गाजीपुर। देश के जांबाज कैप्टन स्मित मछार के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ एवं दीर्घायु की कामना को लेकर शुक्रवार को ददरीघाट स्थित हनुमान मंदिर में पूर्वांचल छात्र सेना के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने हवन-पूजन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने बजरंगबली से कैप्टन स्मित मछार के उत्तम स्वास्थ्य और लंबी आयु की प्रार्थना की।

हवन-पूजन के दौरान मंदिर परिसर ‘बजरंगबली की जय’ और ‘कैप्टन स्मित मछार जिंदाबाद’ के जयकारों से गूंज उठा। संगठन के कार्यकर्ताओं ने कहा कि कैप्टन स्मित मछार के शीघ्र स्वस्थ होने के लिए निरंतर प्रार्थना की जा रही है।

संगठन के प्रदेश संयोजक निमेष पांडेय ने कहा कि कैप्टन स्मित मछार केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि देश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। देशसेवा के प्रति उनका जज्बा और साहस हर भारतीय के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि हनुमान जी से प्रार्थना की गई है कि कैप्टन स्मित मछार को शीघ्र स्वस्थ करें और उन्हें दीर्घायु प्रदान करें। पूर्वांचल छात्र सेना उनके साथ खड़ी है।

इस अवसर पर अभिषेक तिवारी, विवेक तिवारी, देवेंद्र पांडेय, इंद्रजीत विश्वकर्मा, मिट्ठू पांडेय सहित संगठन के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं दर्जनों छात्र मौजूद रहे।