बाबूराम के परिजनों से मिले MLC विशाल सिंह चंचल, DM और SP ने बंधाया ढांढस; हरसंभव मदद का भरोसा

गाजीपुर। विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) विशाल सिंह चंचल, जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने ग्राम कचकमरुला, थाना नोनहरा निवासी मृतक बाबूराम के घर पहुंचकर शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें ढांढस बंधाया और इस कठिन समय में धैर्य बनाए रखने की अपील की। जनप्रतिनिधि एवं अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा भी दिलाया।
उल्लेखनीय है कि एक दिन पूर्व अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) द्वारा मृतक के परिजनों को सहायता धनराशि से संबंधित प्रमाण पत्र प्रदान किया गया था। इसी क्रम में एमएलसी एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली।
इस दौरान परिवार के एक सदस्य को संविदा पर नौकरी उपलब्ध कराने सहित अन्य आवश्यक सहायता प्रदान करने का भी आश्वासन दिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पीड़ित परिवार को इस कठिन परिस्थिति में अकेला नहीं छोड़ा जाएगा और उनकी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए हरसंभव सहयोग किया जाएगा।
जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का भरोसा दिलाया, ताकि परिवार को शासन की ओर से अनुमन्य सहायता समय से उपलब्ध कराई जा सके। वहीं, एमएलसी विशाल सिंह चंचल ने भी परिजनों को हरसंभव मदद का आश्वासन देते हुए इस दुख की घड़ी में उनके साथ खड़े रहने की बात कही। वहीं जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने घटना का मजिस्ट्रियल जांच करने का भी आश्वासन दिया।