सीएम योगी के दरबार में गाजीपुर की आवाज, विजय मिश्र ने उठाए विकास के अहम मुद्दे

मुख्यमंत्री योगी से मिले पूर्व मंत्री विजय मिश्र, गाजीपुर के विकास से जुड़े मुद्दों पर हुई सार्थक चर्चा

गाजीपुर। भाजपा नेता एवं पूर्व मंत्री विजय मिश्र ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भेंट कर जनपद की विकास के आवश्यकताओं और जनहित से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। इस दौरान जिले में बेहतर जनसुविधाओं, चिकित्सा व्यवस्था को मजबूत करने, क्षतिग्रस्त सड़कों एवं नालियों के निर्माण तथा आवास से वंचित गरीब एवं पात्र परिवारों को मुख्यमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने सहित कई विषयों पर मुख्यमंत्री से सार्थक एवं सकारात्मक चर्चा हुई। श्री मिश्र ने मुख्यमंत्री का आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन भी प्राप्त किया। भेंट के दौरान विजय मिश्र ने गाजीपुर ट्रामा सेंटर को पूर्ण क्षमता के साथ संचालित करने का मुद्दा प्रमुखता से रखा। इसके साथ ही नगर की क्षतिग्रस्त सड़कों के निर्माण, नालियों एवं फुटपाथों के सुधार तथा पात्र गरीब परिवारों को आवास उपलब्ध कराने की आवश्यकता से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद से आवश्यक प्रस्ताव मंगाकर गाजीपुर की प्रमुख आवश्यकताओं को पूरा कराने का आश्वासन दिया।

ट्रामा सेंटर के उच्चीकरण का प्रस्ताव शासन को भेजा

पूर्व मंत्री विजय मिश्र ने बताया कि जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला से हुई वार्ता के अनुसार गाजीपुर में निर्मित ट्रामा सेंटर को लेवल-3 से लेवल-2 में उच्चीकृत कर पूर्ण क्षमता से संचालित करने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। ट्रामा सेंटर को आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं और आवश्यक संसाधनों से सुसज्जित किया जाएगा।उन्होंने कहा कि ट्रामा सेंटर के पूरी क्षमता से संचालित होने से गाजीपुर के साथ आसपास के जनपदों के गंभीर मरीजों को भी बेहतर और त्वरित उपचार मिल सकेगा। इससे गंभीर मरीजों को उपचार के लिए वाराणसी अथवा अन्य जनपदों में रेफर किए जाने की आवश्यकता में कमी आएगी।

आवास से वंचित पात्र परिवारों की तैयार होगी सूची

गरीब एवं पात्र परिवारों को आवास उपलब्ध कराने के संबंध में श्री मिश्र ने बताया कि जिलाधिकारी श्री अनुपम शुक्ला ने संबंधित अधिकारियों को ऐसे परिवारों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए हैं, जो पात्र होने के बावजूद अभी तक आवास योजना के लाभ से वंचित रह गए हैं। पात्रता सूची तैयार होने के बाद नियमानुसार पात्र परिवारों को मुख्यमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाकर आवास उपलब्ध कराने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी। इससे आवास से वंचित गरीब परिवारों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

सड़कों, नालियों और फुटपाथों के सुधार को लेकर भी पहल

विजय मिश्र ने बताया कि नगर की प्रमुख सड़कों, नालियों एवं फुटपाथों के निर्माण और सुधार के लिए संबंधित अधिकारियों को आगणन तैयार कराने के निर्देश दिए गए हैं। कुछ प्रस्ताव स्वीकृत भी हो चुके हैं, जिन पर बरसात समाप्त होने के बाद निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि शेष सड़कों, नालियों एवं फुटपाथों के लिए भी आगणन तैयार कर शासन को भेजा जा चुका है। उद्देश्य है कि नगर की प्रमुख सड़कों और जनसुविधाओं से जुड़े आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा कराया जाए। पूर्व मंत्री विजय मिश्र ने कहा कि गाजीपुर का समग्र विकास, गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों का कल्याण तथा नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों के माध्यम से जनपद के विकास को और गति देने के लिए निरंतर प्रभावी प्रयास किए जाएंगे।

Leave a comment

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.