60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को अब मुफ्त बस यात्रा, गाजीपुर में लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा का शुभारंभ

रक्षाबंधन पर महिलाओं को मिली विशेष सौगात, महिला यात्री के साथ एक सहयात्री को भी निःशुल्क यात्रा की सुविधा
गाजीपुर। महिलाओं को सुरक्षित, सुगम और सम्मानजनक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में उत्तर प्रदेश सरकार ने बड़ी पहल की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लखनऊ से ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ का शुभारंभ करते हुए 60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु की महिलाओं के लिए निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा का ऐलान किया। रक्षाबंधन के अवसर पर प्रदेश की माताओं, बहनों और बेटियों को परिवहन निगम की बसों में एक सहयात्री के साथ निःशुल्क यात्रा की विशेष सुविधा भी दी गई।

जनपद गाजीपुर में इसका मुख्य कार्यक्रम रायफल क्लब सभागार में आयोजित हुआ। यहां मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से लाइव प्रसारण किया गया। जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में महिलाओं ने मुख्यमंत्री का संबोधन सुना। इस दौरान योजना पर आधारित डॉक्यूमेंट्री भी प्रदर्शित की गई। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री पंचायती राज एवं अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ एवं हज विभाग ओम प्रकाश राजभर, राज्यसभा सांसद संगीता बलवंत, जखनियां विधायक बेदी राम, जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, सुभासपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र राजभर और जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला सहित बड़ी संख्या में महिलाएं एवं अधिकारी मौजूद रहे।

कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने उपस्थित महिलाओं को साड़ी और मिष्ठान भेंट करते हुए कहा कि रक्षाबंधन के अवसर पर 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं के लिए निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा महिला सम्मान, आधी आबादी की खुशहाली और सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं की शिक्षा, रोजगार और सुरक्षा के साथ उनके हितों के प्रति लगातार प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन पर बहनों को निःशुल्क यात्रा की सुविधा देने के साथ अब 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं के लिए निरंतर मुफ्त बस यात्रा की व्यवस्था वरिष्ठ महिलाओं के लिए बड़ी राहत है। उन्होंने लोगों से बेटियों को शिक्षित कर उन्हें सशक्त बनाने की अपील की और सभी को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।

राज्यसभा सांसद संगीता बलवंत ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पहल महिला सशक्तीकरण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। विधायक बेदी राम, जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह और नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल ने भी महिलाओं को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए योजना के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया। रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं के लिए परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा की व्यवस्था से उन्हें अपने मायके और अन्य स्थानों तक आवागमन में आर्थिक राहत मिलेगी। महिला यात्री के साथ एक सहयात्री को भी मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलने से परिवारों को अतिरिक्त लाभ होगा।

लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा के तहत 60 वर्ष और उससे अधिक आयु की महिलाओं को निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा मिलने से उन्हें जरूरी कार्यों, सामाजिक दायित्वों और पारिवारिक जरूरतों के लिए आवागमन में आर्थिक भार नहीं उठाना पड़ेगा। कार्यक्रम में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने इसे महिला सम्मान, सामाजिक सुरक्षा और सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

रक्षाबंधन के अवसर पर कार्यक्रम में मौजूद महिलाओं ने जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला को राखी बांधकर उन्हें पर्व की शुभकामनाएं दीं। महिलाओं ने जिलाधिकारी के प्रति सम्मान और विश्वास व्यक्त करते हुए प्रशासन की जनहितकारी कार्यशैली की सराहना की। उन्होंने कहा कि महिलाओं और जरूरतमंद लोगों की समस्याओं के समाधान तथा विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन लगातार प्रयास कर रहा है।

कार्यक्रम के अंत में महिलाओं ने प्रदेश सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि वरिष्ठ महिलाओं के लिए निःशुल्क परिवहन सुविधा उनके सम्मान और आत्मनिर्भरता की दिशा में उपयोगी कदम है। इस अवसर पर परियोजना निदेशक, जिला विकास अधिकारी, डीसी एनआरएलएम, एआरएम रोडवेज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।

