से कार्य पूरा कराने का निर्देश दिया।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करने तथा कार्य प्रगति की रिपोर्ट समय-समय पर प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी सेवराई, कार्यदायी संस्था के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
