जरूरतमंद बच्चों में बांटी पाठ्य सामग्री और स्कूल बैग


मित्रता और सेवा के जरिए इनरव्हील क्लब कर रहा सामाजिक कार्य : मधु कमानी, “मंडलाध्यक्ष”

इनरव्हील क्लब की मंडल 312 की मंडलाध्यक्ष का गाजीपुर आधिकारिक आगमन, जरूरतमंद बच्चों में बांटी पाठ्य सामग्री और स्कूल बैग।

गाजीपुर। शहर के बंशी बाजार स्थित एक बैंक्वेट हॉल में इनरव्हील क्लब मंडल 312 की मंडलाध्यक्ष मधु कमानी का आधिकारिक आगमन और स्वागत समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में क्लब की अध्यक्षा डॉ. नमीषा जायसवाल और सचिव साक्षी जायसवाल सहित अन्य पदाधिकारियों ने मंडलाध्यक्ष का पुष्पगुच्छ देकर गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान मंडलाध्यक्ष ने क्लब की सदस्याओं के साथ औपचारिक बैठक कर गाजीपुर क्लब द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों और अभिलेखों का अवलोकन किया। कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण के रूप में जरूरतमंद परिवार के बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए स्कूल बैग, रजिस्टर, कॉपी, किताब, पेन, पेंसिल और अन्य पठन सामग्री वितरित की गई।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंडलाध्यक्ष श्रीमती मधु कमानी ने कहा, “इनरव्हील महिलाओं का एक प्राचीन अंतरराष्ट्रीय संगठन है। गाजीपुर क्लब काफी पुराना है और इसका कार्य बेहद सराहनीय है। हम मित्रता और सेवा भावना के साथ समाज कल्याण का कार्य करते हैं। इस सत्र की थीम ‘फ्रेंडशिप एंड सर्विस’ है, जिसके तहत सदस्य अपने निजी स्रोतों से सामाजिक सहायता प्रदान करते हैं।”
क्लब की अध्यक्षा डॉ. नमीषा जायसवाल ने बताया कि परंपरा अनुसार मंडलाध्यक्ष साल में एक बार क्लब के कार्यों की समीक्षा और सदस्यों का उत्साहवर्धन करने आती हैं। 1 जुलाई से शुरू हुए नए सत्र में क्लब द्वारा कई सामाजिक कार्य किए गए हैं, जो आगे भी जारी रहेंगे।


कार्यक्रम में मंच का संचालन और वर्ष भर का कार्य ब्यौरा सचिव साक्षी जायसवाल ने प्रस्तुत किया। मंडलाध्यक्ष के आगमन के अवसर पर पूर्व अध्यक्ष विनीता सिंह, राजश्री सिंह, मंजू सेठ, सुमन सर्राफ, रूबी संजर, सरिता सेठ, प्रीति रस्तोगी, डॉ. अंजु सिंह सहित अन्य सदस्य और लाभार्थी बच्चे और उनके परिजन भी उपस्थित रहे।

Leave a comment

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.