पुलिस-राजस्व टीम पर हमला करने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई
डीएम अनुपम शुक्ला ने दिए मुकदमा दर्ज कर गुंडा एक्ट व जिला बदर की कार्रवाई के निर्देश
गाजीपुर। भूमि विवाद के निस्तारण के दौरान पुलिस एवं राजस्व टीम पर हुए हमले को जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने गंभीरता से लिया है। गुरुवार को डीएम ने अस्पताल पहुंचकर घायल पुलिसकर्मियों का हाल जाना और अधिकारियों को आरोपियों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने बताया कि 6 अगस्त 2026 को जनता दर्शन के दौरान प्रर्मिला देवी ने भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत की थी। शिकायत के निस्तारण के लिए राजस्व टीम ने मौके पर पहुंचकर भूमि की पैमाइश की और नियमानुसार कब्जा दिलाने के बाद सीमा चिन्ह स्थापित कराया था। आरोप है कि बाद में विपक्षी पक्ष ने सीमा चिन्ह उखाड़ दिया। मामला दोबारा संज्ञान में आने पर डीएम के निर्देश पर राजस्व टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची।

कार्रवाई के दौरान विपक्षी पक्ष ने लाठी-डंडों से पुलिस एवं राजस्व टीम पर हमला कर दिया। हमले में एक उपनिरीक्षक समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। सभी को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने घायल उपनिरीक्षक को खतरे से बाहर बताया। डीएम ने स्पष्ट किया कि सरकारी टीम पर हमला करना गंभीर कानून-विरोधी कृत्य है। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई और जिला बदर की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है। उन्होंने कहा कि परिस्थितियों के अनुसार गैंगस्टर एक्ट और राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत भी कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने कहा कि भूमि, राजस्व अथवा अन्य किसी समस्या के समाधान के लिए लोग कानूनी एवं लोकतांत्रिक प्रक्रिया का सहारा लें। पुलिस, राजस्व और प्रशासनिक अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ मारपीट, धमकी या सरकारी कार्य में बाधा किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मामले में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा कानून-व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता न करने के निर्देश दिए।