दिल्ली जा रहे यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोका, हिरासत में लिया
ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे थे कार्यकर्ता, पुलिस कार्रवाई पर जताया विरोध
गाजीपुर। दिल्ली में आयोजित प्रदर्शन में शामिल होने और ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली जा रहे यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को शनिवार को गाजीपुर में पुलिस ने रोक लिया। यूथ कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष एवं पूर्व छात्रसंघ महामंत्री सुधांशु तिवारी के नेतृत्व में कार्यकर्ता दिल्ली के लिए रवाना हुए थे। आरोप है कि सिंचाई विभाग चौराहे के पास पुलिस ने उनकी गाड़ी रोककर सभी कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया और कोतवाली ले गई।
इस दौरान सुधांशु तिवारी के साथ अंशू पांडेय, प्रवीण दुबे, शशांक उपाध्याय, प्रकाश राय, ताम्रध्वज कुमार और चंद्रहंस यादव सहित कई अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
पुलिस की कार्रवाई पर यूथ कांग्रेस के पदाधिकारियों ने विरोध जताया। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से दिल्ली जाकर अपनी बात रखना और लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराना उनका संवैधानिक अधिकार है। इसके बावजूद कार्यकर्ताओं को रास्ते में रोकना और हिरासत में लेना लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है।
कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि सरकार विपक्ष की आवाज दबाने के लिए पुलिस का इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने कहा कि इस तरह की कार्रवाई से उनका आंदोलन रुकने वाला नहीं है। ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग और अन्य मुद्दों को लेकर उनका संघर्ष जारी रहेगा।
नोट: पुलिस की कार्रवाई और हिरासत को लेकर संबंधित अधिकारियों का पक्ष इस समाचार में शामिल नहीं है।