‘मेरे सपनों का भारत’ में बच्चों ने भरी कल्पनाओं की उड़ान, रंगों से रचा विकसित भारत का सपना

‘मेरे सपनों का भारत’ में बच्चों ने भरी कल्पनाओं की उड़ान, रंगों से रचा विकसित भारत का सपना

गाजीपुर। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के निर्देश पर सोमवार को जनपद के विभिन्न विकास खंडों में परिषदीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के लिए ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। भदौरा, बिरनो, भांवरकोल, सदर ब्लॉक और नगर क्षेत्र के उच्च प्राथमिक एवं संविलियन विद्यालयों में कक्षा 5 से 8 तक के बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।प्रतियोगिता में बच्चों ने रंगों और रेखाओं के माध्यम से अपने सपनों के भारत की कल्पना को कागज पर जीवंत किया। किसी ने स्वच्छ एवं हरित भारत, तो किसी ने अंतरिक्ष और विज्ञान में प्रगति, डिजिटल क्रांति, बालिका शिक्षा, आत्मनिर्भरता और राष्ट्रीय एकता जैसे विषयों को अपनी कलाकृतियों में प्रमुखता से उकेरा।

विभिन्न विद्यालयों में प्रतियोगिता को लेकर बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। शिक्षकों ने बच्चों का मार्गदर्शन करते हुए उनकी रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित किया। प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों ने अपनी कलात्मक क्षमता के साथ-साथ देश के प्रति अपने विचारों और सपनों को भी अभिव्यक्त किया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की रचनात्मक गतिविधियां बच्चों की सृजनात्मक एवं बौद्धिक क्षमता को विकसित करने के साथ उनमें राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी, सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास का विकास करती हैं। प्रतियोगिता के समापन पर विद्यालय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं का चयन कर उन्हें पुरस्कृत एवं प्रोत्साहित किया गया। वहीं, ब्लॉक स्तर पर चयनित श्रेष्ठ कलाकृतियों को संकलित कर आगामी जनपद स्तरीय प्रदर्शन के लिए सुरक्षित किया जा रहा है।

Leave a comment

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.