बाढ़ प्रभावित परिवारों को मिली राहत, 8 गांवों में 551 राहत किट वितरित
गाजीपुर। तहसील सदर क्षेत्र में बाढ़ प्रभावित परिवारों तक राहत पहुंचाने के लिए सोमवार को व्यापक राहत वितरण अभियान चलाया गया। दीनापुर बाढ़ शरणालय में 330, ग्राम जैतपुरा में 121 तथा वयेपुर सदर में 100 राहत किट वितरित की गईं। इस दौरान रफीपुर, नूरमपुर, शेरपुर, करंडा, बड़हरिया (सोकनी), बड़हरिया (बड़सरा), जैतपुरा और वयेपुर के बाढ़ प्रभावित परिवारों को कुल 551 राहत किट उपलब्ध कराई गईं।

राहत सामग्री का वितरण जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह ने किया। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी सदर विनोद जोशी एवं तहसीलदार सदर राजीव यादव मौजूद रहे।

अधिकारियों ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लोगों की स्थिति और राहत व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही संबंधित कर्मचारियों को प्रभावित परिवारों तक आवश्यक सहायता लगातार पहुंचाने के निर्देश दिए।

प्रशासन की ओर से बताया गया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और जरूरत के अनुसार प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

