पीएम श्री योजना: गाजीपुर के 25 स्कूलों में शुरू होगी स्कूल बैंड गतिविधि
गाजीपुर। पीएम श्री योजना के अंतर्गत जनपद के 25 चयनित उच्च प्राथमिक एवं कंपोजिट विद्यालयों में स्कूल बैंड और बैंड यूनिफॉर्म उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए कुल 12.50 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत एवं जारी की गई है। प्रत्येक विद्यालय को बैंड गतिविधियों के लिए 50 हजार रुपये दिए जाएंगे। महानिदेशक, स्कूल शिक्षा एवं राज्य परियोजना निदेशक, समग्र शिक्षा, उत्तर प्रदेश के निर्देश पर शुरू की जा रही इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों में अनुशासन, राष्ट्रीय भावना, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास का विकास करना है। स्कूल बैंड के माध्यम से विद्यार्थियों को संगीत एवं प्रदर्शन कला से जोड़ने का भी अवसर मिलेगा। विद्यालयों में बैंड का उपयोग प्रार्थना सभा, राष्ट्रीय पर्व, सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रभात फेरी, मार्च पास्ट, खेलकूद तथा स्काउट-गाइड/एनसीसी से जुड़ी गतिविधियों में किया जा सकेगा।स्कूल बैंड एवं बैंड यूनिफॉर्म की सामग्री का क्रय विद्यालय प्रबंध समिति (एसएमसी) के माध्यम से किया जाएगा। सामग्री की गुणवत्ता एवं उपयोगिता का सत्यापन विद्यालय स्तर पर प्रधानाध्यापक और संबंधित अधिकारियों द्वारा किया जाएगा। साथ ही खरीदी गई सामग्री का स्टॉक पंजिका में अनिवार्य रूप से अंकन करने तथा बैंड उपकरणों के सुरक्षित रख-रखाव के निर्देश दिए गए हैं। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी उपासना रानी वर्मा द्वारा संबंधित खंड शिक्षा अधिकारियों एवं विद्यालयों को निर्देशित किया जाएगा कि स्वीकृत धनराशि का नियमानुसार और निर्धारित मद में ही उपयोग सुनिश्चित करते हुए स्कूल बैंड गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित कराया जाए।