सांसद के प्रति महिलाओं का जनाक्रोश

गाजीपुर। मरदह ब्लाक प्रमुख सीता सिंह के नेतृत्व में गुरुवार को जंगीपुर विधानसभा की महिलाओं ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम की खिलाफत करने वाले सपा सांसद के प्रति जनाक्रोश प्रदर्शित कर शहीद स्मारक पर साधना राय की अध्यक्षता में धरना दिया।
इस अवसर पर सीता सिंह ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं को राजनीतिक, सामाजिक और संवैधानिक अधिकारों से सशक्त बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। जो लोग महिलाओं के सम्मान और उनके अधिकारों का विरोध कर रहे हैं, जनता उन्हें कभी माफ नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि देश की मातृशक्ति अब जागरूक हो चुकी है और महिलाओं के सम्मान पर आघात करने वालों को लोकतांत्रिक तरीके से जवाब दिया जाएगा।


धरना को रंजू शर्मा ने सम्बोधित करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी को शक्ति, सम्मान और संस्कार का प्रतीक माना गया है। महिलाओं के अधिकारों का विरोध करना केवल नारी शक्ति का अपमान नहीं बल्कि देश की आधी आबादी की भावनाओं को ठेस पहुँचाना है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी तभी लोकतंत्र और अधिक मजबूत होगा।
धरना प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लेकर नारेबाजी की तथा महिलाओं के सम्मान और अधिकारों की रक्षा का संकल्प लिया। अध्यक्षता साधना राय व संचालन किरन सिंह ने किया।
इस अवसर पर जिला मंत्री कौशल्या यादव, शकुंतला जायसवाल, विजयलक्ष्मी गुप्ता,साधना राय,पुष्पा सिंह, सरोज भारती आदि महिलाएं उपस्थित रही।

Leave a comment

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.