टाउनहाल-सराय गली में बिजली चोरी पर सख्ती, दर्जनों बाईपास कनेक्शन पकड़े
गाजीपुर। जिलाधिकारी के निर्देश पर विद्युत विभाग ने नगर क्षेत्र में बिजली चोरी के खिलाफ व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। टाउनहाल और सराय गली में अधिशाषी अभियंता नगर गोपाल सिंह एवं नायब तहसीलदार पवन उपाध्याय के नेतृत्व में हुई कार्रवाई से हड़कंप मच गया। जांच के दौरान कई घरों और दुकानों में मीटर बाईपास कर सीधे बिजली का उपभोग किए जाने के मामले पकड़े गए। टीम ने बाईपास केबल काटकर विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त कराया।

विद्युत उपकेंद्र पीरनगर से निकलने वाला टाउनहाल फीडर लंबे समय से हाई लाइन लॉस फीडर की श्रेणी में है। लगातार बढ़ रहे लाइन लॉस को देखते हुए नगर एक्सईएन गोपाल सिंह ने जिलाधिकारी की अनुमति से विशेष चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान विभिन्न परिसरों में विद्युत मीटरों की जांच की गई, जिसमें मीटर बाईपास कर बिजली का इस्तेमाल किए जाने के मामले सामने आए।

मोहम्मदाबाद नगर में भी कार्रवाई, चार के खिलाफ एफआईआर
वहीं, मोहम्मदाबाद नगर में भी विद्युत चोरी के खिलाफ अभियान चलाया गया। यहां बिजली चोरी के आरोप में चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई, जबकि आठ बड़े बकायेदारों के कनेक्शन पोल से डिस्कनेक्ट कर दिए गए।

अभियान के दौरान विद्युत चोरी के मामले सामने आने पर एक्सईएन ने संबंधित अधिकारियों को नगर क्षेत्र में तीन और मोहम्मदाबाद में चार, कुल सात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए। कार्रवाई शुरू होते ही कई दुकानदारों ने शटर गिरा दिए, जबकि कुछ लोग अपने परिसरों में ताला लगाकर मौके से चले गए।

विद्युत विभाग के अधिकारियों के मुताबिक टाउनहाल फीडर रेड जोन में शामिल है और यहां लाइन लॉस काफी अधिक है। विभाग का कहना है कि बिजली चोरी के कारण राजस्व को भारी नुकसान हो रहा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिजली चोरी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और चोरी में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

चेकिंग अभियान में नगर एसडीओ मुन्नीलाल गुप्ता, अवर अभियंता मनोज सिंह समेत विद्युत विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से अपील की कि बिजली का उपयोग केवल वैध कनेक्शन और निर्धारित नियमों के तहत ही करें। बिजली चोरी करते पकड़े जाने पर संबंधित के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




