मौधा में बनेगा 23 करोड़ का मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय, पहले चरण में ₹11.5 करोड़ मंजूर

मौधा में बनेगा 23 करोड़ का मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय, पहले चरण में ₹11.5 करोड़ मंजूर

गाजीपुर। सैदपुर तहसील के ग्राम मौधा में ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ी पहल होने जा रही है। यहां कक्षा 1 से 12 तक के लिए मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय की स्थापना की जाएगी। विद्यालय के निर्माण के लिए शासन ने कुल अनुमानित लागत की 50 प्रतिशत धनराशि यानी करीब 11.5 करोड़ रुपये प्रथम चरण में स्वीकृत कर दी है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के अनुसार, तत्कालीन जिलाधिकारी के दिशा-निर्देशों एवं प्रेषित प्रस्ताव के आधार पर शासन से यह वित्तीय स्वीकृति प्राप्त हुई है। बजट स्वीकृत होने के बाद कार्यदायी संस्था द्वारा निर्माण कार्य शुरू कराने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। प्रस्तावित विद्यालय में कक्षा 1 से 12 तक की शिक्षा एक ही परिसर में संचालित होगी। विद्यालय परिसर को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा। इसमें स्मार्ट कक्षाएं, विज्ञान एवं कंप्यूटर प्रयोगशालाएं, समृद्ध पुस्तकालय, स्वच्छ पेयजल, खेल मैदान तथा बालक-बालिकाओं के लिए अलग-अलग आधुनिक शौचालय जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। विद्यालय के निर्माण से मौधा सहित सैदपुर तहसील और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं को काफी लाभ मिलेगा। बच्चों को एक ही परिसर में प्राथमिक से लेकर इंटरमीडिएट स्तर तक निःशुल्क और आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं मिल सकेंगी। विभाग की ओर से कार्यदायी संस्था को निर्धारित समय-सीमा के भीतर निर्माण कार्य पूरा करने के साथ ही गुणवत्ता मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए जा रहे हैं। विद्यालय के अस्तित्व में आने के बाद ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलने के साथ विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध होने की उम्मीद है।

Leave a comment

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.