1500 छात्राओं ने शब्दों में उकेरा ‘मेरे सपनों का भारत’, सृष्टि श्रीवास्तव ने मारी बाजी

‘मेरे सपनों का भारत’ पर गूंजे छात्राओं के ओजस्वी विचार, सृष्टि श्रीवास्तव ने हासिल किया प्रथम स्थान

गाजीपुर। राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, महुआबाग में सोमवार को ‘सेवा संकल्प योजना’ के तहत ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में करीब 1500 छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और समानता, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, तकनीकी विकास एवं आत्मनिर्भर भारत को लेकर अपने विचार रखे।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. शंभू शरण प्रसाद ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि युवा शक्ति देश की वास्तविक धरोहर है। शिक्षा, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति के माध्यम से युवा पीढ़ी देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। प्रतियोगिता में सृष्टि श्रीवास्तव ने प्रथम, श्रेया मौर्य ने द्वितीय और माही कुशवाहा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सरस्वती को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। प्रतियोगिता में रचना यादव, सेजल यादव, मंजू प्रजापति, किरण कुशवाहा, आनंदी गुप्ता, अश्मिता श्रीवास्तव, अन्नू कुमारी, रिया त्रिपाठी, सरस्वती, माही कुशवाहा, सृष्टि श्रीवास्तव और अनन्या पांडे ने प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम का संयोजन डॉ. संगीता ने किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से छात्राओं की प्रतिभा, अभिव्यक्ति क्षमता और नेतृत्व कौशल को विकसित करने के साथ उनमें राष्ट्र निर्माण की भावना मजबूत होती है। मीडिया प्रभारी डॉ. शिव कुमार ने भी ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर विचार व्यक्त किए। प्रतियोगिता का मूल्यांकन डॉ. सारिका सिंह, डॉ. शशिकला जायसवाल और डॉ. राजेश यादव के तीन सदस्यीय निर्णायक मंडल ने किया। इस अवसर पर डॉ. निरंजन कुमार यादव, डॉ. नेहा कुमारी, डॉ. ओम शिवानी, पीयूष सिंह सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। अंत में विजेताओं को बधाई देते हुए राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Leave a comment

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.