डीएम अनुपम शुक्ला ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को दी जानकारी

विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी तेज, 12 अक्टूबर से ईवीएम-वीवीपैट की FLC

डीएम अनुपम शुक्ला ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को दी जानकारी, पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के निर्देश

गाजीपुर। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के दृष्टिगत ईवीएम एवं वीवीपैट की प्रथम स्तर की जाँच (FLC) को लेकर गुरुवार को जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में ईवीएम एवं वीवीपैट की प्रथम स्तर की जाँच का कार्य 12 अक्टूबर 2026 से शुरू किया जाएगा। FLC की पूरी प्रक्रिया भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों और निर्धारित एसओपी के अनुसार पारदर्शी, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराई जाएगी। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को बताया कि FLC के दौरान उनके अधिकृत प्रतिनिधियों को मौके पर उपस्थित रहकर पूरी प्रक्रिया का अवलोकन करने के साथ ही निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार मॉक पोल में प्रतिभाग करने का अवसर भी दिया जाएगा।


बैठक में वाराणसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के संबंध में भी आवश्यक जानकारी दी गई। इसके साथ ही एमएलसी निर्वाचन की तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया गया कि रैंडमाइजेशन की कार्यवाही 9, 14 और 21 अक्टूबर 2026 को निर्धारित है। पोलिंग पार्टियां 22 अक्टूबर को रवाना होंगी, जबकि 23 अक्टूबर को मतदान कराया जाएगा। 27 अक्टूबर 2026 को मतगणना होगी। मतगणना का कार्य वाराणसी मंडल में कराया जाना निर्धारित है। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने FLC की प्रक्रिया को पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। उनसे अपेक्षा की गई कि वे अपने अधिकृत प्रतिनिधियों की FLC के दौरान उपस्थिति सुनिश्चित कराते हुए निर्धारित प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता करें। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि FLC से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं निर्धारित तिथि से पहले पूरी कर ली जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि पूरी प्रक्रिया भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध ढंग से संपन्न कराई जाए। बैठक के अंत में उपस्थित अधिकारियों एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए बैठक का समापन किया गया।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.