‘उद्गम’ पोर्टल पर चमकेगा परिषदीय शिक्षकों का नवाचार, BSA ने बढ़ाई सहभागिता की मुहिम

‘उद्गम’ पोर्टल पर चमकेगा परिषदीय शिक्षकों का नवाचार, BSA ने बढ़ाई सहभागिता की मुहिम

गाजीपुर। परिषदीय विद्यालयों में शिक्षकों द्वारा किए जा रहे नवाचारों, सफल शैक्षणिक प्रयोगों और उत्कृष्ट शिक्षण विधियों को अब राज्य स्तर पर पहचान दिलाने की पहल तेज हो गई है। राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (SCERT), उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशों के क्रम में बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा ‘उद्गम’ (UDGAM) पोर्टल का संचालन किया जा रहा है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, गाजीपुर ने जनपद के सभी खंड शिक्षा अधिकारियों (BEO), अकादमिक रिसोर्स पर्सन (ARP) तथा प्रधानाध्यापकों एवं शिक्षकों को पोर्टल का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने और अधिक से अधिक शिक्षकों का पंजीकरण व प्रतिभागिता सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। ‘उद्गम’ पोर्टल के माध्यम से परिषदीय विद्यालयों के शिक्षक कक्षा-कक्ष में अपनाए जा रहे नवाचार, शिक्षण अधिगम सामग्री (TLM), अभिनव प्रयोग और बेस्ट प्रैक्टिसेज का निर्धारित प्रारूप में राइट-अप अपलोड कर सकेंगे। इससे विद्यालय स्तर पर किए जा रहे प्रभावी शैक्षणिक प्रयोगों को राज्य स्तर पर पहचान और प्रोत्साहन मिल सकेगा। BSA ने निर्देशित किया है कि सभी BEO और ARP अपने-अपने ब्लॉक एवं क्षेत्रों में शिक्षकों को पोर्टल पर पंजीकरण कराने तथा अपने नवाचार अपलोड करने के लिए प्रेरित और आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करें। उद्देश्य है कि गाजीपुर से अधिक से अधिक शिक्षक इस पहल का हिस्सा बनें और जिले में हो रहे शैक्षणिक नवाचार राज्य पटल पर सामने आएं।

9 सितंबर को होगी राज्य स्तरीय कार्यशाला

SCERT, लखनऊ द्वारा ‘उद्गम’ पोर्टल के सुचारू संचालन एवं प्रभावी मार्गदर्शन के लिए 9 सितंबर 2026 को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक एक दिवसीय राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित की जाएगी। इसमें नामांकित नोडल प्रवक्ता प्रतिभाग करेंगे। अधिकारियों का कहना है कि ‘उद्गम’ पोर्टल शिक्षकों की रचनात्मकता को मंच देने के साथ-साथ विद्यालयों में किए जा रहे जमीनी स्तर के प्रभावी प्रयोगों को व्यापक पहचान दिलाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा। जनपद के शिक्षकों से अपने विद्यालयों में किए जा रहे अभिनव प्रयासों को पोर्टल पर साझा करने की अपील की गई है, ताकि गाजीपुर की शैक्षणिक उपलब्धियां और नवाचार राज्य स्तर पर प्रमुखता से सामने आ सकें।

Leave a comment

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.