नगर पालिका का बृहद सफाई अभियान, जलजमाव से मिलेगी राहत

नौरंगाबाद में नगर पालिका का बृहद सफाई अभियान, जलजमाव से मिलेगी राहत

गाजीपुर। नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड संख्या 16 स्थित नौरंगाबाद मोहल्ले में जलजमाव और गंदगी की समस्या को लेकर नगर पालिका प्रशासन ने बृहद सफाई अभियान शुरू कराया है। अधिशासी अधिकारी डॉ. धीरेन्द्र कुमार राय के निर्देश पर सफाई/राजस्व निरीक्षक रविंद्र कुमार सोनकर ने सफाई कर्मचारियों की टीम गठित कर अभियान को गति दी।

मोहल्ले में पिछले कुछ समय से जलजमाव की समस्या बनी हुई थी। इसे गंभीरता से लेते हुए नगर पालिका प्रशासन ने नालियों और जल निकासी मार्गों की गहन सफाई शुरू कराई है, ताकि जमा पानी की निकासी सुचारू हो सके।

बताया गया कि कुछ दिन पूर्व सीआरओ ने नगर पालिका ईओ के साथ नौरंगाबाद मोहल्ले का निरीक्षण किया था और साफ-सफाई को लेकर आवश्यक निर्देश दिए थे। यह निरीक्षण जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के निर्देश पर किया गया था।

बृहद सफाई अभियान के तहत नालियों से गंदगी और अवरोध हटाए जा रहे हैं। नगर पालिका प्रशासन का कहना है कि जल निकासी व्यवस्था बेहतर होने से मोहल्ले में जलजमाव की समस्या कम होगी तथा गंदगी के कारण होने वाली संक्रामक बीमारियों के खतरे से भी लोगों को राहत मिलेगी।

नगर पालिका की त्वरित कार्रवाई से स्थानीय लोगों में राहत है। मोहल्लेवासियों ने सफाई अभियान के लिए नगर पालिका प्रशासन और सफाई कर्मचारियों की टीम के प्रति आभार जताया।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.