सीएम योगी से वार्ता व ज्ञापन सौंपने के लिए एसडीएम को सौंपा पत्रक

गाजीपुर में राज्य विश्वविद्यालय की मांग: मुख्यमंत्री के आगमन पर शिष्टाचार वार्ता व ज्ञापन सौंपने हेतु एसडीएम सदर को सौंपा पत्रक


जनप्रतिनिधियों से मंच से मांग उठाने की अपील


विश्वविद्यालय कि मांग पूरी कराने को लेकर भी बनाई गई रणनीति


गाजीपुर। जनपद में ‘एक जनपद – एक विश्वविद्यालय’ योजना के तहत राज्य विश्वविद्यालय की स्थापना की मांग को लेकर बुधवार को छात्रसंघ प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी के नाम संबोधित पत्रक एसडीएम सदर विनोद जोशी को सौंपा। पत्रक के माध्यम से 30 जुलाई 2026 को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गाजीपुर आगमन के दौरान शिष्टाचार भेंट एवं वार्ता हेतु प्रतिनिधिमंडल का नाम आधिकारिक प्रोटोकॉल सूची में सम्मिलित करने की मांग की गई है। साथ ही यह आग्रह भी किया गया कि यदि किसी कारणवश सीधी वार्ता संभव न हो पाए, तो छात्रों का यह मांग पत्र मुख्यमंत्री तक हर हाल में पहुंचाया जाए ताकि क्षेत्र के युवाओं और छात्र-छात्राओं की बहुप्रतीक्षित मांग पूरी हो सके। पत्रक सौंपने के उपरांत पूर्व छात्रसंघ उपाध्यक्ष दीपक उपाध्याय ने प्रमुखता से अपनी बात रखते हुए कहा, “गाजीपुर पूर्वांचल का एक प्रमुख जनपद है, जहाँ 360 से अधिक महाविद्यालय संचालित हो रहे हैं। इसके बावजूद आज तक यहाँ एक भी राज्य विश्वविद्यालय नहीं है, जिसके कारण गाजीपुर ‘विश्वविद्यालय विहीन’ बना हुआ है। विश्वविद्यालय के अभाव में उच्च व गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए यहाँ के छात्र-छात्राओं को मजबूरन दूसरे जिलों या राज्यों का रुख करना पड़ता है। इससे मध्यमवर्गीय व किसान परिवारों पर अत्यधिक आर्थिक बोझ पड़ता है और कई प्रतिभावान ग्रामीण छात्राएं उच्च शिक्षा से वंचित रह जाती हैं।”
दीपक उपाध्याय ने मीडिया के माध्यम से जिले के जनप्रतिनिधियों से विशेष अपील करते हुए कहा, “कल मुख्यमंत्री के आगमन पर उनके साथ मंच साझा करने वाले जिले के सभी सम्मानित जनप्रतिनिधियों से समस्त छात्र समुदाय यह विनम्र अपील करता है कि वे मंच से गाजीपुर को राज्य विश्वविद्यालय दिए जाने की इस वाजिब और बेहद जरूरी मांग को मुख्यमंत्री के समक्ष पूरी मजबूती से उठाएं। इसके साथ ही हम मीडिया बंधुओं से भी आग्रह करते हैं कि गाजीपुर के लाखों युवाओं के भविष्य से जुड़े इस विषय को प्रमुखता से रेखांकित करें, ताकि गाजीपुर को उसका हक मिल सके।” प्रतिनिधिमंडल में शामिल छात्र नेता अभिषेक पाण्डेय ने कहा, “गाजीपुर की छात्र-छात्राओं को समान एवं सुलभ शिक्षा का अधिकार मिलना ही चाहिए। जब सरकार हर जिले में विश्वविद्यालय स्थापित करने की दिशा में कार्य कर रही है, तो गाजीपुर जैसे शैक्षणिक केंद्र की अनदेखी नहीं होनी चाहिए।”
छात्र नेता विकास यादव ने कहा, “हमने आज एसडीएम सदर के माध्यम से माननीय मुख्यमंत्री जी तक अपनी बात पहुँचाने की पहल की है। गाजीपुर का छात्र समुदाय एकजुट है और जब तक जनपद को राज्य विश्वविद्यालय का अधिकार नहीं मिल जाता, हम निरंतर लोकतांत्रिक और सकारात्मक तरीके से प्रयास करते रहेंगे।”
विश्वविद्यालय कि मांग पूरी कराने के लिए एक रणनीति भी बनाई गई है जिसमें संयोजक के रूप में डॉ शम्मी सिंह, दीपक उपाध्याय बनाये गए हैं। इस दौरान ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में मुख्य रूप से पूर्व छात्रसंघ उपाध्यक्ष दीपक उपाध्याय ,अभिषेक पांडेय, विकास यादव, निलेश बिन्द, विशाल मौर्या, विवेक प्रधान, अमृतांश बिन्द, रजनीश राय, अभिनव रंजन, सुधांशु पांडे सहित बड़ी संख्या में छात्र एवं युवा उपस्थित रहे।

Leave a comment

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.