जंगीपुर में 27 सितंबर को लगेगा वृहद रोजगार मेला, 25 से अधिक कंपनियां करेंगी भर्ती
गाजीपुर। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत युवाओं को उनकी शैक्षिक योग्यता, कौशल एवं अभिरुचि के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जनपद की सभी सात विधानसभाओं में वृहद रोजगार मेलों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में जंगीपुर विधानसभा क्षेत्र में 27 सितंबर 2026 को वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। जिला सेवायोजन अधिकारी गौरव सिंह ने बताया कि जिला सेवायोजन कार्यालय एवं सत्यदेव ग्रुप ऑफ कॉलेजेज के संयुक्त तत्वावधान में यह मेला सत्यदेव डिग्री कॉलेज, बोरसिया, फदनपुर, गाजीपुर में सुबह 10 बजे से आयोजित होगा। मेले में देशभर की विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियां एवं नियोजक प्रतिभाग करेंगे। प्रमोकाश आउटसोर्स सर्विस प्रा. लि., अतुल ऑटो लिमिटेड, केविन पाइप प्रा. लि., विशाल बियरिंग्स लिमिटेड, कोरोना रेमेडीज लिमिटेड, सिल्वर कंज्यूमर इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड, गैलेक्सी चैन प्रा. लि. तथा गाजीपुर रोडवेज सहित 25 से अधिक कंपनियों द्वारा मशीन ऑपरेटर, हेल्पर, कंस्ट्रक्शन वर्कर, सेल्स ऑफिसर, सुपरवाइजर, टेक्नीशियन, नैप्स ट्रेनी एवं संविदा वाहन चालक सहित विभिन्न पदों पर अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। रोजगार मेले में अकुशल श्रमिकों के साथ 8वीं, 10वीं, 12वीं, स्नातक, परास्नातक, आईटीआई, डिप्लोमा, एएनएम, जीएनएम, जीडीए, कौशल प्रशिक्षित एवं कंस्ट्रक्शन वर्कर आदि योग्यताधारी अभ्यर्थी प्रतिभाग कर सकते हैं। अभ्यर्थियों को रोजगार संगम पोर्टल पर पंजीयन कर अपनी शैक्षिक योग्यता के अनुसार इच्छुक कंपनियों की रिक्तियों के लिए ऑनलाइन आवेदन करना होगा। मेले में प्रतिभाग करते समय सभी शैक्षिक योग्यता के मूल प्रमाण पत्र एवं उनकी छायाप्रति साथ लाना अनिवार्य होगा। मेले में प्रतिभाग करने के लिए किसी प्रकार का मार्ग व्यय देय नहीं होगा। विभिन्न कंपनियों की रिक्तियों एवं भर्ती से संबंधित विस्तृत जानकारी रोजगार संगम पोर्टल पर उपलब्ध है। अधिक जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 155330 अथवा जिला सेवायोजन कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।