गाजीपुर का नाम ‘गाधिपुरी’ या ‘महर्षि विश्वामित्र नगर’ करने की मांग
विश्व हिंदू परिषद ने मुख्यमंत्री के नाम जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन
गाजीपुर। जनपद गाजीपुर का नाम बदलकर उसकी ऐतिहासिक एवं पौराणिक पहचान के अनुरूप ‘गाधिपुरी’ अथवा ‘महर्षि विश्वामित्र नगर’ किए जाने की मांग को लेकर विश्व हिंदू परिषद के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि पूर्वांचल का गाजीपुर जनपद ऐतिहासिक, पौराणिक एवं सांस्कृतिक दृष्टि से अत्यंत समृद्ध रहा है। जनपद की प्राचीन परंपराओं का संबंध राजा गाधि एवं महर्षि विश्वामित्र से जोड़ा जाता है। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि जनपद की प्राचीन पहचान, धार्मिक-सांस्कृतिक विरासत और स्थानीय भावनाओं को ध्यान में रखते हुए इसके नाम परिवर्तन के प्रस्ताव पर शासन स्तर से गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए। ज्ञापन में शासन से मांग की गई कि गाजीपुर के प्राचीन ऐतिहासिक ग्रंथों, राजस्व एवं प्रशासनिक अभिलेखों, पुरातात्त्विक साक्ष्यों तथा इतिहास एवं संस्कृति के विशेषज्ञों की राय का परीक्षण कराया जाए और उसके आधार पर जनपद के नाम को ‘गाधिपुरी’ अथवा ‘महर्षि विश्वामित्र नगर’ किए जाने के संबंध में आवश्यक कार्यवाही की जाए। प्रतिनिधिमंडल ने यह भी बताया कि ज्ञापन की प्रतियां जनपद के जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित पदाधिकारियों को भी उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि इस मांग को व्यापक स्तर पर रखा जा सके। इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद के जिला प्रतिनिधिमंडल में जिला अध्यक्ष विपिन श्रीवास्तव, जिला मंत्री विनीत सिंह, बजरंग दल जिला संयोजक रविराज हिंदू, अभिषेक (आरएसएस), अनुराग चौहान, ओम प्रकाश पाण्डेय तथा जिला कोषाध्यक्ष आनंद प्रकाश तिवारी शामिल रहे। ज्ञापन की प्रतिलिपि प्रभारी मंत्री रविन्द्र जायसवाल, एमएलसी विशाल सिंह चंचल, राज्यसभा सदस्य संगीता बलवंत, भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय, जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह तथा नगर पालिका परिषद गाजीपुर की अध्यक्ष सरिता अग्रवाल को भेजे जाने का उल्लेख किया गया है।