
मुहम्मदाबाद। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर मुहम्मदाबाद इलाके में जगह जगह योग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में काफी संख्या में लोगों ने भाग लेकर योग से होने वाले लाभ की जानकारी ली व योगासन किया। मुहम्मदाबाद नगर स्थित अष्ट शहीद पार्क परिसर में आयोजित योगाभ्यास कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों आदि ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। इस आयोजन में योग के माध्यम से स्वस्थ, सशक्त एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी डॉ.हर्षिता तिवारी ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति की वह अमूल्य विरासत है जो शरीर, मन और आत्मा के संतुलन का माध्यम है। प्राणायाम से मन मस्तिष्क पूरी तरह स्वस्थ रहता है,वहीं इससे पाजिटीव उर्जा प्राप्त होती है। योगासन से हमारा शरीर का अंग पूरी तरह दुरुस्त रहता है। योग करके हम कई बीमारियों पर बिना दवा के काबू पा सकते हैं।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से आज योग वैश्विक स्तर पर भारत की पहचान बन चुका है और करोड़ों लोग इसे अपनी दिनचर्या का हिस्सा बना रहे हैं।
भाजपा नेता पीयूष राय ने कहा कि वर्तमान परिवेश में योग की महत्ता और भी प्रासंगिक हो चुकी है। इसे दिनचर्या में शामिल करना बेहद जरूरी है।
योगाभ्यास में सीओ सुधाकर पांडेय,नायब तहसीलदार विपिन चौरसिया, विरेन्द्र राय, रामजी गिरी,ओपी गिरी, आनंद कुमार त्रिपाठी, भारतीय पूर्व सैनिक संघ के शशिकांत पाण्डेय, अमित अग्रवाल, राजेन्द्र गुप्ता, विनोद राय, श्रीनारायण राय, जयप्रकाश प्रजापति, प्रवीण राय, राजेन्द्र शर्मा, विनोद यादव आदि शामिल रहे। ब्लॉक परिसर में ब्लॉक प्रमुख अवधेश राय,कोतवाली परिसर में सीओ सुधाकर पांडेय व प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र प्रताप की देखरेख में योग शिविर संपन्न हुआ।