संचारी रोगों की रोकथाम को लेकर चलेगा विशेष अभियान, डीएम ने दिए निर्देश

संचारी रोगों की रोकथाम को लेकर अक्टूबर में चलेगा विशेष अभियान

01 से 31 अक्टूबर तक संचारी रोग नियंत्रण और 12 से 31 अक्टूबर तक चलेगा दस्तक अभियान

गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में गुरुवार देर शाम राइफल क्लब सभागार में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान को लेकर अंतर्विभागीय समन्वय बैठक आयोजित हुई। जनपद में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान 01 से 31 अक्टूबर 2026 तथा दस्तक अभियान 12 से 31 अक्टूबर 2026 तक संचालित किया जाएगा। बैठक में जिलाधिकारी ने संचारी रोगों की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया, डायरिया, दिमागी बुखार, स्क्रब टाइफस एवं लेप्टोस्पायरोसिस सहित अन्य संचारी रोगों की आशंका को देखते हुए सभी विभाग आपसी समन्वय से अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करें। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि 01 अक्टूबर से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं। अभियान के दौरान स्वच्छता, सैनिटाइजेशन और फॉगिंग पर विशेष जोर दिया जाए। तालाबों, नालों एवं नालियों में एंटी लार्वा का छिड़काव कराने के साथ ही कूड़े का समुचित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। ग्रामीण क्षेत्रों में तालाबों, नालों एवं नालियों की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने महिलाओं एवं कुपोषित बच्चों को पुष्टाहार उपलब्ध कराने तथा नगरीय निकायों में हैंडपंपों के पानी की जांच कराने और ओवरहेड टैंकों की सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि पिछले वर्ष की तुलना में बेहतर परिणाम के लिए जनपद से लेकर ग्राम स्तर तक अभियान की नियमित निगरानी की जाए तथा की गई कार्रवाई की सूचना व्हाट्सऐप ग्रुप के माध्यम से उपलब्ध कराई जाए। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर माइक्रोप्लान जिला मलेरिया अधिकारी को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। वहीं मुख्य विकास अधिकारी ने सभी विभागों को अपनी कार्ययोजना 28 अक्टूबर तक स्वास्थ्य विभाग के कार्यालय में उपलब्ध कराने को कहा। बैठक में जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों से संचारी रोगों की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए की जा रही तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, नगर विकास, पंचायतीराज, आईसीडीएस, ग्राम्य विकास, चिकित्सा शिक्षा, शिक्षा, दिव्यांगजन सशक्तीकरण, कृषि, पशुपालन सहित सभी संबंधित विभागों को स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रामकुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला मलेरिया अधिकारी मनोज कुमार, संबंधित चिकित्साधिकारी, समस्त अधिशासी अधिकारी, एमओआईसी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a comment

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.