लोअर पीसीएस परीक्षा में विवेक सिंह ने हासिल की सफलता, गाजीपुर का बढ़ाया मान
गाजीपुर। महुआबाग के तिलकनगर निवासी विवेक सिंह ने आंतरिक लेखा एवं परीक्षा निदेशालय, उत्तर प्रदेश द्वारा आयोजित असिस्टेंट अकाउंटेंट (लोअर पीसीएस) की परीक्षा उत्तीर्ण कर परिवार, गांव और जनपद का मान बढ़ाया है। उनकी सफलता पर परिजनों और शुभचिंतकों में हर्ष का माहौल है।
मूलरूप से बिरनो ब्लॉक के भैरोपुर निवासी रामशब्द सिंह और तारा सिंह वर्तमान में तिलकनगर, महुआबाग में रहते हैं। उनकी चार संतानों में दो बेटियां वागीश और वैशाली सिंह हैं, जिनका विवाह हो चुका है। छोटा बेटा वैभव सिंह मर्चेंट नेवी में कार्यरत है, जबकि बड़े बेटे विवेक सिंह ने असिस्टेंट अकाउंटेंट (लोअर पीसीएस) की परीक्षा उत्तीर्ण कर परिवार का गौरव बढ़ाया है।
विवेक सिंह की प्रारंभिक शिक्षा सरस्वती शिशु मंदिर से हुई। उन्होंने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की पढ़ाई आदर्श इंटर कॉलेज से पूरी की। इसके बाद इलाहाबाद विश्वविद्यालय से बीकॉम, एमकॉम और एलएलएम तथा काशी हिंदू विश्वविद्यालय से एलएलबी की पढ़ाई की। वर्तमान में वह लखनऊ विश्वविद्यालय से विधि में पीएचडी कर रहे हैं। उन्होंने यूजीसी नेट-जेआरएफ भी क्वालीफाई किया है।
अपनी सफलता का श्रेय विवेक सिंह ने अपने स्वर्गीय दादा कैप्टन अजनाथ सिंह को दिया है। उनके दादा सेना में कैप्टन थे, जबकि उनके चाचा कमलेश सिंह कारगिल युद्ध में शहीद हुए थे। विवेक ने बताया कि सफलता के इस मुकाम तक पहुंचने के लिए उन्होंने लंबे समय तक प्रयास किया। इससे पूर्व वह बैंक क्लर्क, पीओ, अधीनस्थ सेवा चयन आयोग तथा बिहार पीसीएस-जे समेत करीब 12 साक्षात्कार दे चुके हैं। लगातार प्रयासों के बाद अब उन्हें यह सफलता मिली है।
विवेक सिंह की उपलब्धि पर भाजपा नेता योगेश सिंह, जिला कार्यसमिति सदस्य कार्तिक गुप्ता, गर्वजीत सिंह, वरुण गुप्ता, इशांक श्रीवास्तव, आशीष श्रीवास्तव, विशाल पांडेय सहित अनेक लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।