नवागत एसपी विनय कुमार सिंह एक्शन मोड में, पुलिस लाइन में परेड की ली सलामी; UP-112 की गाड़ियों का किया निरीक्षण
गाजीपुर। जनपद के नवागत पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने शुक्रवार को पुलिस लाइन गाजीपुर में परेड की सलामी लेकर निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों में अनुशासन, एकरूपता और कर्तव्यनिष्ठा बनाए रखने पर जोर दिया। परेड के माध्यम से पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की कार्यशैली का जायजा भी लिया।

निरीक्षण के क्रम में एसपी ने विभिन्न थानों से आई डायल 112 (UP-112) की गाड़ियों का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने वाहनों की तत्परता और आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए, ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस की प्रतिक्रिया प्रभावी और त्वरित बनी रहे।

इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने डायल 112 कंट्रोल रूम और जीडी कार्यालय का निरीक्षण कर अभिलेखों तथा कार्यप्रणाली की समीक्षा की। उन्होंने व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने और कार्यों का निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

वहीं, साप्ताहिक अर्दली रूम में थाना प्रभारियों एवं विभिन्न शाखाओं के प्रभारियों के साथ संवाद कर थानों में दर्ज अपराधों और संबंधित मामलों की जानकारी ली। इस दौरान अर्दली रूम के रजिस्टरों की जांच करते हुए उन्होंने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

नवागत एसपी के इस निरीक्षण को पुलिस व्यवस्था में अनुशासन, कार्यकुशलता और जवाबदेही मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।