मानव उत्थान सेवा समिति के स्वच्छता अभियान में चला सफाई कार्यक्रम

बाहर की स्वच्छता के साथ मन की स्वच्छता भी जरूरी: महात्मा दयावती बाई

गाजीपुर। स्वच्छ भारत अभियान के तहत मानव उत्थान सेवा समिति, श्री हंस योग आश्रम के तत्वावधान में शुक्रवार को जनपद में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। सतगुरु देव श्री सतपाल जी महाराज के मार्गदर्शन एवं केंद्रीय आह्वान पर एक से 10 अक्टूबर तक देशभर में स्वच्छता अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में गाजीपुर में आश्रम प्रभारी महात्मा दयावती बाई एवं डॉ. बीती सिंह ने हरी झंडी दिखाकर अभियान की शुरुआत की। स्वच्छता अभियान आश्रम के मुख्य द्वार से प्रारंभ होकर रेलवे प्रशिक्षण केंद्र, कचहरी, जिलाधिकारी कार्यालय, पुलिस अधीक्षक कार्यालय, जिला पंचायत, लोक निर्माण विभाग, न्यायपालिका भवन, मुख्य कोषागार और जिला जज आवास होते हुए नवापुरा स्थित दुर्गा-शिव मंदिर परिसर तक पहुंचा। इसके बाद गंगा तट, अफीम फैक्ट्री, आदर्श इंटर कॉलेज, महुआबाग, राजकीय महिला महाविद्यालय होते हुए ददरी घाट तक सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान विभिन्न सार्वजनिक स्थलों और धार्मिक परिसरों की साफ-सफाई कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। इस अवसर पर आश्रम प्रभारी महात्मा दयावती बाई ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को बाहरी स्वच्छता के साथ-साथ आंतरिक स्वच्छता पर भी ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि मन और विचारों की शुद्धता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। जब व्यक्ति के भीतर अपने गुरु के प्रति सेवा भाव उत्पन्न होता है, तभी मानव समाज के कल्याण का मार्ग प्रशस्त होता है। डॉ. बीती सिंह ने कहा कि स्वच्छता बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। सभी लोगों को मिलकर अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखना चाहिए। स्वच्छ वातावरण से बीमारियों से बचाव में मदद मिलती है और समाज स्वस्थ रह सकता है। जिला शासकीय अधिवक्ता कृपाशंकर राय ने कहा कि मानव उत्थान सेवा समिति की ओर से चलाया जा रहा स्वच्छता अभियान पूरे समाज को सेवा, स्वच्छता और जनकल्याण का संदेश देता है। ऐसे कार्यक्रमों से लोगों में सामाजिक जिम्मेदारी की भावना मजबूत होती है और भारत की आध्यात्मिक पहचान को भी बल मिलता है। कार्यक्रम में जिला प्रधान उमेश सिंह, किशोर यादव, अमरनाथ, मंजू देवी, कुसुमलता, ठाकुर दास बाबा, रामअवध मुंशी, गीता सहित समिति के अन्य सदस्य एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.