संघ की जिला बैठक में संगठन विस्तार की बनी रणनीति, कई कार्यकर्ताओं को मिली नई जिम्मेदारी

संघ की जिला बैठक में संगठन विस्तार की बनी रणनीति, कई कार्यकर्ताओं को मिली नई जिम्मेदारी

गाजीपुर। माधव सरस्वती विद्यालय, भूतहिया टांड़ चौराहा स्थित परिसर में रविवार को जिला कार्यसमिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रांत द्वारा निर्धारित विभिन्न संगठनात्मक विषयों पर विस्तार से चर्चा करते हुए आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं आचार्य पद्धति से हुआ। बैठक में जिला मंत्री विनीत सिंह ने प्रस्ताव क्रमांक दो एवं तीन को पढ़कर सुनाया तथा उसकी प्रति उपस्थित कार्यकर्ताओं को उपलब्ध कराई। इसके बाद मुख्य वक्ता एवं काशी जिले के पालक, प्रांत उपाध्यक्ष जनार्दन जी ने संगठन के आगामी कार्यक्रमों और कार्ययोजनाओं पर विस्तार से मार्गदर्शन किया। उन्होंने जिला, आयाम एवं प्रखंड स्तर पर निर्धारित समय-सीमा के भीतर समितियों के गठन को पूरा करने, सभी प्रखंडों के पालक एवं सह पालक की जिम्मेदारी तय करने तथा संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने पर जोर दिया। इसके साथ ही स्थापना दिवस कार्यक्रम, श्रद्धेय अशोक सिंघल जी के शताब्दी वर्ष के कार्यक्रम, हितचिंतक बनाने के लक्ष्य को पूरा करने तथा रविदास जयंती कार्यक्रम आयोजित करने सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा कर कार्यक्रम निर्धारित किए गए। बैठक में पालक जनार्दन जी की अनुमति तथा जिला कार्यसमिति की सहमति से कई कार्यकर्ताओं के कार्यक्षेत्र एवं दायित्वों में परिवर्तन किया गया। दयाशंकर जी को जिला धर्म यात्रा प्रमुख, उमेश जी को जिला सामाजिक समरसता प्रमुख, ओमप्रकाश जी, शांतलाल जी एवं नवीन जी को जिला उपाध्यक्ष, अनुराग जी को जिला सह मंत्री, रामनारायण जी को जिला वेद संस्कृत शिक्षा प्रमुख, अश्वनी जी को जिला प्रचार-प्रसार प्रमुख तथा विजय जी को जिला सह धर्म प्रसार प्रमुख का दायित्व सौंपा गया। इसी क्रम में उत्तम जी को नगर अध्यक्ष गाजीपुर, गोपाल जी को प्रखंड अध्यक्ष भदौरा, प्रमोद जी को प्रखंड मंत्री भदौरा, ब्रह्मानंद जी को प्रखंड अध्यक्ष भांवरकोल तथा आशीष जी को सदर प्रखंड अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई। सभी उपस्थित कार्यकर्ताओं ने ॐ का उच्चारण कर नई जिम्मेदारियों पर अपनी सहमति व्यक्त की। बैठक में काशी प्रांत के सह सेवा प्रमुख दिनेश चंद्र जी, प्रांत सदस्य ओमकार राय जी, विभाग मंत्री बुद्ध नारायण जी, संत योगी महाराज तथा जिला अध्यक्ष विपिन जी मंच पर उपस्थित रहे। अध्यक्षता जिला अध्यक्ष विपिन जी ने की, जबकि संचालन जिला मंत्री विनीत सिंह ने किया। बैठक में नगर, सदर, रेवतीपुर, भदौरा, जमानियां, कासिमाबाद, भांवरकोल एवं बिरनो प्रखंडों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। अंत में जिला अध्यक्ष विपिन जी ने अध्यक्षीय संबोधन में संगठनात्मक कार्यों को गति देने और निर्धारित कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से पूरा करने का आह्वान किया।

Leave a comment

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.