बैठक में महंगाई, कानून व्यवस्था और पेपर लीक को लेकर सरकार पर निशाना

सपा की मासिक बैठक में महंगाई, कानून व्यवस्था और पेपर लीक को लेकर सरकार पर निशाना

गाजीपुर। समाजवादी पार्टी की मासिक बैठक शुक्रवार को पार्टी कार्यालय डॉ. लोहिया-मुलायम सिंह यादव भवन पर जिलाध्यक्ष गोपाल यादव की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में चुनाव आयोग की एसआईआर एवं एसएआर प्रक्रिया, महंगाई, कानून व्यवस्था और पेपर लीक सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। बैठक में आगामी कार्यक्रमों को लेकर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र वाराणसी के प्रत्याशी लाल बहादुर यादव तथा स्नातक एमएलसी प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा के नामांकन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं से वाराणसी पहुंचने का आह्वान किया गया। वहीं, 4 अक्टूबर को पार्टी कार्यालय डॉ. लोहिया-मुलायम सिंह यादव भवन से लंका होते हुए सरजू पांडे पार्क तक आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ-देश बचाओ’ पदयात्रा में भी अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की गई।

इस दौरान नवनियुक्त जिला उपाध्यक्ष कमलेश सोनकर का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया।

जिलाध्यक्ष गोपाल यादव ने कहा कि जनता की अदालत में अपनी हार सुनिश्चित देख केंद्र की मोदी सरकार चुनाव आयोग के साथ मिलकर वोट चोरी की साजिश रच रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए हर कुर्बानी देने को तैयार है और इस कथित साजिश का विरोध करेगी। उन्होंने महंगाई और कानून व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। कहा कि देश और प्रदेश में खून सस्ता हो गया है, जबकि अन्य सभी चीजें महंगी होती जा रही हैं। आम आदमी की जान की कोई कीमत नहीं रह गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि दिनदहाड़े आपराधिक घटनाएं हो रही हैं और अपराधियों में कानून का भय नहीं है। तहसील और थानों को लेकर भी उन्होंने वसूली के आरोप लगाए और कहा कि आम आदमी न्याय के लिए भटक रहा है। गोपाल यादव ने डीजल, पेट्रोल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों पर चिंता जताते हुए कहा कि महंगाई से गरीब और मध्यम वर्ग परेशान है। लगातार हो रहे पेपर लीक से बेरोजगार युवाओं के भविष्य पर संकट खड़ा हो गया है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के सामने उम्र निकलने और भविष्य को लेकर चिंता बनी हुई है। उन्होंने कहा कि सरकार को किसानों, नौजवानों और आम जनता की समस्याओं पर गंभीरता से ध्यान देना चाहिए। बैठक का संचालन जिला महामंत्री कन्हैया लाल विश्वकर्मा ने किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक खुर्शीद अहमद, पूर्व जिलाध्यक्ष सुदर्शन यादव, रामधारी यादव, डॉ. नन्हकू यादव, निजामुद्दीन खां, गोरख यादव, सुशील जायसवाल, मुन्नीलाल राजभर, रामजन्म चौहान, अशोक कुमार बिन्द, सत्येन्द्र यादव सत्या, अमित ठाकुर, कमलेश सोनकर, पप्पू कुशवाहा, राहुल निषाद, राजेश यादव, बलिराम यादव, रजनीकांत यादव, सुबच्चन यादव, विजय शंकर यादव, दिनेश यादव, अदनान खां, मदन यादव सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.