“बाढ़ ने डुबोए स्कूल, लेकिन नहीं डूबी पढ़ाई, 15 विद्यालयों में ऑनलाइन-ऑफलाइन कक्षाओं की व्यवस्था”

बाढ़ के बीच पढ़ाई पर ब्रेक नहीं: गाजीपुर के 15 विद्यालयों में ऑनलाइन-ऑफलाइन कक्षाओं की व्यवस्था

गाजीपुर। जनपद में बाढ़ और जलभराव की स्थिति को देखते हुए छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के साथ उनकी पढ़ाई जारी रखने के लिए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने विशेष व्यवस्था लागू की है। जिले के 15 बाढ़ प्रभावित विद्यालयों में से 7 में ऑनलाइन और 8 विद्यालयों में नजदीकी सुरक्षित भवनों में ऑफलाइन कक्षाएं संचालित की जाएंगी। विकासखंड रेवतीपुर के तीनों चिन्हित विद्यालयों की कक्षाएं नजदीकी सुरक्षित भवनों में ऑफलाइन संचालित होंगी। भदौरा के पांच विद्यालयों में दो में ऑफलाइन और जलमग्न तीन विद्यालयों में ऑनलाइन पढ़ाई कराई जाएगी। जमानिया के छह प्रभावित विद्यालयों में दो में ऑफलाइन तथा चार में ऑनलाइन कक्षाएं चलेंगी। वहीं मनिहारी के एक बाढ़ प्रभावित विद्यालय को सुरक्षित वैकल्पिक भवन में स्थानांतरित कर ऑफलाइन कक्षाएं संचालित की जाएंगी। ऑनलाइन कक्षाओं वाले विद्यालयों के शिक्षक व्हाट्सएप ग्रुप, ई-पाठशाला सहित अन्य डिजिटल माध्यमों से शिक्षण सामग्री और गृहकार्य उपलब्ध कराएंगे। वहीं ऑफलाइन कक्षाओं के लिए प्रधानाध्यापकों को वैकल्पिक भवन की सुरक्षा, पेयजल और अन्य जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। बीएसए ने सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों को अपने दायित्वों का नियमित रूप से पालन करने के निर्देश दिए हैं। लापरवाही मिलने पर संबंधित के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

Leave a comment

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.