मेडिकल स्टोरों पर औचक निरीक्षण, फार्मासिस्ट की अनुपस्थिति समेत कई कमियां मिलीं
गाजीपुर। जिलाधिकारी शुक्ला के निर्देश पर बुधवार को ड्रग्स इंस्पेक्टर रजत कुमार पांडेय ने महिला जिला अस्पताल के सामने सहित नगर के विभिन्न क्षेत्रों में संचालित मेडिकल स्टोरों का औचक निरीक्षण किया। यह कार्रवाई आईजीआरएस पर प्राप्त शिकायत के बाद की गई, जिसमें कई मेडिकल स्टोरों के फार्मासिस्ट की अनुपस्थिति में तथा निर्धारित नियमों की अनदेखी कर संचालित होने की शिकायत की गई थी। निरीक्षण के दौरान ड्रग्स इंस्पेक्टर ने सिंह मेडिकल स्टोर, मिश्रा बाजार मार्केट स्थित मेडिकल स्टोर, पटेल मेडिकल स्टोर, हिंद मेडिकल स्टोर, शांति फार्मा, सिंध मेडिकल स्टोर और ओम साई मेडिकल स्टोर समेत कई प्रतिष्ठानों की जांच की। इस दौरान कई दुकानों पर साफ-सफाई की स्थिति खराब मिली। महिला जिला अस्पताल के सामने स्थित सिंह मेडिकल स्टोर पर निरीक्षण के समय फार्मासिस्ट अनुपस्थित पाया गया।

ड्रग्स इंस्पेक्टर रजत कुमार पांडेय ने मेडिकल स्टोर संचालकों को ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट, 1940 एवं नियमावली, 1945 के प्रावधानों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने दुकानों में साफ-सफाई बनाए रखने, दवाओं की बिक्री पर मरीजों को अनिवार्य रूप से पक्का बिल देने तथा फार्मासिस्ट की मौजूदगी में ही दवाओं की बिक्री करने की हिदायत दी। साथ ही सभी मेडिकल स्टोरों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने दवा विक्रेताओं को चेतावनी देते हुए कहा कि मरीजों और उनके तीमारदारों के साथ किसी भी प्रकार का दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भविष्य में किसी मेडिकल स्टोर के खिलाफ इस तरह की शिकायत मिलने पर संबंधित फर्म के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान कमियां मिलने पर संबंधित मेडिकल स्टोर संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। सभी को सात कार्य दिवस के भीतर नियमों का अनुपालन सुनिश्चित करते हुए अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का समय दिया गया है। निर्धारित समय सीमा में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर संबंधित फर्म के लाइसेंस के निलंबन की कार्रवाई की जा सकती है।
