एनसीसी नेवल विंग की चयन प्रक्रिया संपन्न, युवाओं ने दिखाया जोश

पीजी कॉलेज में एनसीसी नेवल विंग की चयन प्रक्रिया संपन्न, युवाओं ने दिखाया उत्साह

गाजीपुर। पीजी कॉलेज परिसर में मंगलवार को एनसीसी के नेवल विंग में प्रवेश के लिए चयन प्रक्रिया आयोजित की गई। इसमें जिले के विभिन्न महाविद्यालयों से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। चयन प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता, लिखित परीक्षा और साक्षात्कार के माध्यम से योग्यता परखी गई।

चयन प्रक्रिया में 7 यूपी नेवल यूनिट एनसीसी, बीएचयू वाराणसी के कमांडिंग ऑफिसर कमांडर निखिल वैश के साथ पेटी ऑफिसर सोनू यादव, पेटी ऑफिसर विक्रम सहित बटालियन के अन्य अधिकारी एवं स्टाफ मौजूद रहे। अधिकारियों की देखरेख में चयन प्रक्रिया निर्धारित नियमों और मानकों के अनुरूप कराई गई।

पीजी कॉलेज के एनसीसी नेवल विंग के एसोसिएट एनसीसी ऑफिसर एस/लेफ्टिनेंट प्रशांत कुमार सिंह ने बताया कि चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई गई। अभ्यर्थियों की ऊंचाई, वजन, छाती का माप और दौड़ सहित विभिन्न शारीरिक दक्षताओं की जांच की गई। इसके बाद लिखित परीक्षा और साक्षात्कार के माध्यम से अभ्यर्थियों की योग्यता का आकलन किया गया।

उन्होंने बताया कि एनसीसी नेवल विंग में चयनित कैडेट्स को अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और नौसेना से संबंधित विभिन्न प्रकार का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके साथ ही उन्हें विभिन्न शिविरों एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा। एनसीसी के माध्यम से युवाओं में राष्ट्रसेवा, अनुशासन और नेतृत्व की भावना विकसित होने के साथ उनके व्यक्तित्व का भी सर्वांगीण विकास होता है। चयन प्रक्रिया के सुचारू संचालन के लिए कॉलेज प्रशासन की ओर से आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। प्रक्रिया पूरी होने के बाद चयनित अभ्यर्थियों की सूची जारी की जाएगी। इस दौरान एनसीसी अधिकारियों ने प्रतिभाग करने वाले सभी अभ्यर्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a comment

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.