कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच री-नीट यू0जी0 परीक्षा-2026 संपन्न

गाजीपुर। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी नई दिल्ली द्वारा आयोजित री-नीट यू0जी0 परीक्षा-2026 जनपद में रविवार को कड़ी सुरक्षा एवं पारदर्शी व्यवस्था के बीच सकुशल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा को नकलविहीन एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने हेतु जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक डॉ0 ईरजराजा संयुक्त रूप से एम0ए0एच0 इण्टर कालेज एवं डी0ए0वी0इण्टर कालेज में स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सीसीटीवी कैमरों, स्ट्रांग रूम, प्रश्नपत्र वितरण व्यवस्था, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, विद्युत एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का परीक्षण किया गया। जनपद में री-नीट यू0जी0 परीक्षा हेतु 07 परीक्षा केंद्र बनाये गये थे जिसमें 02 जोलन, 07 ड्यूटी मजिस्ट्रेट, 07 केन्द्र व्यवस्थापक की तैनाती की गयी थी। जनपद में कुल 3318 अभ्यर्थियों में से 3059 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी एवं 259 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।


जिलाधिकारी ने संबंधित केंद्र व्यवस्थापकों एवं अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखना सर्वाेच्च प्राथमिकता है तथा शासन की मंशा के अनुरूप परीक्षा को पूर्ण पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ संपन्न कराया जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों पर समय से पूर्व सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली जाएं तथा अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।   पुलिस अधीक्षक डॉ ईरज राजा ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था हेतु प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गयी। परीक्षा के दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क दृष्टि बनाए रखने तथा परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ एकत्र न होने देने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों पर भी सतत निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी प्रकार की अफवाह अथवा अनुचित गतिविधि को तत्काल रोका जा सके।

Leave a comment

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.