गाजीपुर के 32 पीएम श्री विद्यालयों में मजबूत होगी स्वच्छता व्यवस्था, चार-चार डस्टबिन के लिए मिलेंगे ₹2 हजार
कचरा पृथक्करण एवं उचित निस्तारण को मिलेगा बढ़ावा, विद्यार्थियों में विकसित होगी स्वच्छता की स्थायी आदत
गाजीपुर। पीएम श्री योजना के तहत जनपद के चयनित 32 परिषदीय विद्यालयों में विद्यालय परिसर की स्वच्छता व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जाएगा। इसके लिए प्रत्येक विद्यालय में रंगीन शॉर्टिंग डस्टबिन उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए प्रत्येक विद्यालय को डस्टबिन की खरीद हेतु ₹2,000 की धनराशि अनुमोदित की है। शासन के निर्देश के अनुसार प्रत्येक चयनित विद्यालय में ₹500 प्रति डस्टबिन की दर से चार डस्टबिन खरीदे जाएंगे। इस प्रकार प्रत्येक विद्यालय में कुल ₹2,000 की धनराशि खर्च की जाएगी। डस्टबिन की खरीद एवं संबंधित व्यय विद्यालय प्रबंध समिति के माध्यम से नियमानुसार किया जाएगा। इस पहल का मुख्य उद्देश्य विद्यालय परिसर में उत्पन्न होने वाले कचरे का उचित पृथक्करण एवं निस्तारण सुनिश्चित करना है। इसके साथ ही विद्यार्थियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने और दैनिक जीवन में स्वच्छता को लेकर व्यावहारिक एवं स्थायी आदत विकसित करने पर जोर दिया जाएगा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी गाजीपुर उपासना रानी वर्मा द्वारा संबंधित खंड शिक्षा अधिकारियों एवं चयनित विद्यालयों को शासन के निर्देशों के अनुरूप डस्टबिन की खरीद, उनके उचित उपयोग तथा विद्यालय परिसर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश दिए जाएंगे। योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से विद्यालयों में स्वच्छ वातावरण के साथ-साथ विद्यार्थियों को स्वच्छता एवं कचरा प्रबंधन के प्रति व्यवहारिक रूप से जागरूक करने में मदद मिलेगी।