गाजीपुर में अवधी लोक गीत,नृत्य एवं सांस्कृतिक उत्सव का भव्य आयोजन

गाजीपुर। भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के द्वारा प्रायोजित तथा स्वयंसेवी संस्था गीता ग्रामोद्योग विकास संस्थान (सहकारी कॉलोनी आमघाट, गाजीपुर) के तत्वाधान में लंका मैदान स्थित मैरिज हॉल में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में ‘अवधी लोक गीत, लोक नृत्य एवं सांस्कृतिक उत्सव’ की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं, जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता अमेरिका के मिशिगन से पधारे गीता गुरुकुल फाउंडेशन के संस्थापक योगी आनंद जी महाराज ने की। मुख्य अतिथि के रूप में अपर जिलाधिकारी (गाजीपुर) वेद सिंह चौहान उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के सचिव डॉ. ज्योति शंकर राय एवं लोकतंत्र सेनानी संघ के अध्यक्ष विजय शंकर चतुर्वेदी ने गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई।
डॉ.व्यासमुनि राय ने संभाली मंच की कमान
कार्यक्रम का कुशल एवं सफल संचालन डॉ. व्यासमुनि राय द्वारा किया गया। उन्होंने अपनी चिरपरिचित शैली और वक्तृत्व कला से कार्यक्रम में समां बांधे रखा और दर्शकों को अंत तक बांधे रखा।
कार्यक्रम के आयोजक एवं संस्था के अध्यक्ष कृष्ण शंकर चौबे और उपाध्यक्ष सोमेश मोहन राय (सभासद/महामंत्री, नगर पालिका परिषद गाजीपुर) ने संयुक्त रूप से सभी अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने बताया कि इस तरह के आयोजनों का मुख्य उद्देश्य हमारी पारंपरिक अवधी लोक कला और संस्कृति को जीवित रखना तथा युवा पीढ़ी तक पहुँचाना है। संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा इस कार्यक्रम को स्वीकृति मिलना पूरे जनपद के लिए गौरव की बात है।
इस अवसर पर भारी संख्या में कलाप्रेमी, प्रबुद्ध वर्ग और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे, जिन्होंने कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
अंत मे संस्था के अध्यक्ष कृष्ण शंकर चौबे ने कार्यक्रम मे आए हुए जिले के सभी लोगों का कार्यक्रम मे उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफलता प्रदान करने के लिए संस्था की तरफ से धन्यवाद और आभार व्यक्त किया l