डीएम और एसपी ने हरी झंडी दिखाकर रैली को किया रवाना, महिलाओं की सुरक्षा और स्वावलंबन का दिया संदेश
गाजीपुर। मिशन शक्ति अभियान फेज 6.0 के अंतर्गत सोमवार को महिला सशक्तिकरण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जागरूकता रैली निकाली गई। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने पुलिस लाइन से रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली पुलिस लाइन से प्रारंभ होकर विकास भवन पहुंची।

रैली में पुलिस विभाग की महिला कर्मियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं तथा विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। रैली के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और सशक्तिकरण का संदेश दिया गया।

इस आयोजन का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा समाज में महिला सुरक्षा, समानता और आत्मनिर्भरता की भावना को बढ़ावा देना रहा। कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।