गाजीपुर में अपराध नियंत्रण और कांवड़ यात्रा की तैयारियों की एडीजी ने की समीक्षा
गाजीपुर। अपर पुलिस महानिदेशक, वाराणसी जोन, वाराणसी ने गुरुवार को पुलिस अधीक्षक डॉ इरज राजा की मौजूदगी में पुलिस लाइन सभागार में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था एवं कांवड़ यात्रा-2026 की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक की। बैठक के बाद उन्होंने पुलिस लाइन परिसर का भ्रमण एवं निरीक्षण भी किया। बैठक में कांवड़ यात्रा को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था, रूट डायवर्जन, यातायात प्रबंधन तथा संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले स्थानों एवं गंगा घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की समीक्षा की गई। अधिकारियों को सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों के प्रभावी इस्तेमाल, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग तथा अफवाहों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

एडीजी ने कहा कि कांवड़ यात्रा मार्गों पर पुलिस अधिकारी नियमित भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लें और स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित करते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कराएं। श्रावण मास के दृष्टिगत धार्मिक स्थलों और गंगा घाटों पर पर्याप्त पुलिस प्रबंध सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए। समीक्षा के दौरान हिस्ट्रीशीटरों एवं सक्रिय अपराधियों की निगरानी, वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी, सत्यापन अभियान, बीट पुलिसिंग तथा लंबित विवेचनाओं के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर विशेष जोर दिया गया। CCTNS पोर्टल पर लंबित प्रविष्टियों, ई-साक्ष्य एवं ई-समन प्रणाली के प्रभावी क्रियान्वयन की भी समीक्षा की गई। प्रत्येक मामले में तकनीकी साक्ष्यों का अधिकतम उपयोग करने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा महिला सुरक्षा एवं मिशन शक्ति अभियान, साइबर अपराध, ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, यातायात व्यवस्था सुधारने, अवैध शराब, मादक पदार्थों की तस्करी, गौ-तस्करी और अन्य संगठित अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियानों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। एडीजी ने कहा कि जनसामान्य की शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। थाना स्तर पर आने वाले प्रत्येक फरियादी के साथ संवेदनशील व्यवहार किया जाए और शिकायतों का निष्पक्ष एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। कानून-व्यवस्था से जुड़ी किसी भी स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया देते हुए शांति एवं सौहार्द बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।

इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर/ग्रामीण, समस्त क्षेत्राधिकारी, जनपद के सभी प्रभारी निरीक्षक एवं थानाध्यक्ष, शाखा प्रभारी तथा अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।