विश्व के शीर्ष 1000 शोधकर्ताओं में डॉ. आनन्द कुमार चौधरी को 106वाँ स्थान
गाजीपुर। राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, गाजीपुर के वनस्पति विज्ञान विभाग के सहायक आचार्य डॉ. आनन्द कुमार चौधरी ने अंतरराष्ट्रीय शोध जगत में महाविद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। वर्ष 2026 में विश्व के शीर्ष 1000 शोधकर्ताओं की सूची में डॉ. चौधरी ने 106वाँ स्थान प्राप्त किया है। इस रैंकिंग में उनका स्थान विश्व के शीर्ष 0.49 प्रतिशत शोधकर्ताओं में दर्ज किया गया है। यह उपलब्धि उनके निरंतर शोध-कार्य, अकादमिक सक्रियता और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शोध-प्रभाविता को दर्शाती है। डॉ. आनन्द कुमार चौधरी का शोध कार्य फफूंद एवं माइकोटॉक्सिन संदूषण, कीट नियंत्रण, नैनो-एनकैप्सुलेशन प्रौद्योगिकी तथा इसके कृषि अनुप्रयोगों जैसे महत्वपूर्ण एवं अनुप्रयुक्त विषयों पर केंद्रित रहा है। डॉ. चौधरी ने अब तक 53 अंतरराष्ट्रीय शोध-पत्र तथा 11 पुस्तक अध्याय प्रकाशित किए हैं। उनके शोध कार्यों का H-index 33 तथा i10-index 50 है, जबकि उनके शोध कार्यों को अब तक 3,000 से अधिक उद्धरण (citations) प्राप्त हो चुके हैं। ये उपलब्धियां उनके शोध कार्यों की निरंतरता, वैज्ञानिक प्रभाव और अंतरराष्ट्रीय अकादमिक स्वीकार्यता को रेखांकित करती हैं। डॉ. चौधरी की शैक्षणिक एवं शोध यात्रा में काशी हिंदू विश्वविद्यालय, वाराणसी के वनस्पति विज्ञान विभाग के प्रतिष्ठित प्रोफेसर तथा अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त वैज्ञानिक प्रो. एन. के. दुबे का विशेष मार्गदर्शन रहा है। डॉ. चौधरी ने अपनी पीएच.डी. की शोध उपाधि प्रो. एन. के. दुबे के कुशल निर्देशन एवं पर्यवेक्षण में पूर्ण किया हैं।
शोध क्षेत्र में डॉ. चौधरी की सक्रियता का एक और प्रमाण यह है कि वर्ष 2026 में उन्हें विश्व के शीर्ष 5 प्रतिशत वैज्ञानिकों/शोधकर्ताओं की सूची में भी स्थान प्राप्त हुआ था।
इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. शंभु शरण प्रसाद ने डॉ. आनन्द कुमार चौधरी को बधाई देते हुए कहा कि “अंतरराष्ट्रीय स्तर पर किसी शिक्षक की शोध उपलब्धि केवल व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि पूरे शैक्षणिक संस्थान के लिए गौरव की बात है। ऐसी उपलब्धियाँ विद्यार्थियों और युवा शोधार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शोध के लिए प्रेरित करती हैं।” इसी प्रकार समस्त महाविद्यालय परिवार ने डॉ. चौधरी को भविष्य में भी इसी प्रकार निरंतर प्रगति करने तथा महाविद्यालय का नाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और ऊँचा करने की शुभकामनाएँ देते हुए हार्दिक बधाई व्यक्त किया।